बुधवार, 30 नवंबर 2011

‘हेमा’ से चार गुना महंगी ‘आशा’

रुपहले पर्दे पर भले ही फिल्म अभिनेत्री हेमामालिनी का क्रेज हो, मगर गीतों की दुनिया में आशा भोसले उनसे आगे हैं़ यही वजह है कि राजधानी भोपाल में स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में आई दोनों कलाकारों में हेमामालिनी से चार गुना ज्यादा मानदेय का भुगतान आशा भोसले को राज्य सरकार ने किया है़ राज्य सरकार द्वारा आयोजित इस समारोह पर दो करोड़ से ज्यादा खर्च किए गए हैं़
राज्य विधानसभा में आज कांग्रेस विधायक आरिफ अकील ने इस मुद्दे को लेकर सरकार को आड़े हाथ लिया़ उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने लोगों याने भाजपा से जुड़े लोगों को उपकृत करने के लिए यह समारोह किया और अनाब-सनाब रुपए खर्च किए़ उन्होंने लाल परेड मैदान पर आयोजित समारोह पर खर्च की गई राशि का ब्यौरा मांगा़ इस पर संस्कृति मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने कहा कि इस समारोह पर 2,67,28,015 करोड़ रुपए का खर्च आया है़ इसमें कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कालाकारों का भुगतान भी शामल है़ श्री अकील ने आरोप लगाया कि इस समारोह में हेमामालिनी का नृत्य नाटक इसलिए रखा गया क्योंकि वे भाजपा से जुड़ी हुई हैं और उन्हें निर्धारित राशि बारह लाख के एवज में 16 लाख 70 हजार रुपए का भुगतान किया गया है़ इसी तरह आशा भोसले को 35 लाख का भुगतान किया जाना चाहिए था, परंतु सरकार ने उन्हें 64 लाख रुपए का भुगतान किया है़ इस पर श्री शर्मा ने कहा कि यह गलत आरोप है़ इस समारोह में हेमामालिनी को इसलिए बुलवाया गया था कि वे प्रसिद्ध नर्तकी हैं, जबकि आशा भोसले अच्छी गायिका हैं़ उन्होंने कहा कि अगर इस मामले में कोई आपत्ति है तो वे उन्हें दिए गए भुगतान की जांच करा लेंगे़
स्थापना दिवस पर आयोजित इस समारोह में भाग लेने आई दोनों कलाकारों को शासन द्वारा चेक के माध्यम से भुगतान किया गया है़ आशा भोसले को जो भुगतान किया गया है वह एक्सीलेंसी टाइम इंटरटेनमेंट को किया गया है़ यह भुगतान 21 अक्टूबर एवं 22 अक्टूबर को चार चेकों के द्वारा किया गया है़ जबकि हेमामालिनी को जो भुगतान किया गया है वह तीन चेकों के द्वारा दिनांक 19 अक्टूबर, 25 अक्टूबर एवं 1 नवंबर को किया गया है़ आशा भोसले को 64,06,260 रुपए और हेमामालिनी को 16,70,000 रुपए का भुगतान सरकार ने किया है़

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें