रविवार, 17 नवंबर 2024

पटवारी से नाराज मुस्लिम नेता राहुल से मिलने जाएंगे दिल्ली

हामीद काजी को उपाध्यक्ष, अनीस को महामंत्री बनाने से खफा है नेता

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी गठित होने के बाद नाराज लोगां की संख्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है। अब कार्यकारिणी में उम्रदराज और आधारहीन मुस्लिम नेताओं को स्थान दिए जाने के खिलाफ कांग्रेस के मुस्लिम नेताओं ने नाराजगी जाहिर की है। साथ ही इन नेताओं ने बुधनी और विजयपुर उपचुनाव के परिणाम आने के बाद दिल्ली जाकर राहुल गांधी से मुलाकात कर कांग्रेस के हालात बताने की तैयारी की है।
कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ करीब-करीब हर वर्ग के नेताओं ने मोर्चा खोल रखा है। कांग्रेस की कार्यकारिणी गठन के बाद से तो बड़े नेताओं के साथ अल्पसंख्यक वर्ग के नेताओं की नाराजगी भी खुलकर दिखाई दे रही है। इन नेताओं ने स्थानीय स्तर पर विरोध जताने के बाद अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पार्टी के वरिश्ठ नेता राहुल गांधी से मुलाकात कर उन्हें प्रदेश कांग्रेस की स्थिति से अवगत कराने का फैसला लिया है। सूत्रों की माने तो जिस अंचल से पटवारी आते हैं यानी मालवाअंचल से ही मुस्लिम वर्ग के नेता अब उनके खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर रहे हैं। ये नेता निमाड़ अंचल के बुरहानपुर विधानसभा सीट से राकपा के विधायक रहे हमीद काजी को उपाध्यक्ष बनाए जाने से खफा हैं। हमीद काजी के अलावा अनीस मामू को महामंत्री बनाने से भी इनकी नाराजगी दिखाई दे रही है। इसके अलावा शेख अलीम प्रदेश अध्यक्ष के निजी मित्र हैं, इस कारण उन्हें अनुशासन समिति में मौका दिया गया। वहीं  सोहराब पटेल राऊ विधानसभा क्षेत्र के समीकरण को प्रभावित करने की ताकत रखते हैं, इस कारण उन्हें पटवारी ने एडजस्ट किया।
उपचुनाव परिणाम के बाद उठाएंगे मामला
मुस्लिम नेताओं का कहना है कि पटवारी ने अपनी कार्यकारिणी में आधारहीन मुस्लिम नेताओं को स्थान दिया है। सूत्रों की माने तो नाराज मुस्लिम नेताओं को कांग्रेस के बड़े नेताओं का भी समर्थन मिला हुआ है। बताया जा रहा है कि नाराज चल रहे नेताओं ने दिल्ली जाकर राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़के को सारी बातें बताने और आधारहीन मुस्लिम नेताओं को पद देने की शिकायत करने की तैयारी की थी, मगर जिन बड़े नेताओं का उन्हें समर्थन मिल रहा है, उन नेताओं ने इन्हें फिलहाल उपचुनाव के परिणाम आने तक रोक लिया है। इन नेताओं से कहा है कि बुधनी और विजयपुर उपचुनाव के परिणाम आने के बाद ही वे दिल्ली जाएं तो उनकी बातों को कांग्रेस हाईकमान भी गंभीरता से लेगा।

बेजान गढ़ में जान फूंक पाएंगे कमलनाथ ?

जन्मदिन के बहाने एक बार फिर गढ़ में कांग्रेस को मजबूत करने की कवायद

भोपाल। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एक बार फिर अपने गढ़ छिंदवाड़ा में सक्रिय हुए हैं। इस बार वे जन्मदिन के बहाने अपने बेजान गढ़ छिंदवाड़ा में जान फूंकने का काम कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव में मिली कांग्रेस को करारी हार के बाद वे फिर से अपने गढ़ छिंदवाड़ा को अजेय गढ़ बनाने में जुट गए हैं। अब देखना है कि कमलनाथ इस बार छिंदवाड़ा में अपनी उपस्थिति को कितना मजबूत कर पाते हैं?
लोकसभा चुनाव के बाद हाल ही में हुए बुधनी और विजयपुर के उपचुनाव में भी कमलनाथ उतने सक्रिय नजर नहीं आए, जितना की लोकसभा चुनाव के पहले रहे थे। लोकसभा चुनाव में छिंदवाड़ा जो कि उनका अपना किला था, उसे हारने के बाद करीब-करीब सक्रिय राजनीति से उन्होंने दूरी बना ली थी। इसके बाद माना जा रहा था कि कमलनाथ उपचुनाव में सक्रिय होंगे। उनका कार्यक्रम भी तय था, मगर बाद में स्वास्थ्यगत कारणों के चलते उन्होंने दूरी बना ली थी। अब जबकि प्रदेश में उपचुनाव हो गया इसके बाद वे अब फिर से अपने जन्मदिन के बहाने छिंदवाड़ा पहुंचे हैं। 18 नवंबर को वे अपने बेजान गढ़ में एक बार फिर जान फूंकने की कवायद करने जा रहे हैं। उनके समर्थकों ने राजधानी पहुंचने के बाद ही इस बात का संकेत दिया था कि कमलनाथ फिर प्रदेश में सक्रिय नजर आएंगे। हालांकि फिलहाल यह माना जा रहा है कि कमलनाथ खुद अपनी कमजोर हुई छिंदवाड़ा की जमीन को मजबूत बनाना चाह रहे हैं। इसके चलते उन्होंने छिंदवाड़ा में सक्रियता दिखाई है और जन्मदिन के बहाने कार्यक्रम आयोजित कर कांग्रेस को मजबूत बनाने का प्रयास करना शुरू कर दिया हैं।
 
कई साथी साथ छोड़कर बन गए भाजपाई
कमलनाथ और छिंदवाड़ा को एक दूसरे का पर्याय बने 4 दशक से भी ज्यादा का वक्त हो चुका है, लेकिन छिंदवाड़ा में पिछला एक साल कांग्रेस और कमलनाथ दोनों के लिए अच्छा नहीं कहा जा सकता है। कमलनाथ के कई करीबी हाथ छुड़ाकर भाजपा में गए, तो छिंदवाड़ा लोकसभा चुनाव में नकुलनाथ को करारी हार झेलनी पड़ी। भाजपा के तंज से इधर कांग्रेस कमलनाथ के जन्मदिन को सियासत से अलग करके देख रही है। कांग्रेस का मानना है कि कमलनाथ ने छिंदवाड़ा के विकास में अमूल्य योगदान दिया है। उनका छिंदवाड़ा से रिश्ता भाजपा नहीं समझ सकती। वे एक बार फिर अपने गढ़ में ताकत दिखाने जा रहे हैं।
 
पहले महाकौशल, फिर प्रदेश
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की छिंदवाड़ा में बढ़ी सक्रियता को लेकर कांग्रेस में उनके समर्थकों का कहना है कि कमलनाथ के लिए हमेशा ही पहले छिंदवाड़ा और महाकौशल रहा है। इसके बाद वे प्रदेश में कांग्रेस के मजबूत करने की कवायद करते हैं। इस बार भी वे पहले छिंदवाड़ा और महाकौशल में कमजोर हुई कांग्रेस को पहले मजबूत करेंगे, इसके बाद प्रदेश स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। कमलनाथ समर्थकों का मानना है कि बिना कमलनाथ प्रदेश में कांग्रेस मजबूत नहीं हो सकेगी।