मंगलवार, 26 सितंबर 2017

तीन दिन तक राष्ट्रीय मुद्दों पर होगा चिंतन

राजधानी में संघ और अनुषांगिक संगठनों की अक्तूबर में होगी बैठक

राजधानी में संघ और अनुषांगिक संगठनों की बैठक अगले माह अक्तूबर में होगी. तीन दिनों तक चलने वाली इस बैठक में राष्ट्रीय मुद्दों पर चिंतन होगा. साथ ही राजनीतिक और सामाजिक हालातों पर भी मंथन किया जाएगा.
संघ और अनुषांगिक संगठनों की बैठक, जिसे दीपावली बैठक कहा जा रहा है, यह बैठक राजधानी में 12 अक्तूबर से शुरु होगी. 14 अक्तूबर तक चलने वाली इस बैठक में संघ प्रमुख मोहन भागवत और प्रांत प्रचारकों के अलावा संघ के अलग-अलग अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे. बैठक में भाजपा से जुड़े नेता भी शामिल होंगे. इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के उपस्थित रहने की भी संभावना जताई जा रही है. शाह के अलावा बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री रामलाल और राममाधव भी उपस्थित रहेंगे. संघ और अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारी बैठक में संघ और अनुषांगिक संगठनों के कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे, इसके अलावा आने वाले साल के लिए कार्यक्रमों की रणनीति तय करेंगे. बैठक को देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार और कई राज्यों में होने वाले चुनावों को देखते हुए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. बैठक में राजनीतिक और सामाजिक हालातों पर भी मंथन किया जाएगा. बैठक के भोपाल में होने को लेकर यह माना जा रहा है कि प्रदेश में 2018 में विधानसभा चुनाव होना है, इस लिहाज बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. बैठक में प्रदेश सरकार के कामकाजों को लेकर सरकार और संगठन को सक्रिय करना एवं स्थिति से अवगत कराते हुए चुनावी रणनीति भी बनाई जाएगी. इसके अलावा बैठक में आर्थिक, सामाजिक और धार्मिक मसलों पर भी चिंतन होने की बात कही जा रही है. इसके अलावा राष्ट्रीय परिदृश्य के अन्य मुद्दों पर भी चर्चा होना है. वहीं कुछ अनुषांगिक संगठनों की केन्द्र एवं राज्य सरकारों से नाराजगी को दूर करने पर भी चर्चा की जाना है. सूत्रों की माने तो भारतीय किसान संघ, मजदूर संघ केन्द्र सरकार की कार्यप्रणाली से लंबे समय से नाराज है, जिसे लेकर संघ प्रमुख संगठनों के पदाधिकारियों से चर्चा कर उनकी नाराजगी को दूर करेंगे. बताया जा रहा है कि किसानों को लेकर केन्द्र के अलावा राज्य सरकारों के खिलाफ भी जो नाराजगी है, उसे लेकर संघ प्रमुख अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे और कोई रास्ता निकालने का काम करेंगे जिससे उनकी नाराजगी दूर हो सके.

बर्खास्त आईएएस शशि कर्णावत मिलेंगी भागवत से

बर्खास्त आईएएस शशि कर्णावत ने कहा कि वे संघ प्रमुख मोहन भागवत से मिलकर प्रदेश सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खोलेंगी. कर्णावत ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. वे हाल ही में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिल चुकी हैं. इस मुलाकात के दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे उनके खिलाफ कार्रवाई का आरोप लगाया था. उनका कहना है कि अगले माह वे संघ प्रमुख मोहन भागवत से भी मिलेंगी. उन्होंने कहा कि उनके पास प्रदेश के तमाम भ्रष्टाचारी अधिकारियों का ब्योरा है. इसे वो अगले महीने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरकार्यवाह डा. मोहन भागवत से मुलाकात के दौरान उजागर करेंगी. उन्होंने कहा कि वे सरकार के मंत्रियों एवं अधिकारियों की बेनामी संपत्तियों का खुलासा भी करेंगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें