शुक्रवार, 27 अक्टूबर 2017

कांग्रेस ने कहा चुनाव जीतने भाजपा अपना सकती है हथकंडे

भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा अजयसिंह के परिजनों के शासनकाल में दस्युपथ पर बढ़ा चित्रकूट 

सतना जिले की चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव को जीतने के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने पूरा जोर लगा दिया है. रोजाना ही दोनों पार्टियों के नेताओं द्वारा एक-दूसरे पर आरोप लगाने का दौर भी शुरु हो गया है. 
कांग्रेस के प्रवक्ता के.के. मिश्रा ने कहा है कि अबकी बार चुनाव में जनता भाजपा के सारे हथकंडों को राख कर देगी. कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के लिए भाजपा चुनाव जैसे पवित्र काम को भी कलंकित करने से नहीं चूकती. भाजपा चुनाव जीतने के लिए हर हथकंडा अपना रही है. मिश्रा ने कहा कि जनता सब कुछ समझ चुकी है और इस चुनाव के महायज्ञ में जनता भाजपा के सारे हथकंडों को हमेशा-हमेशा के लिए राख में तब्दील कर देगी.
वहीं भाजपा के  प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और उनके परिवार के शासनकाल में चित्रकूट क्षेत्र दस्यु पथ पर अग्रसर हुआ या रामपथ पर यह चित्रकूट की जनता भलीभांति जानती है. उन्होंने कहा कि चित्रकूट क्षेत्र वर्षो तक दस्युओं के गिरफ्त और आतंक का पनाहगार बना रहा, जिसका मुख्य कारण तत्कालीन कांग्रेस सरकार की नीतियां रही है. शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में इस क्षेत्र में अनेक दस्यु सरगना पैदा हुए जिन्होंने इस क्षेत्र को भय और आतंक का गढ बनाया, जबकि भाजपा के कार्यकाल मे डकैत मारे गये और चित्रकूट क्षेत्र भय मुक्त बना. जबकि  भाजपा प्रवक्ता डा. दीपक विजयवर्गीय का कहना है कि चित्रकूट में हम जनता के बीच हैं और भाजपा की ही जीत होगी, क्योंकि भाजपा विकास के दम पर चुनाव लड़ रही है.
12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में
चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव में मुकाबला कांग्रेस, भाजपा सहित 12 उम्मीदवारों के बीच होगा. कांग्रेस के नीलांशु चतुवेर्दी और भाजपा के शंकरदयाल त्रिपाठी सहित प्रत्याशियों को को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए हैं. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन अधिकारी ने निर्दलीय अभ्यर्थियों में महेश साहू को डायमंड, अवध बिहारी मिश्रा को आटो रिक्शा, दिनेश कुशवाहा को डीजल पंप, देवमन सिंह को टेबल, प्रभात कुमारी को छड़ी, महेन्द्र मिश्रा को ट्रैक्टर चलाता किसान, मो. रजा हुसैन को अलमारी, राधा को एयर कंडीशनर, रितेश त्रिपाठी को सिलाई मशीन और शिववरण को चारपाई चुनाव चि- दिए गए हैं. यह पूरी प्रक्रिया आयोग के पर्यवेक्षक अश्विनी कुमार की मौजूदगी में हुई. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें