गुरुवार, 13 जून 2024

bhopal news : गेहूं खरीदी में पिछड़ा गया प्रदेश, 22 लाख टन कम हुई खरीदी


भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने गेहूं की ख़रीद के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि गेहूं के सरकारी भंडारों में हर वक्त तीन महीने का स्टॉक रहना चाहिए, लेकिन मध्य प्रदेश के पास इस बार खरीद सत्र शुरू होने से पहले सिर्फ 75 लाख टन गेहूं था। उन्होंने कहा कि अपने यहां अभी तक पिछली बार से करीब 22.67 लाख टन कम खरीद हुई है और अब सब जानना चाहते हैं कि ऐसा क्यों हुआ।
पटवारी ने कहा कि गेहूं एक साल में 8 फीसदी महंगा हुआ है! पिछले 15 दिन में ही कीमतें 7 फीसदी बढ़ चुकी हैं, जो अगले 15 दिन में 7 फीसदी और बढ़ सकती हैं। दरअसल, गेहूं के सरकारी भंडारों में हर वक्त तीन महीने का स्टॉक (138 लाख टन) होना चाहिए। मगर इस बार खरीद सत्र शुरू होने से पहले यह सिर्फ 75 लाख टन था।  2023 में यह 84 लाख टन, 2022 में 180 लाख टन और 2021 में 280 लाख टन स्टॉक था! यानी अभी यह 16 साल के सबसे न्यूनतम स्तर पर आ गया है। उन्होंने कहा कि  बाजार की जानकार बता रहे हैं कि मिल वाले राखी से शुरू होने वाले त्योहारी सीजन से पहले सरकारी स्टॉक की ओपन मार्केट में नीलामी का इंतजार कर रहे हैं।  बाजार में गेहूं 2600-2700 रूपए क्विंटल है। ऐसे में 15 दिन में दाम 3 रूपए बढ़ सकते हैं। महंगा गेहूं खरीदकर बना आटा 30-31 रुपए किलो ही बेचना पड़ेगा, अभी यह 28 रूपए है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने कृषि विशेषज्ञों का मानना है गेहूं के फसल चक्र के दौरान कोहरे,हवा के कारण इसकी प्रति एकड़ उत्पादकता 5 क्विंटल तक कम हो गई है। दूसरा सबसे बड़ा दोष मध्यप्रदेश का है! अपने यहां अभी तक पिछली बार से करीब 22.67 लाख टन कम खरीद हुई है! अब तो देश भी जानना चाहता है कि ऐसा क्यों हुआ? उन्होंने कहा कि कई बार, लगातार कृषि कर्मण पुरस्कार जीतने वाला मध्यप्रदेश गेहूं की खरीद में क्यों पिछड़ गया? क्या किसानों को अब भाजपा सरकार की खरीद व्यवस्था पर विश्वास नहीं रहा? उन्होंने कहा कि मैं जानता हूं कि आपके इसका जवाब नहीं देंगे,  लेकिन, प्रदेश की जनता और मेहनतकश किसान जानता है कि सच क्या है? घोषित समर्थन मूल्य से सरकार का मुकर जाना इसकी सबसे बड़ी वजह है। बीते विधानसभा चुनाव में 2700 रुपए प्रति क्विंटल के वादे को ’मोदी की गारंटी’ बताने के बावजूद किसानों को धोखा दिया गया। इसीलिए सरकार के बयान से ज्यादा किसानों ने बाजार पर भरोसा कर लिया।
  

bhopal news : विकास को नया आयाम देगी पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा

मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ, सभी सेक्टरों को मिलेगी एयर कनेक्टिविटी की सौगात


भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री को समर्पित “पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा“ से प्रदेश में पर्यटन के साथ-साथ उद्योग, व्यापार, शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र को भी लाभ होगा। प्रदेश में बढ़ रही एयर कनेक्टिविटी की सौगात सभी सेक्टरों को मिलेगी और प्रदेश के विकास को नये आयाम मिलेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने “पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा“ संचालन के शुभारंभ अवसर पर भोपाल एयरपोर्ट स्थित सेवा का टिकट बुकिंग काउंटर आरंभ किया तथा यात्रियों को बोर्डिंग पास प्रदान किए। प्रदेश के सुदूरवर्ती रीवा- सिंगरौली क्षेत्र से आवागमन सुगम होगा साथ ही समय भी कम लगेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हवाई यातायात के अंतर्गत तीन प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रदेश में सभी प्रमुख स्थलों पर एयर एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध है, आवश्यकता होने पर कलेक्टर से संपर्क कर एयर एंबुलेंस सेवा का लाभ लिया जा सकता है। चुनाव अवधि में भी एयर एंबुलेंस ने अपनी सेवाएं दी हैं। पूरे देश में केवल मध्यप्रदेश ही है जहा इस प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। एयर एंबुलेंस सेवा समाज के लिए समर्पित है। राज्य सरकार को 6 माह पूर्ण हो रहे हैं । इस अवधि में विकास की दिशा में प्रदेश में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।
पहला हेलीकॉप्टर पायलट ट्रेनिंग स्कूल खजुराहो में
मुख्यमंत्री  ने कहा कि प्रधानमंत्री के सहयोग से देश का पहला हेलीकॉप्टर पायलट ट्रेंनिंग स्कूल खजुराहो में आरंभ किया गया है। राज्य सरकार का प्रयास होगा कि जहां-जहां हवाई पट्टियां हैं, वहां-वहां पायलट ट्रेंनिंग इंस्टीट्यूट, निकटवर्ती विश्वविद्यालय के माध्यम से डिग्री और डिप्लोमा जारी करें। इस पहल से प्रदेश में रोजगार परक शिक्षा को प्रोत्साहन मिलेगा और निवेश भी आकर्षित होगा। संपूर्ण विश्व के लोगों के लिए मध्य प्रदेश आकर्षण का केंद्र बन रहा है। वायु सेवा से संपूर्ण प्रदेश में आवागमन सरल होगा। ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर दोनों ज्योतिर्लिंगों को वायु सेवा से जोड़ने का भी प्रयास किया जा रहा है। कोशिश है कि इंदौर अथवा भोपाल से कम समय में दोनों ज्योतिर्लिंगों के दर्शन हो सकें। ओरछा, सलकनपुर, कटनी व दतिया जैसे धार्मिक स्थलों को भी एयर कनेक्टिविटी से जोड़ा जाएगा।
जुड़ेंगे आठ शहर, एक माह तक किराए में 50 फीसदी छूट
पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा के तहत प्रदेश के आठ शहरों को हवाई सेवा के माध्यम से जोड़ा गया है। इन शहरों में भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा, उज्जैन, ग्वालियर, सिंगरौली और खजुराहो शामिल है। पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा का संचालन मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड ने पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) के आधार पर मेसर्स जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड (फ्लायओला) करेगी। इस नई पर्यटन सेवा को लोकप्रिय बनाने के लिए शुरुआती एक महीने तक किराये में 50 प्रतिशत छूट दी गई है।  
विंध्य को मिली विकास की बड़ी सौगात
उप मुख्यमंत्री  राजेंद्र शुक्ल ने कहा है कि विंध्य क्षेत्र को आज विकास की एक और बड़ी सौगात मिली। विंध्य के रीवा और सिंगरौली जिले से एयर टैक्सी की सुविधा आरंभ हुई है। हवाई सफर की सुविधा से विंध्य विकास की उड़ान भरेगा। उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने आज रीवा एयरपोर्ट में भोपाल से आ रही “पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा” के विमान की अगुवाई की और सिंगरौली के लिए हरी झंडी दिखाकर विमान को रवाना किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के आगामी सौ दिवसों के कार्यक्रम में रीवा एयरपोर्ट का लोकार्पण शामिल है। लोकार्पण की सभी औपचारिकता एक सप्ताह में पूर्ण कर ली जाएंगी। अगले महीने भव्य समारोह में रीवा एयरपोर्ट का उद्घाटन होगा।
 

bhopal news : शिवराज के गढ़ में सेंधमारी की कांग्रेस की तैयारी

उपचुनाव के घोषणा के पहले नियुक्त किए प्रभारी

भोपाल। बुधनी विधानसभा सीट पर अभी उपचुनाव की तारीख घोषित नहीं हुई है और ना ही शिवराज सिंह चौहान ने विधानसभा में विधायक पद से इस्तीफा दिया है, लेकिन कांग्रेस ने संभावित उपचुनाव को देखते हुए अभी से तैयारियां ष्शुरू कर दी है। पार्टी ने बुधनी विधानसभा सीट पर प्रत्याशी चयन को लेकर प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है।
मध्यप्रदेश में अमरवाड़ा में विधानसभा का उपचुनाव होना है। इसके अलावा बुधनी से विधानसभा चुनाव जीते पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विदिशा से लोकसभा चुनाव जीतकर केन्द्र में मंत्री बनने के बाद यहां भी उपचुनाव होना तय है। हालांकि अभी उन्होंने विधानसभा की इस सीट से विधायक पद से इस्तीफा नहीं दिया है। वहीं कांग्रेस ने यहां पर संभावित उपचुनाव को देखते हुए इस सीट पर सेंधमारी करने के लिए सक्रियता बढ़ा दी है। लंबे समय से भाजपा के पक्ष में परिणाम देने वाली इस सीट पर कांग्रेस इस बार जीत कर लोकसभा के निराशाजनक प्रदर्शन से उबर कर कार्यकर्ताओं में जोश भरने का प्रयास कर रही है। इसके चलते कांग्रेस ने आज इस सीट पर प्रत्याशी चयन के लिए प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। कांग्रेस ने पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह और पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल को प्रभारी बनाया है। ये दोनों नेता बुधनी जाकर कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं से संवाद स्थापित कर प्रत्याशी की तलाश करेंगे।
 

बुधवार, 12 जून 2024

bhopal news : कमलनाथ ही संभालेंगे अमरवाड़ा उपचुनाव की कमान

कांग्रेस ने जताया भरोसा, सौंपी रणनीति तय करने की जिम्मेदारी

भोपाल। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद एक बार फिर छिंदवाड़ा राजनीतिक हल्कों में चर्चा में है। इस बार अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासत तेज होती जा रही है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही संगठनों की सक्रियता भी बढ़ती जा रही है। वहीं कांग्रेस ने एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर अमरवाड़ा उपचुनाव की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रत्याशी चयन से लेकर चुनाव की रणनीति बनाने तक में वे अह्म भूमिका का निर्वाह करेंगे।
अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान 10 जुलाई को होना है। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी के तौर पर कांग्रेस से आए कमलेश शाह ही नजर आएंगे। वहीं कांग्रेस को अभी यहां प्रत्याशी चयन करना है। वैसे कांग्रेस ने प्रक्रिया की शुरुआत की है। इसके तहत बनाए गए प्रभारी भी कल अमरवाड़ा पहुंचेंगे। वहीं कांग्रेस के केन्द्रीय नेतृत्व में एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर इस सीट की जिम्मेदारी दी है। सूत्रों की माने तो एक तरह से कमलनाथ को फ्री हैंड देकर उन पर भरोसा जताया है। वे चुनावी रणनीति, प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया में अह्म भूमिका का निर्वाह करेंगे। लोकसभा चुनाव में अपना गढ़ हारने के बाद एक बार फिर कमलनाथ छिंदवाड़ा संसदीय सीट की विधानसभा अमरवाड़ा में कांग्रेस की जीत के लिए महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह करते नजर आएंगे।
दलबदलू के खिलाफ दिखेगी पूरी कांग्रेस : सज्जन

कमलनाथ समर्थक पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि अमरवाड़ा में दलबदलू को सबक सिखाने के लिए कांग्रेस एकजुटता के साथ मैदान में दिखेगी। उन्होंने कहा कि दलबदलू को ही तो भाजपा टिकट देकर अपनी मजबूती बताने का प्रयास करेगी, मगर इस बार दलबदलू के खिलाफ मैदान में कार्यकर्ता पूरी ताकत और जोश के साथ नजर आएगा। राज्यसभा की खाली हुई सीट को लेकर वर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में केपी यादव का टिकट काटकर भाजपा ने सिंधिया को टिकट दिया। अब कायदे से यादव को राज्यसभा भेजा जाना चाहिए। भाजपा को उनके साथ न्याय करना चाहिए। वर्मा ने कहा कि वैसे मेरी जानकारी में यह है कि भाजपा किसी दूसरे राज्य के नेता को मध्यप्रदेश से राज्यसभा भेजने की तैयारी कर रही है।
 

मंगलवार, 11 जून 2024

bhopal news : भाजपा का उम्मीदवार लगभग तय, कांग्रेस को चेहरे की तलाश

अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर दावेदार पहुंचे भोपाल

भोपाल। प्रदेश की अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा का प्रत्याशी लगभग तय माना जा रहा है। वहीं कांग्रेस इस सीट पर नए चेहरे की तलाश कर रही है। चेहरे की तलाश के लिए इस सीट पर कांग्रेस द्वारा नियुक्त किए गए प्रभारी गुरूवार को अमरवाड़ा पहुंचेंगे। वे स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से उम्मीदवारों के नाम पर रायशुमारी करेंगे।
अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर भाजपा की ओर से विधायकी छोड़ कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा में आए कमलेश शाह का नाम तय माना जा रहा है। वे आज हाल में सांसद निर्वाचित हुए विवेक बंटी साहू और प्रभारी जिला अध्यक्ष शेशराव यादव के साथ भोपाल पहुंचे थे। तीनों नेताओं ने मुख्यमंत्री डा मोहन यादव से भी मुलाकात की। इस मुलाकात को अमरवाड़ा चुनाव के संदर्भ से जोड़कर देखा जा रहा है। संगठन की ओर से भी कमलेश शाह के नाम पर आपत्ति ना होना माना जा रहा है। इस सबको देखते हुए यह माना जा रहा है कि भाजपा कमलेश शाह को टिकट देकर मैदान में उतारेगी। वहीं भाजपा के दूसरे दावेदार भी सक्रिय हैं। वे भी संगठन पदाधिकारियों और मुख्यमंत्री डा यादव तक अपनी दावेदारी पहुंचा रहे हैं।
कांग्रेस के सामने प्रत्याशी चयन बना मुसीबत

अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर इस बार कांग्रेस के सामने प्रत्याशी का टोटा नजर आ रहा है। वैसे स्थानीय दावेदार सक्रिय हैं। कुछ ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को भी बायोडाटा भेजा है। वहीं कांग्रेस की ओर से गुरूवार से प्रत्याशी चयन को लेकर सक्रियता नजर आएगी। वैसे कांग्रेस के पास इस बार इस सीट पर जिताउ चेहरा नजर नहीं आ रहा है।
 अमरवाड़ा में गुरूवार को होगी बैठक
कांग्रेस द्वारा अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर प्रत्याशी चयन के लिए नियुक्त किए गए प्रभारी पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे और पूर्व विधायक सुनील जायसवाल गुरूवार को अमरवाड़ा पहुंचेंगे। सुखदेव पांसे ने बताया कि और जायसवाल गुरूवार को अमरवाड़ा में कांग्रेस के स्थानीय नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में वहां के नेताओं की राय जानी जाएगी। दावेदारों से भी वे मुलाकात करेंगे। बैठक के बाद स्थानीय नेताओं की राय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तक पहुंचा दी जाएगी। 

bhopal news : स्वास्थ्य विभाग में छह हजार नये पदों की स्वीकृति

कैबिनेट बैठक में सरकार ने लिया फैसला


भोपाल। राज्य सरकार ने आज कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़े फैसले लिए हैं। इनके तहत स्वास्थ्य विभाग में छह हजार नवीन पदों की स्वीकृति दी है। वहीं युवाओं के लिए युवाओं के लिए स्टार्ट अप्स को प्रोत्साहित करने को लेकर भी फैसला लिया गया है।
कैबिनेट बैठक के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग में 6 हजार नवीन पदों की स्वीकृति दी गई है। प्रमोशन के पद यदि खाली हैं और प्रमोशन वाले योग्य व्यक्ति नहीं हैं, वहां सीधी भर्ती के माध्यम से पद भरे जाने की स्वीकृति दी गई है।  जानकारी के मुताबिक, कुछ दिनों में इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। विशेषज्ञ डॉक्टरों के पदों पर 607 भर्तियां होंगी, इस प्रस्ताव को भी मंजूरी कैबिनेट ने दी है। दरअसल, स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत अलग-अलग विभागों में प्रमोशन के 1214 पद रिक्त हैं, जिन पर भर्ती की जाएगी।
खोले जाएंगे 55 एक्सीलेंस कॉलेज
सरकार ने गुना की क्रांतिवीर तात्याटोपे यूनिवर्सिटी, खरगोन की सूर्यकांत टंट्या यूनिविर्सिटी और सागर की रानी अवंती बाई लोधी यूनिवर्सिटी के लिए 3-3 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।  सरकार ने तीनों यूनिवर्सिटी में 235 पदों की स्वीकृति दी है। 55 एक्सीलेंस कॉलेज इसी साल प्रदेश में खोले जाएंगे।
सब्सिडी देने का लिया फैसला
कैबिनेट बैठक में बिजली के अलग-अलग वर्ग के उपभोक्ताओं के लिए लगभग 24,420 करोड़ की सब्सिडी देने का फैसला लिया गया है। विजयवर्गीय ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार किसानों के हित में हमेशा काम करती है। बिजली के बिल में किसानों को सब्सिडी सरकार ने दी है। सामान्य वर्ग के किसानों को उनका 13 हजार करोड़ की सब्सिडी मिलती है।
गौवंश रक्षा  वर्ष   मनाया जाएगा
गौवंश की रक्षा करने के संकल्प के साथ इस वर्ष की चैत्र की गुड़ी पड़वा से अगले वर्ष तक गौवंश रक्षा वर्ष के रूप में मनाने का अनुमोदन दिया है। मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में यह निर्णय लिया गया था, जिसका आज मंत्रि-परिषद ने अनुमोदन दिया। मुख्यमंत्री की घोषणा के परिपालन में मध्यप्रदेश शासन द्वारा यह साल, गौवंश रक्षा वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है, जो प्रतिपदा (गुड़ी पड़वा), चैत्र, शुक्ल पक्ष 9 अप्रैल 2024 से आगामी अमावस्या, चैत्र, कृष्ण पक्ष, 29 मार्च 2025 तक मध्यप्रदेश गौसंवर्धन बोर्ड के अंतर्गत मनाया जा रहा है। प्रदेश में संचालित गौ-शालाओं को श्रेष्ठ संचालन के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।

bhopal news : विश्व का पहला नदी जोड़ो अभियान किया शुरू : मोहन यादव

मुख्यमंत्री ने छह माह के कार्यकाल की गिनाई उपलब्धियां


भोपाल। मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कहा कि  केन-बेतवा लिंक के जरिए विश्व का पहला नदी जोड़ो अभियान मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश से शुरू होगा। इसके लिए 17 हजार करोड़ के दो टेंडर जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट में वन विभाग के साथ जारी जमीन विवाद खत्म हो गया है और वन विभाग को दूसरी जगह जमीन दी गई है।
मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने आज मीडिया से चर्चा करते हुए अपने छह माह के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि छह माह में से तीन माह तो लोकसभा चुनाव की आचार संहिता में बीत गए। इसके बावजूद सरकार ने बेहतर प्रदर्शन किया है।  उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में ऐसी कोई भी घटना नहीं हुई, जिससे लोकतंत्र प्रभावित हुआ हो। उन्होंने आगे कहा कि इस बीच मध्य प्रदेश को 6 मंत्री मिले और अच्छे परिणाम के बाद अच्छा प्रतिनिधित्व मध्य प्रदेश को मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन-बेतवा लिंक के जरिए विश्व का पहला नदी जोड़ो अभियान मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश से शुरू होगा। उन्होंने कहा कि  20 साल से राजस्थान और एमपी के बीच उलझे पार्वती-कालीसिंध-चंबल प्रोजेक्ट को सुलझा लिया गया है। दोनों राज्यों के बीच सहमति बनी है कि वे अपने-अपने इलाकों में 35-35 हजार करोड़ के बांध बनाएंगे।
मुख्यमंत्री  ने दावा किया कि इसका एमपी के चंबल और मालवा अंचल को खास लाभ मिलेगा। इसके साथ ही प्रदेश सरकार ने एमपी में चंबल नदी पर गांधी सागर डैम के पानी की हिस्सेदारी बढ़ाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। सरकार का दावा है कि इस बांध का अधिकांश हिस्सा मध्यप्रदेश के दायरे में आता है और इसके पानी की ज्यादा उपयोग राजस्थान करता है। ऐसे में गांधी सागर बांध के पानी का कोटा बढ़ाने के लिए भी सरकार ने कमर कस ली है। उन्होंने कहा कि रतलाम, मंदसौर, नीमच में इस पानी का उपयोग किया जाएगा।
जबलपुर में होगी रीजनल इंडस्ट्री कांक्लेव
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन की तर्ज पर जबलपुर, ग्वालियर, रीवा में रीजनल इंडस्ट्री कांक्लेव होंगी। पिछले साल की तुलना में 26 प्रतिशत अधिक जीएसटी कलेक्शन हुआ। 9 हजार 555 करोड़ की राशि 1 करोड़ 29 लाख लाड़ली बहनों को दी गई है। सरकारी नौकरियों के लिए चयनित 11 हजार उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के आधार पर लाउडस्पीकर पर कार्रवाई की गई। इसके परिणाम सुखद आए हैं। लोगों ने धार्मिक स्थलों से खुद आगे रहकर लाउडस्पीकर हटाए। लॉ एंड ऑर्डर को लेकर भी सरकार सचेत रही, जहां घटना हुई वहां कार्रवाई की गई। कॉलेजो से कहा गया है सभी महाविद्यालय अपनी बस चलाएं।
अगस्त के पहले मिल जाएगा मंत्रियों को जिलों का प्रभार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिमा निर्माण को लेकर सरकार का बड़ा फैसला है, प्रतिमाएं ठोस पत्थर की बनाई जाएगी। किसी से आर्डर पर नहीं मंगवाई जाएंगी। प्रदेश के कलाकारों के सहयोग से प्रतिमा निर्माण की दिशा में भी काम चल रहा है। मंत्रियों के बंगला निर्माण में पेड़ों की कटाई को लेकर कहा कि तर्किम निकल जाएगी। कम से कम पेड़ काटे, पेड़ शिफ्टिंग करने के भी निर्देश हैं। वहीं डॉ यादव ने बताया कि अगस्त से पहले मंत्रियों को जिलों के प्रभार मिलेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि 15 अगस्त से पहले मंत्रियों को प्रभार बांट दिए जाएंगे। प्रभार वाले जिलं में मंत्री झंडा फहराएंगे।
मुख्यमंत्री ने कही मुख्य बातें
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई योजना बंद नहीं होगी। लाडली लक्ष्मी और लाडली बहना योजना जारी है। एलपीजी सिलेंडर के लिए 45 लाख 90 हजार लाड़ली बहनों को 118 करोड़ की राशि दी गई।
कक्षा 12वीं में 75 प्रतिशत से ज्यादा अंक लाने वाले स्टूडेंट्स को लैपटॉप के लिए मिलेंगे 25 हजार रुपए। 11 हजार युवाओं को एक ही दिन नियुक्ति पत्र दिए थे।
प्रदेश के सभी कॉलेजों से बस चलाने की अपेक्षा है। दो हजार गांवों को गोद सरकारी कॉलेज गोद लेंगे। मंत्री और अफसर भी गोद लेंगे एक-एक सरकारी स्कूल।
इंदौर में हुकुमचंद मिल के बाद प्रदेश की बाकी सभी बंद मिलों के लंबित मामले निपटाए जाएंगे।
प्रदेश के सभी 29 संसदीय क्षेत्रों में एक-एक मेडिकल कॉलेज आरंभ हो। अगले चरण में प्रत्येक जिले में एक-एक मेडिकल कॉलेज आरंभ किया जाएगा। स्वास्थ्य के क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा अनेक नवाचार किए जा रहे हैं।
गंगा दशहरा से पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा के अंतर्गत उज्जैन से भी हवाई यात्रा की शुरूआत होगी।