बुधवार, 13 सितंबर 2017

यस सर, यस मैडम नहीं जय हिन्द बोलकर हाजिरी लगवाएंगे विद्यार्थी


शिक्षा मंत्री विजय शाह का फरमान, सतना जिले के बाद जल्द ही पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा

राज्य के शिक्षा मंत्री विजय शाह ने यह फरमान जारी किए हैं. शाह ने फिलहाल सतना जिले के स्कूलों में इसकी शुुरुआत करने को कहा है. इसके बाद वे मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से चर्चा कर पूरे प्रदेश के स्कूलों में इसे जरुरी करने जा रहे हैं.
बयानों को लेकर सदैव विवादों से घिरे रहने वाले स्कूल शिक्षा मंत्री विजय शाह इस बार फिर विवाद से घिर गए हैं. उन्होंने  सतना जिले में विभागीय समीक्षा के दौरान सतना जिले में यह फरमान दे डाला कि अब जिले के सभी शैक्षणिक संस्थाओं में 1 अक्तूबर से विद्यार्थी अपनी हाजिरी के दौरान यस सर, यस मैडम नहीं कहेंगे. विद्यार्थियों को जय हिन्द बोलना होगा. शाह ने कहा कि यह निर्णय फिलहाल सतना जिले के लिए है, वे जल्द ही इसे पूरे प्रदेश में लागू कराएंगे. इतना ही नहीं उन्होंने कहा अधिकारियों को निर्देशित किया कि नौजवान पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति का जज्बा बढ़ाने के लिए सभी शासकीय स्कूलों में प्रारंभ में ही प्रतिदिन ध्वजारोहण, झंडावन एवं राष्ट्रगान किए जाएं. मंत्री ने ध्वजारोहण, झंडावंदन की परंपरा को प्रतिदिन सभी प्राइवेट स्कूलों में भी लागू करने के निर्देश दिए.  माना जा रहा है कि मंत्री शाह का यह फरमान देशभक्ति का भावना जगाने को लेकर है. हालांकि, कुछ लोग इसे मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से भी जोड़कर देख रहे हैं. 
शहीद सैनिकों के नाम पर नामकरण
विजय शाह ने कहा कि देश की खातिर बलिदान देने वाले सैनिकों के नाम पर हम स्कूलों के नामकरण करने की योजना भी बना रहे हैं. शाह ने कहा कि शहीद सैनिकों  के ग्राम की प्राथमिक या माध्यमिक शाला का नामकरण किए जाने के प्रस्ताव को प्राथमिकता दी जाएगी. उन्होंने कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र से शिक्षकों में एकरुपता लाने के लिए ड्रेस कोड यूनिफार्म एप्रिन या नेमप्लेट लगाने पर भी विभाग विचार कर रहा है. 
जनशिक्षक मंत्री को भी दें निरीक्षण रिपोर्ट
समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री विजय शाह ने कहा कि जनशिक्षक प्रत्येक माह की निरीक्षण प्रतिवेदन रिपोर्ट केवल बीआरसी को ही नहीं, बल्कि उन्हें (मंत्री को) भी भेजेंगे. हर माह की रिपोर्ट के आधार पर सेम्पल बतौर कुुछ रिपोर्ट के आधार पर दूरभाष पर चर्चा कर वे आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे. शाह ने कहाा कि उनके दूरभाष पर प्रत्येक सोमवार और मंगलवार को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक कोई भी जनशिक्षक सपंर्क कर सकता है. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें