मंगलवार, 26 सितंबर 2017

6 माह राजनीति से दूर रहेंगे दिग्विजय सिंह

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजयसिंंह 6 माह तक राजनीति से दूर रहेंगे. सिंह इस दौरान नर्मदा परिक्रमा पर रहेंगे. उनकी इस परिक्रमा को लेकर एक बार फिर राजनीति गर्मा गई है, हालांकि वे अपनी इस परिक्रमा को आध्यात्मिक परिक्रमा बता रहे हैं, मगर प्रदेश में भाजपा की चिंंता बढ़ती नजर आने लगी है.
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंंह 30 सितंबर से नर्मदा परिक्रमा की शुरुआत करेंगे. इसके लिए वे पूर्व में कांग्रेस हाईकमान सोनिया गांधी से अनुमति ले चुके हैं. आज उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस के कोसाध्यक्ष मोतीलाल बोरा को पार्टी का काम भी सौंप दिया. वे फिलहाल 6 माह के लिए राजनीति से दूर रहेंगे. इस दौरान वे किसी भी राज्य का प्रभार नहीं देखेंगे. सिंह ने आज बोरा के अलावा दिल्ली में कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी से भी मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने नर्मदा परिक्रमा की जानकारी भी दी. पूर्व मुख्यमंत्री सिंह द्वारा अपनी इस परिक्रमा को आध्यात्मिक परिक्रमा बताया जा रहा है, मगर इसे लेकर प्रदेश में राजनीतिक सुगबुगाहट भी तेज हो गई है. खासकर भाजपा में सिंह की इस परिक्रमा ने चिंता को बढ़ाया है. सिंह इस परिक्रमा के दौरान 3300 किलोमीटर की यात्रा में प्रदेश के 110 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेंगे, जबकि गुजरात विधानसभा के 20 क्षेत्रों में भी उनकी परिक्रमा होनी है. इन क्षेत्रों में भाजपा को कमजोर भी माना जा रहा है. इनमें से अधिकांश विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस का कब्जा है.

सरकार करेगी सुरक्षा व्यवस्था

दिग्विजय सिंह के नर्मदा परिक्रमा के दौरान राज्य सरकार उन्हें सुरक्षा मुहैया कराएगी. सिंह की यात्रा के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर डीएसपी स्तर का एक अधिकारी उनके साथ होगा. साथ ही यात्रा के दौरान पूरे समय एक एंबुलेंस भी उनके साथ में रहेगी. हालांकि, सरकार ने उन्हें मोबाइल टायलेट देने से इंकार कर दिया है. वहीं दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज को दोबारा पत्र लिखकर कहा है कि वो स्वच्छ भारत अभियान में विश्वास रखते है और नर्मदा परिक्रमा के दौरान नर्मदा के तट पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए चलित शौचालय मुहैया करावाया जाए. इसके पूर्व सुरक्षा की मांग को लेकर भी पुलिस मुख्यालय को पत्र लिख चुके थे. इस बारे में पुलिस मुख्यालय ने उनके पत्र का कोई जवाब नहीं दिया था. सुरक्षा को लेकर मकरंद देउस्कर आई जी कानून व्यवस्था ने कहा था कि दिग्विजय सिंह को पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही दी जाती रही है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें