भाजपा नेता आज जाएंगे एफआईआर दर्ज कराने मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में नागरिकता संशोधन कानून की समर्थन रैली के बीच प्रदर्शनकारियों और प्रशासन की झड़प के मामले को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हो गए हैं. भाजपा वरिष्ठ नेता कल 22 जनवरी को कलेक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने राजगढ़ जाएगी. वहीं कांग्रेस ने भी भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन करना शुरु कर दिया है. इसके अलावा मंत्रियों ने भी भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल कर अधिकारियों की कार्रवाई को अपना समर्थन दिया है.
राजगढ़ में तिरंगा यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद भाजपा सरकार पर आक्रामक हो गई है. भाजपा की ओर से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना की निंदा करने हुए साफ कहा कि वे कल 22 जनवरी को राजगढ़ जाकर कलेक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि राजगढ़ की घटना ने सिद्ध किया है कि मध्यप्रदेश में अराजकता अब बर्दाश्त के बाहर हो गई है. मैं स्वयं, मेरे साथ पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय व नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव 22 जनवरी को कलेक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने राजगढ़ जाएंगे.
उल्लेखनीय है कि आपको बता दे कि, नागरिकता संशोधन कानून को लेकर देशभर में भाजपा द्वारा नागरिकता कानून के समर्थन में जनजागरूकता अभियान और रैलियां निकाली जा रही हैं. इसके चलते मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में रैली निकली जा रही थी, इसके दौरान प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प का मामला सामने आया है, जिसमें रैली को काबू करने के दौरान कलेक्टर निधि निवेदिता ने भाजपा नेता को चांटा मारा.
अगर कार्रवाई नहीं की तो प्रदेश को होगा बड़ा नुकसान
नागरिकता संशोधन विधेयक के समर्थन में हो रहे प्रदर्शन के दौरान राजगढ़ में हुए घटनाक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने घायल भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. घायलों का इलाज भोपाल के निजी अस्पताल में चल रहा है. मुलाकात के बाद पटेल ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो मध्यप्रदेश को बड़ा नुकसान होगा. उन्होंने कहा कि कलेक्टर शांतिपूर्वक तरीका निकाल सकती थीं, लेकिन उन्होंने पिटाई का रास्ता निकाला, इसे देश ही नहीं पूरी दुनिया देख रही है. पटेल ने मामले में केंद्र के दखल को लेकर कहा कि पूरी घटना का फैसला मध्यप्रदेश में ही होगा. मध्यप्रदेश में भाजपा मजबूत है और अनुशासन सिखाने की कोई जरूरत नहीं है. वहीं दिग्विजय सिंह के बयान पर मंत्री पटेल ने कहा कि वे कुछ भी कहते हैं, उन्हें इसका जवाब मिलेगा, उन्हें भी अतीत को पलट कर देखना पड़ेगा.
हम साथ हैं अधिकारियों के : शर्मा
जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि मैं कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टर को बधाई देता हूं. प्रदेश में इस तरह के दबंग अधिकारी होने चाहिए, जो गुंड़े बदमाशों को सही से ट्रीट कर सकें. प्रदर्शन के दौरान महिला अधिकारियों के साथ छेड़छाड़ निंदनीय है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक युवक इन महिला अधिकारियों के साथ गाली-गलौज कर रहा है. अशोभनीय व्यवहार किया गया. वहीं डिप्टी कलेक्टर प्रीति वर्मा को लेकर मंत्री ने कहा कि वो पहले डीएसपी रह चुकी हैं, उन्हें यह पता है कि गुंडे-बदमाशों को कैसे डील किया जाता है. जो लोग महिला अधिकारियों की चोटी पकड़ रहे हैं, वह कितने दबंग होंगे. उन्होंने कहा कि आजकल गुंडे-बदमाश भाजपा में शामिल हो गए हैं. संघ की संस्कृति और व्यवहार में है. हम दोनों अधिकारियों के साथ खड़े हैं.
प्रशासनिक दृष्टि से गलत हुआ : पटवारी
उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने म्पत्रकारों से चर्चा करते हुए राजगढ़ के मुद्दे पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को राजगढ़ में होने वाले भाजपा के प्रदर्शन पर मंत्री जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा महिला अधिकारियों के साथ जैसा व्यवहार किया गया वो निंदनीय है. प्रशासनिक दृष्टि से देखा जाए तो जो हुआ वो गलत है. महिला अधिकारियों के बाल खींचे गए वो पूरी तरह से गलत है भाजपा कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों के साथ बदसुलूकी की थी.
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
राजगढ़ घटना को लेकर भाजपा के खिलाफ कांग्रेस ने भी मोर्चा खोल रखा है. राजधानी में आज महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माता मंदिर चौराहे पर प्रदर्शन किया और भाजपा नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों के अलावा कार्यकर्ता शामिल हुए. भोपाल जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष संतोष कंसाना ने कहा कि भाजपा नेताओं ने महिला अधिकारियों के साथ अभद्रता की है. भाजपा नेताओं द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जो दुर्व्यवहार किया गया, उसने भाजपा का असली चेहरा सामने ला दिया है.
हार, सम्मान पत्र व माफीनामा भी ले जाएं
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने बताया कि राजगढ़ जिÞले में नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में बगैर अनुमति, कानून का उल्लंघन कर निकाली गई भाजपा की रैली में भाजपा नेताओं- कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हिंसक प्रदर्शन, महिला अधिकारियों के अपमान के मामले में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ,नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय 22 जनवरी को राजगढ़ जा रहे है तो साथ में अधिकारियों के लिए हार, सम्मान पत्र व माफी नामा भी साथ ले जाएं.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें