गुरुवार, 24 अगस्त 2023

पांढुर्णा बनेगा मध्यप्रदेश का 55 वां जिला

मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा में की घोषणा, हनुमान लोक का भी होगा निर्माण

भोपाल। मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पांढुर्णा प्रदेश का 55वां जिला बनेगा। नवीन जिले में पांढुर्णा, सौंसर तहसील और नांदनवाड़ी उप तहसील को मिलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री महाकाल लोक की तर्ज पर जामसांवली हनुमान मंदिर में “श्री हनुमान लोक“ का निर्माण किया जाएगा। लगभग 26.50 एकड़ क्षेत्र में प्रथम चरण में 35 करोड़ रुपये से अधिक लागत से “श्री हनुमान लोक“ के निर्माण का कार्य आरंभ होगा। 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छिंदवाड़ा जिले के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर जाम सांवली में श्री हनुमान लोक का विधि-विधान से भूमि पूजन कर यह घोषणा की। उन्होंने मंदिर में श्री बजरंगवली के दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और उन्नति की कामना की। कृषि मंत्री तथा छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी कमल पटेल साथ थे।

विराट स्वरूप की दिखेगी छवि

छिंदवाड़ा में बन रहे “श्री हनुमान लोक“ में प्रथम चरण में मराठवाड़ा वास्तु-कला से प्रेरित भव्य प्रवेश द्वार से भगवान के विराट स्वरूप की छवि दिखेगी। मुख्य प्रवेश द्वार से प्रथम प्रांगण तक 500 मीटर लंबा चिरंजीवी पथ बनेगा। पथ और प्रथम प्रांगण के 90 हजार वर्गफुट क्षेत्र में कलाकृतियों से अंजनी पुत्र हनुमान जी के बाल स्वरूप का मनोहारी चित्रण होगा। लगभग 62 हजार वर्गफुट क्षेत्र में मूर्तियों एवं कलाकृतियों के माध्यम से भक्त - शिरोमणि हनुमान जी के भक्ति स्वरूप का चित्रण होगा। रामलीला एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के लिए जलाशय के तट पर 12 हजार वर्गफुट क्षेत्र में मुक्ताकाशी मंच बनेगा, संजीवनी बूटी लाने वाले भगवान के संकटमोचक स्वरूप से प्रेरणा लेकर परिसर में आयुर्वेदिक चिकित्सालय बनाया जाएगा।

नदी तट का सौंदर्यीकरण और जन-सुविधाओं की होगी व्यवस्था 

श्री हनुमान लोक के समीप बहने वाली नदी तट के सौंदर्यीकरण एवं लैंडस्केपिंग के माध्यम से श्रद्धालुओं के बैठने आदि की व्यवस्था बनाई जाएगी। कम्युनिटी सेंटर, जन सुविधाएँ, ट्रस्ट ऑफिस, प्रशासनिक कार्यालय एवं कंट्रोल रूम आदि 37 हजार वर्गफुट में निर्मित किए जाएंगे। प्रसाद-पूजन सामग्री और भोजन आदि की व्यवस्था के लिए 120 दुकान एवं फूड कोर्ट बनेंगे। लगभग 400 चार पहिया एवं 400 दो पहिया वाहन क्षमता की डेढ़ लाख वर्गफुट क्षेत्र में पार्किंग विकसित की जाएगी।

द्वितीय चरण में होगा संजीवनी पथ का विकास

द्वितीय चरण में रामटेकरी पर्वत की परिक्रमा के लिए संजीवनी पथ का विकास, अष्टसिद्धि केंद्र एवं संस्कृत विद्यालय, योगशाला प्रवचन हॉल एवं ओपन एयर थियेटर, जाम नदी पर घाट निर्माण, वॉटर फ्रंट पाथ वे एवं सिटिंग एरिया, भक्त निवास, भोजनालय तथा गौ-शाला का निर्माण होगा।

 

विरोध करने वालों को संदेश, नहीं होगा कोई बदलाव

प्रत्याशियों के विरोध को लेकर संगठन भी खफा

भोपाल। भाजपा द्वारा घोषित किए 39 प्रत्याशियों में से करीब डेढ़ दर्जन प्रत्याशियों के खिलाफ उठ रहे विरोध के स्वरों को देख भाजपा संगठन ने साफ संदेश दिया है कि सूची में अब कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। साथ ही किसी प्रत्याशी का विधानसभा क्षेत्र भी नहीं बदला जाएगा। 

दरअसल मध्यप्रदेश भाजपा द्वारा आकांक्षी सीटों में से 39 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की गई। इसके बाद से इन सीटों पर अन्य दावेदारों और उनके समर्थकों द्वारा प्रत्याशियों का विरोध किया जा रहा है। इसे लेकर प्रदेश भाजपा का संगठन विरोध करने वालों से खफा नजर आ रहा है। कुछ विरोध करने वालों को भोपाल बुलाकर समझाइश भी दी गई और कहा गया कि पार्टी ने जो फैसला लिया है, उसे मानना पड़ेगा। कई स्थानों पर प्रत्याशियों को बदलने और कुछ स्थानों पर सीटों में बदलाव की मांग विरोध करने वालों द्वारा की जा रही है। मगर संगठन ने साफ संदेश दिया है कि न तो सूची में किसी तरह का बदलाव किया जाएगा और न ही किसी प्रत्याशी का विधानसभा क्षेत्र बदला जाएगा। संगठन का यह संदेश यह ताकत दिखा रहे दावेदारों के लिए है। माना जा रहा है कि संगठन के इस संदेश के बाद विरोध की आग ठंडी पड़ सकती है। बताया जा रहा है कि पार्टी सितंबर महीने में भाजपा उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर सकती है। इसके अलावा भाजपा इस बार चुनाव की तारीखें घोशित हो इसके पहले ही प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया पूरी कर लेना चाहती है। 

गौरतलब है कि केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद भाजपा  ने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। ऐसा पहली बार हुआ है, जब भाजपा ने 39 उम्मीदवारों की सूची चुनाव की तारीख से पहले जारी कर दिया है। उम्मीदवारों के नाम उन सीटों के लिए सामने आए हैं, जहां पिछली बार भाजपा हार गई थी। साथ ही कुछ ऐसे चेहरों को मौका दिया है, जिनके नाम चौंकाने वाले हैं।


कहां किसका है विरोध

सबलगढ़ में सरला वीरेन्द्र रावत, गोहद में लालसिंह आर्य, पिछोर में प्रीतम लोधी, चाचोड़ा में प्रियंका मीणा, बंडा में वीरेन्द्र सिंह लंबरदार, महाराजपुर कामाख्या प्रसाद, छतरपुर में अर्चना गुड्डू सिंह, चित्रकूट सुरेन्द्र सिंह गहरवार, डिंडौरी ओमप्रकाश धुर्वें, लांजी में राजकुमार कर्राहे, पांढुर्णा में प्रकाश उइके, भोपाल उत्तर में आलोक शर्मा, भोपाल मध्य में धु्रवनारायण सिंह, सोनकच्छ में राजेश सोनकर, झाबुआ में भानु भूरिया, कुक्षी में जयदीप पटेल, धरमपुरी में कालूसिंह ठाकुर।


बुधवार, 23 अगस्त 2023

भाजपा में थम नहीं रहा प्रत्याशियों का विरोध


भोपाल। भाजपा द्वारा घोषित किए गए 39 प्रत्याशि
यों में से कुछ प्रत्याशियों के नामों को लेकर कार्यकर्ताओं की नाराजगी का दौर थम नहीं रहा है। आज सोनकच्छ और कुझी से आए कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय पहुंचकर घोषित प्रत्याशी का विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने टिकट बदलने की मांग भी की। 

प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे सोनकच्छ विधानसभा सीट के कार्यकर्ताओं ने राजेश सोनकर को प्रत्याशी बनाए जाने का विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए टिकट बदलने की मांग की। नाराज कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर की गाड़ी को रोकने का भी प्रयास किया। इसके अलावा कार्यालय पदाधिकारियों के साथ झूमाझटकी तक की गई। बताया जा रहा है कि ये कार्यकर्ता राजेन्द्र वर्मा को टिकट देने की मांग कर रहे थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी भी की। सोनकच्छ से मंगलवार की शाम को आए कार्यकर्ताओं के पहले धार जिले के कुझी से आए कार्यकर्ता भी नाराजगी जताते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी डी शर्मा से मुलाकात कर चुके थे। जगदीश कन्नौज और नारायण सिंह भिड़े के नेतृत्व में करीब 250 कार्यकर्ता भोपाल पहुंचे और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से उनके निवास पर मुलाकात कर प्रत्याशी बदलने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने बताया कि जयदीप पटेल अलीराजपुर जिले के रहने वाले हैं। उन्हें बदलकर स्थानीय नेता को टिकट दिया जाए। बता दें कि कुक्षी विधानसभा सीट से भाजपा ने जयदीप पटेल को उम्मीदवार घोशि किया है। 

17 सीटों पर हो रहा है विरोध

भाजपा द्वारा 39 प्रत्याशियों की सूची जारी करने के बाद एक-एक कर 17 सीटों पर प्रत्याशियों का विरोध तेज हो गया है। जिन विधानसभा सीटों पर विरोध हो रहा है उनमें सबलगढ़, गोहद, पिछोर, चाचौड़ा, बंडा, महाराजपुर, छतरपुर, चित्रकूट, शहपुरा, लांजी, पांढुर्ना, भोपाल उत्तर, भोपाल मध्य, सोनकच्छ, झाबुआ, कुक्षी और धरमपुरी विधानसभा क्षेत्र है। 


दो के नाम तय, दो के लिए दावेदारों ने बढ़ाई सक्रियता

शिवराज मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें हुई तेज

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की राज्यपाल मंगूभाई पटेल के साथ हुई मुलाकात के बाद प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज हो गई है। माना जा रहा है कि चार नए मंत्रियों को गुरूवार को शपथ दिलाई जा सकती है। इनमें दो के नाम तय माने जा रहे हैं, जबकि दो नामों पर करीब चार से अधिक दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है। 

चुनाव के पहले शिवराज सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार होने वाला है। इसे लेकर मंगलवार की रात से अटकलें तेज हो गई है। माना जा रहा है कि भाजपा जातिगत और क्षेत्रों को संतुलित करते हुए विस्तार करने की तैयारी की जा रही है। सूत्रों की माने तो विस्तार के लिए दो नामों महाकौशल से पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन और विंध्य से पूर्व मंत्री राजेन्द्र ष्शुक्ल का नाम करीब-करीब तय माना जा रहा है। वहीं दो नामों पर पेंच फंसा हुआ है। इनके लिए करीब चार नामों को लेकर खींचतान चल रही है। इन नामों में प्रीतम लोधी, जालम सिंह पटेल, राहुल लोधी के अलावा सुलोचना रावत का नाम भी सामने आ रहा है। हालांकि सुलोचना रावत की तबीयत खराब होने के चलते उनके नाम की ज्यादा चर्चा नहीं है। मगर मुख्यमंत्री और संगठन इस बात पर चर्चा कर रहा है कि उपचुनाव के दौरान उन्हें कांग्रेस से भाजपा में लाते वक्त किए गए वादे को पूरा करना है, इसके लिए उन्हें मंत्रिपद दिया जाना चाहिए। वहीं प्रीतम लोधी, राहुल लोधी और जालम सिंह पटेल के नामों पर पेंच फंसा हुआ है। सूत्रों की माने तो उमा भारती की नाराजगी को दूर करने के लिए राहुल लोधी के नाम पर सहमति बनाई जा सकती है। वहीं जालम सिंह पटेल जो कि केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के भाई हैं, उनके नाम पर कैलाश विजयवर्गीय की सहमति मिल सकती है। सूत्रों की माने तो विस्तार की अटकलों के साथ ही उमा भारती और कैलाश विजयवर्गीय भी भोपाल पहुंचे हैं। 

बिसेन पहले से भोपाल में, शुक्ला पहुंचे भोपाल

मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चली अटकलों के बीच गौरीशंकर बिसेन पहले से ही भोपाल में थे। आज उनके निवास पर कई लोगों ने पहुंचकर बधाई तक दे डाली। इस दौरान  मीडिया में कुछ भी कहने से बचते रहे। भोपाल में रहने को लेकर बिसेन ने कहा कि जब भी मंत्रिमंडल विस्तार होता है, वरिश्ठ विधायकों और नेताओं को पहले से तय है कि उन्हें भोपाल में रहना है। मगर कोई सूचना मिलने की बात की पुश्टि उन्होंने नहीं की। इसी तरह शुक्ला भी कुछ बोलने से बचते रहे। 


स्कूटी खरीदने राशि वितरित की मुख्यमंत्री ने

7 हजार 790 छात्रों को वितरित की राशि


भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज शहडोल में राज्य स्तरीय स्कूटी वितरण कार्यक्रम में शासकीय हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में 2022-23 में प्रथम स्थान पाने वाले 7 हजार 790 विद्यार्थियों  को  स्कूटी खरीदने के लिए राशि प्रदान की।

शहडोल के पॉलीटेक्निक कॉलेज में आयोजित हुए कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वे भांजे-भांजियों की पढ़ाई लिखाई और उन्हें आगे बढ़ने के सभी अवसर उपलब्ध कराने के लिए संकल्पबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि वे मध्यप्रदेश को परिवार मानकर सरकार चला रहे हैं। परिवार में सबसे पहले बच्चों की चिंता की जाती है। इसीलिए प्रदेश में बड़ी संख्या में हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल स्थापित हुए। विश्व स्तरीय मापदंड और सुविधाओं वाले सीएम राइज स्कूलों का निर्माण हो रहा है। विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूटी तक उपलब्ध कराई जा रही है।

बिना हेलमेट के न चलाएं स्कूटी 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पन्द्रह-सौलह साल पहले शालाओं के अभाव में प्रायः बेटियां 5वीं अथवा 8वीं के बाद पढ़ाई छोड़ देती थीं, माता पिता दूसरे गांव में बेटियों को पढ़ने के लिए नहीं भेजते थे। इस स्थिति में बेटियों को पढ़ाई जारी रखने के लिए साइकिल उपलब्ध कराने की योजना आरंभ की गई है। कोई भी बेटा-बेटी प्रतिभा, क्षमता और योग्यता होते हुए पढ़ाई से वंचित न रहे, इस उद्देश्य से हमारी सरकार ने अनेकों योजनाएं आरंभ की हैं। विद्यार्थियों में परस्पर प्रतिस्पर्धी भाव बढ़ाने के उद्देश्य से लैपटॉप और अब शाला में प्रथम आने वालों को स्कूटी प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों का आव्हान किया कि वाहन नियमानुसार ही चलाएं और स्कूटी चलाते समय हेलमेट पहनना अवश्य सुनिश्चित करें।

उपलब्ध होंगी शिक्षा की विश्व स्तरीय सुविधाएं

 मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में उपलब्धि और सफलता प्राप्त करने के लिए मेहनत जरूरी है। कोई भी विद्यार्थी पैसे के कारण उच्च शिक्षा से वंचित न रहे इस उद्देश्य से राज्य सरकार ने मेधावी विद्यार्थियों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए विशेष व्यवस्था की है। मेडिकल, इंजीनियरिंग, प्रबंधन और विधि क्षेत्र के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश प्राप्त करने पर विद्यार्थियों की फीस राज्य सरकार द्वारा भरवाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने माता-पिता से भी आव्हान किया कि वे अपने बच्चों की पढ़ाई का विशेष ध्यान रखें। राज्य सरकार द्वारा आरंभ किए जा रहे सीएम राइज स्कूलों का निर्माण 38 से 40 करोड़ रुपए तक की लागत से हो रहा है। इनमें लाइब्रेरी,खेल मैदान, लेब, स्मार्ट क्लास और स्विमिंग पूल आदि तक की व्यवस्था है।

स्कूटी पाकर खुश है दिव्यांग ममता

मुख्यमंत्री स्कूटी वितरण कार्यक्रम में आज स्कूटी पाने के बाद राजधानी भोपाल के शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा ममता यादव बहुत खुश हैं। ममता के माता-पिता मजदूरी करते हैं। ममता, मामा शिवराज सिंह चौहान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहती हैं कि वह शासकीय सहायता से अपनी पढ़ाई जारी रखेंगी। ममता अपनी शिक्षिका कल्पना मिश्रा की भी शुक्रगुजार हैं, जिन्होंने लायसेंस बनवाने से लेकर हर कदम पर बहुत मदद की।


भाषा में संयम रखें, बागियों, नाराज नेताओं पर टिप्पणी न करें

39 प्रत्याशियों को भाजपा की नसीहत, बैठक की बात बाहर न करें


भोपाल। भाजपा ने घोषित 39 प्रत्याशियों की आज एक बैठक राजधानी भोपाल में बुलाई। इस बैठक में प्रत्याशियों को नसीहत दी गई साथ ही यह बताया गया कि चुनाव मैदान में वे किस तरह का व्यवहार करें। प्रत्याशियों को कहा गया कि अपनी भाषा पर संयम रखें और बागियों एवं नाराज नेताओं पर किसी तरह की कोई टिप्पणी न करें। नाराज लोगों को संगठन मना लेगा। बैठक की बात बाहर मीडिया में न करें। 

भाजपा द्वारा आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में 39 घोशित प्रत्याशियों की एक बैठक बुलाई गई। बैठक में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वीडी शर्मा भी उपस्थित रहे। बैठक में सभी प्रत्याशियों को नेताओं ने नसीहत देते हुए कहा कि प्रत्याशी का व्यवहार, बर्ताव और मेहनत ही उन्हें जीत दिलाएगी इसलिए सभी लोग अभी से सक्रिएता बढ़ा दें और अकड़पन बिल्कुल भी न दिखाए। अपनी भाशा पर संयम रखें। जिन सीटों पर प्रत्याशियों को लेकर विरोध हो रहा है वहां पर प्रत्याशियों से कहा गया कि नाराज नेताओं और चुनाव के दौरान बागी होने वाले नेता और कार्यकर्ताओं पर किसी भी तरह की कोई टिप्पणी न करें। बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रत्याशियों को विरोधियों पर पूरी तरह से नजर रखनी है। साथ ही नाराज नेताओं को मनाने का काम भी करना है। वैसे संगठन यह काम कर रहा है, लेकिन आपकी भी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मोबाइल पर बात करते वक्त इस बात का ध्यान रखें कि किसी को लेकर भी गलत बात नहीं की जाए। काम की बात ही करें। 

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी डी शर्मा ने कहा कि चुनाव के दौरान प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को लेकर कुछ नाराजगी होती है। उसे संगठन दूर करेगा। आपको इस बात का ध्यान रखना है कि नाराज नेता और कार्यकर्ताओं को लेकर किसी भी तरह की कोई टिप्पणी नहीं करनी है। इसके अलावा बैठक की बात को बाहर जाकर मीडिया में नहीं करना है। 

एक-एक वोट महत्वपूर्ण

बैठक में प्रत्याशियों को कहा गया कि चुनाव में एक-एक वोट महत्व का है। इसलिए भाशा पर संयम बरतें। साथ ही जहां नाराजगी और विरोध दिखाई दे उसकी जानकारी संगठन को पहले दें। इसके अलावा कमियों की जानकारी भी संगठन को देते रहें, ताकि संगठन कसावट कर सके। नेताओं ने कहा कि आपको जीत के लिए उपयुक्त उम्मीदवार समझा है इसलिए टिकट मिला है। आपकों को जीत के लिए मैदान में उतरना है और पार्टी के भरोसे पर खरा उतरना है। 

जीत की रणनीति की तय

बैठक के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी डी शर्मा ने कहा कि आज 39 प्रत्याशियों की बैठक ली गई। इस बैठक में जीत की रणनीति तय की और संगठन ने बताया कि प्रत्याशियों को किस तरह का व्यवहार मैदान में करना है। प्रत्याशियों को लेकर उठ रहे विरोध की खबरों पर शर्मा ने कहा कि ये मानव स्वभाव है, कल ही नाराज कार्यकर्ता मेरे साथ भारत माता की जय के नारे लगा रहे थे। इसलिए कहीं कोई नाराजगी नहीं है।


भारतीय किसान यूनियन ने भी बढ़ाई सक्रियता

कांग्रेस, भाजपा पर दबाव डालने रैली, प्रदर्शन का सहारा


भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर किसानों के मुद्दों पर भारतीय किसान यूनियन ने भी सक्रियता बढ़ा दी हैं। किसानों की मांग को लेकर किसान नेताओं को टिकट दिलाने के लिए मैदानी ताकत दिखाना यूनियन ने ष्शुरू किया है। इसके तहत भोपाल के अलावा उज्जैन में भारतीय किसान यूनियन के नेताओं ने रैलियां निकालकर एक तरह सेशक्ति प्रदर्शन तक कर डाला है। 

मध्यप्रदेश में दो माह बाद होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने अब मैदानी सक्रियता दिखानी तेज कर दी है। प्रदेश के हर संभाग में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही किसानों के मुद्दों को लेकर राजधानी भोपाल के अलावा उज्जैन में रैली निकालकर प्रदर्शन तक किया गया है। किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव के नेतृत्व में भारतीय किसान यूनियन की प्रदेश इकाई द्वारा एक तरह से राजनीतिक दलों भाजपा और कांग्रेस पर अपने घोशणा पत्र में किसानों की मांगों को पूरा कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यूनियन द्वारा प्रदेश के हर संभाग में इस तरह की रैलियां आयोजित की जाएंगी और संगठन को मजबूत करते हुए राजनीतिक दलों पर इस बात का दबाव बनाया जाएगा कि किसानों की मांगों को वे पूरा करने के लिए वादा करें। राजधानी भोपाल के बाद उज्जैन में भारतीय किसान यूनियन द्वारा एक चिंतन शिविर भी आयोजित किया गया। इस शिविर में किसानों की अन्य मांगों के साथ किसान नेताओं ने केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में द्वारा प्याज के निर्यात पर 40 प्रतिशत टैक्स लगाने के निर्णय की निंदा की । साथ ही किसानों को फसलों के लाभकारी मूल्य दिलाने एवं खाद- बीज के बढ़े हुए मूल्यों कम कराने के लिए सरकारी नीतियों में बदलाव के लिए आंदोलन के माध्यम से सरकार पर दबाव डालने की बात कही गई।

उज्जैन में हुए चिंतन शिविर के बाद अब राज्य के अन्य शहरों में  प्याज पर निर्यात कर 40 फीसदी करने का विरोध शुरू हो गया है। सभी शहरों में किसान भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले प्रदर्शन करते हुए रैलियां निकालकर अपनी मांग को लेकर ज्ञापन सौंप रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों का कहना है कि चुनाव के पहले तो सभी राजनीतिक दल किसानों के लिए घोशणाएं करते हैं, मगर उन घोशणाओं को पूरा नहीं किया जाता है। इसलिए इस बार हम उसी राजनीतिक दल का समर्थन करेंगे जो किसानों की मांग को  पूरा करे और भारतीय किसान यूनियन के किसान नेताओं को टिकट में प्राथमिकता दे।