बुधवार, 22 जनवरी 2020

सत्ता के नशे में चूर है मंत्री: शिवराज



मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राज्य के मंत्री सत्ता के नशे में चूर है. मंत्री जीतू पटवारी और पी.सी. शर्मा तो मंत्री पद के लायक नहीं है.
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बात आज राजधानी भोपाल में मीडिया से चर्चा करते हुए कही.  पूर्व मुख्यमंत्री ने देवास और हरदा में घटित घटनाओं को लेकर कहा कि मंत्री जीतू पटवारी और पीसी शर्मा  मंत्री पद पर रहने के काबिल नहीं है. गाड़ी बंगला अधिकार मिले हैं तो इसका मतलब यह नहीं कि किसी को डांटने और अपमानित करने का अधिकार मिला हैं.  उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मंत्रियों को गाड़ी, बंगले अधिकार मिले हैं तो क्या ये किसी को डांटने और अपमानित करने के लिए हैं. ये सब जनता और प्रदेश के विकास के लिए मिले हैं, लेकिन सारे सुख मिलने के बाद कांग्रेस के मंत्री सत्ता के नशे में इतने चूर हो गए हैं कि कुछ दिखाई नहीं देता. कांग्रेस का साधारण कार्यकर्ता जिला योजना समिति की बैठक में शामिल होता है.  वहीं  विपक्ष के विधायक, सांसद से कहा जाता है कि उनके कार्यकर्ताओं के बाद बैठ जाओ. बैठक में भाजपा सांसद और विधायक सवाल उठाते हैं तो डांट दिया जाता है. आखिर बैठक नियम प्रक्रियाओं के अंतर्गत चलेगी या नहीं चलेगी.
उल्लेखनीय है कि देवास में जिला योजना समिति की बैठक में जीतू पटवारी का क्षेत्रीय सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी के साथ विवाद हुआ था, जिसके बाद जीतू पाटवरी ने महेंद्र सिंह सोलंकी को बैठक से बाहर निकालने की धमकी दी थी. वहीं दूसरी घटना हरदा की है. जहां पर मंत्री पीसी शर्मा ने एक कार्यकर्ता को डांटकर वहां से भगा दिया था. 
मुझे क्या करना है यह कमलनाथ तय करेंगे 
शिवराज के बयान के बाद उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने कहा कि मुझे क्या करना है और किस ऊंचाई तक पहुंचना है, ये मुख्यमंत्री कमलनाथ तय करेंगे, लेकिन में इतना कह सकता हूं कि हमारी सरकार व्यापमं जैसा कोई काम नहीं करेंगे. किसानों पर भी कभी गोली हमारी सरकार नहीं चलवाएगी. 

भाजपा 24 को करेगी घेराव, दिए जाएंगे ज्ञापन


भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर पूरे प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ आंदोलन करने जा रही है. 24 जनवरी को यह आंदोलन होगा.  यह आंदोलन माफियाओं के बहाने भाजपा नेताओं पर की जा रही कार्रवाई के विरोध में किया जा रहा है, लेकिन अब इसमें कांग्रेस सरकार के इशारे पर काम करने वाले अधिकारी भी टारगेट पर रहेंगे.
भाजपा नेताओं को इसके लिस संगठन निर्देश देकर जिलों में आंदोलन करने को कहा है. संगठन  से मिले निर्देश के बाद आंदोलन की तैयारी की जा रही है.जिस तरह से प्रदेश की कांग्रेस सरकार माफियाओं के नाम पर भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर उनका दमन कर रही है, इसके खिलाफ यह आंदोलन पूरे प्रदेश में एक साथ किया जाएगा.
भाजपा द्वारा 24 जनवरी को कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन दिया जाएगा, इसमें मांग की जाएगी कि सरकार असली माफियाओं को निशाना बनाए और इसमें किसी प्रकार का भेदभाव न कर कांग्रेस के माफियाओं पर भी निशाना साधे. इसके साथ ही जो अधिकारी बिना नियमों के सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं उनको भी चेतावनी दी जाएगी. विगत दिनों राजगढ़-ब्यावरा में जिस तरह से कलेक्टर और प्रशासन के अधिकारियों ने भाजपा नेताओं के साथ मारपीट की, वह कानूनन गलत है. ऐसे अधिकारियों को भी चेतावनी दी जाएगी कि वे सरकार के इशारे पर काम नहीं करें, वरना जनता उनके खिलाफ भी आंदोलन करेगी.

मंगलवार, 21 जनवरी 2020

शुरु हुई पंचायत चुनाव की प्रक्रिया, आरक्षण 27 से


मध्यप्रदेश में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया शुरु होग गई है. पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने वार्ड और पदों के आरक्षण की तारीख तय कर दी है. तय तारीख के अनुसार 27 जनवरी को पंचायतों के वार्ड और सरपंच पद का आरक्षण होगा, जबकि 30 जनवरी को जनपद और जिला पंचायत के लिए अध्यक्ष पद का आरक्षण होगा.
काफी जद्दोजहद के बाद प्रदेश में आखिरकार पंचायत चुनाव की प्रक्रिया शुरु हो गई. पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने वार्ड और पदों के आरक्षण के लिए तारीख तय कर दी है. इसके अनुसार 27 जनवरी को पंचायतों के वार्ड और सरपंच पद का आरक्षण होगा. 30 जनवरी को जनपद और जिला पंचायत चुनाव के लिए जनपद पंचायत अध्यक्ष पद का आरक्षण भी किया जाएगा.  जिला पंचायत अध्यक्ष के आरक्षण की कार्रवाई राज्य स्तर पर होगी. इसका कार्यक्रम भी अलग से घोषित किया जाएगा. 3 फरवरी तक कलेक्टर को आरक्षण प्रक्रिया पूरी करके रिपोर्ट आयुक्त पंचायत राज के कार्यालय और राज्य निर्वाचन आयोग को भेजनी होगी. प्रमाणित प्रतिलिपि विशेष वाहक से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं. इसके अलावा गैर अनुसूचित क्षेत्र के सरपंच और जनपद पंचायत के अध्यक्ष चक्रानुक्रम से विभिन्न वर्गों के लिए लाटरी निकाल कर आरक्षित किए जाएंगे.
अनुसूचित क्षेत्र की सभी पंचायत के सरपंच और जनपद पंचायत के अध्यक्ष पद अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित किए जाएंगे, अनुसूचित जाति-जनजाति के लिए वार्ड आरक्षण आबादी के हिसाब से ही तय किया जाएगा. वहीं अन्य पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के लिए पद चक्रानुक्रम से लॉटरी निकाल कर आरक्षित किए जाएंगे, लाटरी से आरक्षण तय करने के 5 दिन पहले सूचना भी प्रकाशित करनी होगी ताकि सभी लोग इसमें अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित कर सकें, इसके अलावा आधे स्थान महिलाओं के लिए आरक्षित रखे जाएंगे .

मां और भाई को फंसाने के लिए लिखा था सांसद को पत्र

डा. सैय्यद अब्दुल रहमान 


मध्यप्रदेश के भोपाल की भाजपा की सांसद प्रज्ञा सिंह को धमकी भरा पत्र लिखकर, केमिकल भेजने वाला डा. सैय्यद अब्दुल रहमान को एटीएस ने रिमांड पर लिया है. एटीएस से पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने परिजनों मां और भाई को फंसाना चाहता था, इसलिए उसने यह पत्र लिखा था. 
भोपाल की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को धमकी भरा पत्र भेजने वाले आरोपी डा. सैय्यद अब्दुल रहमान को एटीएस महाराष्ट्र के नांदेड से गिरफ्तार कर राजधानी भोपाल लाई. एटीएस ने उसे अदालत में पेश किया और 7 दिन के लिए रिमांड पर लिया है. रहमान पूछताछ में एटीएस को असहयोग कर रहा है, यह बात भी सामने आई है. अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एटीएस राजेश कुमार गुप्ता ने बताया अभी तक की पूछताछ में यह बात सामने आयी है कि आरोपी सैयद अब्दुल रहमान का अपने भाई हफीजर्उरहमान एवं मां नासेहा बेगम के साथ सम्पत्ति और शादी की वजह से विवाद चल रहा था. अनबन होने से अब्दुल रहमान के खिलाफ उसके भाई ने वर्ष 2014 में नांदेड में हत्या के प्रयास संबंधी रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें आरोपी को 18 दिन जेल में भी रहना पड़ा था. इन सभी बातों से परेशान होकर आरोपी अब्दुल रहमान ने अपने भाई हफीजर्उरहमान, मां नासेहा बेगम तथा इन सभी का साथ देने वाले निकट संबंधियों व पड़ौसियों से बदला लेने की नीयत से कूट रचित दस्तावेज तैयार किए और इन सभी को फसाने का कुचक्र रचा.  
 गुप्ता ने बताया कि जांच में पता चला है कि आरोपी अब्दुल रहमान ने वर्ष 2019 में एक पत्र अंसार उल मुसलमीन नामक संगठन के नाम से अपने भाई के कालेज  के चांसलर को भेजा था, जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. उसके द्वारा नांदेड के पुलिस अधीक्षक व डीएसपी को भी पत्र भेजे गए थे, मगर इन पत्रों को भी संज्ञान में नहीं लिया गया अर्थात इन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद आरोपी अब्दुल रहमान ने इंटरनेट पर खोजबीन कर अक्तूबर 2019 में कश्मीर के भाजपा नेता, साध्वी प्राची एवं भोपाल की सांसद प्रज्ञा ठाकुर को पत्र भेजे.
गुप्ता ने बताया अब्दुल रहमान द्वारा सांसद प्रज्ञा ठाकुर को भेजे गए लिफाफे में उर्दू भाषा का एक पत्र, अपने भाई हफीजर्उरहमान की मार्कशीट व अन्य दस्तावेज एवं मां नासेहा बेगम का वोटर आईडी कार्ड रखे थे. इन सभी दस्तावेजों को आरोपी अब्दुल रहमान द्वारा कूटरचित कर भेजा गया था, ताकि भाई और मां को फंसाया जा सके. लिफाफे में आरोपी द्वारा अपने निकट संबंधियों एवं परिवार का साथ देने वाले पड़ौसियों के नाम और फोटो भी भेजे गए थे. उसने कुछ फोटो इंटरनेट से एवं कुछ फोटो व्हाटसएप डीपी से प्राप्त किए थे. पत्र के साथ अगरबत्ती के पैकेट के अंदर वाले पालीथीन के पाउच में एक पाउडर जैसा रासायनिक पदार्थ भी भेजा था, जिसे आरोपी ने पटाखों की दुकान पर मिलने वाले बच्चों के छोटे पटाखों के अंदर वाली बारूद होना बताया. पत्र के अंदर प्राप्त मटेरियल को जांच के लिए एफएसएल भेजा गया है.
उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले साध्वी प्रज्ञा के भोपाल स्थित आवास पर उर्दू में लिखा एक धमकी भरा खत मिला था. यह खत साध्वी को पिछले साल अक्तूबर में ही भेजा गया था, लेकिन उन्होंने इसे 13 जनवरी को देखा था. इस प्रकरण की प्रारंभिक जांच भोपाल पुलिस ने की थी लेकिन बाद में यह पूरा मामला एटीएस के सुपुर्द कर दिया गया था.

देह व्यापार का खुलासा, विदेशी युवतियां सहित 6 गिरफ्तार


राजधानी की पाश कालोनी में चल रहे देह व्यापार का पुलिस ने खुलासा किा है. पुलिस ने 2 युवक और  4 युवतियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए युवकों और युवतियों से पुलिस पूछताछ कर रही है. पकड़े गए आरोपियों में एक बैंक का असिटेंट मैनेजर भी बताया जा रहा है.
क्राइम ब्रांच ने बीती देर रात को राजधानी की इंद्रा विहार कालोनी में एक देह व्यापार के अड्डे पर छापा मारा. पुलिस ने मौके पर 2 युवकों और 4 युवतियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार की गई युवतियां में से 2 उज्वेकिस्तान और 1 युवती नेपाल की रहने वाली बताई जा रही है.  इन तीनों युवतियों के पासपोर्ट क्राइम ब्रांच ने जब्त कर लिए है और एंबेसी को इसकी जानकारी दे दी है. बताया जाता है कि पकड़े गए आरोपियों में एसबीआई बैंक का असिटेंट मैंनेजर भी शामिल है. 
क्राइम ब्रांच के अनुसार एस हुसैन नामक युवक इस देह व्यापार गिरोह का संचालन कर रहा है. प्रारंभिक पूछताछ में क्राइम ब्रांच को मिली जानकारी के अनुसार गिरोह का संचालक शहर के कई बड़े लोगों के लिए लड़कियां उपलब्ध  कराया करता है. इसके लिए उसने इंद्रा विहार कालोनी में किराए का मकान ले रखा था. हुसैन इस काम के लिए 10 से 20 हजार रुपए तक लोगों से वसूलता था. क्राइम ब्रांच के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ के दौरान पता चला कि सेक्स रैकेट संचालक के कनेक्शन कई देशों से है और वह ग्राहकों की डिमांड के हिसाब से युवतियों को विदेश से बुलाता है. 
टूरिस्ट वीजा पर आती थी युवतियां
क्राइम ब्रांच को पूछताछ में विदेशी युवतियों ने बताया कि वे 15-15 दिन के टूरिस्ट वीजा पर भारत आती थी. भारत आने के बाद उन्हें मोबाइल पर बताया जाता था कि उन्हें किस शहर में और कहां पर जाना है. इसके बाद वे दिल्ली के अलावा मुंबई, बैंगलुरु, रांची और गोवा के अलावा भारत के कई बड़े शहरों में भेजा जाता था.  पकड़ी गई ये तीनों विदेशी कालगर्ल दिल्ली से भोपाल आर्इं थीं.


भाजपा ने अधिकारियों के खिलाफ खोला मोर्चा, मंत्री उतरे समर्थन में

भाजपा नेता आज जाएंगे एफआईआर दर्ज कराने 

मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में नागरिकता संशोधन कानून की समर्थन रैली के बीच प्रदर्शनकारियों और प्रशासन की झड़प के मामले को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हो गए हैं. भाजपा वरिष्ठ नेता कल 22 जनवरी को कलेक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने राजगढ़ जाएगी. वहीं कांग्रेस ने भी भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन करना शुरु कर दिया है. इसके अलावा मंत्रियों ने भी भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल कर अधिकारियों की कार्रवाई को अपना समर्थन दिया है.
राजगढ़ में तिरंगा यात्रा के दौरान  भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद भाजपा सरकार पर आक्रामक हो गई है. भाजपा की ओर से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना की निंदा करने हुए साफ कहा कि वे कल 22 जनवरी को राजगढ़ जाकर कलेक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि राजगढ़ की घटना ने सिद्ध किया है कि मध्यप्रदेश में अराजकता अब बर्दाश्त के बाहर हो गई है. मैं स्वयं, मेरे साथ पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय व नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव 22 जनवरी को कलेक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने राजगढ़ जाएंगे.
उल्लेखनीय है कि आपको बता दे कि, नागरिकता संशोधन कानून को लेकर देशभर में भाजपा द्वारा नागरिकता कानून के समर्थन में जनजागरूकता अभियान और रैलियां निकाली जा रही हैं. इसके चलते मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में  नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में  रैली निकली जा रही थी, इसके दौरान प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प का मामला सामने आया है, जिसमें रैली को काबू करने के दौरान कलेक्टर निधि निवेदिता ने भाजपा नेता को चांटा मारा.   
अगर कार्रवाई नहीं की तो प्रदेश को होगा बड़ा नुकसान
नागरिकता संशोधन विधेयक  के समर्थन में हो रहे प्रदर्शन के दौरान राजगढ़ में हुए घटनाक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने घायल भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. घायलों का इलाज भोपाल के निजी अस्पताल में चल रहा है. मुलाकात के बाद पटेल ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला. उन्होंने  चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो मध्यप्रदेश को बड़ा नुकसान होगा. उन्होंने कहा कि कलेक्टर शांतिपूर्वक तरीका निकाल सकती थीं, लेकिन उन्होंने पिटाई का रास्ता निकाला, इसे देश ही नहीं पूरी दुनिया देख रही है. पटेल ने मामले में केंद्र के दखल को लेकर कहा कि पूरी घटना का फैसला मध्यप्रदेश में ही होगा. मध्यप्रदेश में भाजपा मजबूत है और अनुशासन सिखाने की कोई जरूरत नहीं है. वहीं दिग्विजय सिंह के बयान पर मंत्री पटेल ने कहा कि वे कुछ  भी कहते हैं, उन्हें इसका जवाब मिलेगा, उन्हें भी अतीत को पलट कर देखना पड़ेगा.
हम साथ हैं अधिकारियों  के : शर्मा 
जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि मैं कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टर को बधाई देता हूं. प्रदेश में इस तरह के दबंग अधिकारी होने चाहिए, जो गुंड़े बदमाशों को सही से ट्रीट कर सकें. प्रदर्शन के दौरान महिला अधिकारियों के साथ छेड़छाड़ निंदनीय है. उन्होंने आरोप लगाया कि  प्रदर्शन का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक युवक इन महिला अधिकारियों के साथ गाली-गलौज कर रहा है. अशोभनीय व्यवहार किया गया. वहीं डिप्टी कलेक्टर प्रीति वर्मा को लेकर मंत्री ने कहा कि वो पहले डीएसपी रह चुकी हैं, उन्हें यह पता है कि गुंडे-बदमाशों को कैसे डील किया जाता है. जो लोग महिला अधिकारियों की चोटी पकड़ रहे हैं, वह कितने दबंग होंगे.  उन्होंने कहा कि आजकल गुंडे-बदमाश भाजपा में शामिल हो गए हैं. संघ की संस्कृति और व्यवहार में है. हम दोनों अधिकारियों के साथ खड़े हैं.
प्रशासनिक दृष्टि से गलत हुआ : पटवारी
उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने म्पत्रकारों से चर्चा करते हुए राजगढ़ के मुद्दे पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि  22 जनवरी को राजगढ़ में होने वाले भाजपा के प्रदर्शन पर मंत्री जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा महिला अधिकारियों के साथ जैसा व्यवहार किया गया वो निंदनीय है. प्रशासनिक दृष्टि से देखा जाए तो जो हुआ वो गलत है. महिला अधिकारियों के बाल खींचे गए वो पूरी तरह से गलत है भाजपा कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों के साथ बदसुलूकी की थी.
 महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
राजगढ़ घटना को लेकर भाजपा के खिलाफ कांग्रेस ने भी मोर्चा खोल रखा है. राजधानी में आज महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माता मंदिर चौराहे पर प्रदर्शन किया और भाजपा नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों के अलावा कार्यकर्ता शामिल हुए. भोपाल जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष संतोष कंसाना ने कहा कि भाजपा नेताओं ने महिला अधिकारियों के साथ अभद्रता की है. भाजपा नेताओं द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जो दुर्व्यवहार किया गया, उसने भाजपा का असली चेहरा सामने ला दिया है.
हार, सम्मान पत्र व माफीनामा भी ले जाएं
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने बताया कि राजगढ़ जिÞले में नागरिकता संशोधन  कानून के समर्थन में बगैर अनुमति, कानून का उल्लंघन कर निकाली गई भाजपा की रैली में भाजपा नेताओं- कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हिंसक प्रदर्शन, महिला अधिकारियों के अपमान के मामले में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ,नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव  और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय 22 जनवरी को राजगढ़ जा रहे है तो साथ में अधिकारियों के लिए हार, सम्मान पत्र व माफी नामा भी साथ ले जाएं. 

सोमवार, 20 जनवरी 2020

महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर होगा सुंदरकांड का पाठ


मध्यप्रदेश के जनसंपर्क मंत्री पी.सी. शर्मा ने किसानों की ऋणमाफी प्रक्रिया और मिंटो हाल में प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी दी.शर्मा ने बताया कि महात्मा गांधी की पुण्य तिथि के अवसर पर राजधानी में सुंदरकांड और हनुमान चालिसा की प्रस्तुति की जाएगी.
शर्मा ने आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चरणों में लगभग एक लाख रूपए तक ऋणमाफी हो चुकी है.  उन्होंने कहा कि  बाकि बचे एक लाख के लिए आगामी 30 जनवरी के बाद से अभियान शुरू किया जाएगा जिसमें सभी किसानों के राशि समय पर दी जाएगी. साथ ही आगामी प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश के मिंटो हॉल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर 30 जनवरी को सुंदरकांड और हनुमान चालिसा की प्रस्तुति ज्ञाता मेहता द्वारा दी जाएगी. शर्मा ने कहा कि इस आसय के निर्देश मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दिए है.