बजरंग दल के तीन दिवसीय राष्टÑीय अधिवेशन के अंतिम दिन आज देश की आतंरिक सुरक्षा पर प्रस्ताव पारित कर ऐसे लोगों पर कठोर कार्यवाही की मांग की, जो देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा बन रहे हैं. इसके अलावा अयोध्या में राममंदिर निर्माण और गौ रक्षा को लेकर भी प्रस्ताव पारित किए गए. ये प्रस्ताव बजरंग दल और विहिप का प्रतिनिधि मंडल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सौंपेगा. राजधानी में आज अधिवेशन के अंतिम दिन दो सत्र हुए. पहले सत्र में राष्टÑवाद और सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर बल दिया गया, वहीं दूसरे सत्र में राममंदिर, गौ रक्षा समेत देश की आंतरिक सुरक्षा पर प्रस्ताव पारित किए गए. सम्मेलन में देशभर से आए कार्यकर्ताओं के सुझावों पर अगली कार्ययोजना तैयार की जाएगी. अधिवेशन में तय किया गया कि केरल में आरएसएस और राष्टÑवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमले को लेकर पूरे देश में शांतिपूर्वक प्रदर्शन आयोजित कर इन घटनाओं का विरोध प्रदर्शन कर लोगों को वहां की सरकार की हिंदूओं के खिलाफ अपनाई जा रही दमनकारी नीतियों के बारे में बताया जाएगा.
समापन सत्र को विश्व हिन्दू परिषद के प्रवीण भाई तोगड़िया ने संबोधित किया. उन्होंने बजरंग दल से आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में युवाओं को जोड़ा जाए. राष्ट्रीय अधिवेशन में यह फैसला लिया गया कि देशभर में बजरंग दल 50 लाख युवाओं को जोड़ेगा.इसके लिए देशभर में भर्ती अभियान चलाया जाएगा.विस्तार के लिहाज से बजरंग दल द्वारा 19 नवंबर से 5 दिसंबर तक युवाओं के बीच एक बड़ा अभियान चलाने का फैसला किया गया है. युवाओं से कहा जाएगा कि वे संगठन से जुड़कर देश की संस्कृति व धर्म को आगे बढ़ाएं और राष्ट्रवाद को सर्वोपरि रखें. विहिप के अंतर्राष्ट्रीय पदाधिकारी चंपत राय ने कहा कि इस दौरान युवाओं को बताया जाएगा कि एक समय था जब दुनिया भारत को अपना गुरू मानती थी. भारत ने कभी किसी पर न तो हमला किया न जमीन हड़पने की कोशिश की. हमेशा अपने आचरण से श्रेष्ठ बनने का प्रयास किया. इसे आगे बढ़ाना है.
राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन के अवसर पर राजधानी में आज रविवार को नादरा बस स्टेंड से छोला मैदान तक शोभायात्रा निकाली गई. यहां पर अधिवेशन में शामिल होने आए युवाओं एवं पदाधिकारियों के साथ खुला मंच आयोजित कर पदाधिकारियों ने चर्चा की. शोभायात्रा में बजरंग दल कार्यकर्ता अपनी वेशभूषा में शामिल हुए. कार्यकर्ताओं द्वारा अनुशासन में रहकर शोभायात्रा निकाली गई.
अपने मुद्दों से पीछे नहीं हटेगा बजरंग दल
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, गोरक्षा व रोहिंग्या समेत आंतरिक सुरक्षा के मामले में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल अपने एजेंडे से पीछे हटने वाले नहीं हैं. विश्व हिन्दू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल के भोपाल में चल रहे राष्ट्रीय अधिवेशन में इन तीनों मुद्दों पर विस्तृत चर्चा के बाद प्रस्ताव पारित होना है, जिसमें केंद्र सरकार की भूमिका को लेकर भी टिप्पणी हो सकती है. अधिवेशन में यह संकेत देने की कोशिश भी होगी कि अपने हिंदूवादी एजेंडे के लिए बजरंग दल और विहिप किसी बेकाबू सत्ता के सामने नहीं झुकेंगे.
जल्द कराना होगा राम मंदिर का भव्य निर्माण
अधिवेशन में बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक मनोज वर्मा ने अधिवेशन में कई प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि अयोध्या की राम जन्म भूमि पर राम मंदिर का भव्य निर्माण जल्द कराना होगा. अब समय आ गया है कि अयोध्या में राम मंदिर को भव्यता के साथ विस्तार दिया जाए. राष्ट्रीय संयोजक मनोज वर्मा ने कहा कि आज भारत के सामने आंतरिक राष्ट्रीय सुरक्षा का खतरा पैदा हो गया है. भारत में रोहिंग्या मुसलमानों की घुसपैठ भारत के लिए ठीक नहीं है. उन्होंने कहा कि सरकार को कड़े कदम उठाते हुए रोहिंग्या मुसलमानों को भारत से बाहर कर देना चाहिए. भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए रोहिंग्या मुसलमान एक खतरा बन सकते हैं. इसलिए सरकार को जल्द ही इस पर निर्णय लेना चाहिए. उन्होंने आव्हान किया की संपूर्ण हिंदुओं को गौ रक्षा के लिए एक होना होगा. तभी पूरे भारतवर्ष में गौ हत्या को रोका जा सकेगा.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें