बॉलीवुड की ‘बेगम’ यानी करीना कपूर खान अपनी अदाकारी के साथ-साथ अपने शालीन और शाही फैशन सेंस के लिए भी जानी जाती हैं। लेकिन हाल ही में दिवाली के पावन अवसर पर उनके द्वारा पहना गया एक पेंडेंट उनके लिए विवादों की वजह बन गया। भोपाल के शाही नवाब खानदान की विरासत से जुड़ा यह 400 साल पुराना पेंडेंट अब कानूनी नोटिस और तीखी बयानों के घेरे में आ चुका है। एक तरफ जहां इसे धार्मिक भावनाओं से जोड़कर माफी की मांग की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ कई संगठन और संत समाज अभिनेत्री के समर्थन में खुलकर सामने आ गए हैं।
यह है पूरा मामला
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता अब्बास हफीज ने अभिनेत्री करीना कपूर खान को एक कानूनी नोटिस भेजकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। नोटिस के अनुसार, यह पन्ना जड़ित पेंडेंट लगभग 400 वर्ष पुराना है, जिसे भोपाल की पूर्व बेगमों शाहजहां बेगम और सुल्तान जहां बेगम द्वारा इबादत (प्रार्थना) के उद्देश्य से बनवाया गया था। इस ऐतिहासिक और अनमोल पेंडेंट पर कुरान की पवित्र आयतें उकेरी गई हैं। कांग्रेस नेता का तर्क है कि इस पवित्र धरोहर को एक फैशन एक्सेसरी या आभूषण के रूप में सार्वजनिक रूप से पहनना और प्रदर्शित करना ठीक नहीं है, जिससे एक वर्ग की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
हिंदू उत्सव समिति का समर्थन, ससुराल की विरासत का पूरा अधिकार
कांग्रेस नेता की आपत्ति के बाद इस मामले में एक नया मोड़ तब आया जब हिंदू संगठन अभिनेत्री के समर्थन में उतर आए। हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि करीना कपूर खान को इस मामले में किसी से भी माफी मांगने की कोई आवश्यकता नहीं है। तिवारी का तर्क है कि भोपाल के पूर्व शाही परिवार की बहू होने के नाते करीना को अपने ससुराल की पैतृक विरासत, परंपराओं और बहुमूल्य गहनों को पहनने का पूर्ण अधिकार है। उन्होंने यह भी कहा कि इस पेंडेंट को गले में दिल के पास पहना जाता है, जिसे किसी भी दृष्टिकोण से अपमानजनक स्थान नहीं माना जा सकता। उनका मानना है कि चूंकि यह सब दिवाली के आसपास हुआ, इसलिए कुछ लोग इसे बेवजह तूल दे रहे हैं। संस्कृति बचाओ मंच जैसे अन्य संगठन भी इस मामले में करीना के पक्ष में खड़े दिखाई दे रहे हैं।
मुस्लिम धर्मगुरु की आपत्तिरू आस्था कोई फैशन की चीज़ नहीं
इस पूरे घटनाक्रम पर धार्मिक हलकों से भी तीखी प्रतिक्रियाएं आई हैं। मुस्लिम धर्मगुरु इमरान खोखर ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि यह मामला पूरी तरह से धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ है। धर्मगुरु का कहना है कि धर्म कोई फैशन की चीज़ नहीं है, और जब किसी आभूषण पर कुरान की आयत लिखी हो, तो उसकी पवित्रता और संवेदनशीलता और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि चाहे कोई भी धर्म हो, उसकी आस्था के साथ इस प्रकार का प्रदर्शन उचित नहीं है। एक पब्लिक फिगर होने के नाते कलाकारों को ऐसी हरकतों से बचना चाहिए जिससे किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचे। उन्होंने मांग की कि करीना कपूर को इस पर खेद प्रकट कर विवाद को समाप्त करना चाहिए।
संतों का तीखा हमला, नवाब खानदान को टारगेट करना बंद करें
इस विवाद में संत समाज की एंट्री ने मामले को और गर्मा दिया है। महामंडलेश्वर अनिलानंद महाराज ने करीना कपूर का पुरजोर समर्थन करते हुए आलोचकों पर करारा प्रहार किया है। उन्होंने तीखे अंदाज में सवाल उठाया कि अगर करीना अपना पारिवारिक पेंडेंट पहन रही हैं, तो इसमें दूसरों को क्या आपत्ति है और उनके पेट में दर्द क्यों हो रहा है? महाराज ने आगे कहा कि करीना नवाब खानदान की बहू हैं और उन्होंने इस्लाम धर्म स्वीकार किया है, ऐसे में उन्हें अपनी ससुराल की विरासत के इस्तेमाल का पूरा अधिकार है। उन्होंने आलोचकों से नवाब परिवार को बेवजह निशाना बनाने से बचने की सलाह दी।
फैशन, विरासत और सियासत का संगम
करीना कपूर खान के इस पेंडेंट विवाद ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि जब सेलिब्रिटी, इतिहास, धर्म और राजनीति आपस में मिलते हैं, तो मुद्दा कितना बड़ा बन जाता है। जहां एक पक्ष इसे धार्मिक पवित्रता और मर्यादा का हनन मान रहा है, वहीं दूसरा पक्ष इसे पारिवारिक विरासत और स्वतंत्रता का मामला बता रहा है। बहरहाल, यह देखना दिलचस्प होगा कि कानूनी नोटिस और बयानों के इस दौर में यह मामला आगे क्या नया मोड़ लेता है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें