मंगलवार, 31 अक्टूबर 2017

उमा ने कहा मध्यप्रदेश की कई सड़कें हैं अमेरिका से बेहतर

केंद्रीय मंत्री और मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के मध्यप्रदेश की सड़कों के अमेरिका से बेहतर बताए जाने के बयान का बचाव करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की कई सड़कें अमेरिका से बेहतर हैं. हमें इस हीनता भाव से मुक्ति पाना चाहिए कि अमेरिका या फिर कहें अंग्रेजी, अंग्रेजों और अंग्रेजियत में ही सब कुछ बेहतर है. केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने आज लंबे समय बाद राजधानी में संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री के रूप में मेरी जवाबदारी में कुछ खास परिवर्तन नहीं हुआ है. आज भी मेरे नए मंत्रालय में गंगा-यमुना और नर्मदा से जुड़े हुए विषय हैं. पहले की ही तरह केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी गंगा के पुनरुत्थान में अपनी भूमिका का निर्वाह कर रहे हैं. पहले भले ही गंगा से जुड़ा मंत्रालय औपचारिक रूप से उनके पास नहीं था लेकिन वे बड़ी भूमिका में थे. गंगा से जुड़ी परियोजनाओं का वित्तीय पक्ष वे ही देखा करते थे. मैं तो बहुत ही पहले कह चुकी थी की गंगा के किनारे यात्रा कर जनजागरण करना चाहती हूं. गंगा और मेरा रिश्ता अटूट है. 
केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के उस बयान का बचाव करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की सड़कें अमेरिका से अच्छी हैं. आपने कहा कि मैं दावे के साथ कह सकती हूं कि मध्यप्रदेश की तमाम सड़कें अमेरिका से अच्छी हैं. हो सकता है कुछ सड़कें खराब हों तो उनके सुधार का कार्य भी चल रहा है. आपने कहा कि हमें हीनता के उस भाव से मुक्ति पाना चाहिए कि अमेरिका में सब कुछ अच्छा है और भारत में सब कुछ खराब है. दरअसल हम भारतीयों की सबसे बड़ी दिक्कत है कि हम अंग्रेजियत और अंग्रेजों को श्रेष्ठ मानते हैं.
भंडारे में दिग्विजय ने बुलाया तो वे जाएंगी
केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा कि दिग्विजय सिंह अराजनीतिक नर्मदा यात्रा कर रहे हैं उनकी इस यात्रा को अराजनीतिक बना रहने दीजिए. वे धार्मिक व्यक्ति हैं. आपने कहा कि वह 8 साल की उम्र में राघवगढ़ पैलेस में प्रवचन देने जा चुकी हैं. उन्होंने कहा कि अगर दिग्विजय सिंह नर्मदा परिक्रमा के बाद भंडारे में उन्हें बुलाएंगे तो वे जरूर जाएंगी.
नए लड़कों को सोच बदलना चाहिए
केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा कि हार्दिक पटेल और उन जैसे राजनीति में आए नए और युवा नेताओं को अपना सोच बदलना चाहिए, सिर्फ मोदी विरोध के जरिए आप राजनीति नहीं कर सकते हैं, क्योंकि लोग इसे जलन मानते हैं. उत्तप्रदेश में अखिलेश यादव और राहुल गांधी ने मोदी विरोध का खूब झंडा उठाया लेकिन क्या हुआ. इस देश के लोग व्यक्ति का विरोध पसंद नहीं करते हैं. मोदी विरोध विपक्ष को छोटा बनाता है. आपने कहा कि कन्हैया कुमार जब राजनीति में सक्रिय हुए तो उन्हें अच्छा लगा, पर कन्हैया ने जिस तरह मोदी विरोध का सहारा लिया उसके कारण वे भटक गए.

पटेल को याद कर नेहरु पर निशाना साधा शिवराज ने

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंंह चौहान ने कहा कि अगर जम्मू कश्मीर का मुद्दा सरदार पटेल को सौंपा गया होता तो आज पाक अधिकृत कश्मीर भारत का होता. उन्होंने कहा कि भारत का जो वर्तमान स्वरुप है, वह सरदार पटेल के अथक प्रयासों का परिणाम है.
राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की 142 वीं जयंती पर यह बात कही. उन्होंने नागरिकों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत का वर्तमान स्वरूप सरदार वल्लभ भाई पटेल के अथक प्रयासों का परिणाम है. उन्होंने पांच सौ रियासतों को भारत में शामिल करने में अविस्मरणीय योगदान दिया. चौहान ने कहा कि यदि तत्कालीन प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहर लाल नेहरू ने जम्मू-कश्मीर का मामला भी सरदार पटेल को सौंप दिया होता तो आज पाक अधिकृत कश्मीर भारत का हिस्सा होता.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने भोपाल, हैदराबाद और जूनागढ़ की रियासतों को भी भारत में विलय होने के लिये मजबूर किया. चौहान ने कहा कि भारत की एकता और अखण्डता को विखण्डित करने के प्रयासों को कभी कामयाब नहीं होने दिया जाएगा. भारत की एकता को खण्डित करने के प्रयासों को मुँह तोड़ जवाब मिलेगा. उन्होंने कहा कि भारत अब 1962 का भारत नहीं रहा. आज भारत एक सशक्त और सक्षम राष्ट्र है. पाकिस्तान की सीमा पर घुसकर सर्जिकल स्ट्राईक कर सकता है और चीन की सेना को वापस जाने के लिए मजबूर कर सकता है.

सोमवार, 30 अक्टूबर 2017

किसानों के बीच पहुंचकर मंत्री बताएंगे भावांतर योजना अच्छी, कांग्रेस कर रही बदनाम

शिवराजसिंंह चौहान 

मंत्रिमंडल की बैठक में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने दिए 

मंत्रियों को निर्देश



प्रदेश के मंत्री अब किसानों के बीच पहुंचकर बताएंगे कि भावांतर अच्छी योजना है. मंत्रिगण किसानों को यह भी बताएंगे कि कांग्रेस इस योजना को बदनाम कर रही है.
मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मंत्रियों से अनौपचारिक चर्चा में मुख्यमंत्री शिवराजसिंंह चौहान ने आज मंत्रियों से भावांतर योजना की जानकारी ली और किसानों की परेशानियों को जाना. उन्होंने इस दौरान हमें भावांतर योजना के बारे में किसानों को बताने की जरुरत है. विपक्ष अच्छी योजना को बदनाम कर रहा है. मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से कहा कि 1 नवंबर से सभी मंत्री अपने गृह एवं प्रभार वाले जिलों में भावांतर योजना के बारे में बताएंगे. स्थापना दिवस पर भावांतर योजना को भाषण में शामिल किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्री जिस जिले में जाएं, वहां मंडियों में जाकर किसानों से मिलें और उनसे चर्चा कर परेशानी को जाने साथ ही उन्हें भावांतर योजना की जानकारी दें. 
दरअसल 16 अक्तूबर सरकान ने भावांतर योजना को किसानों का सुरक्षा कवच बताकर प्रचार किया था, मगर मंडियों में योजना के नाम पर हो रही ठगी के बाद किसान अब भावांतर योजना के विरोध में सड़क पर उतर आए हैं. राजधानी भोपाल के अलावा ग्वालियार, इंदौर, उज्जैन, होशंगाबाद, जबलपुर संभाग की कई मंडियों में किसानों ने आंदोलन तक कर दिए. अब किसान आरोप लगा रहे हैं कि भावांतर योजना की वजह से मंडियों में फसलों के भाव गिरे हैं, इसके चलते मुख्यमंत्री ने अब मंत्रियों को भावांतर योजना की जानकारी किसानों को देने का जिम्मा सौंपा है.
मंत्रिमंडल की बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत हाई स्कूल और हायर सेकेण्डरी स्कूलों के भवन निर्माण के लिए 2017-18 से 2019-20 तक के लिए कुल योजना राशि 2871.83 करोड़ रुपए की सैद्धांतिक सहमति प्रदान करने का निर्णय लिया. इसके अलावा जल संसाधन विभाग के अंतर्गत सीप कोलार लिंक परियोजना की 13 हजार 721.05 लाख की द्वितीय पुनरीक्षित प्रशासकीय मंजूरी प्रदान की. परियोजना के अंतर्गत रबी में 6100 हेक्टेयर और खरीफ में 2600 हेक्टेयर की सिंचाई सुविधा किसानों को प्राप्त होगी. सीहोर जिले की इछावर तहसील के अलीपुर ग्राम के पास सीप नदी पर परियोजना निर्माणाधीन है. सीहोर जिले के 13 ग्रामों को परियोजना का लाभ प्राप्त होगा. बैठक में मुख्यमंत्री कौशल संर्वधन योजना एवं मुख्यमंत्री कौशल्या योजना में आवश्यक संशोधन का निर्णय लिया. योजनाओं के क्रियांवयन की कठिनाईयों को दूर करने के लिए योजना में संशोधन को मंजूरी दी गई. इससे त्वरित गति से कार्य किया जा सकेगा.
मंत्रिमंडल की बैठक के अन्य फैसले
* जनजातीय कार्य विभाग अंतर्गत योजनाओं का अनुश्रवण और मूल्यांकन अनुच्छेद 275(1) की योजना क्रमांक 5155 को वर्ष 2017-18 से 2019-20 तक के लिए निरंतर संचालन एवं वित्तीय आकार राशि रुपए 3788 लाख का अनुमोदन किया.
* जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत ही आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गुरूकुलम विद्यालय को वर्ष 2017-18 से वर्ष 2019-20 तक निरंतर संचालन के लिए 7330.02 लाख राजस्व और 11200.00 लाख पूंजीगत के वित्तीय आकार का अनुमोदन भी किया गया.
* वित्त विभाग के अंतर्गत मध्यप्रदेश वित्त निगम को वाणिज्यिक बैंकों, अन्य संस्थाओं द्वारा प्राप्त ऋण 200 करोड़ व उस पर देय ब्याज के भुगतान के लिए राज्य शासन की गारंटी देने का निर्णय लिया गया.
• * नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत मध्यप्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग में एक अध्यक्ष, एक उपाध्यक्ष और छह सदस्यों के मनोनयन के संबंध में गत माह जारी आदेश का अनुसमर्थन किया.
* पर्यटन विभाग के अंतर्गत आयुक्त पर्यटन के अस्थायी पद को केन्द्रीय वित्त आयोग की अवार्ड अवधि तक निरंतर रखे जाने की स्वीकृति प्रदान की. यह अवधि 31 मार्च 2020 तक रहेगी.
* उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल के छह छात्रावासों के लिए तीन पुरूष और तीन महिला छात्रावास अधीक्षक के पद स्वीकृत करने का निर्णय लिया. इन पदों का वित्तीय भार विश्वविद्यालय द्वारा ही वहन किया जाएगा.
* अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना को अगले तीन वित्त वर्ष निरंतर संचालित करने की मंजूरी प्रदान की. इसके लिए 30 करोड़ रुपए की राशि के प्रावधान को भी अनुमोदित किया गया. अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के ही अंतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए आवास सहायता योजना के संचालन को भी अगले तीन वर्ष के लिए स्वीकृति प्रदान की गई. 

नर्मदा परिक्रमा पर दिग्विजयसिंह का अनुभव

रविवार, 29 अक्टूबर 2017

50 लाख युवाओं को जोड़ेगा बजरंग दल

बजरंग दल के तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में युवाओं को दल से जोड़ने का फैसला लिया गया. बजरंग दल ने 50 लाख युवाओं को दल से जोड़ने का लक्ष्य तय किया है. इसके लिए बकायदा अभियान चलाया जाएगा. साथ ही राष्ट्रीय मुद्दों पर प्रस्ताव भी पारित किए गए, जिनमें आंतरिक सुरक्षा और राममंदिर निर्माण भी शामिल हैं.
बजरंग दल के तीन दिवसीय राष्टÑीय अधिवेशन के अंतिम दिन आज देश की आतंरिक सुरक्षा पर प्रस्ताव पारित कर ऐसे लोगों पर कठोर कार्यवाही की मांग की, जो देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा बन रहे हैं. इसके अलावा अयोध्या में राममंदिर निर्माण और गौ रक्षा को लेकर भी प्रस्ताव पारित किए गए. ये प्रस्ताव बजरंग दल और विहिप का प्रतिनिधि मंडल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सौंपेगा. राजधानी में आज अधिवेशन के अंतिम दिन दो सत्र हुए. पहले सत्र में राष्टÑवाद और सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर बल दिया गया, वहीं दूसरे सत्र में राममंदिर, गौ रक्षा समेत देश की आंतरिक सुरक्षा पर प्रस्ताव पारित किए गए. सम्मेलन में देशभर से आए कार्यकर्ताओं के सुझावों पर अगली कार्ययोजना तैयार की जाएगी. अधिवेशन में तय किया गया कि केरल में आरएसएस और राष्टÑवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमले को लेकर पूरे देश में शांतिपूर्वक प्रदर्शन आयोजित कर इन घटनाओं का विरोध प्रदर्शन कर लोगों को वहां की सरकार की हिंदूओं के खिलाफ अपनाई जा रही दमनकारी नीतियों के बारे में बताया जाएगा. 
समापन सत्र को विश्व हिन्दू परिषद के प्रवीण भाई तोगड़िया ने संबोधित किया. उन्होंने बजरंग दल से आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में युवाओं को जोड़ा जाए. राष्ट्रीय अधिवेशन में यह फैसला लिया गया कि देशभर में बजरंग दल 50 लाख युवाओं को जोड़ेगा.इसके लिए देशभर में भर्ती अभियान चलाया जाएगा.विस्तार के लिहाज से बजरंग दल द्वारा 19 नवंबर से 5 दिसंबर तक युवाओं के बीच एक बड़ा अभियान चलाने का फैसला किया गया है.  युवाओं से कहा जाएगा कि वे संगठन से जुड़कर देश की संस्कृति व धर्म को आगे बढ़ाएं और राष्ट्रवाद को सर्वोपरि रखें. विहिप के अंतर्राष्ट्रीय पदाधिकारी चंपत राय ने  कहा कि इस दौरान युवाओं को बताया जाएगा कि एक समय था जब दुनिया भारत को अपना गुरू मानती थी. भारत ने कभी किसी पर न तो हमला किया न जमीन हड़पने की कोशिश की. हमेशा अपने आचरण से श्रेष्ठ बनने का प्रयास किया. इसे आगे बढ़ाना है.


निकाली शोभा यात्रा
राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन के अवसर पर राजधानी में आज रविवार को नादरा बस स्टेंड से छोला मैदान तक शोभायात्रा निकाली गई. यहां पर अधिवेशन में शामिल होने आए युवाओं एवं पदाधिकारियों के साथ खुला मंच आयोजित कर पदाधिकारियों ने चर्चा की. शोभायात्रा में बजरंग दल कार्यकर्ता अपनी वेशभूषा में शामिल हुए. कार्यकर्ताओं द्वारा अनुशासन में रहकर शोभायात्रा निकाली गई.
अपने मुद्दों से पीछे नहीं हटेगा बजरंग दल
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, गोरक्षा व रोहिंग्या समेत आंतरिक सुरक्षा के मामले में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल अपने एजेंडे से पीछे हटने वाले नहीं हैं.  विश्व हिन्दू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल के भोपाल में चल रहे राष्ट्रीय अधिवेशन में इन तीनों मुद्दों पर विस्तृत चर्चा के बाद प्रस्ताव पारित होना है, जिसमें केंद्र सरकार की भूमिका को लेकर भी टिप्पणी हो सकती है. अधिवेशन में यह संकेत देने की कोशिश भी होगी कि अपने हिंदूवादी एजेंडे के लिए बजरंग दल और विहिप किसी बेकाबू सत्ता के सामने नहीं झुकेंगे.

जल्द कराना होगा राम मंदिर का भव्य निर्माण
अधिवेशन में बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक मनोज वर्मा ने अधिवेशन में कई प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि अयोध्या की राम जन्म भूमि पर राम मंदिर का भव्य निर्माण जल्द कराना होगा. अब समय आ गया है कि अयोध्या में राम मंदिर को भव्यता के साथ विस्तार दिया जाए. राष्ट्रीय संयोजक मनोज वर्मा ने कहा कि आज भारत के सामने आंतरिक राष्ट्रीय सुरक्षा का खतरा पैदा हो गया है. भारत में रोहिंग्या मुसलमानों की घुसपैठ भारत के लिए ठीक नहीं है. उन्होंने कहा कि सरकार को कड़े कदम उठाते हुए रोहिंग्या मुसलमानों को भारत से बाहर कर देना चाहिए. भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए रोहिंग्या मुसलमान एक खतरा बन सकते हैं. इसलिए सरकार को जल्द ही इस पर निर्णय लेना चाहिए. उन्होंने आव्हान किया की संपूर्ण हिंदुओं को गौ रक्षा के लिए एक होना होगा. तभी पूरे भारतवर्ष में गौ हत्या को रोका जा सकेगा.

किसान विरोधी है शिवराज सरकार

आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश की शिवराज सरकार किसान विरोधी है. उन्होंने कहा कि भावांतर योजना ने किसान को और अधिक परेशानी में डाल दिया है. इस योजना का उद्देश्य जमाखोरों एवं सूदखोरों को बढ़ावा देना है.
अग्रवाल ने यह आरोप आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए लगाए. उन्होंने कहा कि भावांतर योजना गैर कानूनी है. इस योजना के तहत किसानों को मंडियों में जाकर अपनी फसल बेचने को कहा गया है और सरकार के अनुसार न्यूनतम समर्थन मूल्य से नीचे खरीदी गयी कीमत का भुगतान राज्य के सरकार करेगी, लेकिन न्यूनतम समर्थन मूल्य से नीचे खरीदी ही गैर कानूनी है. उन्होंने कहा कि मंडी अधिनियम 1972 की धारा 36(ग) के अनुसार मंडल प्रांगण में विक्रय के लिए लायी गई अधिसूचित कृषि उपज की कीमत बोली या खुले नीलाम पद्धति द्वारा तय की जाएगी. तय हुए मूल्य में किसी भी कारण से कोई कटौती नहीं की जाएगी, परंतु मंडी प्रांगण में ऐसी कृषि उपज की, जिसके लिए राज्य सरकार द्वारा समर्थन कीमत घोषित की गई है, कीमत उस कीमत से कम निर्धारित नहीं की जाएगी, जो इस प्रकार घोषित की गई है और मंडी प्रांगण में कोई भी इस प्रकार नियत की गई कीमत से कम पर प्रारंभ नहीं होने दी जाएगी. अत: स्पष्ट है कि मंडी में कोई भी खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य के नीचे हो ही नहीं सकती, जबकि सभी मंडियों में जमाखोरों द्वारा खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य के बहुत नीचे होने दी जा रही है. यह खरीदी पूरी तरह गैर कानूनी है.
न्यूनतम को अधिकतम समर्थन मूल्य बनाया
अग्रवाल ने बताया कि न्यनूतम समर्थन मूल्य की अवधारणा यह रही है कि मंडी में किसान की फसल की खरीदी इस मूल्य या इससे अधिक होगी, परन्तु भावान्तर योजना के बाद व्यापारी किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य से बहुत कम दाम पर खरीद रहा है और अब किसान को यदि कोई भावांतर मिलता है तो वह इसके लिए अधिकतम मूल्य होगा, इस प्रकार मुख्यमंत्री ने न्यूनतम समर्थन मूल्य को अधिकतम समर्थन मूल्य बना दिया, जिससे लाखों किसानों को बड़ा नुकसान होगा.
किसानों को न करें प्रताड़ित
आलोक अग्रवाल ने कहा कि सरकार को किसानों को प्रताड़ित करने के बजाय उन्हें उनकी फसल का उचित मूल्य दिलाना चाहिए. किसानों के कर्ज माफ किए जाने चाहिए. न्यूनतम समर्थन मूल्य स्वामीनाथन समिति की रिपोर्ट के अनुसार लागत का डेढ़ गुना रखा जाए और सम्पूर्ण खरीदी सरकार द्वारा इस न्यूनतम मूल्य या इससे ऊपर की जाए. उन्होंने कहा कि आगामी 5 नवंबर को अरविंद केजरीवाल की उपस्थिति में होने वाली शंखनाद रैली में किसानों की लूट के खिलाफ शंखनाद किया जाएगा


मूंदी, जिला खण्डवा

शुक्रवार, 27 अक्टूबर 2017

कहीं भी नहीं खुलने देंगे कत्लखाने


विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के तीन दिवसीय अधिवेशन में शामिल होने के लिए आए अंतरराष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेंद्र जैन ने कहा कि भारत के अंदर कहीं भी नए कत्लखाने नहीं खुलने देंगे. साथ ही उन्होंने कहा कि आदमपुर में भी स्लॉटर हाउस नहीं खुलने दिया जाएगा.
जैन ने कहा कि भोपाल के आदमपुर छावनी में बनने वाले कत्लखाने का विरोध विश्व हिंदू परिषद ने करना शुरू कर दिया है. और आदमपुर छावनी में चाहे वैध हो या अवैध किसी भी तरह का कत्लखाना नहीं खुलने दिया जाएगा. भले ही इसके लिए बजरंग दल को र्इंट से र्इंट  क्यों ना बजानी पड़े. उन्होंने कहा कि जिस जगह पर कत्लखाने बनाए जाते हैं, वहां पर टीवी, जेवरों की चोरी नहीं होती, बल्कि मवेशियों की चोरी होती है, जिन्हें चोरी कर कत्लखानों में अवैध रूप से काटा जाता है. उन्होंने कहा कि वो सरकार से अपील करेंगे कि जितने में भी यांत्रिक कत्लखाने हैं उन्हें बंद किया जाए. साथ ही उन्होंने गायों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि वो गायों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं और गायों की सुरक्षा के लिए जो भी करना पड़ेगा वो करेंगे. उन्होंने कहा कि सरकारें अपना दायित्व ठीक तरीके से नहीं निभा रही हैं. इसीलिए जनता को सड़कों पर उतरना पड़ता है. 
शुरु हुआ बजंरग दल का राष्ट्रीय अधिवेशन
 राजधानी के रायसेन रोड स्थित एक निजी कालेज में बजरंग दल का राष्टÑीय अधिवेशन आज से शुरू हो हो गया. राजधानी में 17 साल बाद शुरु हुए इस राष्टÑीय अधिवेशन में देशभर के साढ़े तीन हजार लोग हिस्सा ले रहे हैं. अधिवेशन की  औपचारिक शुरूआत विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्टÑीय संगठन महामंत्री दिनेश चंद ने की.  सम्मेलन में बजरंग दल के राष्टÑीय संयोजक मनोज वर्मा, विहिप के अध्यक्ष राघव रेड्डी, महामंत्री चंपत राय, क्षेत्र मंत्री राजेश तिवारी समेत देशभर के पदाधिकारी शामिल हुए हैं. अधिवेशन में देश की आंतरिक सुरक्षा, बांग्लादेशी घुसपैठ, धर्मान्तरण, गौ-रक्षा, एकल विद्यालय सहित अन्य मुद्दों पर प्रसव पारित किए जाएंगे. अधिवेशन में अयोध्या में राम मंदिर बनाने को लेकर भी प्रस्ताव पारित किया जा सकता है. अधिवेशन में देश के हर राज्य से कम से कम छह प्रतिनिधियों को बुलाया गया है. इसके अलावा जिला एवं विभाग से 3-3 प्रतिनिधियों को भी अधिवेशन में बुलाया गया है. बजरंग दल का राष्टÑीय अधिवेशन हर तीन साल में होता है. तीन साल पहले यह हरिद्वार में हुआ था.
 तोगड़िया, ऋतंभरा की सभा 29 को
अधिवेशन के अंतिम दिन छोला दशहरा मैदान पर धर्मसभा का आयोजन किया गया है. इसे विहिप के अंतर्राष्टÑीय कार्याध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया संबोधित करेंगे. तोगड़िया के अलावा साध्वी ऋतंभरा भी सभा को संबोधित करेंगी. धर्मसभा के पहले बसस्टेंड से एक शोभा यात्रा भी निकाली जाएगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए दशहरा मैदान पहुंचेगी. 

कांग्रेस ने कहा चुनाव जीतने भाजपा अपना सकती है हथकंडे

भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा अजयसिंह के परिजनों के शासनकाल में दस्युपथ पर बढ़ा चित्रकूट 

सतना जिले की चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव को जीतने के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने पूरा जोर लगा दिया है. रोजाना ही दोनों पार्टियों के नेताओं द्वारा एक-दूसरे पर आरोप लगाने का दौर भी शुरु हो गया है. 
कांग्रेस के प्रवक्ता के.के. मिश्रा ने कहा है कि अबकी बार चुनाव में जनता भाजपा के सारे हथकंडों को राख कर देगी. कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के लिए भाजपा चुनाव जैसे पवित्र काम को भी कलंकित करने से नहीं चूकती. भाजपा चुनाव जीतने के लिए हर हथकंडा अपना रही है. मिश्रा ने कहा कि जनता सब कुछ समझ चुकी है और इस चुनाव के महायज्ञ में जनता भाजपा के सारे हथकंडों को हमेशा-हमेशा के लिए राख में तब्दील कर देगी.
वहीं भाजपा के  प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और उनके परिवार के शासनकाल में चित्रकूट क्षेत्र दस्यु पथ पर अग्रसर हुआ या रामपथ पर यह चित्रकूट की जनता भलीभांति जानती है. उन्होंने कहा कि चित्रकूट क्षेत्र वर्षो तक दस्युओं के गिरफ्त और आतंक का पनाहगार बना रहा, जिसका मुख्य कारण तत्कालीन कांग्रेस सरकार की नीतियां रही है. शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में इस क्षेत्र में अनेक दस्यु सरगना पैदा हुए जिन्होंने इस क्षेत्र को भय और आतंक का गढ बनाया, जबकि भाजपा के कार्यकाल मे डकैत मारे गये और चित्रकूट क्षेत्र भय मुक्त बना. जबकि  भाजपा प्रवक्ता डा. दीपक विजयवर्गीय का कहना है कि चित्रकूट में हम जनता के बीच हैं और भाजपा की ही जीत होगी, क्योंकि भाजपा विकास के दम पर चुनाव लड़ रही है.
12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में
चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव में मुकाबला कांग्रेस, भाजपा सहित 12 उम्मीदवारों के बीच होगा. कांग्रेस के नीलांशु चतुवेर्दी और भाजपा के शंकरदयाल त्रिपाठी सहित प्रत्याशियों को को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए हैं. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन अधिकारी ने निर्दलीय अभ्यर्थियों में महेश साहू को डायमंड, अवध बिहारी मिश्रा को आटो रिक्शा, दिनेश कुशवाहा को डीजल पंप, देवमन सिंह को टेबल, प्रभात कुमारी को छड़ी, महेन्द्र मिश्रा को ट्रैक्टर चलाता किसान, मो. रजा हुसैन को अलमारी, राधा को एयर कंडीशनर, रितेश त्रिपाठी को सिलाई मशीन और शिववरण को चारपाई चुनाव चि- दिए गए हैं. यह पूरी प्रक्रिया आयोग के पर्यवेक्षक अश्विनी कुमार की मौजूदगी में हुई. 

बुधवार, 25 अक्टूबर 2017

मुख्यमंत्री के सड़कों के गुणगान पर हमलावर हुई कांग्रेस

घिरते नजर आ रहे शिवराजसिंह चौहान, बचाव में उतरे मंत्री
मध्यप्रदेश के मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने अमेरिका में प्रदेश की सड़कों का गुणगान कर सड़कों को अमेरिका से बेहतर बताया. उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में भू-चाल सा आ गया. कांग्रेस हमलावर हो गई और मुख्यमंत्री घिरते नजर आ रहे हैं. वहीं सत्ता पक्ष की ओर से मंत्री विश्वास सारंग मुख्यमंत्री के बचाव में मैदान में उतरे हैं.
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान इन दिनों अमेरिका यात्रा पर हैं. उन्होंने अपनी इस यात्रा के दौरान अमेरिका में उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की सड़कें अमेरिका से बेहतर हैं. यूएस-इंडिया स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप फोरम में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा मैं जब वाशिंगटन के एयरपोर्ट से बाहर निकला तो मैंने देखा मध्यप्रदेश की सड़कें अमेरिका से कहीं बेहतर हैं. मुख्यमंत्री चौहान एक हफ्ते के अमेरिकी दौरे पर हैं. 
मुख्यमंत्री के इस बयान के पूर्व कुछ माह पहले प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री रामपालसिंह खुद इस बात को स्वीकार कर चुके हैं कि अब भी कुछ सड़कें खराब है. उन्होंने बदहाल सड़कों को लेकर कहा था कि कुछ सड़कें इसलिए खराब रखी हैं ताकि लोगों को कांगे्रस काल की याद आती रहे. इसे लेकर मंत्री भी घिरे थे. कांग्रेस प्रदेश की बदहाल सड़कों को लेकर प्रदर्शन भी कर चुकी है. वहीं भाजपा के ही विधायक भी बदहाल सड़कों का मुद्दा उठा चुके हैं. इस स्थिति में अमेरिका दौरे पर गए मुख्यमंत्री के सड़कों पर आए बयान ने राजनीति गर्मा दी है. कांगे्रस एक बार फिर हमलावर हो गई है. वहीं कांग्रेस के हमले को रोकने के लिए सहकारिता राज्यमंत्री विश्वास सारंग को मैदान में उतरना पड़ा. उन्हें यह स्पष्ट करना पड़ा कि मुख्यमंत्री  ने विकसित और विकासशील राज्य की तुलना करते हुए यह बात कही है.
कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री पर किए हमले
मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अरूण यादव ने कहा है कि मामा  पहले जमीन पर तो उतरिए फिर पता चलेगा कि मध्यप्रदेश की सड़के बेहतर है या फिर वाशिंगटन की. यादव ने ट्वीट किया है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह वाशिंगटन में प्रदेश की सड़कों की तारीफ करते हैं, मगर यह देखिये मुख्यमंत्री के स्वयं के  गृह विधानसभा बुधनी की सड़कों की हालत बद्तर है. वहीं कांग्रेस सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ ने ट्वीट करके कहा है कि सीएम शिवराज सिंह चौहान अमेरिका जाकर भी झूठ बोलना नहीं छोड़ रहे हैं.  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अमेरिका जाकर भी प्रदेश वासियों से झूठ बोलना नहीं छोड़ रहे हैं.
कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि शिवराज सिंह सच का सामना कीजिए और आंखे खोलिए. कोई इनकी आंखों से पट्टी उतारे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह आंखे खोलिये और सच का सामना कीजिये. ये है हकीकत. जबकि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजयसिंंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंंह चौहान ने दो दिन में दो झूठ बोले हैं. पहला यह कि प्रदेश के किसानों 50 हजार रुपए तक का नगद भुगतान होगा. दूसरा झूठ यह है कि प्रदेश की सड़कें अमेरिका से अच्छी हैं.