राष्ट्रबोध और सामाजिक चेतना का पाठ पढ़ेंगे तीन हजार विद्यार्थी
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में मध्यभारत प्रांत का तीन दिवसीय शताब्दी संकल्प शिविर चार से छह दिसंबर तक ग्वालियर के मेला मैदान में आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में प्रांत के 31 जिलों से करीब तीन हजार महाविद्यालयीन विद्यार्थी शामिल होंगे। युवाओं में राष्ट्रबोध, सामाजिक चेतना और संगठनात्मक जीवन के प्रति समझ विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में संघ के सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले का भी विद्यार्थियों को मार्गदर्शन मिलने की संभावना है।
शिविर को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। ग्वालियर के मेला मैदान में कुंभ की तर्ज पर विशाल टेंट सिटी बसाई जाएगी, जहां तीन हजार विद्यार्थियों के ठहरने सहित भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। शिविर के लिए भूमि पूजन के साथ तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ हो चुका है। फिलहाल मैदान के समतलीकरण का काम किया जा रहा है। विद्यार्थियों का पंजीयन जिला स्तर पर किया जाएगा। शिविर में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को अपने बिस्तर और बर्तन साथ लाने होंगे।
राष्ट्रजीवन में युवाओं की भूमिका पर होगा मंथन
शिविर के तीन दिनों में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न वैचारिक, सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें राष्ट्रबोध, सामाजिक चेतना, संगठनात्मक अनुशासन और समाज के प्रति स्वयंसेवकों के दायित्व जैसे विषयों पर विशेष रूप से चर्चा होगी। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण, पंच परिवर्तन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को लेकर भी संवाद एवं गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। संघ के शताब्दी वर्ष की दृष्टि से इस शिविर को युवा पीढ़ी से संवाद और उसे राष्ट्रजीवन से जोड़ने के महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय, सकारात्मक और जिम्मेदार भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें