शुक्रवार, 31 अगस्त 2018

मध्यप्रदेश की हर्षिता बनी कम उम्र की एशियन गेम्स पदक विजेता



होशंगाबाद जिले की 16 वर्षीय हर्षिता तोमर मध्यप्रदेश की पहली ऐसी कम उम्र की खिलाड़ी बन गई हैं, जिन्होंने एशियन गेम्स में पदक हासिल किया है. हर्षिता तोमर ने जकार्ता में चल रहे एशियन गेम्स के सेलिंग (लेसर4.7) प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया है.
खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने हर्षिता की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा है कि मध्यप्रदेश सेलिंग अकादमी की खिलाड़ी हर्षिता तोमर ने एशियन गेम्स में पुरूषों को पछाड़ते हुए प्रदेश को पहला व्यक्तिगत पदक दिलवाया है. सिंधिया ने कहा है कि ये बस शुरूआत है, मध्यप्रदेश में खेल और खिलाड़ियों का भविष्य बेहतरीन प्रशिक्षकों के हाथों में है. अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं के माध्यम से खिलाड़ी अपना बेहतर प्रदर्शन कर रहे है.
उल्लेखनीय है कि पिछले तीन सालों में मध्यप्रदेश सेलिंग अकादमी की हर्षिता तोमर ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तीन स्वर्ण पदक तथा एक कांस्य पदक हासिल किया है.

बादलों में फंसा कमलनाथ का हेलीकाप्टर


मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ आज बाल-बाल बचे. चुनावी अभियान के लिए वो उमरिया जा रहे थे. तभी उनके साथ एक हादसा होते- होते बच गया. घने बादलों में उनका हेलीकाप्टर फंस गया. इसके बाद उसकी इमरजेंसी लेंडिंग करानी पड़ी.
कमलनाथ आज शुक्रवार को देवसर और उमरिया में जनसभाएं लेने के लिए भोपाल से निकले थे. लेकिन जबलपुर से आगे मौसम के खराब होने के कारण उनका हेलीकाप्टर घने बादलों में फंस गया. जिसके बाद  हेलीकाप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. इसके बाद वे दोपहर को राजधानी भोपाल लौट आए. बताया जा रहा है कि घटना जबलपुर के आगे की है जहां विजिबिलिटी नहीं होने के कारण पायलट ने आगे जाने से मना कर दिया. इस कारण कमलनाथ देवसर और उमरिया की सभाओं में नहीं पहुंच पाए. 

महिला डाक्टर पर दर्ज किया गैर इरादतन हत्या का मामला


बैरसिया के सरकारी अस्पताल की महिला डाक्टर वैशाली पाठक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित विभिन्न धाराओं में बैरसिया थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है. डाक्टर की लापरवाही से एक गर्भवति महिला की मौत हुई थी. डाक्टर ने बिना किसी सीनियर की अनुमति के महिला का गर्भपात कर डाला था. इस दौरान डाक्टर की लापरवाही से प्रसुता और नवजात दोनों की मौत हो गई थी. पुलिस आरोपी डाक्टर की गिरफ्तारी के प्रयासों में जुट गई है.
पुलिस के अनुसार गया बाई अहिरवार पति हल्केराम अहिरवार (40)निवासी महाबाई का पठार बैरसिया गृहणी थी. उसका पति महनत मजदूरी करता है. बीती 14 जून को गया बाई को उसके पति द्वारा बैरसिया अस्पताल में पेट दर्द की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया था. इस दौरान महिला 6 माह के गर्भ से थी. महिला को दाखिल कराने के बाद उसका उपचार ड्यूटी डाक्टर वैशाली पाठक थी. उन्होंने पेट के अंदर बच्चा मृत होने की जानकारी महिला के पति को दी थी. इसी के साथ महिला की जान बचाने के लिए गर्भपात करने की बात कही. महिला के पति ने सहमती दे दी थी, इसके बाद डाक्टर ने आपरेशन कर महिला की डिलेवरी करा दी. बच्चा मृत पैदा हुआ था, तभी गलत उपचार और डाक्टर की लापरवाही के कारण महिला की जान चली गई. जांच के बाद बीती रात प्रकरण दर्ज किया गया है. 
नियम अनुसार गर्भपात के लिए महिला डाक्टर को दो डाक्टरों की सहमति लेना और उनका साथ होना जरूरी था. इस बात की जानकारी होने के बाद भी उसने अकेले ही महिला का गर्भपात किया. जिससे महिला की जान चली गई. मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी. डाक्टरों की सलाह और जांच में आए तथ्यों के आधार पर बीती रात पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है.

शिक्षक बने शिवराज, बच्चों से हल कराए गणित, सुनाई कहानियां

 मिल बांचों कार्यक्रम में बच्चों के बीच साझा किए अनुभव
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह  चौहान ने आज प्रदेश भर में चलाए गए मिल बांचों अभियान के तहत सीहोर जिले के लाड़कुई में स्कूली बच्चों से सवाल-जवाब भी किए और उनसे गणित के सवाल भी हल करवाए. जवाब देने वाले बच्चों को पुस्कृत  भी किया. उन्होंने बच्चों से कालीदास और तुलसीदास के जीवन को बदलने वाली प्रेरणादायी घटनाओं का जिक्र भी किया और अर्जुन की कहानी भी सुनाई.
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर जिले के लाड़कुई में आज स्कूली बच्चों के साथ अपने अनुभव साझा किए और कहानियां सुनाने के साथ बच्चों से सवाल-जबाब भी किए. मुख्यमंत्री ने कौरव-पांडव और गुरू द्रोणाचार्य पर आधारित 'सदा सत्य बोलो' कहानी भी सुनाई.  मुख्यमंत्री ने इस कहानी का मतलब बताते हुए कहा कि केवल कहानी सुनना ही काफी नहीं है, बल्कि इसकी सीख भी जीवन में उतारना चाहिए.  उन्होंने कहा कि पढ़ाई के लिए सबसे पहली शर्त है एकाग्रता. इसके महत्व को दशार्ने के लिए उन्होंने बच्चों को कौरव-पांडव और गुरू द्रोणाचार्य की कहानी सुनाई.
गिफ्ट अ बुक' अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में अलग-अलग विभागों, कार्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं और समितियों द्वारा स्कूलों को भेंट की जाने वाली किताबें भी प्रतीक स्वरूप भेंट की गई.  उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद कहते थे 'तुम केवल हाड़-मांस के पुतले नहीं हो, तुम ईश्वर के अंश हो, अमर आनंद के भागी हो, अनंत शक्तियों के भंडार हो.'मेरे बेटा-बेटियों थोड़ी सी मेहनत करोगे तो माता-पिता, प्रदेश और देश का नाम रोशन करोगे. मुख्यमंत्री ने बच्चोंं से कहा कि दिनचर्या तय करें. पढ़ाई, खेलकूद और जागने-सोने का समय तय करें. कविताएं, कहानियां लिखें. किसी एक गतिविधि में जरूर भाग लें. आज 2 लाख 56 हजार से ज्यादा वालंटियर्स को धन्यवाद देता हूं जो आज अलग-अलग स्कूलों में पढ़ाने गए हैं .
उल्लेखनीय है कि विद्यालयों के बच्चों में भाषा कौशल उन्नयन, पाठ्य-पुस्तकों के अतिरिक्त अन्य पुस्तकों को पढ़ने, समझने की रुचि विकसित करने और सह-शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के बहु-आयामी विकास की दृष्टि से प्रदेश में यह कार्यक्रम लागू किया जा रहा है. मिल बांचे कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले लोग स्वयं शासकीय, प्राथमिक और माध्यमिक शाला में जाकर बच्चों को पाठ्य-पुस्तकों के साथ अन्य रुचिकर पुस्तकें पढ़ने के लिए  प्रेरित कर रहे हैं. प्रदेश में 'मिल-बांचें मध्यप्रदेश' का यह तीसरा आयोजन है.
योग, प्राणायाम जरुरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों, योग और प्रणायाम जरूर करना. योग शरीर को स्वस्थ करता है, मन को प्रसन्न और बुद्धि को प्रखर करता है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन निवास करता है. खुद को आत्मविश्वास से भरे रखना. कोई किसी से कम नहीं है. उन्होंने आह्वान किया कि माता-पिता बच्चों पर शिक्षा का बोझ इतना भी न डाल दें कि वो खेलना-कूदना ही भूल जाएं. मार्क्स कम आने पर बच्चों को प्यार से समझाएं. पढ़ाई के साथ खेल-कूद भी जरूरी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरा निवेदन है कि माता-पिता भी अपनी जिम्मेदारी समझें. बच्चों की पढ़ाई पर थोड़ा ध्यान माता-पिता भी दें. स्कूल की व्यवस्था ठीक रहे, इसके लिए पालक-शिक्षक संघ भी अपनी जिम्मेदारी निभाएं.
पढ़ते रहो, नया मध्यप्रदेश गढ़ते रहो
मुख्यमंत्री ने बच्चों से कहा कि मेडिकल, इंजीनियरिंग, लॉ, आईआइीएम, आईआईटी सबकी फीस मैं भरूंगा. मेरे बच्चों की आंखों में पल रहे सपनों को मरने नहीं दूंगा. पढ़ाई की राह में पैसा बाधा नहीं बनेगा. तुम पढ़ते रहो, नया मध्यप्रदेश गढ़ते रहो. उन्होंने कहा कि गुरू हमारे लिए भगवान से कम नहीं. मेरे शिक्षक मित्रों अब आपका संविलियन हो रहा है. अब आप शिक्षाकर्मी से शिक्षक बन गए हैं. 30 सितंबर तक संविलियन का काम लगभग पूरा हो जाएगा और शिक्षकों को 40 हजार से 60 हजार रुपए तक सम्मानजनक वेतन मिलेगा .
स्कूल पहुंचे पुलिस महानिदेशक भी
 मिल बांचे कार्यक्रम के अंतर्गत आज शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक ऋषि शुक्ला ने राजधानी के शासकीय नवीन कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल में बच्चों को शिक्षा दी. उन्होंने छात्र-छात्राओं को नैतिक शिक्षा का महत्व बताते हुए कहा कि बेहतर नागरिक बनने के लिए आवश्यक है कि कानून का पालन किया जाए. उन्होंने आठवीं कक्षा के बच्चों को भौरीं स्थित पुलिस अकादमी का भ्रमण कराने के लिए भी कहा. कार्यक्रम में शामिल होने स्कूल पहुंचे शुक्ला आठवीं के बच्चों से उन्हीं की कक्षा में रूबरू हुए. उन्होंने यहां बच्चों से अपने जीवन के अनुभव बांटें. 

शिवराज को पहली बार याद आए उमा,गौर

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने पहली बार विकास कार्यों का श्रेय अपने अलावा पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती और बाबूलाल गौर को दिया है. इतना ही नहीं दिग्विजय सिंह की सरकार को हटाने में उमा भारती की मुख्य भूमिका भी उन्होंने बताई.
विधानसभा चुनाव को लेकर मध्यप्रदेश भाजपा लगातार अपनी रणनीति बदल रही है. इसका एक और उदाहरण जनआशीर्वाद यात्रा पर निकले मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा एक सभा में जनता को संबोधित करते हुए दिखाई दिया. मुख्यमंत्री इन दिनोंं बुंदेलखंड में जनआशीर्वाद यात्रा कर रहे हैं. इस दौरान बुधवार को वे खरगापुर जनता के आशीर्वाद के लिए पहुंचे. यहां पर जब उन्होंने सभा को संबोधित किया तो कहा कि ‘वर्ष 2003 में प्रदेश को बर्बाद करने पर उतारू दिग्विजय सिंह की सरकार को हटाने में उमाश्री भारती ने बड़ी भूमिका निभाई थी. केन्द्रीय मंत्री उमा भारती, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर हम तीनों ने मिलकर प्रदेश की किस्मत बदलने का काम किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि दिग्विजय सिंह सरकार में थे, तब कहा जाता था जब तक रहेगा दिग्गी जलती रहेगी डिब्बी. अर्थात बिजली का नामो निशान नहीं बचा था. ’
 खरगापुर में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यहां के  किसानों के लिए बांध बनाया जा रहा है. केन बेतवा लिंक परियोजना का काम जल्द पूरा कराया जाएगा. इसका सबसे ज्यादा लाभ खरगापुर के किसानों को मिलेगा. उन्होंने कहा कि बांध में 30 गांव पानी से छूट रहे हैं, दोबारा सर्वे कराया जाएगा और छूटे हुए गांव में पानी पहुंचाने का काम किया जाएगा.
पहली बार ‘मै’ं से ‘हम’ पर आए शिवराज
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के इस भाषण से साफ झलक रहा है कि इस बार वे अपने चेहरे को कमजोर आंक रहे हैं. पहले भाजपा में सिर्फ यह माना जाता रहा कि शिवराजसिंह चौहान ही चेहरा है. यही वजह है कि पहली बार उन्होंने अपने मुख्यमंत्रित्व काल के अलावा  भाजपा के पूरे शासनकाल का उल्लेख कर विकास की गिनती की. इसके पूर्व भाजपा संगठन ने कई जश्न मनाए, मगर विकास के लिए शिवराजसिंह चौहान को ही श्रेय दिया जाता रहा. उमा भारती और बाबूलाल गौर सदैव हासिए पर रहे. 
ये चुनाव मिस्टर डमरु से क्या, क्या कराएगा
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि इस चुनाव ने मिस्टर डमरू को नानी याद दिला दी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को पहले गरीब फिर अटलजी और अब उमाभारती की याद आई है.  पिछले 14 साल से सिर्फ 'मैं' अब उमा भारती और बाबूलाल गौर  भी विकास के लिए भागीदार बताए जार रहे हैं. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह याद भी मुख्यमंत्री को सिर्फ बुंदेलखंड में और वहां भी सिर्फ टीकमगढ़ में आई. ये चुनाव मिस्टर डमरू से पता नहीं क्या-क्या कराएगा.

पोर्टल पर जानकारी नहीं, तो वेतन नहीं

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सुदाम खाडे ने कहा कि निर्वाचन के लिए मानव प्रबंधन पहली आवश्यकता है. उन्होंने निर्देश दिए हैं कि जो विभाग अथवा कार्यालय निर्धारित प्रपत्र एक एवं दो में जानकारी नहीं दे रहे हैं,  जानकारी को पोर्टल पर अपलोड न करे, उनका वेतन रोक दिया जाए.
 कलेक्टर ने  निर्वाचन संबंधी अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य से जुड़े शासकीय सेवकों का प्रशिक्षण 15 सितंबर तक पूर्ण कर लिया जाए. जिला सहित प्रत्येक विधानसभावार व्यय अनुवीक्षण समिति का गठन करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि यह कार्यवाही शीघ्र करें ताकि इनके प्रशिक्षण की तिथि निर्धारित की जा सके.    डा. खाडे ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केन्द्रों पर ईव्हीएम एवं व्हीव्हीपेट मशीनों का प्रदर्शन शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा. उन्होंने कहा कि रिटर्निंग आफिसर के निर्देशन में मास्टर ट्रेनर प्रत्येक मतदान केन्द्र पर इन मशीनों के संचालन का डेमो आम मतदाता से कराएं. उन्होंने कहा कि कंट्रोल यूनिट मशीन, फिर मशीन पर मतदान, व्हीव्हीपेट पर किये गये मतदान का दिखना और फिर उस पर्ची का गिरना, यह सारा प्रदर्शन मतदाता में निष्पक्ष निर्वाचन की विश्वसनीयता लाता है. कलेक्टर ने स्वीप प्रभारी को निर्देश दिए कि वल्लभ भवन, सतपुड़ा, विंध्याचल, पयार्वास, जिला न्यायालय तथा अन्य ऐसे भवन जहां अधिक संख्या में लोगों का आवागमन होता है, वहां ईव्हीएम और व्हीव्हीपेट मशीनों का एक-एक दिवस प्रदर्शन अवश्य कराएं.

महिला थानों में प्रसाधन कक्ष उपलब्ध कराने के निर्देश

मध्यप्रदेश के थानों में महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अलग से प्रसाधन कक्ष न होने के मामले को मानव अधिकार आयोग ने गंभीरता से लिया है. आयोग ने इस मामले में पुलिस मुख्यालय ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक योजना को निर्देशित कर आयोग को इसकी जानकारी दी है.
मानव अधिकार आयोग द्वारा प्रदेश के 676 महिला थानों में महिला प्रसाधन कक्ष के न होने के मामले को गंभीरता से लिया था और पुलिस विभाग को इसके लिए निर्देशित किया गया था. आयोग द्वारा पुलिस महानिदेशक को प्रसाधन कक्ष की सुविधा जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे. इस पर पुलिस महानिदेशक द्वारा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक योजना को थानों में महिला प्रसाधन कक्ष  की सुविधा के लिए निर्देशित किया गया था. आयोग द्वारा उल्लेखित किए प्रदेश के सभी 676 थानों में प्रसाधन कक्ष की सुविधा उपलब्ध कराए जाने के लिए पुलिस मुख्यालय से जोनल पुलिस महानिरीक्षकों को निर्देश दिए हैं.  
ओटले पर प्रसूता दिया बच्चे को जन्म
मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में महेश्वर तहसील के पिपल्याबुर्जुग प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में ताला लगा होने के कारण प्रसूता का प्रसव वहां स्थित ओटले पर किया गया. इस मामले की जानकारी लगने पर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने इसे संज्ञान में लिया और मुख्य चिकितसा एवं स्वास्थ्य अकिधारी खरगोन से तीन सप्ताह में प्रतिवेदन मांगा है.
प्रसूता की मौत, मांगा प्रतिवेदन
मानव अधिकार आयोग ने ग्वालियर में नर्सेस की लापरवाही के कारण हुई प्रसूता की मौत के मामले को गंभीरता से लिया है. इस मामले में आयोग के अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार जैन ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी ग्वालियर, अधीक्षक कमलाराजा अस्पताल ग्वालियर से जांच प्रतिवेदन मांगा है. आयोग ने प्रतिवेदन 3 सप्ताह के अंदर मांगा है.

‘थिंक ग्लोबल-ईट लोकल’ पर केन्द्रित होगा पोषण माह

मंत्री ने कहा पोषण जागरुकता को बनाए जनांदोलन
महिला बाल विकास मंत्री अर्चना चिटनिस ने कहा है कि पोषण जागरूकता को जन-आंदोलन बनाना समय की आवश्यकता है. खान-पान को लेकर लोगों की सोच बदलने के लिए समाज केन्द्रित गतिविधियां संचालित करना आवश्यक है. इसके लिए 'थिंक ग्लोबल-ईट लोकल' की अवधारणा अनुसार स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सहज सुलभ और सस्ती पोषक खाद्य सामग्री रोजमर्रा के भोजन में शामिल करने के लिए जन-सामान्य को प्रेरित करने की आवश्यकता है.
 चिटनिस 1 सितंबर से आरंभ राष्ट्रीय पोषण माह में आयोजित वीडियो कांफ्रेंसिंग को बुरहानपुर से संबोधित कर रही थीं. कांफ्रेंस में बताया कि बच्चों में ठिगनापन कम करना, एनीमिया के स्तर में कमी और कम वजन के बच्चों की संख्या में कमी लाना पोषण अभियान के मुख्य उद्देश्य हैं. अभियान की निगरानी भारत सरकार द्वारा डेश-बोर्ड के माध्यम से की जाएगी. बच्चों, किशोरी बालिकाओं, गर्भवती और धात्री माताओं तथा स्वच्छता एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाना है. पोषण माह में स्थानीय स्तर पर होटल तथा रेस्तरा संचालकों को भी जोड़ा जाएगा. मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम सहित विभिन्न होटल व्यवसायियों को पौष्टिक थाली आरंभ करने और पौष्टिक व्यंजनों पर केन्द्रित फूड फेस्टिवल आयोजित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा. वीडियो कांफ्रेंसिंग में प्रमुख सचिव महिला बाल विकास जे.एन. कंसोटिया, आयुक्त महिला एवं बाल विकास डा. अशोक कुमार भार्गव सहित लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्कूल शिक्षा, आयुष, कृषि, उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया. सभी 51 जिलों के अधिकारियों को पोषण माह आयोजन के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए.
भादों भोजन, परंपरागत खाद्य प्रणाली पर होंगे कार्यक्रम
उन्होंने कहा कि सितंबर-2018 को राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में मनाया जाना है. अत: जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी को पोषण जागरूकता विस्तार के अवसर के रूप में आयोजित किया जाए. इस क्रम में भादों भोजन, व्रत उपवास और पौष्टिक भोजन, परंपरागत खाद्य प्रणाली और पोषण जैसे विषयों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
नुक्कड़ नाटक और परिचर्चा का होगा आयोजन
अभियान के अंतर्गत रेडियो, टी.व्ही. चैनल, सोशल मीडिया, शालाओं आदि में न्यूट्रीशन पर क्विज परिचर्चा आदि आयोजित की जाएगी. आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूहों, शिक्षकगण, स्काउट, गाइड, एनसीसी, एनएसएस, चिकित्सक आदि आंदोलन में प्रेरक की भूमिका निभाएंगे. प्रभात फेरी, पोषण मेला, नुक्कड़ नाटक, प्रदर्शनियों, रैलियों आदि के माध्यम से जन-सामान्य को पोषण केन्द्रित गतिविधियों में शामिल किया जाएगा.

सूने आवास से जेवर, नगदी चुरा ले गए चोर

राजधानी  के मिसरोद थाना इलाके में चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर सोने चांदी के जेवर सहित करीब एक लाख रुपए के माल पर हाथ साफ कर दिया. बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार वाले मकान का ताला लगाकर अपने काम से गये थे. 
पुलिस के अनुसार दानिशनगर डी 3/ 402 निवासी शांति कलवार पति भंवरलाल बीते बुधवार सुबह अपने काम से रिश्तेदार के घर गई थी. जब वे आज वापस आई तो देखा की मकान के मेन गेट के ताला टुटा है.  कमरे में जा कर देखा तो अलमारी खुली पड़ी है. जिसमें रखे सोने चांदी के जेवर वे 25 हजार रुपए नगदी गायब है. जिसकी सूचना पुलिस को दी. चुराए गए माल की कीमत करीब एक लाख रुपए आंकी गई है. पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है.
नाबालिग से छेड़छाड़
छोला मंदिर थाना पुलिस के अनुसार 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची की शिकायत पर ऋषभ गुप्ता के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है .पुलिस का कहना है कि नाबालिग का आरोप है कि  गुरुवार को आरोपी ऋषभ ने नाबालिग का हाथ बुरी नियत से हाथ पकड़ लिया. हाथ पकड़ने के बाद ऋषभ ने नाबालिग के साथ बुरी नियत से छेड़खानी करना शुरू कर दिया. पुलिस का कहना है कि जब नाबालिग ने अपने साथ हो रही छेड़छाड़ का विरोध किया, तो ऋषभ मौके पर से फरार हो गया. घटना के बाद नाबालिग ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई. आरोपी फरार है.
नाबालिग लापता
राजधानी के टीलाजमालपुरा थाना पुलिस के अनुसार सूबेदार कालोनी निवासी पंकज साहू की साढ़े 17 वर्षीय पुत्री मंजू साहू, बीते बुधवार सुबह से लापता है. मंजू के अचानक घर से लापता हो जाने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश आसपास के इलाकों में की, लेकिन पता नहीं लग पाया. बाद में परिजनों ने थाने पहुंचकर मंजू की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है.

गुरुवार, 30 अगस्त 2018

मध्यप्रदेश के 8 जिलों में हुई सामान्य से कम बारिश


मध्यप्रदेश में इस वर्ष मानसून में एक जून से 30 अगस्त तक 4जिलों में सामान्य से 20 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जबकि 8 जिले ऐसे हैं जहां पर सामान्य से कम बारिश हुई है. 
मध्यप्रदेश प्रदेश के 39 जिलों में सामान्य वर्षा दर्ज हुई है. कम वर्षा वाले जिलों की संख्या 8 है. वहीं सामान्य से अधिक बारिश सिर्फ 4 जिलों में दर्ज की गई है. सर्वाधिक वर्षा 1042.4 मिलीमीटर उमरिया में और सबसे कम 462.7 मिलीमीटर अलीराजपुर में दर्ज की गई है. सामान्य से अधिक वर्षा वाले जिले नीमच, भिण्ड, टीकमगढ़ और उमरिया हैं. सामान्य वर्षा वाले जिले सिंगरौली, खण्डवा, दतिया, बुरहानपुर, रतलाम, सीधी, मंदसौर, बड़वानी, मुरैना, झाबुआ, शिवपुरी, जबलपुर, इंदौर, खरगोन, रीवा, रायसेन, शाजापुर, कटनी, सीहोर,उज्जैन, मण्डला, आगर-मालवा, भोपाल, नरसिंहपुर, दमोह, विदिशा, ग्वालियर, गुना, श्योपुरकलां, अशोकनगर, हरदा, सिवनी, होशंगाबाद, राजगढ़, धार, शहडोल, डिण्डोरी, छिंदवाड़ा और छतरपुर हैं. कम वर्षा वाले जिले पन्ना, सागर, बालाघाट, सतना, देवास, अनूपपुर, अलीराजपुर और बैतूल हैं.

मध्यप्रदेश में आज तेंदूपत्ता संग्राहकों को बंटेगा 495 करोड़ का बोनस

राज्य शासन द्वारा 31 अगस्त को तेंदूपत्ता संग्राहकों को लगभग 495 करोड़ का प्रोत्साहन पारिश्रमिक सीजन-2017 बांटा जाएगा. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सीहोर जिले के लाड़कुई में प्रोत्साहन पारिश्रमिक वितरित करेंगे. सभी जिलों में कार्यक्रम दोपहर 12.30 बजे से आयोजित होगा.
वन मंत्री डा. गौरीशंकर शेजवार शहडोल में, विधानसभा अध्यक्ष सीतासरन शर्मा होशंगाबाद, वित्त मंत्री जयंत मलैया दमोह, स्वास्थ्य मंत्री रुस्तम सिंह शिवपुरी, स्कूल शिक्षा मंत्री कुंवर विजय शाह खण्डवा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री कुसुम सिंह महदेले पन्ना, परिवहन मंत्री भूपेन्द्र सिंह सागर के मालथौन, महिला एवं बाल विकास मंत्री अर्चना चिटनिस बुरहानपुर और मत्स्य-पालन एवं पशु-पालन मंत्री  अंतर सिंह आर्य बड़वानी जिले के सेंधवा में तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण करेंगे.
खनिज साधन मंत्री राजेन्द्र शुक्ल सिंगरौली, मण्डला और डिण्डोरी के संयुक्त कार्यक्रम में खाद्य मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, सिवनी में स्वास्थ्य राज्य मंत्री शरद जैन, बालाघाट में कृषि मंत्री गौरीशंकर बिसेन, उमरिया में सांसद ज्ञान सिंह, रायसेन के ओबेदुल्लागंज में संस्कृति राज्य मंत्री सुरेन्द्र पटवा, बैतूल में सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री लाल सिंह आर्य, देवास के हाटपिपल्या में स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री दीपक जोशी, सीधी के मझौली में विधायक केदारनाथ शुक्ल, छिंदवाड़ा में विधायक चौधरी चन्द्रभान सिंह, तेन्दूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरित करेंगे.
सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम राज्य मंत्री संजय पाठक कटनी, वन राज्य मंत्री सूर्यप्रकाश मीणा विदिशा, महिला बाल विकास राज्य मंत्री ललिता यादव छतरपुर के बिजावर, सांसद गणेश सिंह सतना के मैहर, राज्य मंत्री जालम सिंह पटेल नरसिंहपुर, राज्य मंत्री  बालकृष्ण पाटीदार खरगोन के बड़वाह में तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरित करेंगे. विधायक संजय शाह हरदा, दुगार्लाल विजय श्योपुर, गोपीलाल जाटव अशोकनगर, ओमप्रकाश सखलेचा नीमच के रतनगढ़, दिव्यराज सिंह रीवा के सिरमौर, रामलाल रौतेल अनूपपुर, रामेश्वर शर्मा भोपाल, नारायण सिंह पंवार राजगढ़ के मलावर, बेलसिंह भूरिया धार के सरदारपुर, के.के. श्रीवास्तव टीकमगढ़, नागरसिंह चौहान अलीराजपुर, भारत सिंह कुशवाह ग्वालियर के बेहट, कलसिंह भावर झाबुआ के पीपलखूंटा, सूबेदार सिंह रजौधा मुरैना के पहाड़गढ़, राजेश सोनकर इंदौर के ग्राम सिवनी, गोपाल परमार शाजापुर के आगर, जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना चौहान गुना, विधायक  संगीता चारेल रतलाम के सैलाना और अनिल फिरोजिया उज्जैन जिले के तराना में तेंदूपत्ता प्रोत्साहन पारिश्रमिक सीजन-2017 का वितरण करेंगे.

शिक्षकों की भर्ती में 50 प्रतिशत होगी बेटियां : चौहान


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश के  टीकमगढ़ जिले के पृथ्वीपुर में कहा कि सितंबर माह में शिक्षकों की भर्ती की जाएगी. इसमें 50 प्रतिशत स्थान बेटियों के लिए होंगे. चौहान पृथ्वीपुर में 21 करोड़ से भी अधिक के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन करने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे.
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि संबल योजना प्रदेश में गरीबों की जिंदगी बदलने का अभियान है. राज्य सरकार ने गरीबों की जिंदगी को खुशहाल बनाने के लिए अपना खजाना खोल दिया है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की कथनी और करनी में कोई अन्तर नहीं है. सरकार जो कहती है, वह करती है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पूर्ववर्ती सरकारों की तरह गरीबी हटाने का सिर्फ नारा नहीं ही नहीं दिया है, बल्कि गरीबों के साथ न्याय किया है. उन्होंने विकास और जन-कल्याण की राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पृथ्वीपुर क्षेत्र में 173 करोड़ लागत की समूह नल-जल योजना पूरी हो गई है. अब इस योजना से क्षेत्र के सभी 150 गांवों में नल के माध्यम से घर-घर पानी पहुंचाया जाएगा.
केन-बेतवा परियोजना से प्रदेश को भी मिलेगा पानी
चौहान ने कहा कि बान-सुजारा सिंचाई परियोजना से बुंदेलखंड के इस अंचल में हरियाली, खुशहाली और समृद्धि आएगी. केन-बेतवा परियोजना की चर्चा करते हुए बताया कि प्रदेश के हिस्से के पानी के बारे में उत्तरप्रदेश सरकार से बातचीत चल रही है. हमें अपने हिस्से का पानी मिलेगा, जिससे इस क्षेत्र की सिंचाई की तस्वीर ही बदल जाएगी. राज्य सरकार ने सिंचाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है.

अशासकीय स्कलों की समास्या का शीघ्र करें समाधान: अजयसिंह

नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने अशासकीय स्कूलों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग मुख्यमंत्री से की है ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई में कोई बाधा न आए.
सिंह ने कहा कि गरीब बच्चों की फीस अशासकीय स्कूलों को सरकार द्वारा दी जाती है उसका भुगतान तीन साल से नहीं हुआ है. नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि शासन की विसंगतिपूर्ण नीतियों के चलते आज प्रदेश के अशासकीय शिक्षण संस्थाएं आंदोलन करने को मजबूर हैं. उन्होंने कहा कि एक बार मान्यता देकर उसे फिर से रद्द करना कौन सा सुशासन है. सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए. उन्होंने कहा कि गरीब बच्चों को अशासकीय स्कूलों में नि:शुल्क शिक्षा मिले यह यूपीए सरकार ने सर्व शिक्षा अभियान में प्रावधान किया था. उसकी जो 25 प्रतिशत छात्र-छात्राओं की राशि अशासकीय स्कूलों को देना थी वह गरीबों का हितैषी कहने वाली शिवराज सरकार ने पिछले तीन सालों से फीस नहीं दी. 
नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा कि बैंकों के जरिए फीस भरने का निर्णय कर जहां सरकार ने अभिभावकों के ऊपर एक और परेशानी लाद दी है वहीं इसके चलते ग्रामीण क्षेत्रों में विकट स्थिति हो गई है क्योंकि ग्रामीण क्षेत्रों में हर गांव में बैंक नहीं हैं. नेता प्रतिपक्ष श्री सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार को अशासकीय स्कूलों की समस्याओं के संबंध में समाधानकारक व्यवहारिक निर्णय लेना चाहिए ताकि अभिभावकों को कोई परेशानी न हो.  और शिक्षा व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके.

प्रदेश की जनता के साथ खिलवाड़ कर रही सरकार: सिंधिया

मध्यप्रदेश कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आदिवासियों को बांटे गए जूते-चप्पलों को लेकर कहा कि जहरीले जूते-चप्पल पहनाना कलंक की बात है. जनता के साथ प्रदेश सरकार खिलवाड़ कर रही है.
राजधानी भोपाल पहुंचे सांसद सिंधिया ने ये बात आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही. अशोकनगर जाने के पहले सिंधिया ने राजधानी में  वीआईपी गेस्ट हाउस पहुंचे थे. पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि  मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर कांग्रेस अब भी अपनी बात पर अडिग है. प्रदेश की मतदाता सूची में फर्जी नामों को लेकर कहा है कि बोगस और डुप्लीकेट होने की बात अपनी जगह है, लेकिन चुनाव आयोग ने मतदाता सूची से 25 लाख नाम निकाले हैं. अब इन नामों को बोगस कहो या डुप्लीकेट. 
सिंधिया ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा को लेकर कहा कि प्रदेश में 2 लाख करोड़ की ओवर ड्राफ्ट स्थिति पैदा हो गई है. नर्मदा यात्रा, जनआशीर्वाद यात्रा में पानी की तरह पैसा खर्च किया गया है. भ्रष्टाचार की बहती नदी को रोकना होगा. उन्होंने कहा कि नवंबर में जब कांग्रेस की सरकार बनेगी तो जनता के मुद्दे ही हमारी प्राथमिकता में रहेंगे. पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के अस्थि कलश यात्रा के जरिए राजनीति करने के मामले में सिंधिया ने कहा कि भले ही कांग्रेस का कार्यकर्ता हूं, लेकिन अटलजी के प्रति मेरी अगाध श्रद्धा है, जो लोग उनका ख्याल भी नहीं रखते थे, आज बड़ी-बड़ी बाते कर रहे हैं. अगर सच्ची श्रद्धांजलि देना है तो उनके बताए पथ पर चलें.

कांग्रेस ने खत्म किए राजनैतिक शिष्टाचार : शिवराज

 मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस आरोप प्रत्यारोप की राजनीति कर रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का राजनैतिक शिष्टाचार समाप्त हो चुका है.
शिवराजसिंह चौहान ने ये बात आज सागर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही. चौहान जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान यहां पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी विदेशों में जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी की आलोचना करते हैं, जोकि समझ से परे है. उन्होंने कहा कि मैं एक बार वाशिंगटन गया था तब  मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे, वहां के पत्रकारों ने मुझसे पूछा कि आपके प्रधानमंत्री अंडर अचीवर हैं. मैंने तुरंत उस पर आपत्ति प्रकट की और कहा कि भारत का प्रधानमंत्री अंडर अचीवर नहीं हो सकता. वह किसी पार्टी के प्रधानमंत्री नहीं हैं वह देश के प्रधानमंत्री हैं, वो हमारा गर्व हैं. 
मुख्यमंत्री ने ये बात आज सागर में जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही. उन्होंने कहा कि हम देश के भीतर वैचारिक आधार पर लड़ सकते हैं लेकिन विदेशों में जाकर देश को बदनाम करने की हमारी परंपरा कभी नहीं रही. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कौन सी परंपरा निभा रहे हैं? कांग्रेस का राजनैतिक शिष्टाचार समाप्त हो चुका है.  मुख्यमंत्री ने कहा कि समृद्ध बुंदेलखंड के लिए भारतीय जनता पार्टी लगातार काम कर रही है. कृषि बुंदेलखंड और प्रदेश की रीढ़ है. मध्यप्रदेश में 15 साल पहले साढ़े सात लाख हेक्टर सिंचाई होती थी, जिसकी क्षमता आज बढ़कर 40 लाख हेक्टर हो चुकी है. बुंदेलखंड में बीना परियोजना से सवा 2 लाख एकड़ जमीन सिंचित होगी. केन-बेतवा परियोजना का लाभ मध्यप्रदेश को अधिक से अधिक मिले इसके लिए अंतिम चरण पर बात हो रही है, इस परियोजना से साढ़े 10 लाख एकड़ जमीन में सिंचाई होगी इसी तरह कोटरा योजना, साजली, सीतानगर, पंचम नगर जैसी अनेक लघु परियोजनाएं बुंदेलखंड अंचल में चल रही हंै. इन सभी योजनाओं से बुंदेलखंड की 25 लाख एकड़ जमीन में सिंचाई होगी. भाजपा सरकार ने इसका रोडमेप बनाया है, सिंचाई के साथ साधनों की पर्याप्त सुविधा होगी, जिससे बुंदेलखंड में कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसान के घर समृद्धि आएगी. 
उन्होंने बुंदेलखंड में शिक्षा के क्षेत्र में हुए विकास के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि सागर के बाद छतरपुर में भी मेडिकल कालेज, पन्ना में इंजीनियरिंग कालेज, टीकमगढ़ में कृषि विद्यालय के साथ सागर को एक संपूर्ण विकसित सिटी बनाएंगे ताकि सागर विकास का एक सेंटर बने. भारतीय जनता पार्टी ने सुनियोजित रोडमेप के जरिए बुंदेलखंड के विकास को नई दिशा देने का  प्रयास किया है. 
कांग्रेस कर रही अनर्गल और अर्मादित आचरण
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में पहले भी चुनाव होते थे, लेकिन इन चुनावों में ऐसा नहीं हुआ कि कमर के नीचे वार किए जाए. लोकतंत्र में राजनैतिक प्रतिद्वंदता और विचारों में मतभेद होता है. मध्यप्रदेश की राजनीति ने संस्कार और संस्कृति को कभी नहीं भूला, लेकिन इन चुनावों में कांग्रेस सत्ता के लिए संस्कारों को भूलकर अनर्गल और अमर्यादित आचरण कर रही है. कभी वो हमें नालायक कहते हैं तो कभी वैश्या का दर्जा देते हैं, तो कभी मदारी कहते हैं. मध्यप्रदेश की जनता कांग्रेस की इस घृणित मानसिकता का उसे जवाब देगी. 

किशोरी घर से लापता, अपहरण की आशंका

राजधानी के मिसरोद थाना क्षेत्र से एक किशोरी के लापता हो जाने का मामला सामने आया है. बुधवार को किशोरी के परिजनों ने मिसरोद थाने पहुंचकर बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है.
मिसरोद थाना पुलिस के अनुसार बिहारी मोहल्ला निवासी पार्वती चडार की 17 वर्षीय पुत्री मनीष चडार, बीते मंगलवार सुबह से लापता है. मनीषा के अचानक घर से लापता हो जाने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश आसपास के इलाकों में की, लेकिन पता नहीं लग पाया. बाद में परिजनों ने थाने पहुंचकर मनीषा की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस का कहना है कि चूंकि लापता हुई मनीषा नाबालिग है, इसलिए अपहरण की धारा 363 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है.
देशी पिस्टल के साथ पकड़ाया युवक
राजधानी भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र में बिना लाइसेंसी देशी पिस्टल लेकर घूम रहे एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं.  निशातपुरा थाना पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान रोहित कुचबंदिया निवासी हरदा  के रूप में हुई है. मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी रोहित को हरी मजार के पास से हिरासत में लिया गया.  रोहित के कब्जे से एक बिना लाइसेंसी देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. आरोपी के खिलाफ  मामला दर्ज किया गया है
देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार 
ऐशबाग थाना पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एक देशी शराब तस्कर को मोती नगर झुग्गी से हिरासत में लिया गया. आरोपी की पहचान शाहरुख खर्रा पिता शाकिर निवासी सोनिया गांधी कालोनी, के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि आरोपी के कब्जे से 318 देशी शराब के क्वाटर बरामद किए गए हैं. बरामद किए गए माल की कीमत 16 हजार रुपए आंकी गई है.

सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन

लंबे समय से लंबित छात्रवृति व शोधवृत्ति के चलते छात्रों को हो रही परेशानी को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने आज राजधानी भोपाल में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के बाद अपनी समस्याओं के विषय में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा. इस प्रदर्शन में परिषद ने केंद्र सरकार को राष्ट्रीय शोधकर्ता शोधवृत्ति, अनुसूचित जाति एवं जनजातीय शोधवृत्ति को तुरंत 15 दिन में जारी की जाए. साथ ही राज्य सरकार को नए छात्रावास खोलने, छात्रवृति को तुरंत जारी करने के लिए भी 15 दिन की मोहलत दी है. 
इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री चेतस सुखाड़िया ने कहा कि एक ओर सरकार कौशल भारत योजना चला रही है दूसरी ओर छात्रों की छात्रवृति व शोधवृत्ति को लंबे समय से लंबित रखा हुआ है. सरकार को शोधकर्ताओं को बढ़ावा देने के लिए व पढ़ाई के माहौल बनाने के लिए छात्रावास, शोधवृत्ति की समस्याओं के हल पर ध्यान देना होगा. अभाविप के प्रांत संगठन मंत्री राकेश पटेल ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए सभी समस्याओं के 15 दिन के अंदर हल करने का समय दिया है.  पटेल ने कहा कि अगर मामा ने आदिवासी छात्रों की छात्रावास व छात्रवृति समस्या को अगले 15 दिन में हाल नही किया तो परिषद प्रत्येक जिले में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी. 
छात्रों को संबोधित करते हुए अभाविप प्रदेश मंत्री बंटी चौहान ने कहा कि सरकार तमाम समस्याओं को लेकर विधानसभा में बिल लाती है परंतु कभी भी छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर विधानसभा में आवाज नही उठाई जाती. सरकार को आगमी 15 दिनों में राज्य में आदिवासी छात्रों के छात्रावासों व छात्रवृति के साथ-साथ हमारी तमाम मांगों को पूरा करने के लिए विधेयक पास करना चाहिए. 

बुधवार, 29 अगस्त 2018

आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराया जाए


भारत निर्वाचन आयोग की विधानसभा चुनाव-2018 के संबंध में भोपाल में प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई. बैठक में आयोग द्वारा प्रदेश के सभी संभागायुक्त,  पुलिस महानिरीक्षक, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, उप पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया गया की आदर्श आचार संहिता लगने के साथ ही आयोग द्वारा समय-समय पर दिए जाने वाले निर्देशों, नियमावली का अक्षरश: पालन कराया जाना सुनिश्चित किया जाए. 
समीक्षा बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ओ.पी.रावत और आयुक्त द्वय सुनील अरोरा एवं अशोक लवासा ने भी अधिकारियों को संबोधित किया.   मुख्य निर्वाच आयुक्त ने कहा कि प्रदेश के जो जिले दूसरे राज्यों की सीमाओं से लगे हुए हैं, उन संबंधित जिलों के अधिकारी और संभाग के वरिष्ठ अधिकारी दूसरे राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुरक्षा संबंधी समीक्षा बैठक करें और पड़ोसी राज्यों के अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क में रहें. 

कांग्रेस ने गरीबी नहीं, गरीबों को हटाया: शिवराज

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि राज्य सरकार समाज के किसान, गरीब और जरूरतमंद लोगों के जीवन को खुशहाल बनाने के लिए सभी संभव प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया, लेकिन गरीबी नहीं हटाई, बल्कि गरीबों को हटा दिया.
यह बात मुख्यमंत्री ने जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान सागर में कही. उन्होंने प्रदेश में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से आग्रह किया कि योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आएं. चौहान ने इस मौके पर प्रदेश की तरक्की के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने सागर में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया और कहा कि कांग्रेस ने भी यहां पर काफी समय शासन किया, लेकिन कभी ऐसा विकास यहां देखने को नहीं मिला. कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को तबाह कर दिया था. आज गर्व है कि मध्यप्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है. कांगे्रस कहती रही गरीबी हटाओ, लेकिन गरीब ही हटा दिए. गरीबों के कल्याण के लिए हमने संबल बनाई. चार साल में कोई गरीब कच्चे मकान में नहीं रहेगा. जनता की जिंदगी बदलना ही मेरा और भारतीय जनता पार्टी की सरकार का लक्ष्य है. 
 देवरी में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम मध्यप्रदेश देवरी का, सागर का, मध्यप्रदेश का इतना विकास कर सकते हैं तो कांग्रेस 50 सालों में यह क्यों नहीं कर पाई? कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को बर्बाद कर दिया था. न सड़क, न बिजली, न पानी. शिक्षा व्यवस्था भी चौपट कर दी थी. नवभारत के निर्माण के लिए, मध्यप्रदेश को समृद्ध बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी को चौथी बार जिताने का संकल्प ले कर मुझे आशीर्वाद दीजिए, ताकि मैं जनकल्याण के अपने लक्ष्य तक पहुंच सकूं.

सोशल मीडिया टीम से नाराज कमलनाथ

कमलनाथ 

मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने लंबे समय से सुस्त पड़ी कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम पर आज अपनी नाराजगी उतारी. उन्होंने टीम के साथ बैठक कर साफ कह दिया कि अपनी कार्यशैली को बदलें और भाजपा द्वारा किए जा रहे हमलों का करारा जवाब दें. कमलनाथ ने सोशल मीडिया टीम को 15 दिन का समय दिया है. 
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सोशल मीडिया की टीम की निष्क्रियता पर नाराजगी जताई. उन्होंने टीम के साथ बैठकर पूरी कार्यप्रणाली के बारे में पहले तो पूछताछ की और फिर उन्हें उनकी कमजोरी के बारे में बताया. वैसे कमलनाथ को लंबे समय से यह जानकारी थी कि कांग्रेस का मीडिया सेल पूरी तरह निष्क्रिय हो गया है. फिर भी वे इस इंतजार में थे कि मीडिया सेल के अध्यक्ष अपनी टीम को सक्रिय कर लें, मगर जब निष्क्रियता बढ़ती ही गई तो आज उन्होंने अपना गुस्सा जाहिर भी कर दिया. 
सोशल मीडिया टीम को उन्होंने भाजपा के प्रति आक्रामक होने की बात कही. साथ ही भाजपा द्वारा कांग्रेस पर लगातार किए जा रहे प्रहारों का करारा और आक्रामक तरीके से जवाब देने को कहा. उन्होंने फिलहाल टीम के सदस्यों को 15 दिन का समय दिया है और कहा है कि वे फिलहाल मानिटरिंग कर रहे हैं. कमलनाथ ने मानिटरिंग टीम में मीडिया सेल की अध्यक्ष शोभा ओझा और प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा को नियुक्ति किया है.

कम होगी मुंबई से इंदौर की दूरी

इंदौर-मनमाड़ 362 किलोमीटर नई रेल परियोजना के लिए नई दिल्ली में जवाहर लाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट और जहाजरानी मंत्रालय, रेल मंत्रालय, मध्यप्रदेश सरकार और महाराष्ट्र सरकार के बीच करारनामा हुआ. परियोजना के पूर्ण होने पर इंदौर से मुंबई की दूरी 171 किलोमीटर कम हो जाएगी. परियोजना लागत लगभग 8575 करोड़ रुपए होगी. 
करारनामे के मौके पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस सहित केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, रेल मंत्री पीयूष गोयल, रक्षा राज्य मंत्री सुभाष भामरे और रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष  अश्विनी लोहानी मौजूद थे. केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मध्यप्रदेश की व्यापारिक राजधानी इंदौर से मुंबई एवं मनमाड़ की दूरी काफी कम होने से व्यापार को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही सामान ले जाने वाले कन्टेनर अब इंदौर से सीधे मनमाड़ तथा जवाहरलाल नेहरू पोर्ट पहुंच सकेंगे. उन्होंने कहा कि आम लोगों को भी आवाजाही की सुविधा मिलने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने बताया कि यह मार्ग दिल्ली-मुंबई औद्योगिक गलियारा इगतपुरी, नासिक और सिनार से होते हुए पुणे और खेद, धुले तथा नारदाना से गुजरेगा. परियोजना शुरू होने के 10 साल के अंदर लगभग 15 हजार करोड़ रुपए का आर्थिक लाभ मिलेगा. रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी तथा प्रदूषण और तेल खपत में कमी होगी. चौहान ने कहा कि परियोजना में मध्यप्रदेश सरकार अथवा उसके नामित उपक्रम की 15 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी. परियोजना पूर्ण होने पर उत्तरी भारत के लखनऊ, ग्वालियर, कानपुर, आगरा तथा इंदौर, धुले, भोपाल क्षेत्र से कार्गो को जवाहर लाल नेहरू पोर्ट और मुम्बई जाने पर होने वाले व्यय में काफी कटौती होगी. 

10 सितंबर के बाद चुनाव तक पुलिसकर्मी नहीं ले सकेंगे छुट्टी

त्यौहार और विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मध्यप्रदेश में पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है. पुलिस मुख्यालय ने इस बारे में आदेश जारी कर स्पष्ट किए हैं कि 10 सितंबर के बाद विधानसभा चुनाव तक पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर प्रतिबंध रहेगा.
पुलिस महानिदेशक द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि आगामी त्योहारों और नवंबर-दिसंबर में संभावित विधानसभा चुनाव को देखते हुए 10 सितंबर 2018 से विधानसभा चुनाव की पूरी प्रक्रिया सम्पन्न होने तक सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के अर्जित अवकाश प्रतिबंध रहेगा.
आदेश में ये भी कहा गया है कि इस अवधि के दौरान यदि किसी अधिकारी-कर्मचारी को अत्यावश्यक परिस्थिति में अवकाश की जरुरत पड़ती है तो संबंधित पुलिस अधीक्षक या झोनल पुलिस महानिरीक्षक या पुलिस महानिदेशक के अनुमोदन के बाद ही सीमित अवधि के लिए अवकाश स्वीकृत किए जाएंगे.

स्कूल के पास से अपहरण कर छात्रा को ले गए मुंबई


राजधानी में एक छात्रा का स्कूल के पास से अपहरण कर मुंबई ले जाने का मामला सामने आया है. छात्रा को मुंबई ले जाकर धमकी देकर उससे जबरिया शादी की और अवैध संबंध बनाए. परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने छात्रा को मुंबई से ले आई है.
राजधानी के टीटी नगर थाना क्षेत्र स्थित कमला नेहरु स्कूल की एक छात्रा को 11 अगस्त को उसका भाई स्कूल के समीप बाइक से छोड़कर गया. इसके बाद जब शाम को छात्रा वापस घर नहीं पहुंची तो परिजन चिंतित हुए. छात्रा का भाई स्कूल पहुंचा और पूछताछ की तो शिक्षिकाओं ने बताया कि छात्रा तो आज स्कूल आई ही नहीं. बाद में उसकी सहेलियों से पूछताछ की तो उन्होंने भी यही जवाब दिया. बाद में छात्रा की मां ने पुलिस को शिकायत कर आशंका जताई कि उन्हीं के मोहेल्ले पुराने शबरी नगर में रहने वाला हजरत शाह नामक युवक उनकी लड़की को परेशान करता रहा है. यह युवक अब मुंबई में रहता है. युवक अक्सर उसकी नानी के घर आता-जाता रहता था, वहां से उसका परिचय उनसे और उनकी पुत्री से हुआ था. बाद में पुलिस ने हजरत के मुंबई स्थित निवास का पता किया और एक टीम मुंबई भेजी, जहां से छात्रा को वापस लेकर भोपाल आई. पुलिस के अनुसार हजरत शाह नामक युवक ने अपने दोस्तों सचिन, सोनू और लकी के साथ मिलकर छात्रा का अपहरण किया और मुंबई ले गए. इसके बाद वहां पर उसके साथ जबरिया शादी की और अवैध संबंध बनाए.छात्रा को वहां पर डरा-धमकाकर रखा गया. पुलिस के अनुसार छात्रा को भोपाल लाकर पूछताछ करने के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया है. पुलिस ने मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है. फिलहाल सभी आरोपी फरार है.
नाबालिग से छेड़छाड़
राजधानी के छोला मंदिर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ अधेड़ द्वारा छेड़छाड़ कर दी. पुलिस के अनुसार नाबालिग अपने घर पर अकेली थी, जब अधेड़ ने उसके साथ छेड़छाड़ की. बाद में नाबालिग ने उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी. इस पर परिजनों ने थाने जाकर अधेड़ के खिलाफ मामला दर्ज कराया. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अधेड़ की तलाश शुरु कर दी है. 

मैराथन रैली निकालकर के प्रति किया जागरुक

नेशनल स्पोर्ट्स डे के मौके पर आज सेंट जोसफ को-एड स्कूल में  मिनी मैराथन का आयोजन किया गया. इस मैराथन रैली में सेंट जोसफ को-एड स्कूल के विद्यार्थी  शामिल हुए. इस अवसर पर साइकिल रैली की सेंट जोसफ कोएड स्कूल के गेट से हुई. 
रैली की शुरूआत में ओलिंपियन और अर्जुन अवार्डी जलालुद्दीन रिजवी ने हरी झंडी दिखाकर की. स्टूडेंट्स ने अपने हाथों में नो पालीथीन के उपयोग, पर्यावरण संरक्षण, बेटी बचाओ और खेल के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए स्लोगन लिखे बोर्ड लिए हुए. विद्यार्थियों द्वारा चौराहे पर नुक्कड़ नाटक कर स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया गया. मैराथन के मुख्य अतिथि के  ओलिंपियन और अर्जुन अवार्डी जलालुद्दीन रिजवी ने विद्यार्थियों को  खेल के प्रति जागरुक किया. मैराथन रैली में स्कूल के करीब 150 स्टूडेंट्स शामिल हुए और लोगों को पर्यावरण और खेल के प्रति जागरुक किया.

16 जिलों में हो सकती है तेज बारिश

प्रदेश में फिर बारिश का सिलसिला तेज हो सकता है. मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य के राज्य के 16 जिलोंं में भारी बारिश हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा. राजधानी भोपाल में आज दिनभर आसमान पर बादल छाए रहे, मगर बारिश नहीं हुई.
प्रदेश में तीन सिस्टम एक साथ सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव क्षेत्र से राजधानी सहित प्रदेश भर में धीमे से तेज बारिश का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग ने 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 16 जिलों में भारी बारिश एवं अन्य जिलों में बौछारें पड़ने की संभावना जताई है. पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक बारिश मंडला में 16 सेमी दर्ज की गई, वहीं सिवनी में 10 सेमी बारिश हुई. भोपाल में भी रिमझिम का दौर लगातार जारी रहा, लेकिन आज बुधवार को आसमान पर दिलभर बादल छाए रहे,  मगर बारिश नहीं हुई. मौसम विभाग के अनुसार भोपाल एवं प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाले कारक पहला उत्तरी उड़ीसा और उसके आसपास के क्षेत्र में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवाती हवा का घेरा बना हुआ है जो 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर बना है दूसरा मानसून ट्रफ भटिंडा हिसार अलवर ग्वालियर सतना अंबिकापुर जमशेदपुर दिघा से बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है, तीसरा दक्षिण गुजरात और उसके आसपास के क्षेत्र में हवा के ऊपरी भाग में 1.5 से लेकर 4.5 किलोमीटर के बीच हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवाती हवा का घेरा बना है वहीं चौथा 1 सितंबर के आसपास बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसी के चलते मध्यप्रदेश में एक बार फिर विभिन्न हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार बालाघाट, मंडला, अनूपपुर, डिडौरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, रायसेन, हरदा, होशंगाबाद, बैतूल, बुराहनपुर, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, अलिराजपुर, धार. प्रदेश के शेष हिस्सों के जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या फुहारों की संभावना है.

अपनों के नाम कटे तो करो शिकायत

सुहास भगत 
भाजपा ने अब प्रदेश में मतदाता सूची से कट रहे नामों के मामलों को गंभीरता से लेना शुरु कर दिया है. निर्वाचन आयोग के सामने शिकायत करने के बाद संगठन ने भी सक्रियता दिखाई है. भाजपा के संगठन मंत्री सुहास भगत ने जिला पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे इस बात का ध्यान रखें कि अपने लोगों के नाम न कट पाएं, अगर ऐसा होता है तो इसकी शिकायत आयोग से करें. इसके पहले भाजपा पदाधिकारियों ने निर्वाचन आयोग को इस बात की शिकायत की थी कि मतदाता सूची से ऐसे नाम भी काट दिए गए हैं, जो पात्र मतदाता हैं.
संगठन महामंत्री भगत राजधानी में प्रदेश भाजपा कार्यालय में जिला मीडिया प्रभारी, सोशल मीडिया, आईटी सेल, विधि प्रकोष्ठ, जिला कोषाध्यक्ष एवं जिला कार्यालय मंत्रियों की कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे. प्रदेश संगठन महामंत्री ने जिला पदाधिकारियों से कहा कि  वे मतदाता सूची पर नजर रखें. अपने लोगों के नाम न कट पाएं, कोई शिकायत मिलती है तो  निर्वाचन पदाधिकारी के यहां दर्ज कराएं. उन्होंने कहा कि हर बूथ पर ऐसे कार्यकर्ता को तैनात करें जो सोशल मीडिया में पारंगत हो, जिससे कि प्रदेश से आने वाले संदेशों को निचले स्तर तक पहुंचाया जा सके.  
भगत ने कोषाध्यक्षों से चुनाव के दौरान हिसाब-किताब कैसे रखते हैं, इसकी जानकारी भी ली. उन्होंने बताया कि पार्टी प्रत्याशी के खर्चे का हिसाब अलग रखना है. इसके अलावा हर बूथ पर ऐसे कार्यकर्ता की तैनाती हो, जिसे सोशल मीडिया का काम अच्छी तरह आता हो, ताकि वह प्रदेश स्तर से मिलने वाले सभी संदेशों को हर मतदाता तक पहुंचा सके. 
यहां उल्लेखनीय है कि भाजपा पदाधिकारियों द्वारा निर्वाचन आयोग से मुलाकात कर यह शिकायत दर्ज कराई थी कि चुनाव से ऐन वक्त पहले बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, इससे चुनााव प्रक्रिया पर असर पड़ेगा. 

आप, सजप ने की सामाजिक कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की निंदा

आम आदमी पार्टी और समाजवादी जनपरिषद ने सामाजिक कार्यकर्ता  सुधा भारद्वाज, सामाजिक कार्यकर्ता और लेखक गौतम नवलखा समेत सात सामाजिक कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की कड़ी आलोचना की है. 
आम आदमी पार्टी के आलोक अग्रवाल ने कहा है कि इनका दोष है कि इन्होंने गरीबों की आवाज उठाई है और इनका यह भी दोष है कि ये मोदी से डरते नहीं हैं. इसीलिए मोदी ने इनके घर पर छापा मारा और गिरफ्तारी का फरमान भेज दिया. उन्होंने सोशल साइट ट्विटर पर लिखा है कि मोदी जी लोकतंत्र की हत्या में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं. इसके खिलाफ सभी को सड़क पर आना होगा और आवाज उठानी होगी.
वहीं समाजवादी जन परिषद की मध्यप्रदेश इकाई एवं किसान आदिवासी संगठन एवं श्रमिक आदिवासी संगठन ने असवैधानिक एवं गैर-लोकतांत्रिक करार देते हुए इसे दलितों और आदिवासीयों, मजदूरों और गरीबों की आवाज दबाने की साजिश करार दिया. सजप के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग मोदी ने कहा कि, आज जब रोजगार मिल नहीं रहे, किसान की हालात बद से बद्दतर होती जा रही है और चारों तरफ कंपनियों का राज होता जा रहा है, तब सरकार विरोध के स्वर दबाकर अघोषित आपातकाल जैसे स्थिति बना रही है. सजप की प्रदेश अध्यक्ष स्मिता ने कहा कि सुधा भरद्वाज छतीसगढ़ मुक्ति मोर्चा एवं छतीसगढ़ बचाओ आंदोलन के तहत वहां के मजदूरों और आदिवासीयों की आवाज बुलंद करती रही है. इसके अलावा श्रमिक आदिवासी संघठन के साथी अलोक सागर, बंसत टेकाम, रामदीन, सुरेश, राजेन्द्र एवं किसान आदिवासी संगठन के फागरम, विस्तूरी, रावल आदि साथियों ने भी इस गिरफ्तारी की निंदा की है.
गौरतलब है कि 28 अगस्त को पुलिस ने फरीदाबाद में सुधा भारद्वाज, दिल्ली में गौतम नवलखा, हैदराबाद में वरवर राव, मुंबई में वर्नन गोंसाल्विस और अरुण फरेरा, रांची में स्टेन स्वामी और गोवा में आनंद तेलतुम्बड़े के घर पर छापा मारकर उनके अनेक कागजात, दस्तावेज, लैपटॉप आदि जब्त किए और इन्हें यूएपीए के तहत गिरफ्तार किया है. 

मंगलवार, 28 अगस्त 2018

कांग्रेस, सरकार में आई तो पेट्रोल, डीजल पर वैट होगा कम

कमलनाथ ने कहा 12 सितंबर तक 80 उम्मीदवारों के नाम होंगे तय

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो पेट्रोल, डीजल पर से तुरंत वैट कम कर दिया जाएगा. उन्होंने मांग की कि प्रदेश सरकार तीन माह के बिजली बिल माफ करने के बजाय बीते दस सालों के बिजली बिल माफ करे.
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए कमलनाथ ने ये बातें कही. उन्होंने   कहा कि अगर शिवराज सरकार सच में लोगों के हित के बारे में सोचती है, तो उसे पेट्रोल और डीजल पर से फौरन वैट कम कर देना चाहिए. उन्होंने कहा  कि 2008 से 2018 के बीच व्यापमं द्वारा कराए गई सभी परीक्षाओं, जिनमें पीएमटी, पीईटी, डीमेट आदि की एग्जामिनेशन फीस कांग्रेस सत्ता में आने के बाद वापस करेगी. जनआशीर्वाद यात्रा पर सरकारी खजाने से करोड़ों रुपए खर्च करने के आरोप लगाते हुए कमलनाथ ने कहा कि बिना बजट प्रवधान के सीएम रोजाना नई-नई घोषणा कर रहे हैं. कमलनाथ ने कहा कि लोगों को राहत देने का कांग्रेस पूरा समर्थन करती है. मगर किसानों की कर्ज माफी सरकार कब करेगी.
कुशासन भुलाने सरकार कर रही घोषणाएं
कमलनाथ ने आरोप लगाया है कि सरकार के पिछले 15 साल के कुशासन को भुलाने के लिए सरकार यह घोषणा कर रही है.  कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का जल्द ही वचन पत्र जारी किया जाएगा. उन्होंने कहा कि चुनाव घोषणा पत्र को कांग्रेस ने वचन पत्र नाम दिया है. इस वचन पत्र में कांग्रेस किसानों, नौजवानों, मजदूरों, महिलाओं, विद्यार्थियों और समाज के हर तबके को शामिल करेगा.
12 सितंबर तक 80 सीटों पर तय हो जाएंगे नाम
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस इस बार दो माह पहले ही प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर देगी. 12 सितंबर तक कांग्रेस द्वारा 80 सीटों के प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस पार्टी घोषणा पत्र नहीं, बल्कि वचन पत्र जारी करेगी. कमलनाथ ने कहा कि राहुल गांधी 17 सितंबर को भोपाल आएंगे.
अपराधियों को सरकार दे रही आनंद का प्रशिक्षण
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सरकार के राज में प्रदेश में अपराधियों को आनंद विभाग द्वारा आनंद का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. दरअसल, मध्य प्रदेश का आनंद विभाग भोपाल के 44 अपराधियों को सरकारी खर्चे पर आनंद प्रशिक्षण दिया जा रहा है. अपराधियों को बाकायदा कैंप लगाकर प्रशिक्षण दिया जाता है. खास बात ये है कि प्रशिक्षण का पूरा खर्च राज्य आनंद संस्थान की ओर से उठाया गया. आनंद कैंप में जाने वाले सभी हिस्ट्रीशीटर गंभीर आरोपों में लिप्त रहे हैं. विभाग का तर्क है कि इस कवायद का मकसद बिगड़े रास्ते पर चल चुके कदमों को रास्ते पर लाना है.

हर विधानसभा की रेंडम 20 प्रतिशत वीवीपैट मशीनों की हो गणना

आम आदमी पार्टी के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता और ग्रेटर कैलाश विधानसभा के विधायक सौरभ भारद्वाज ने होटल निसर्ग में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की मांग है कि चुनाव आयोग हर विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम मशीनों में से किन्हीं  20 प्रतिशत मशीनों की वीवीपैट पर्ची की गणना करे. उन्होंने कहा कि फिलहाल पूरी विधानसभा में से महज एक मशीन की वीवीपैट की गणना होती है, और इसका चयन कैसे किया जाता है, यह भी स्पष्ट नहीं है. साथ ही उन्होंने कहा कि अगर वीवीपैट की गणना में गड़बड़ी पाई जाती है, तो उस पर क्या कार्रवाई की जाएगी, यह भी स्पष्ट नहीं है. इसे स्पष्ट किया जाना चाहिए. उन्होंने बताया कि आज आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत से मुलाकात विभिन्न मुद्दों पर अपनी राय रखी है. 
पत्रकारों से चर्चा करते हुए आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने कहा कि हमने चुनाव आयोग के समक्ष मांग की है कि राजनीतिक दलों की ओर से मीडिया को दिए जाने वाले विज्ञापनों को 48 घंटे पहले प्रकाशित, प्रसारित करने पर पाबंदी लगाई जाए. जो भी राजनीतिक दल विज्ञापन देना चाहते हैं, वे 48 घंटे पहले मीडिया को दे दे, लेकिन आखिरी दो दिनों में विज्ञापनों पर पाबंदी लगाई जाए. राष्ट्रीय सोशल मीडिया एवं आईटी हेड अरविंद झा एवं प्रदेश संगठन मंत्री पंकज सिंह भी मौजूद थे. आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश सचिव सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार के कामों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम किया है. दिल्ली सरकार का शिक्षा का बजट 24 प्रतिशत से ज्यादा है, जो देश के किसी भी राज्य के मुकाबले सबसे ज्यादा है. इसी तरह स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम उठाते हुए 230 तरह की जांचों को मुफ्त किया गया है. इसके अलावा किसानों को 50 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर मुआवजा, डोर स्टेप डिलेवरी से लेकर भ्रष्टाचार की रोकथाम समेत कई काम किए हैं. उन्होंने कहा कि दिल्ली में बिजली सबसे कम दाम पर दी जाती है, जबकि दिल्ली सरकार अन्य राज्यों से बिजली खरीदती है. वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश में बिजली का सरप्लस उत्पादन है इसके बावजूद दिल्ली से तीन गुना महंगी बिजली दी जाती है. उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने तीन साल में जो काम किया है, वह अपने आप में एक रिकॉर्ड है. किसी राज्य सरकार ने इतने कम समय में इतना काम नहीं किया है. 
40 लाख परिवार एक किलोमीटर दूर से लाते हैं पानी
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में 40 लाख परिवारों को एक किलोमीटर दूर से पीने का पानी लाना पड़ता है. 75 प्रतिशत मध्य प्रदेश में नल जल की व्यवस्था नहीं है और ग्रामीण क्षेत्रों की बात करें तो 90 प्रतिशत ग्रामीण इलाके नल जल से महरूम हैं. स्वास्थ्य की बात करें तो सीएजी की रिपोर्ट के मुताबिक जितने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र होने चाहिए उनमें से महज 50 प्रतिशत ही हैं, और जो हैं, उनमें से भी आधे में डॉक्टर नहीं हैं. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 90 प्रतिशत में डॉक्टर नहीं है. मध्य प्रदेश में 70 प्रतिशत बच्चों में खून की कमी है और 45 प्रतिशत बच्चे कुपोषण से ग्रस्त हैं. यही नहीं 92 बच्चे कुपोषण से रोज मर रहे हैं. प्रदेश में बिजली के दाम सबसे ज्यादा हैं. दिल्ली से तीन गुना ज्यादा दाम पर मध्य प्रदेश में बिजली दी जा रही है. आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक 43 लाख घरों में आज भी बिजली नहीं है. प्रदेश के 90 प्रतिशत स्कूलों में बिजली नहीं है. उन्होंने कहा कि शिक्षा की बात करें तो मध्य प्रदेश में 25 हजार सरकारी स्कूल बंद किए गए हैं. 48 प्रतिशत रिजल्ट आ रहा है. पिछले 5 साल में 45 लाख बच्चों ने स्कूल छोड़ दिया है. आठवीं कक्षा का बच्चा 1 से 9 तक के अंक और सामान्य हिंदी नहीं पढ़ पाता है. 65 हजार पद खाली हैं, 17 हजार स्कूलों में महज एक शिक्षक है. ये सभी आंकड़े शिक्षा गारंटी का उल्लंघन करते हैं. पांच किसान रोज आत्महत्या करते हैं. बेरोजगारी का आलम यह है कि 25 लाख शिक्षित बेरोजगार हैं. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 2016 में 244 और 2017 में 139 रोजगार दिए गए हैं उसके बाद अचानक शिवराज सिंह ने घोषणा की कि 1 लाख लोगों को एक दिन में रोजगार दिया गया. 

कांग्रेस ने फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जताई आपत्ति

 भाजपा ने कहा चुनाव के ऐन वक्त पहले बड़ी संख्या में हटा दिए पात्र मतदाताओं के नाम
मुख्य चुनाव आयुक्त ओ.पी.रावत के साथ हुई राजनीतिक दलों की बैठक में कांग्रेस ने 11 लाख फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़ने पर आपत्ति जताई. वहीं भाजपा ने चुनाव के ऐन वक्त पहले पात्र मतदाताओं के नाम हटा दिए जाने की शिकायत की. प्रदेश के अन्य राजनीतिक दलों ने भी फर्जी मतदाताओं का मुद्दा उठाया.
मुख्य चुनाव आयुक्त ओ.पी.रावत तीन दिवसीय मध्यप्रदेश दौरे पर हैं. रावत के साथ आज राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक थी. बैठक में रावत ने सभी राजनीतिक दलों की समस्याओं को सुना. उन्होंने प्रत्येक दल के पदाधिकारियों से 10-10 मिनट चर्चा की. कांग्रेस की ओर से चुना आयुक्त से मिलने पहुंचे पदाधिकारियों ने कहा कि 24 लाख फर्जी मतदाताओं के नाम हटाए जाने के बाद, अब भी बड़ी संख्या में फर्जी मतदाता है. कांग्रेस ने इन मतदाताओं की संख्या करीब 11 लाख बताई. कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि कई मंत्रियों के क्षेत्र में हजारों की संख्या में फर्जी एवं डुप्लीकेट मतदाता है, इनमें कुछ मंत्रियों के क्षेत्रों का विवरण सीडी में भी दिया गया है. कांग्रेस की ओर से एक सीडी भी रावत को दी गई. शिकायतों के अलावा कांग्रेस की ओर से सुझाव भी मुख्य चुनाव आयुक्त को दिए गए.
भाजपा पदाधिकारियों ने चुनाव आयुक्त से मुलाकात में कहा कि चुनाव से ऐन वक्त पहले बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, इससे चुनाव प्रक्रिया पर असर पड़ेगा. भाजपा ने मांग की कि 1 जनवरी 2018 के बाद 18 साल के हो चुके युवाओं को भी मतदान करने का मौका दिया जाए. इसके अलावा भाजपा ने यह मांग भी की कि पोलिंग बूथ पर मतदाताओं के इंतजाम के लिए 100 मीटर के दायरे में टैंट लगाने का खर्च प्रत्याशी के बजाए पार्टी के खाते में जोड़ा जाए.  वहीं कम्युनिष्ट पार्टी ने संघ की शाखाओं में जाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया से दूर रखने की मांग की. 
बोगस नहीं, डुप्लीकेट वोटर थे
राजधानी पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त ओ.पी. रावत ने कहा कि फर्जी मतदाता को लेकर जो शिकायत आई थी उनकी जांच में पता चला है कि ये मतदाता बोगस नहीं, बल्कि डुप्लीकेट वोटर थे. रावत ने कहा कि आयोग मल्टीपल वोटर्स के नाम हटाने का काम तेजी से चल रहा है.  आयोग राजनीतिक पार्टियों की हर तरह की समस्या को हल करेगा. उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा के बाद उसी के आधार पर विधानसभा चुनाव का रोडमैप तैयार किया जाएगा. कांग्रेस द्वारा मतदाताओं के नामों में आ रही गड़बड़ी की शिकायतों पर उन्होंने कहा कि यह न्यायपालिका का मामला है.इस पर अभी किसी भी तरह की टिप्पणी नहीं की जा सकती

आदिवासियों को साधने जयस, गोंगपा को मनाने में जुटी कांग्रेस

डा. हीरालाल अलावा 
मध्यप्रदेश में आदिवासी मतदाता पर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों की नजरें टिकी हुई है. कांग्रेस इन दलों के नेतृत्व करने वाले  गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और आदिवासी युवा शक्ति (जयस) संगठन को मनाने में जुट गई है. कांग्रेस ने रतलाम-झाबुआ के सांसद और कांग्रेस के आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय शाह को इन दलों को मनाकर कांग्रेस के पक्ष में लाने की कवायद तेज कर दी है. 
मध्यप्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अब अपने पक्ष में छोटे और सामाजिक दलों को लाने के लिए काम में जुट गई है. उसने राज्य की गोंडवाना गणतंत्र पार्टी जिसका प्रभाव महाकौशल के अलावा विंध्य अंचल में है और जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) संगठन जिसका प्रभाव मालवा अंचल में है, से हाथ मिलने के प्रयास तेज कर दिए हैं. गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हीरासिंंह मरकाम वैसे तो इसी माह लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ गठबंधन का वादा कर चुके हैं, मगर कांग्रेस ने अपने प्रयास नहीं छोड़े हैं. कांग्रेस ने गोंगपा से चर्चा के लिए आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष के अजय शाह को जिम्मेदारी दी है. वे गोंगपा पदाधिकारियों से लगातार संपर्क कर रहे हैं. अजय शाह का कहना है कि जल्द ही गोंगपा, कांग्रेस के साथ नजर आएगी. गोंगपा और कांग्रेस मिलकर गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में उतर  सकेंगे. शाह ने कहा कि अब तक की चर्चा के सार्थक परिणाम आने की उन्हें पूरी उम्मीद है.

हीरासिंंह मरकाम 

वहीं दूसरी ओर जय आदिवासी युवा शक्ति के डा. हीरालाल अलावा इन दिनों विंध्य अंचल में आदिवासी अधिकार रैली के तहत यात्राएं कर रहे हैं. वे 2 सितंबर को धार में एक बड़ा कार्यक्रम कर अपनी ताकत दिखाने की तैयारी कर चुके हैं. डा. अलावा पूर्व में गोंगपा के साथ मिलकर प्रदेश की 80 विधानसभा सीटों पर चुनाव मैदान में उतरने की बात कर चुके हैं, मगर गोंगपा ने जब सपा से हाथ मिलाया तो उन्होंने जयस के प्रभाव वाली 49 सीटें जो की मालवा अंचल की है, इन पर आदिवासी युवाओं को चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा कर दी है. अलावा की घोषणा और जयस के बढ़ते प्रभाव ने कांग्रेस को चिंता में डाल रखा है. मध्यप्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों का मानना है कि अगर जयस उनके साथ हो गया तो इस बार भाजपा को शिकस्त देना कांग्रेस के लिए आसान होगा. यही वजह है कि आदिवासी वर्ग के लिए आरक्षित 47 सीटें के लिए कांग्रेस इन दोनों ही दलों के  साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतरने का मन बना चुकी है. कांग्रेस की ओर से जयस को मनाने का काम रलताम-झाबुआ संसदीय क्षेत्र के सांसद कांतिलाल भूरिया कर रहे हैं. 

शब्दों के संतुलन और वाणी पर नियंत्रण हर क्षेत्र में जरूरी


जनसम्पर्क, जल संसाधन और संसदीय कार्य मंत्री डा. नरोत्तम मिश्र ने कहा है कि शब्दों का संतुलन और वाणी पर नियंत्रण न सिर्फ विधानसभा और संसद, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में आवश्यक है.
 डॉ. मिश्र आज यहां प्रशासन अकादमी में पं. कुंजीलाल दुबे राष्ट्रीय संसदीय विद्यापीठ, द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं के पुरस्कृत विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने बच्चों को समय की कीमत समझने, टीवी आदि देखने में कम समय देकर खेलों में रुचि रखने, शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए नियमित व्यायाम और अध्ययन पर फोकस करने को कहा. डॉ. मिश्र ने इस मौके पर प्रतियोगिताओं में विजयी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए.
जनसंपर्क मंत्री ने कहा कि आमतौर पर विधानसभा में सदन की कार्यवाही और कार्य संचालन से आमजन बहुत कम परिचित होते हैं. कुछ मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा सदन में होने वाले शोर-शराबे को अधिक महत्व दे दिए जाने से भी सार्थक विचार-विमर्श, सारगर्भित उद्बोधन और जनहित से जुड़े मामलों पर की गई चर्चा एवं कार्यवाही मीडिया में उचित स्थान प्राप्त नहीं कर पाती. इससे अक्सर लोगों को जन-प्रतिनिधियों की रचनात्मक भूमिका की जानकारी प्राप्त नहीं हो पाती. साथ ही संचार माध्यमों में सदन की सही तस्वीर पेश नहीं हो पाती.
कार्यक्रम को विधायक एवं सार्वजनिक उपक्रम समिति के सदस्य यशपाल सिंह सिसोदिया, प्रमुख सचिव संसदीय कार्य  अजीत केसरी और प्रमुख सचिव विधानसभा ए.पी. सिंह ने भी संबोधित किया. प्रारंभ में स्वागत उदबोधन संसदीय विद्यापीठ की संचालक प्रतिमा यादव ने दिया. उन्होंने बताया कि संसदीय विद्यापीठ द्वारा युवा संसद, निबंध और वाद विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. विद्यार्थियों को दिल्ली का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया. विभिन्न गतिविधियों से संसदीय ज्ञान-वृद्धि का लाभ छात्र-छात्राओं, शिक्षकों को मिला.

सागर को कस्बाई बनाने के लिए मुख्यमंत्री निकालें क्षमा यात्रा: पंकज चतुर्वेदी

 मुख्यमंत्री को मांगनी चाहिए सागर की जनता से माफी
पिछले 14 सालों में सागर को कस्बाई रूप में धकेलने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को सागर में आशीर्वाद यात्रा के बजाय क्षमा यात्रा निकालकर इस क्षेत्र की उपेक्षा के लिए आज-जनता से माफी मांगना चाहिए. मुख्यमंत्री द्वारा अनेकों विकास योजनाओं के शिलान्यास करने के बाद एक भी काम पूरा नहीं हुआ. ऐसे में सरकारी धन का दुरूपयोग किया जा रहा है. उनकी यात्रा जबरन आशीर्वाद यात्रा के रूप में सामने आ रही है.
 यह आरोप मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने सागर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान लगाए. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की आगामी दिनों में यहां पहुंचने वाली आर्शिवाद यात्रा के पूर्व प्रदेश कांग्रेस के द्वारा उनकी इस यात्रा पर सवाल उठाते हुए पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया है. पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षद्वव हीरा सिंह राजपूत तथा रेखा चौधरी, संभागीय प्रवक्ता डा. संदीप सबलोक, जिला प्रवक्ता वीरेन्द्र गौर व गौरव शांडिल्य तथा भोपाल से आये प्रदेश प्रवक्ता अवनीश सिंह बुंदेला विशेष रूप से उपस्थित रहे.
चतुर्वेदी ने अपने आरोपों में कहा कि भ्रष्टाचार घोटालों, अपराध, हत्याओं की शरण स्थली बन चुके मध्यप्रदेश में सागर जिला सिर मौर बनकर उभर रहा है. इस जिले से गृहमंत्री का नेतृत्व होने के बावजूद महिला अत्याचार और अपराधों की बढ़ती हुई संख्या सर्मनाक है. ऐसे में सागर को देश भर में सबसे सुरक्षित शहर का खिताब मिलना अपने आप में आश्चर्यजनक है. कांग्रेस प्रवक्ता पंकज चतुवेर्दी ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी सरकार चरणपादुका की योजना की आड़ में चप्पलों के साथ कैंसर की बीमारी बांटकर आदिवासी समुदाय को प्रदेश की धरती से खत्म करना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यूपीए सरकार द्वारा बीना में रिफायनरी खोलकर इस जिले के औघोगिक विकास के दरवाजे खोले थे परंतु सीएम शिवराज द्वारा करोड़ों रूपयों खर्च कर सागर तथा खजुराहों में की गई इन्वेस्टर मीट से इस क्षेत्र में न तो एक भी उघोग खुला और न ही यहां के युवाओं को रोजगार मिल सका. पकंज चतुर्वेदी ने कहा कि सागर के गौरव के रूप में केन्द्रीय विश्वविद्यालय का लाभ यहां के युवाओं को नहीं मिल पा रहा है वहीं एक और गौरवपूर्ण विरासत सागर की पुलिस अकादमी को मुख्यमंत्री के चहेते गृहमंत्री द्वारा भोपाल शिफट कर सागर की जनता से धोखा किया जा रहा है. सागर तालाब की दुर्दशा के लिए पिछले 25 सालों से यहां के भाजपा के जनप्रतिनिधि और महापौर जिम्मेदार हैं.
प्रवक्ता चतुर्वेदी ने कहा कि धार में  बिजली के करंट से बालिका की मौंत पर जन आर्शिवाद यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने संवेदनहीन का परिचय दिया. उन्होंने कुपोषण, बलात्कार, महिला अपराध में शीर्ष पर स्वर्णिम नहीं मिट्टी का मध्यप्रदेश बन गया है. उन्होंने व्यापम पर मुख्यमंत्री पर तीखे आरोप लगाय. उन्होंने भाजपा के कद्धावर मंत्री गोपाल भार्गव एवं भूपेन्द्र सिंह पर कहा कि सागर के विकास में इनका क्या योगदान रहा है. जनआर्शिवाद यात्रा सरकारी खर्च पर हो रही है. आगनबाड़ी, आशा कर्मी, अधिकारी, कर्मचारी सभी को जबरन लाकर भीड़ दिखाई जा रही है. आर्शिवाद आसमान पर खड़े होकर नहीं जमीन पर झुककर लिया जाता  है.

पीएससी में अब सहायक प्राध्यापकों की भर्ती में गड़बड़ी

प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि मैंने व्यापमं घोटाले के आरोपी की डायरी में पीएससी भर्ती कांड में मामा और वीआईपी का नाम आने के बाद पहले ही कहा था कि एक और घोटाला सामने आने वाला है. सहायक प्राध्यापकों की भर्ती का यह घोटाला प्राथमिक रूप से अब सामने आने लगा है. शिवराजसिंह इसकी जांच करायें और तब तक परिणाम स्थगित करें, अन्यथा कांगे्रस की सरकार बनने के बाद इन सभी नियुक्तियों की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी. 
कमलनाथ ने कहा है कि लोक सेवा आयोग द्वारा प्रदेश में लगभग साढ़े तीन हजार प्राध्यापकों की भर्ती की जा रही है. यह भर्ती केवल लिखित परीक्षा के आधार पर हो रही है. पहली बार ऐसा हो रहा है कि किसी राजपत्रित पद पर भर्ती में कोई इन्टरव्यू नहीं लिए गए. यदि इन्टरव्यू होते तो अन्य हजारों उम्मीदवारों को भी कम से कम एक मौका तो मिलता. इसमें एक बड़े षड्यंत्र की बू आ रही है. नाथ ने कहा कि पीड़ित आवेदक अब हाईकोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं और पहले भी इस भर्ती के संबंध में अनेक याचिकाएं लगी हुई हैं. चयन प्रक्रिया में दूसरे प्रदेश के अभ्यर्थियों को लाभ देने के मामले सामने आने लगे हैं. पीएससी के परीक्षा नियंत्रक बेशर्मी से कहते हैं कि गलती की गुंजाइश सब जगह रहती है. यह गलती नहीं, बेरोजगारों के साथ धोखा है.
कमलनाथ ने कहा कि परीक्षा में सामान्य ज्ञान की परीक्षा भी नहीं ली गयी. इसका फायदा भी बाहर के उम्मीदवारों को मिला, क्योंकि सामान्य ज्ञान में अधिकतर प्रश्न मध्यप्रदेश से संबंधित पूछे जाते हैं. पदों में 75 प्रतिशत चयन दूसरे प्रदेश के अभ्यर्थियों का हुआ है. इस तरह शिवराजसिंह सरकार ने एक बार फिर प्रदेश के युवा बेरोजगारों को ठगा है.

जूते-चप्पलों की खरीदी में हुआ भ्रष्टाचार

 सरकार बताये कि कौन से केंद्रीय मंत्री का पुत्र सप्लाई में शामिल है?

प्रदेश कांगे्रस मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा और उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता ने प्रदेश कांगे्रस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि मुख्यमंत्री चरण पादुका योजना के अंतर्गत आदिवासी तेंदूपत्ता संग्राहकों को खतरनाक रसायन लगे जो जूते-चप्पल बांटे गये हैं, उनसे कैंसर का खतरा तो बना ही हुआ है, साथ ही खरीदी में एक बड़े भ्रष्टाचार से भी इंकार नहीं किया जा सकता. 
शोभा ओझा ने आरोप लगाया कि घटिया जूते-चप्पलों की सप्लाई में एक केंद्रीय मंत्री के पुत्र का नाम भी आ रहा है. शिवराज सरकार इस तथ्य की जांच करें कि वे कौन से केंद्रीय मंत्री हैं? वस्तुस्थिति जनता के सामने उजागर करें, ताकि भ्रम की स्थिति न रहे. लघु वनोपज संघ द्वारा कहा जा रहा है कि अगर गड़बड़ी हुई है तो अधिकारियों पर कार्यवाही की जाएगी. क्या इससे किया गया भ्रष्टाचार समाप्त हो जाएगा. सरकार खरीदी की पूरी प्रक्रिया को भी उजागर करे, ताकि पता चले कि वह कितनी पारदर्शी थी? शिवराजसिंह बताएं कि इस पूरे प्रकरण का जवाबदार कौन हैं?
ओझा और गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार ने जब 1997 से डाई पर प्रतिबंध लगा दिया था तो शिवराज सरकार ने खतरनाक रसायन लगे जूते-चप्पल खरीदे ही क्यों? जाहिर है बिना जांचे-परखे जूते-चप्पल खरीद लिए गए. यही कारण है कि खरीदी के बाद जांच में जूते के इनर सोल में खतरनाक रसायन एजेडओ पाया गया, जिससे त्वचा कैंसर का खतरा रहता है. स्पष्ट है कि खरीदी के लिए जिम्मेदार लोग भ्रष्टाचार में लिप्त थे और उन्होंने जांच में लापरवाही की. यह तो एक उदाहरण है, सरकार की हर योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गयी. लेकिन भ्रष्ट व्यवस्था सुधारने में शिवराजसिंह की कोई रूचि नहीं है. उन्होंने आदिवासियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया है.
सरकार आदिवासियों को दिए  गए जूते-चप्पल वापस ले और उन्हें अच्छी गुणवत्ता के जूते-चप्पल दिए जाएं. ये जूते-चप्पल पहनने के कारण आदिवासियों के पैरों में खुजली शुरू हो गयी है. इनमें से कुछ आदिवासी आये भी हैं. इन्होंने खुजली होने की शिकायत की है. मालवा निमाड़ क्षेत्र के आदिवासी तो अपने-अपने जिले के कलेक्टर कार्यालय में ये जूते-चप्पल जमा भी करवाएंगे. मुख्यमंत्री को गरीब आदिवासियों के स्वास्थ्य की कोई चिंता नहीं है. वे आदिवासी गरीब हैं, उनके पास तो इलाज के लिए पैसे भी नहीं हैं, कहां से अपना इलाज कराएंगे.

शिकायत करने वाला ही निकला लूटेरा, हुआ गिरफ्तार

राजधानी के हनुमानगंज थानाक्षेत्र में लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार लूट की शिकायत लेकर पहुंचा फरियादी ही लुटेरा निकला. उसने अपने साले के साथ मिलकर लूट की फर्जी कहानी पुलिस को बताई थी. 
हनुमान गंज पुलिस के अनुसार विनोद शुक्ला हनुमानगंज इलाके में रहने वाले एक उद्योगपति के यहां काम करता है. उद्योगपति की मंडीदीप में पाइप की फैक्ट्री है. पांच दिन पहले उद्योगपति ने अपनी बेटी के खाते में एक लाख दस हजार रुपए जमा करने के लिए विनोद को बैंक भेजा था. वह पैसे लेकर घर से निकला, लेकिन थोड़ी ही देर बाद वह हनुमानगंज थाने पहुंच गया. यहां पर उसने पुलिस को बताया कि वह पैसे लेकर पान की मंडी के सामने से गुजर रहा था, तभी दाहिनी ओर से दो लड़के आए तथा उन्होंने आंख में मिर्ची का पाउडर डालकर पेंट की दाहिनी ओर की जेब में रखे एक लाख दस हजार रुपए छीन लिए. विनोद की शिकायत पर जांच करते हुए पुलिस बताए गए घटनास्थल पर पहुंची वहां पर पूछताछ में लूट की वारदात की तस्दीक नहीं हुई.  पुलिस को संदेह हुआ तो विनोद की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान विनोद के पेंट की बार्इं जेब में मिर्ची का पाउडर मिला. अब पुलिस का शक पुख्ता हो गया तो विनोद से कड़ाई से पूछताछ की गई, साथ ही उस रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी निकाले गए जहां से गुजरने की बात उसने बताई थी. फुटेज में विनोद पंद्रह मिनट के लिए गायब मिला. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने लूट की झूठी कहानी रचने की बात कबूल कर ली. 
विनोद ने पुलिस को बताया कि अपने साले नरेन्द्र के साथ लूट की फर्जी कहानी रची. बैंक जाने से पहले ही उसने पैसे रास्ते में नरेन्द्र को दे दिए थे. सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने विनोद व नरेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया. उनसे एक लाख दस हजार रुपए बरामद भी कर लिए गए हैं. पूछताछ में उसने यह भी बताया कि उस पर 20-25 हजार रुपए का कर्ज हो गया था. कर्ज होने के कारण वह बच्चे के स्कूल की फीस भी नहीं भर पा रहा था. स्कूल से लगातार नोटिस आ रहे थे.

तेज रफ्तार बस पल्टी, एक दर्जन यात्री घायल

लखनऊ से इंदौर की ओर जा रही बस आज सुबह राजधानी के निकट शमशाबाद रोड पर पलट गई. हादसे में एक दर्जन यात्री घायल हुए हैं. हादस में घायल यात्रियों को इलाज के लिए भोपाल व बैरसिया के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बैरसिया पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लखनऊ से इंदौर जाने वाली शताब्दी कंपनी की बस आज सुबह करीब पौने 6 बजे शमशाबाद रोड पर अचानपुरा गांव के पास से गुजर रही थी. बस तेज रफ्तार में थी, तभी  अनियंत्रित होकर  पलट गई. इस समय अधिकांश बस यात्री गहरी नींद में सो रहे थे. बस के पलटते ही बस के भीतर चीख-पुकार मच गई. बाद में एक-एक यात्री को निकाला गया. एक दर्जन यात्रियों को चोटें आई, इनमें 8 यात्रियों को गंभीर चोट के कारण  इलाज के लिए भोपाल लाया गया, जबकि चार यात्रियों को बैरसिया के सिविल अस्पताल ले जाया गया. बताया जा रहा है कि अचारपुरा गांव के पास तेज रफ्तार बस के सामने अचानक ही बछड़ा गया. ड्रायवर ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह बस पर अपना नियंत्रण नहीं रख सका और बस पलट गई.

नरसिंहपुर कलेक्टर को हटाने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

अजय सिंह 
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने राज्य मानव अधिकार आयोग एवं मुख्यमंत्री से नरसिंहपुर कलेक्टर को मानव अधिकारों का उल्लंघन करने और अधिकारों का दुरूपयोग कर सामान्य प्रशासन विभाग के आदेशों की धज्जियां उड़ाने पर तत्काल पद से हटाने की मांग की है.
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने नरसिंहपुर में 61 वर्षीय वृद्ध प्रमोद पुरोहित को अपने गांव में सड़क बनाने का आग्रह करने के दौरान कलेक्टर द्वारा जेल भेज देने पर राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष जस्टिस नरेंद्र कुमार जैन एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा है. सिंह ने पत्र में लिखा है कि यह घटना बेहद गंभीर है. मानव अधिकारों के उल्लंघन का अपराध है और वह भी भारतीय प्रशासनिक सेवा के एक अधिकारी द्वारा. इस पर कड़ी कार्यवाही होना चाहिए. नेता प्रतिपक्ष सिंह ने अपने पत्र में वर्ष 2015 में राजस्थान के अजमेर में एक वृद्ध सूर्यनारायण गर्ग के मामले में राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग द्वारा अजमेर कलेक्टर के खिलाफ विभागीय जांच और दस हजार का जुमार्ना लगाने का उदाहरण दिया. इस प्रकरण में कलेक्टर ने गर्ग को डांटकर भगा दिया था और उसका आवेदन फेंक दिया था. सिंह ने कहा कि नरसिंहपुर कलेक्टर का प्रकरण तो इससे भी अधिक गंभीर है. इसमें एक वृद्ध को अकारण 4 दिन जेल में कैद रखा गया जो आपत्तिजनक है और कलेक्टर द्वारा अपने अधिकारों का खुला दुरूपयोग है.
सिंह ने मुख्यमंत्री को याद दिलाया कि ऐसा ही एक प्रकरण अक्तूबर 2015 में भिंड में एक ग्रामीण महिला के साथ कलेक्टर द्वारा दुर्व्यवहार करने का हुआ था. तब आपने कलेक्टर को तत्काल हटाया था. यहां तो मामला एक वृद्ध को जेल भेजने का है जो अक्षम्य है. सिंह ने राज्य मानव अधिकार आयोग से इस प्रकरण को संज्ञान को लेकर जांच कर कलेक्टर पर सख्त कार्यवाही करने और मुख्यमंत्री से तत्काल कलेक्टर को हटाने की मांग की है.
आयोग ने मांगा प्रतिवेदन
मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के सदस्य मनोहर ममतानी ने कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचे सीनियर सिटीजन पी.के. पुरोहित को कलेक्टर द्वारा जेल भेज देने के मामले में संज्ञान लिया है. आयोग ने इस मामले में आयुक्त एवं पुलिस महानिरीक्षक, जबलपुर संभाग, जबलपुर से जांच कराकर तीन सप्ताह में प्रतिवेदन तलब किया है. आयोग ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को पत्र भेजकर 21 अगस्त, को कलेक्टर कार्यालय के जनसुनवाई कार्यक्रम के सीसीटीव्ही फुटेज को इस प्रकरण की जांच पूर्ण होने तक सुरक्षित रखने के भी निर्देश दिये हैं.

सोमवार, 27 अगस्त 2018

12 जिलों में हुई सामान्य से कम बारिश

मध्यप्रदेश में इस वर्ष मानसून में एक जून से 27 अगस्त तक 3जिलों में सामान्य से 20 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है. प्रदेश के 36 जिलों में सामान्य वर्षा दर्ज हुई है. कम वर्षा वाले जिलों की संख्या 12 है. सर्वाधिक वर्षा 949.6 मिलीमीटर उमरिया में और सबसे कम 461 मिलीमीटर अलीराजपुर में दर्ज की गई है.
सामान्य से अधिक वर्षा वाले जिले नीमच, भिण्ड और खण्डवा हैं. सामान्य वर्षा वाले जिले दतिया, बुरहानपुर, बड़वानी, रतलाम, मंदसौर, उमरिया, झाबुआ, सिंगरौली, खरगोन, मुरैना, सीधी, इंदौर, रायसेन, उज्जैन, सीहोर, शिवपुरी, टीकमगढ़, आगर-मालवा, जबलपुर, शाजापुर, भोपाल, गुना, कटनी, विदिशा, श्योपुरकलां, धार, दमोह, हरदा, होशंगाबाद, मण्डला, नरसिंहपुर, राजगढ़, ग्वालियर, अशोकनगर, शहडोल और रीवा हैं. कम वर्षा वाले जिले सिवनी, छिंदवाड़ा, अलीराजपुर, देवास, सागर, पन्ना, डिण्डोरी, छतरपुर, अनूपपुर, सतना, बैतूल और बालाघाट हैं.

आदिवासियों को कैंसर बांट रही है प्रदेश सरकार : अग्रवाल

 आम आदमी पार्टी ने सोमवार को आदिवासियों को कैंसर कारक रसायनों से युक्त जूते-चप्पलों का वितरण करने के मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया. 
प्रदर्शन के बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल न एमपी नगर थाने में पुलिस महानिदेशक के नाम ज्ञापन दिया, जिसमें मुख्यमंत्री को भारतीय दंड संहिता की धारा 299 और 307 एवं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जन जाति (अत्याचार निरोधक) अधिनियम 1989 के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग की गई. साथ ही मांग की है कि जो जूते-चप्पल बांटे गए हैं उन्हें तत्काल वापस लेकर संबंधित आदिवासी भाई-बहनों के स्वास्थ्य की जांच की जाए.
 गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने अपनी निशुल्क चरण पादुका योजना के तहत बीते कुछ महीनों में 10 लाख आदिवासियों को निशुल्क जूते-चप्पल बांटे हैं. इस संबंध में सबूत के तौर पर आम आदमी पार्टी की ओर से शिवराज चौहान की ओर से जारी वीडियो की सीडी संलग्नक - 1 के रूप में थाने में जमा कराई गई. 
 अग्रवाल ने कहा कि मुझे याद आ रहा है कि 1763 में अमेरिका में आदिवासियों को चेचक वाले कंबल बांटे गए थे. ऐसा उन्हें मारने के लिए किया गया था, जिससे लाखों आदिवासी मारे गए थे. शिवराज सिंह चौहान आदिवासियों के साथ वही इतिहास दोहरा रहे हैं. उन्होंने बताया कि मामले में चेन्नई स्थित केंद्रीय चर्म अनुसंधान संस्थान (सीएलआरआई) ने जब इन जूते चप्पलों की जांच की तो पता चला है कि इन जूते-चप्पलों में स्किन कैंसर पैदा करने वाला खतरनाक रसायन एजेडओ मिला हुआ है. एजेडओ को पर्यावरण मंत्रालय की ओर से पहले ही हानिकारक करार देते हुए प्रतिबंधित किया जा चुका है. इसमें कैंसर पैदा करने वाला हानिकारक रसायन पाया गया है. इस संबंध में एमपी नगर थाने में दिए गए आवेदन में प्रेस कटिंग संलग्नक - 2 के रूप में जमा कराई गई है. उन्होंने कहा कि कैंसरकारक रसायन के संबंध में सीएलआरआई की रिपोर्ट 27 जून को ही आ गई थी, लेकिन सरकार की ओर से इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, जो कि प्रदेश सरकार की लापरवाही को दशार्ता है. 
अग्रवाल ने कहा कि अधिकांशत: आदिवासियों के खेतों और जंगलों में काम करने के कारण पांव कटे फटे होते हैं. इस वजह से इन चप्पलों के कारण उनको कैंसर होने का खतरा और भी ज्यादा है. इसलिए शिवराज सिंह का यह कृत्य प्रदेश के लाखों आदिवासियों के लिए जानलेवा है और दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी मांग करती है कि शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 299, 307 एवं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जन जाति (अत्याचार निरोधक) अधिनियम 1989 के के अंतर्गत प्रथम सूचना रिपोर्ट दायर कर गिरफ्तार किया जाए. 

महिलाओं को आत्म-निर्भर बनाना राज्य सरकार का मिशन

भाई-बहनों के स्नेह का रक्षा-बंधन पर्व आज मुख्यमंत्री निवास में परंपरागत गरिमा और उल्लास के साथ मनाया गया. मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान को विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की सदस्यों सहित समाज के सभी वर्गों और धर्मों की महिलाओं ने राखी बांधी. मुख्यमंत्री  चौहान ने बहनों को रक्षा-बंधन की शुभकामनाएं दी.
मुख्यमंत्री  ने कहा कि महिलाओं को आत्म-निर्भर बनाना राज्य सरकार का मिशन है.महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक रूप से आत्म-निर्भर बनाने के लिए प्रदेश में कई कदम उठाए गए हैं. प्रदेश की प्रगति में महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान है. प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं. इनमें लाड़ली लक्ष्मी, कन्या विवाह-निकाह, गांव की बेटी, प्रतिभा किरण जैसी योजनाएं शामिल हैं. स्थानीय निकायों और शिक्षकों की भर्ती में 50 प्रतिशत और दूसरी सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है. महिला स्व-सहायता समूहों को और मजबूत बनाया जा रहा है. बेटियों से दुराचार करने वालों को फांसी की सजा देने का कानून बनाने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है. महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे. उन्होंने अपील की कि महिला सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार को सुझाव दें.

कांग्रेस सेवादल ने की संघ की तारीफ, सियासत हुई तेज

 मामला गर्माया तो कांग्रेस  ने लगाया साजिश का आरोप, कहा करेंगे शिकायत
मध्यप्रदेश में चुनावी साल में कांग्रेस के संगठन सेवादल द्वारा संघ की तारीफ करने के मुद्दे पर सियासत गर्मा गई है. बाद में कांग्रेस ने मामले में साजिश का आरोप लगाया और कहा कि वह पुलिस में इसकी शिकायत करेगी. 
मध्यप्रदेश के भिंड में आयोजित अखिल भारतीय सेवादल के राष्ट्रीय शिविर के पूर्व ग्वालियर में सेवादल द्वारा एक पत्रकार वार्ता में वितरित किए गए प्रेस नोट ने माहौल गर्मा दिया. इस प्रेस नोट में सेवादल द्वारा संघ की तारीफ की गई. सेवादल द्वारा वितरित किए गए प्रेस नोट में कहा गया कि ‘सेवादल और संघ दोनों को फौजी अनुशासन के लिए जाना जाता है. आरएसएस के संस्थापक डाक्टर हेडगेवार भी कांग्रेस से शुरू में जुड़े और शुरूआत में आजादी के आंदोलन में भाग लिया.’ जब यह मामला सुर्खियों में आया और सियासत गर्माई तो सेवादाल ने इसे प्रिंटिंग मिस्टेक बता दिया. इसके बाद कांग्रेस ने पूरे मामले को साजिश करार दिया. यहां तक की कांग्रेस द्वारा यह का गया कि वह इस पूरे मामले को लेकर पुलिस में शिकायत कराई की.
यह कहा है प्रेस नोट में 
सेवादल के प्रेसनोट में आरएसएस की तारीफ करते हुए संघ को फौजी अनुशासन वाला संगठन बताया गया है. यही नहीं सेवादल ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति में संघ के संस्थापक डा. हेडगेवार को देशभक्त भी घोषित किया है. इसके साथ ही प्रेस नोट में डा. हेडगेवार के 1921 के असहयोग आंदोलन में भाग लेने और जेल जाने का जिक्र भी किया गया है. प्रेस नोट में 1928 में साइमन कमीशन के भारत आगमन पर आरएसएस के आंदोलन करने का भी उल्लेख किया गया है. सेवादल के मुताबिक, आरएसएस ने आजादी की लड़ाई में भाग लिया था. प्रेस नोट के मुताबिक 1923 तक आजादी आंदोलन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ता जेल जाते और माफीनामा लिखकर बाहर आ जाते थे.
बावरिया भी कर चुके हैं संघ के अनुशासन की तारीफ
मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी दीपक बावरिया ने भी बीते दिनों संघ के अनुशासन की प्रशंसा की है. बावरिया ने विदिशा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा की गई धक्का-मुक्की की घटना के बाद बावरिया ने भी संघ की तारीफ की थी. उन्होंने उस वक्त कहा था कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आरएसएस से अनुशासन सीखना चाहिए. उन्होंने कहा था कि आरएसएस के अच्छे पहलुओं की तारीफ करने में कोई संकोच नहीं है. यहां आपको यह भी बता दें कि दीपक बावरिया को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का करीबी माना जाता है.
कांग्रेस के प्रमाण पत्र की नहीं है जरुरत
सेवादल द्वारा संघ की प्रशंसा के मामले को लेकर सियासत जब गर्मा तो प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भी इसमें पीछे नहीं रहे. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने आज प्रदेश कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा या संघ को कांग्रेस के किसी प्रमाण पत्र की जरुरत नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया भी पूर्व में संघ की तारीफ कर चुके हैं. 


सूने आवास से जेवरात, नगदी चुरा ले गए चोर

राजधानी  के कमला नगर थाना क्षेत्र निवासी एक सूने मकान से चोरी का मामला सामने आया है.  बताया जा रहा है कि मकान मालिक की गैरमौजूदगी में चोरों ने करीब एक लाख रुपए कीमत के माल पर हाथ साफ किया है. 
कमला नगर थाना पुलिस के अनुसार मनोहरलाल प्रजापति पिता रामू प्रजापति निवासी मकान नंबर 191 नयाबसेरा झुग्गी, की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है.  पुलिस का कहना है कि  मनोहरलाल प्रजापति, मजदूरी का काम करता है. बीते शनिवार को वह अपने परिवार के साथ रक्षाबंधन का पर्व मानने के लिए टीकमगढ़ गया हुआ था. कल रविवार शाम को जब मनोहरलाल वापस घर लौटा तो उसे अपने घर में हुई चोरी का पता चला. पुलिस का कहना है कि चोरों ने मनोहरलाल के मकान में रखे सोने-चांदी के जेवर समेत करीब एक लाख रुपए कीमत का माल चुराया है. मामला दर्ज करने के बाद से अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है.
जुआरी गिरफ्तार
राजधानी के निशातपुरा थाना पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 3 जुआरियों को हाउसिंग बोर्ड कालोनी से हिरासत में लिया गया. आरोपियों की पहचान रमेश, विजय और गोविंद के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों के कब्जे से ताश के पत्ते और 8 हजार रुपए की जुआ राशि बरामद की है. आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
 नाबालिग लापता, अपहरण की आशंका
पिपलानी थाना पुलिस के अनुसार 100 क्वाटर झुग्गी नंबर 220 बी-सेक्टर निवासी रेखा समुंर्दे की 13 वर्षीय पुत्री निकिता समुंर्दे, बीते शनिवार सुबह से लापता है.  निकिता के अचानक घर से लापता हो जाने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश आसपास के इलाकों में की, लेकिन पता नहीं लग पाया. बाद में परिजनों ने थाने पहुंचकर निकिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.  पुलिस का कहना है कि चूंकि लापता हुई निकिता नाबालिग है, इसलिए अपहरण का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है.

अब दिग्विजयसिंह को सोसायटी ने नहीं दी कार्यालय खोलने की अनुमति

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह की बंगले को लेकर मुसीबत कम नहीं हो रही है. सरकार ने उन्हें कार्यालय हेतु भवन तो दिया नहीं, इसके अलावा अब जिस सोसायटी में सिंह ने सामान रखा था, उस सोसायटी ने कार्यालय खोलने की अनुमति सिंह को नहीं दी है. हालांकि सिंह ने अभी इस मामले में किसी तरह की कोई बात नहीं की है.
दरअसल भोपाल में सरकारी बंगला खाली करने के बाद दिग्विजय का सामान रिवेरा टाउन में शिफ्ट किया गया था और वहीं किराए के मकान में दफ्तर लगाने की तैयारी की जा रही थी. रिवेरा टाउन सोसाइटी ने दफ्तर शुरू करने की अनुमति नहीं देने का फैसला किया है, वहां यह बताया गया है कि सोसाइटी में किसी तरह के दफ्तर को लगाने की अनुमति नहीं है.  दिग्विजय सिंह के शासकीय बंगले को लेकर बवाल तब मचा था जब उन्हें यह बंगला खाली कराने के आदेश दिए गए थे, जबकि भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्रियों को नियम बनाकर पुराने बंगले में ही रहने की अनुमति दे दी गई थी. इसके बावजूद भी सिंह ने सरकार से आग्रह किया था कि उन्हे उनके कार्यालय के लिए यह बंगला आवंटित कर दिया जाए. इस मामले में दिग्विजय सिंह ने मुख्य सचिव को पत्र पर लिखा था, लेकिन इस पत्र पर सरकार की तरफ से कोई जवाब नहीं दिया गया था.

अतिक्रमण हटाने की मांग का ज्ञापन सौंपा महापौर को

जाटखेड़ी में निजी संस्थाओं द्वारा नाले पर किए गए अतिक्रमण को लेकर आज रहवासियों ने भोपाल की चौपाल में महापौर आलोक शर्मा को ज्ञापन सौंपा.
महापौर ने इस समस्या के समाधान के लिए अपर आयुक्त रणवीर सिंह की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया है. इस कमेटी में सिटी प्लानर विजय सावलरकर, उपायुक्त मिलिंद ढोके समेत उस क्षेत्र के एसडीएम व तहसीलदार को भी शामिल किया है. जाटखेड़ी में पेबल-वे, रूचि लाइफ स्केप, नई बस्ती, डिवाइन सिटी बनी हुई है. जाटखेड़ी में बनी कालोनियों से सटकर निकल रहे नाले का पानी इन कालोनियों में भर जाता है. महापौर को चौपाल में बरसात के बाद उत्पन्न साफ-सफाई, पानी और बिजली की समस्या से संबंधित सबसे ज्यादा शिकायतें प्राप्त हुई. महापौर चापाल में एक घंटा बैठने के बाद वहां चले, लेकिन एमआईसी सदस्य कृष्ण मोहन सोनी और आयुक्त ने लोगों ने समस्याएं सुनी.

कार्यकर्ता महाकुंभ में आएंगे अमित शाह

चुनाव से पहले राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान में 25 सितंबर को भाजपा कार्यकर्ता महाकुेभ करने जा रही है, इस महाकुेभ में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित केंद्रीय नेतृत्व भी उपस्थित रहेगा.  इसी महाकुेभ से भाजपा चुनाव का शंखनाद करेगी.
यह जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने आज पत्रकारों से चर्चा में दी. सिंह ने बताया 25 सितंबर को तीसरी बार कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है. हर पंचायत से कार्यकर्ता पहुंंचेंगे. इस कार्यकर्ता सम्मेलन में आनलाइन भी पंजीयन हो सकेंगे. इसके अलावा इस महाकुंभ के लिए अलग से नया गीत भी तैयार किया जा रहा है. 2008 और 2013 में भी यह सम्मलेन हुआ था. इस बार जनआशीर्वाद यात्रा 25 सितंबर को कार्यकर्ता महाकुम्भ के बाद भी जारी रहेगी, हर बार कार्यकर्ता महाकुम्भ में जनआशीर्वाद यात्रा का समापन था.  इसी महाकुम्भ से भाजपा चुनाव का शंखनाद करेगी.
 सिंह ने चौथी बार भी मध्य् प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का दावा किया है. उन्होंने कहा 21वी सदी भारतीय जनता पार्टी की सदी हैं, केंद्र सहित कई राज्यों में बीजेपी की सरकार है. जनआशीर्वाद यात्रा को जनता का भारी समर्थन मिल रहा है. पिछली बार से ज्यादा सीटें इस बार बीजेपी को मिलेगी. एक-दो उप चुनाव के परिणाम प्रभावित नहीं कर सकते हैं. कांग्रेस को प्रदेश की जनता नकार चुकी है. उन्होंने बतायाकार्यकर्ता महाकुंभ का जल्द ही भूमिपूजन किया जाएगा, आयोजन के लिए कई कमिटियों का गठन भी किया जा रहा है.
समिति ने लिया मैदान का जायजा
 25 सितंबर को आयोजित होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ की तैयारियों का जायजा लेने के लिए महाकुंभ समिति के सदस्यों ने जंबूरी मैदान का जायजा लिया. समिति के संयोजक उमाशंकर गुप्ता, सह संयोजक रामेश्वर शर्मा के अलावा समिति के सदस्य व जिलाध्यक्ष सुरेंद्रनाथ सिंह, सांसद आलोक संजर, राजेंद्र सिंह राजपूत, भाजपा नेता लीलेंद्र मारण मौजूद थे. समिति सदस्यों ने कार्यकर्ता महाकुंभ के आयोजन से पूर्व जंबूरी मैदान पहुंचने वाले मार्ग पर पड़े वाले स्कूल प्रबंधन से चर्चा करने का निर्णय लिया है. साथ ही पानी, बिजली, शौचालय के अलावा भोजन व्यवस्था के लिए कहा डोम तैयार होगा, इस पर भी चर्चा की गई.