कांग्रेस में शामिल होने दिया खुला ऑफर
भोपाल। प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने में अभी करीब छह माह से ज्यादा का समय है, मगर भाजपा में असंतुश्ट नेताओं की नाराजगी अब तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कैलाश जोशी के पुत्र दीपक जोशी पूरी भाजपा की पूरी टीम के मनाने पर भी नहीं मान रहे हैं। उन्होंने संकेत दिए हैं कि वे कांग्रेस में शामिल होंगे। जोशी के तल्ख तेवर से भाजपा में हड़कंप मचा हुआ है। इस बीच आज शुक्रवार को कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के भांजे और पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा को कांग्रेस में आने का खुला आफर दे दिया है। अनूप भी लंबे समय से उपेक्षा के चलते संगठन से नाराज चल रहे हैं।दो सौ पार और 51 फीसदी वोट हासिल करने के लक्ष्य को लेकर चल रही भाजपा के सामने उसके अपने ही संकट खड़ा कर रहे हैं। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके समर्थकों के भाजपा में शामिल होने और उन्हें पद दिए जाने को लेकर खफा खाटी के भाजपाईयों ने वैसे तो लंबे समय से संगठन के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। मगर इसमें गर्माहट उस वक्त आई जब पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कैलाश जोशी के पुत्र पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने तीखे तेवर दिखाए। दीपक जोशी को संगठन, सरकार और दिल्ली तक के बड़े नेताओं ने मनाने का पूरा जतन भी किया, मगर वे हैं कि मानने को तैयार नहीं। दीपक ने अपने पिता के सम्मान न होने की बात कहकर अब साफ संकेत दिए हैं कि वे कांग्रेस में जाने की तैयारी कर चुके हैं। बीती रात को इंदौर में भाजपा प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव के साथ हुई उनकी बैठक भी बेनतीजा ही निकली। रात को तो वे मौन रहे, मगर आज शुक्रवार की सुबह फिर उन्होंने मोर्चा खोला और साफ संकेत दे दिए कि वे कमलनाथ के साथ रहेंगे।
कमलनाथ ने 3 मिनट में दी जमीन, भाजपा ने तीन साल में नहीं बनाया स्मारक
दीपक जोशी ने साफ कर दिया कि भाजपा की ओर से ही राज्यसभा भेजने का वादा भी किया गया, साथ ही तत्काल कैबिनेट मंत्री का दर्जा देने की भी बात कही गई, लेकिन इन पदों का कोई फायदा नहीं, मैंने साफ इंकार कर दिया। मेरे पिता का अपमान हुआ है, मुझे अपने पिता के अपमान का बदला लेना है। गौरतलब है कि कमलनाथ ने मुख्यमंत्री रहते हुए स्वर्गीय कैलाश जोशी का स्मारक बनाने के लिए जमीन आवंटित कर दी थी, इसके बाद भाजपा की सरकार आने के बाद से अब तक दीपक जोशी स्मारक बनाने के लिए प्रयासरत रहे, मगर सरकार उनकी बात को सुन नहीं रही। इसके चलते वे ज्यादा खफा हुए हैं। उनका साफ कहना है कि कमलनाथ ने मेरे पिता के स्मारक के लिए तीन मिनट नहीं लगे और जमीन दे दी, भाजपा सरकार ने तीन साल में स्मारक नहीं बनाया।
कांग्रेस के ऑफर पर कहा मैं नहीं जा रहा कांग्रेस में
दीपक जोशी के बाद अब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के भांजे और पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा पर कांग्रेस की नजरें टिकी हुई है। कांग्रेस की ओर से नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने मिश्रा को कांग्रेस में शामिल होने का खुला ऑफर भी दे दिया है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अनूप मिश्रा मेरे मित्र हैं। मैं चाहूंगा कि वो कांग्रेस में आएं। मैं उनका स्वागत करूंगा। भाजपा में आपराधिक तत्वों का जमावड़ा है। भ्रष्टाचार, लूट मची हुई है। ईमानदार, भले आदमियों की बड़ी दुर्दशा हो रही है, इसलिए बेचारे उपेक्षित होकर घर बैठे हैं। हालांकि मिश्रा ने फिलहाल तो साफ कर दिया कि कांग्रेस में नहीं जाने वाले हैं। परिवार के बीच बैठकर चर्चा करेंगे। मैं ग्वालियर दक्षिण से इस बार चुनाव लडूंगा, यह मैंने पहले ही कह दिया है। मैं 8 मई को संगठन नेताओं से मिलकर बात करूंगा।
तो भाजपा ही भाजपा को हरा देगी : विजयवर्गीय
भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का भी बयान आज सामने आया है। उन्होंने कहा कि मुझे कहने में कोई संकोच नहीं कि आज की तारीख में मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को कांग्रेस नहीं हरा सकती। कांग्रेस में दम नहीं हैं। विजयवर्गीय आगे कहते है कि हां, यदि हमने संगठन की गलतियों को ठीक नहीं किया तो भाजपा ही भाजपा को हरा सकती है। यह बात ठीक है कि हममें कुछ कमियां है, जिनको हम ठीक कर रहे हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें