शनिवार, 26 मई 2018

नाबालिग से छेड़छाड, आरोपी गिरफ्तार

राजधानी भोपाल के बागसेवनियां इलाके में 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ छेड़छाड़ की वारदात हुई है. अपने साथ हुई छेड़छाड़ के बाद नाबालिग ने संबंधित बागसेवनियां थाने पहुंचकर अपनी रिपोर्ट दर्ज करवाई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो मनचलों को गिरफ्तार किया है.
बागसेवनियां थाना पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान मोहम्मद निहाल और मोहम्मद राशिद निवासी जाटखेड़ी मिसरोद, के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी नमाज पढ़ने के बाद मस्जिद के पास से गुजर रहे थे. इसी दौरान आरोपियों की नजर पैदल जा रही 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची पर पड़ी. बच्ची को अकेला पाकर दोनों मनचलों ने उसके साथ छेड़छाड़ करना शुरु कर दिया.जब नाबालिग ने अपने साथ हो रही छेड़छाड़ का विरोध चिल्लाकर किया, तो दोनों मनचले चलती गाड़ी से भाग खड़े हुए. इसके बाद नाबालिग ने थाने पहुंचकर मनचलों के खिलाफ अपनी रिपोर्ट दर्ज करवाई.पुलिस का कहना है कि नाबालिग की शिकायत पर आरोपी मोहम्मद निहाल और मोहम्मद राशिद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. मामला दर्ज करने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. 

अजजा और अजा वर्ग को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाएगा



मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने कहा है कि प्रदेश में हर क्षेत्र में अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिये समग्र नीति बनाई जायेगी. नीति बनाने के लिये उच्च-स्तरीय समिति बनायी जायेगी. इस समिति में दलित इंडियन चैम्बर ऑफ कामर्स एण्ड इंडस्ट्रीज (डिक्की) का प्रतिनिधित्व भी होगा. चैहान आज डिक्की के मध्यप्रदेश चैप्टर की लॉचिंग कर रहे थे. इस मौके पर केन्द्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री थावरचंद गेहलोत भी उपस्थित थे.
मुख्यमंत्री चैहान ने कहा कि हर ग्राम पंचायत में एक उद्योग स्थापित करने का प्रयास किया जायेगा. सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग नीति में हर क्षेत्र में स्व-रोजगार के अवसर बढ़ाने के प्रयास किये गये हैं. सरकार की कोशिश है कि युवा नौकरी माँगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें. उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं में भरपूर क्षमता, प्रतिभा, योग्यता और कल्पनाशीलता है. आवश्यकता केवल कुशल मार्गदर्शन और सहयोग की है. श्री चैहान ने डिक्की संगठन से आग्रह किया कि प्रदेश में कमजोर वर्ग में नये बिजनेस लीडर तैयार करने के शासन के प्रयासों में सहयोग दे. होशंगाबाद जिले के कीरतपुर औद्योगिक क्षेत्र में महिलाओं द्वारा संचालित औद्योगिक इकाई का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इस इकाई ने केवल मुर्गी पालन व्यवसाय से 20 करोड़ रूपये शुद्ध आय अर्जित की है. इस इकाई का प्रदेश के करीब 12 जिलों में 240 करोड़ का व्यापार है.
चैहान ने प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी को केन्द्र सरकार के सफल और गौरवशाली 4 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में विश्व में देश का मान-सम्मान बढ़ा है. प्रधानमंत्री ने जो कहा, उसे पूरी ईमानदारी से पूरा करने का प्रयास किया. उन्होंने कहा कि कहा कि देश की भलाई श्सबका साथ-सबका विकास में ही है. इसके लिये प्रधानमंत्री ने अनेक नई योजनाएँ शुरू की हैं. स्टेण्ड अप जैसी योजनाओं में अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को प्राथमिकता के साथ वित्तीय सहयोग मिला है. प्रधानमंत्री स्वयं योजनाओं की मॉनीटरिंग भी कर रहे हैं.
डिक्की के संस्थापक अध्यक्ष पद्मश्री मिलिंद कांबले ने कहा कि मध्यप्रदेश डिक्की में 24वें चैप्टर के रूप में शामिल हो रहा है. यह चैप्टर राज्य में आगामी एक वर्ष में 5 हजार उद्यमी तैयार करवाने और नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने में सहयोग प्रदान करेगा. उन्होंने बताया कि यह संस्था बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर के सिद्धान्तों के अनुरूप सभी राज्यों में क्रियाशील है. केन्द्र सरकार की नीतियों के निर्माण और क्रियान्वयन में भी डिक्की सक्रिय भागीदारी करती है. उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग की आबादी का 65 प्रतिशत 18 से 35 आयु वर्ग का युवा है. कांबले ने मुद्रा योजना को वित्तीय समावेश की सबसे सफल योजना बताया. डिक्की के दक्षिण भारत इकाई के अध्यक्ष पद्मश्री रवि कुमार नारा ने दक्षिण भारतीय राज्यों में संचालित योजनाओं और औद्योगिक क्षेत्र में सरकार द्वारा दिये जा रहे सहयोग की जानकारी दी. डिक्की की पश्चिमी भारत इकाई के अध्यक्ष  निश्चय शेल्के ने संस्था के स्वरूप की जानकारी दी. कार्यक्रम में वक्ताओं ने प्रदेश में चैप्टर की स्थापना में डॉ. अनिल सिरवैया के सहयोग का उल्लेख और आभार ज्ञापित किया.

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा पौने चार लाख कार्यकर्ताओं से करेगा संवाद करेंगे

भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने मध्यप्रदेश में 92 जातियों, उपजातियों में विभाजित पिछड़े वर्गो की तीन करोड़ पचहत्तर लाख आबादी से संपर्क और संवाद करने के लिए 3 लाख 59 हजार मोर्चा कार्यकर्ता की फौज को प्रशिक्षित करने का कार्यक्रम बनाया है. पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री भगत सिंह कुशवाह ने बताया कि प्रदेश के सभी 56 संगठनात्मक जिलों में हर जिला कार्यसमिति के 30 सदस्यों को जिला स्तर पर चिन्हित किया जा चुका है और पिछड़ा वर्ग से संपर्क और संवाद की ताना बाना बुना जा रहा है. इसी तरह प्रदेश के 838 मंडलों में प्रति मंडल 21 सदस्यों को मिलाकर 17598 सदस्य नामित किए गए है. पिछड़ा वर्ग समुदाय मोर्चा ने प्रदेश के 65200 मतदान केन्द्रों में प्रति केन्द्र 5 कार्यकर्ता तैनात किए है. साथ ही मोर्चा के आईटी और सोशल मीडिया टीम के कार्यकर्ताओं को पिछड़ा वर्ग समुदाय से घर-घर जाकर जनसंपर्क और जनसंवाद का सिलसिला आरंभ किया जा रहा है. पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने मोदी सरकार के सफल 4 वर्षो और प्रदेश में श्री शिवराजसिंह चैहान के नेतृत्व में भाजपा सरकार की 14 वर्षो की उपलब्धियों पर चैपाल चर्चा का कार्यक्रम बनाया है.  कुशवाह ने बताया कि पिछड़ा वर्ग मोर्चा की जिले, मंडल, मतदान केन्द्र तक की संरचना सत्यापन करने के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता की उपलब्धता और फोन संपर्क सुलभ बनाया जा चुका है. मोर्चा पिछड़ा वर्ग के स्तरोन्नयन सशक्तिकरण के लिए श्री नरेन्द्र मोदी सरकार के इजीशिएटिव को घर-घर पहुंचा रहा है. कुशवाह समाज मोदी सरकार द्वारा दी गयी उपलब्धियों और राज्य सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं को अमली जामा पहनाकर स्वर्णिम मध्यप्रदेश के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका परिभाषित करेगा.

कांग्रेस-भाजपा नेताओं ने ली आप की सदस्यता


 भोपाल में आप के प्रदेष संयोजक आलोक अग्रवाल के अनशन के दौरान टीकमगढ़ के पूर्व जनपद सदस्य और कांग्रेस नेता बाबूलाल अहिरवार ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. 
भाजपा की शीला बाई ने भी आम आदमी पार्टी की सदस्यता ली. बिजावर विधानसभा के किसान नेता भगवत प्रसाद दुबे भाजपा छोड़कर और भगत राम तिवारी कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल हुए. सीहोर के राम करंजिया किसान मोर्चा छोड़कर आप में शामिल हुए. भाजपा के युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष शमशाबाद से अंकित कुशवाह अपने कई समर्थकों के साथ आप में शामिल में हुए. जूडो प्रशिक्षण हर साल 1000 युवतियों को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग देनी वाली अलका गौड़, भाजपा की गीता मसीह, सुरेंद्र अहिरवार, राकेश वर्मन, चंचल मिश्रा, भाजपा युवा मोर्चा के दीपक राय आप में शामिल हुए. बोहरीबांध के राहुल पटेल एनएसयूआई छोड़कर आप में शामिल हुए. बोहरीबांध के ही लखन पटेल भाजपा युवा मोर्चा कटनी को छोड़कर आप में शामिल हुए. हेमराज चिड़ार भाजपा युवा मोर्चा से, अनिता प्रजापति भाजपा युवा मोर्चा शमशाबाद से, विदिशा के अभिषेक खत्री बेरोजगारी के मुद्दे पर, कंटनी के मांगीलाल जी समेत कई अन्य लोगों ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ली. 

किसानों को चोर और बदमाश कहने वाला भाजपा नेता निष्काषित


भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के उज्जैन के जिला मंत्री हाकम सिंह को एक वीडियो में किसानों पर  टिप्पणी करने का मामला सामने आने के बाद उन्हें पार्टी से निष्काषित कर दिया गया है.एक वायरल वीडियो में वे कहते नजर आ रहे हैं कि किसान एक बेईमान जात है. किसान जात चोर और बदमाश है. किसान हरामी है और उसे जूते मारना चाहिए. 
वीडियो में उज्जैन ग्रामीण के भाजपा नेता हाकम सिंह आंजना का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें उन्होंने किसानों को जमकर गालियां दी और उन्हें चोर करार देते हुए जूते मारने तक की बात कही है. इस वीडियो के वायरल होने से पार्टी में स्थानीय से लेकर भोपाल तक हड़कंप मच गया है. मोर्चा के अध्यक्ष रामसिंह जादौन ने मामले में मत्री आंजना के घर नोटिस भी भिजवाया है. वहीं प्रदेष भाजपा अध्यक्ष राकेष सिंह ने उन्हें निष्काषित कर दिया है़
वायरल हुए वीडियो में आंजना ने किसानों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि लहसुन में 800 रुपए प्रति क्विंटल दे रहे हैं, चोरी कर रहे हैं किसान. जिसने लहसुन नहीं बोई उसने भी पंजीयन करवा लिया इस तरह से व्यापारियों के साथ मिलकर भ्रष्टाचार हो रहा है. चने के पैत्तीस सौ से बत्तीस सौ रुपए भी नहीं आते हैं उन्हें 4500 रुपए में खरीद रहे हैं. यह कहते हुए आंजना ने किसानों को बदमाश-चोर करार देते हुए जूते मारने तक की बात कही. इस मामले को किसानों के मुद्दे पर घिरी भाजपा ने गंभीरता से लिया. इसके बाद उन पर निष्काषित करने की कार्रवाई किए जाने का फैसला लिया.

आरक्षण के विरोध में मुंडन कराएंगे ब्राह्मण, वैश्य, ठाकुर, राजपूत

आरक्षण को आर्थिक आधार पर लागू करने की मांग को लेकर 10 जून को प्रदेश के 51 जिलों में मुंडन (बाल दान), दाढी और कटिंग कराकर विरोध करने की घोषणा करने वाले संगठन ब्रह्म समागम ने अपनी नई कार्यकारिणी का विस्तार किया है. इसमें पुष्पेन्द्र मिश्रा को राष्ट्रीय संगठन महामंत्री, ब्रह्मण नेता चंद्रशेखर तिवारी को प्रदेश प्रभारी और शानू दुबे को युवा मोर्चे का प्रदेश संयोजक बनाया गया है. ब्रह्म समागम के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित धर्मेन्द्र शर्मा कक्काजी ने जातिगत आरक्षण का हर स्तर पर विरोध करने के लिए कई कमेटिया गठित की है. नई कमेटी और प्रकोष्ठ राजधानी भोपाल में  अनूठे तरीके चरणबद्ध आंदोलन और मुहिम चलाकर आरक्षण का विरोध करेंगी. बह्म समागम में आरके शर्मा को प्रदेश मीडिया प्रवक्ता, विशाल जैन प्रदेश महामंत्री सवर्ण प्रकोष्ठ, प्रेमसिंह दांगी प्रदेश संगठन महामंत्री, महेश सिंह मीणा प्रदेश महासचिव, पुष्पेन्द्र गुर्जर सहसचिव, सुनील राजौरिया अध्यक्ष व्यापारी प्रकोष्ठ, राजेश शर्मा उपाध्यक्ष व्यापारी प्रकोष्ठ, शानू दुबे प्रदेश संयोजक युवा मोर्चा, उदित तिवारी प्रदेश उपाध्यक्ष युवा मोर्चा, बनाए गए है संगठन में नई नियुक्ति कर अध्यक्ष पंडित धर्मेन्द्र शर्मा आने वाले दिनों जातिगत आरक्षण को समाप्त करने के लिए अनूठे तरीके से विरोध कर केंद्र व राज्य सरकार का इस ओर ध्यान आकर्षण कराएंगे.   
गौरतलब है कि 10 जून को ब्रह्म समागम प्रदेश के सभी जिलों में पंडित, वैश्य, ठाकुर, राजपूत सहित सभी सवर्ण समाज को एक मंच पर लाकर सुबह 11:30 बजे से 1:00 बजे तक जातिगत आरक्षण को समाप्त करने के लिए अपने अपने-अपने स्तर पर कोई कटिंग कराकर, तो कोई दाढी बनवाकर और कोई मुंडन (सिर के बाल दान) करेंगे. इस अनूठे विरोध के लिए अध्यक्ष पंडित धर्मेन्द्र शर्मा ने प्रदेश में दौरे और बैठक लेना प्रारंभ कर दिया है. 25 मई दिन शुक्रवार को धर्मेन्द्र शर्मा विदिशा, गुलाबगंज और गंजबासौदा का दौरा कर कार्यकर्ताओ से भेंट कर बैठक करेंगे. इस दौरान वे कार्यकर्ताओ से 10 जून को आरक्षण के विरोध के लिए ज्यादा से ज्यादा लोगो को ब्रह्म समागम के मंच पर आने की अपील भी जारी करेंगे. 
अध्यक्ष पंडित धर्मेन्द्र शर्मा कक्का जी ने कहा कि ब्रह्म समागम जातिगत आरक्षण पूरी तरह से समाप्त करने के लिए संगठन क्षत्रिय, ठाकुर, वैश्य, कायस्थ सहित गैर ब्राह्मण सवर्ण और अन्य सवर्ण सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों को एक मंच पर लाकर आरक्षण का पुरजोर विरोध करेगा. शर्मा का कहना है कि आरक्षण पूरी तरह खत्म हो चाहे सरकारी नौकरियां, स्कूलों की पढाई, लिखाई या फिर चुनावी राजनीति हो. चयन और चुनावों का आधार व्यक्ति की योग्यता होना चाहिए.

समान आदमी पार्टी ने ठोकी ताल, कहा सभी सीटों पर लडेंगे चुनाव


समान आदमी समान पार्टी मध्यप्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव लडेगी. यह कहना  पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम ललित कुशवाहा का. राजधानी में पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया की उनकी पार्टी का पंजीयन वर्ष 2018 में हुआ है. बावजूद इसके पार्टी सभी व्यक्तियों को समान अधिकार दिलाने के लिए मध्यप्रदेश के कोने कोने में जाकर मतदाताओं को जागरुक करेगी. कुशवाहा का कहना है कि पार्टी ने आज से पार्टी की गतिविधियों की शुरुआत की है और उन्होने लक्ष्मीनारायण भगवान से प्रदेश में पार्टी को विजय दिलाने की प्रार्थना भी की है. पार्टी संस्थापक सदस्य राम आधार कुशवाहा ने बाताया कि वर्तमान में पार्टी के एक हजार सदस्य है. पार्टी 2 महीने लगातार प्रदेश के विभिन्न जिलों में जाकर दौरा करेगी और पार्टी की नीतियों के अनुरुप चलने वाले कार्यकर्ताओ को संगठित कर जल्द ही पूरे प्रदेश में नई कार्यकारिणी की घोषणा करेगी.
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश को निजी शिक्षाकरण से मुक्त करना, प्रत्येक पांच-पांच गॉवों के  बीचे एक बाजार स्थापित करना,प्रत्येक गांवो में पानी की टंकी से पेयजल प्रदाय करना, प्रत्येक 10-10 गॉवों के बीच एक अस्पताल स्थापित करना, प्रत्येक वर्ष अमीर-गरीब का सर्वे कराना, 5 हार्स पावर तक सिंचाई विद्युत पम्प का विद्युत शुल्क माफ करना, महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देना, बेरोजगार युवाओं को प्रदेश में कार्यरत कंपनियों में नौकरी दिलवाकर बेरोजगारी पूर्ण से समापप्त करना, शासकीय नौकरी में कार्यरत सभी वर्ग के कर्मचारियों आवासीय व्यवस्था देना, किसानों को कृषि ऋण र्निब्याज प्रदाय करना,  किसी भी वाहन चालक की दुर्घटना से मृत्यु हो जाने पर 5 लाख रु की बिना देना, 75 वर्ष की उम्र से अधिक होने पर वृद्ध आश्रम के माध्यम से देखभाल करना मुख्य मुददे होंगे़.