उत्तर प्रदेश में अगले महीने से शुरू होंगे प्रदेश के नेताओं के दौरे
भोपाल। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश के भाजपा नेता अगले महीने से उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार की कमान संभालते नजर आएंगे। पार्टी ने प्रदेश के नेताओं को यूपी चुनाव में उतारने की रणनीति तैयार करना शुरू कर दिया है। इसके तहत नेताओं को उनकी जातीय पृष्ठभूमि और क्षेत्रीय समीकरणों के आधार पर जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से लेकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं तक को अलग-अलग क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
भाजपा की इस रणनीति में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया और सांसद गणेश सिंह सहित कई नेताओं के नाम शामिल हैं। पार्टी इन नेताओं के अनुभव, सामाजिक प्रभाव और क्षेत्रीय संपर्कों का उपयोग उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार के लिए करेगी।
यादव और ब्राह्मण मतदाताओं पर रहेगा फोकस
उत्तर प्रदेश की राजनीति में जातीय समीकरणों की अहम भूमिका को देखते हुए भाजपा मध्यप्रदेश के नेताओं को सामाजिक आधार के अनुसार जिम्मेदारी देने की तैयारी में है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जरिए उत्तर प्रदेश के यादव समुदाय तक पहुंच बनाने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। यूपी में यादव समुदाय को परंपरागत रूप से समाजवादी पार्टी का समर्थक माना जाता है। ऐसे में भाजपा डॉ. यादव के माध्यम से इस वर्ग के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने का प्रयास कर सकती है। वहीं, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी की भूमिका भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले तिवारी ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में काम किया था। उनके स्थानीय अनुभव और संगठनात्मक संपर्कों का लाभ पार्टी चुनाव प्रचार में लेना चाहती है। ब्राह्मण मतदाताओं तक पहुंच बनाने के लिए भी भाजपा मध्यप्रदेश के ब्राह्मण नेताओं को जिम्मेदारी दे सकती है। इसमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल सहित अन्य नेताओं को अलग-अलग क्षेत्रों में भेजे जाने की संभावना है।
ओबीसी के हिसाब से भी बनेगा प्रचार का खाका
यादव समुदाय के अलावा उत्तर प्रदेश में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की कई जातियां भी चुनावी समीकरणों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनमें कुर्मी, कुशवाहा, सैनी, मौर्य, लोधी, निषाद, पाल, जाट, गुर्जर, तेली, प्रजापति और विश्वकर्मा समुदाय शामिल हैं। भाजपा इन समुदायों की क्षेत्रवार उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश के नेताओं की तैनाती कर सकती है। प्रदेश सरकार के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, लखन पटेल, नारायण सिंह कुशवाहा और राव उदय प्रताप सिंह के साथ राज्यसभा सदस्य महेश केवट को भी उनकी सामाजिक और क्षेत्रीय पृष्ठभूमि के अनुरूप जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना है। पार्टी ऐसे क्षेत्रों में इन नेताओं की सभाएं और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर सकती है, जहां संबंधित समुदायों की चुनावी भूमिका महत्वपूर्ण है।
पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं को भी मिलेगी जिम्मेदारी
भाजपा की चुनावी तैयारी केवल बड़े नेताओं तक सीमित नहीं रहेगी। वरिष्ठ नेताओं के साथ पार्टी के पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं और संगठन के निचले स्तर पर काम करने वाले पदाधिकारियों को भी उत्तर प्रदेश में जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके लिए संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पार्टी का जोर नेताओं और कार्यकर्ताओं की ऐसी टीम तैयार करने पर है, जो अलग-अलग क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ चुनाव प्रचार को गति दे सके। अगले महीने से मध्यप्रदेश के नेताओं के उत्तर प्रदेश दौरे शुरू होने के साथ ही भाजपा की यह रणनीति जमीन पर उतरती दिखाई देगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें