गुरुवार, 28 जुलाई 2011

झा कराएंगे कार्यकाल की समीक्षा

प्रदेश भाजपा की सिंगरौली में होने जा रही दो दिवसीय कार्यसमिति की बैठक में इस बार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वयं अपने कार्यकाल की समीक्षा सदस्यों से कराएंगे. इसके अलावा राजनेताओं की जनता में घटती विश्वसनीयता पर भी बैठक में गंभीरता से विचार किया जाएगा.
प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की सिंगरौली में ३० जुलाई से शुरू होने वाली दो दिवसीय बैठक एक बार फिर चर्चा में आ गई है. इस बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष प्रभात झा ने इस बात के संकेत दिए हैं कि वे अपने एक वर्ष दो माह और बाइस दिन के कार्यकाल की समीक्षा समिति के सदस्यों से कराएंगे. श्री झा ऐसा कराकर इस बात का संकेत देना चाहते हैं कि स्वयं के कार्यकाल में संगठन की स्थिति मजबूत हुई है या कमजोर रही है. श्री झा के इस कदम से पार्टी पदाधिकारियों को छोड सत्ता में बैठे लोगों की चिंता बढ गई है. विशेषकर मंत्रियों को इस बात की चिंता सताने लगी है कि कहीं बैठक में उनके रिपोर्ट कार्ड का मामला नहीं उठ जाए. मंत्रियों के रिपोर्ट कार्ड को लेकर भोपाल में हुए विधायकों के प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रदेश प्रभारी अनंत कुमार और स्वयं भाजपा अध्यक्ष यह कह चुके थे कि रिपोर्ट कार्ड के आधार पर जो मंत्री का कार्य अच्छा होगा वहीं सरकार में बना रहेगा. इस मामले को लेकर इस कार्यसमिति में फिर सवाल उठ सकते हैं.रतलाम, उज्जैन की कार्यसमिति के बाद भोपाल में हुए विधायकों के प्रशिक्षण वर्ग में भी जिस तरह से मंत्रियों पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी बोले थे उससे मंत्रियों में चिंता बढना स्वाभाविक है. रतलाम बैठक के बाद तो अनूप मिश्रा को मंत्री पद से इस्तीफा देना पडा था. इसके बाद भोपाल में अनंत कुमार द्वारा मंत्रियों को लेकर दिए बयान ने पार्टी में हडकंप मचा दिया था.
कार्यसमिति की बैठक में पार्टी अगले तीन माह की रणनीति बनाने के अलावा अन्य मुद्दों पर भी चर्चा होगी, जिसमें विधायकों द्वारा की गई नौकरशाहों की शिकायतों पर भी गंभीरता से विचार किया जाएगा. बैठक में इस मामले को लेकर मिशन २०१३ की रणनीति के तहत नौकरशाहों पर कसावट करने की बात मुख्यमंत्री से कही जाएगी. इसके अलावा इस बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव भी लाए जाएंगे. कृषि पर केन्द्रित प्रस्ताव महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इसके अलावा महिलाओं और अल्पसंख्यकों को लेकर पार्टी की आगे की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा. इन मुद्दों के अलावा दो दिवसीय इस बैठक में खुले सत्र के दौरान राजनेताओं की जनता के बीच खो रही विश्वसनीयता पर चिंतन किया जाएगा. इस मुद्दे पर पदाधिकारी आगामी विधानसभा की तैयारी के लिए जनप्रतिनिधियों को जनता बीच पहुंचकर सत्ता और संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी देने की बात भी कहेंगे. कार्यसमिति की बैठक के पहले कल २९ जुलाई को पदाधिकारियों की बैठक होगी, जिसमें स्वयं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान भी शामिल होंगे.
अनंत पर संशय
रतलाम, उज्जैन कार्य समिति की बैठक के बाद भोपाल में हुए विधायकों के प्रशिक्षण वर्ग में जनप्रतिनिधियों विशेषकर मंत्रियों पर नाराजगी जताकर हीरो बने रहे मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रभारी अनंत कुमार के सिंगरौली कार्यसमिति की बैठक में पहुंचने पर संशय जताया जा रहा है. श्री कुमार को बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है, परन्तु उनके गृह राज्य में मचे बवाल के चलते फिलहाल यह माना जा रहा है कि वे नहीं आएंगे. वैसे इसकी पुष्टि हुई नहीं है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें