भोपाल।प्रदेश भाजपा की कोर कमिटी में बड़े फेरबदल की तैयारी चल रही है। पार्टी अब कोर कमिटी के गठन के लिए नई व्यवस्था लागू करने की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत सदस्यों का चयन राज्य नेतृत्व की पसंद के बजाय उनके संगठनात्मक और संवैधानिक पदों के आधार पर किया जाएगा। पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा को कोर कमिटी से बाहर किए जाने के बाद अब पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया की सदस्यता पर भी संशय है। पार्टी उन्हें भी कमिटी से बाहर कर सकती है।
दरअसल, भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व कोर कमिटी के गठन के लिए कुछ निर्धारित मानक तैयार करने की योजना बना रहा है। इन मानकों को केवल मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि सभी राज्यों में लागू किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत कोर कमिटी में उन्हीं नेताओं को जगह मिलेगी, जो निर्धारित पदों और संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर होंगे। यानी अब कमिटी में शामिल करने का फैसला प्रदेश नेतृत्व की व्यक्तिगत पसंद के आधार पर नहीं होगा। नई व्यवस्था लागू होने के बाद इन पदों पर होने वाले बदलावों के अनुरूप कमिटी की सदस्यता भी तय होगी। ऐसे में आगामी पुनर्गठन में कुछ वरिष्ठ नेताओं की विदाई और नए पदाधिकारियों की एंट्री देखने को मिल सकती है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर पुराने पद से होगी विदाई
भाजपा ने हाल ही में अरविंद भदौरिया को आंध्र प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया है। ऐसे में उन्हें मध्यप्रदेश की कोर कमिटी से बाहर किया जा सकता है। इसी तरह संगठन में दूसरी जिम्मेदारियां मिलने के बाद भी कोर कमिटी में बने हुए नेताओं को हटाने की तैयारी है। पार्टी ने महेंद्र सिंह की जगह दूसरे नेता को प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, अजय जामवाल को संगठनात्मक महासचिव बनाकर महाराष्ट्र भेजा गया है। माना जा रहा है कि नई व्यवस्था लागू होने पर इन बदलावों का असर भी कोर कमिटी की सदस्यता पर दिखाई देगा।
दिसंबर या जनवरी में हो सकता है बदलाव
राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा का शीर्ष नेतृत्व पहले कोर कमिटी के गठन के लिए मानक और पात्रता के नियम तय करेगा। इसके बाद मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में नई व्यवस्था के अनुसार कमिटियों का पुनर्गठन किया जाएगा। प्रदेश में दिसंबर या जनवरी तक यह प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है। नई व्यवस्था के तहत कुछ पुराने सदस्यों की जगह नए चेहरों को भी मौका मिल सकता है।
वर्तमान कोर कमिटी में ये नेता शामिल
प्रदेश भाजपा की मौजूदा कोर कमिटी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह और संपतिया उइके, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य तथा प्रदेश महासचिव लता वानखेड़े शामिल हैं। इसके अलावा राज्य इकाई के प्रभारी, सह-संगठन महामंत्री और प्रदेश संगठन महामंत्री भी कोर कमिटी के सदस्य होते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें