गुरुवार, 31 जनवरी 2019

गाय आस्था और श्रद्धा का विषय, राजनीति न करें: शिवराज

शिवराज सिंंह चौहान 

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंंह चौहान ने कहा कि गाय हमारी आस्था और श्रद्धा का विषय है इस पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए, वहीं उन्होंने खुजनेर में गणतंत्र दिवस पर घटित घटना को लेकर कहा कि इस मामले की जांच कराई जानी चाहिए. यह बहुत चिंता का विषय है.
मध्यप्रदेश में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार द्वारा 1 हजार गौ-शौलाएं खोले जाने की घोषणा के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है. मुख्यमंत्री कमलनाथ ने खुद यह कहा था कि गाय की बात करने वाले अपने शासनकाल में एक भी गौशाला नहीं खोल पाए. उनके इस बयान के बाद भाजपा नेता चिंतित हुए थे. भाजपा नेताओं की चिंंता कमलनाथ के लगातार खेले जा रहे हिन्दू कार्ड को लेकर है. इसे देख आज पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंंह चौहान ने ट्वीट कर कहा कि गाय हमारी आस्था और श्रद्धा का विषय है. इस पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए. मुख्यमंत्री कमलनाथ गाय को राजनीतिक मुद्दा न बनाएं. मैं उनके गौ-शालाएं खोलने के कदम का स्वागत करता हूं, लेकिन साथ ही यह भी जरूरी है कि गायों के दाने, पानी, भूसे का समुचित इंतजाम हो.
शिवराज सिंह ने अपने एक अन्य ट्वीट में गणतंत्र दिवस पर खुजनेर में घटित घटना पर चिंता भी जताई है. उन्होंने कहा कि खुजनेर की घटना बहुत चिंताजनक है. गणतंत्र दिवस जैसे कार्यक्रम में अराजक तत्व धारदार हथियार लेकर घुस आयें और बेटियों तक की पिटाई कर दें, ऐसा देश में पहली बार हुआ है. मैं चाहता हूं कि इस घटना की गहरी जांच हो और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो, ताकि ऐसी घटना दोहराई न जा सके.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें