राज्य के सहकारिता मंत्री गौरीशंकर बिसेन ने शासकीय कार्यक्रम के दौरान पटवारी की शिकायत मिली तो उससे उठक-बैठक लगाकर लोगों के बीच दंड दिया. इस मामले को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी आदिवासी के साथ मंत्री के इस व्यवहार को लेकर विरोध की रणनीति बना रही है.वहीं इस मामले में मंत्री श्री बिसेन का कहना है कि पटवारी के साथ दुर्भावनावश नहीं, बल्कि परिस्थितिवश यह कदम उठाया था. अगर उसे बुरा लगा होगा तो मैं स्वयं चर्चा कर लूंगा. इस मामले को कांग्रेस राजनीतिक मुद्दा बना रही है. वहीं कलेक्टर भी इस मामले में मिले हुए हैं.
बयानों और अधिकारियों-कर्मचारियों को धौंस देने को लेकर चर्चा में रहने वाले सहाकारिता मंत्री गौरीशंकर बिसेन इस बार पटवारी को शिकायत मिलने पर उठक-बैठक लगवाकर चर्चा में आ गए हैं. हुआ यह कि बीते दो दिनों से बालाघाट-सिवनी-छिंदवाडा प्रवास पर गए मंत्री ने सिवनी जिले की केवलारी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम छींदा चौकी में शासकीय स्कूल के उद्घोषणा समारोह में शामिल होने पहुंचे थे. इस समारोह में लोगों ने मंत्री से पटवारी देवेन्द्र मसर्कोले को लेकर शिकायत की. इस पर मंत्री ने तुरंत ही पटवारी को समारोह स्थल पर ही बुलवाया और सबके सामने उठक-बैठक लगवाकर शिकायतकर्ताओं को प्रसन्न कर दिया. इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे, मगर वे यह सब कुछ देखकर शांत रहे. इस समारोह में राज्य के स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री नानाभाऊ मोहोड और विधानसभा के उपाध्यक्ष हरवंशसिंह भी उपस्थित थे.
कार्यक्रम के बाद जब आदिवासियों को इस घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने मंत्री पर नाराजगी जताई. गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की सिवनी जिला इकाई के प्रवक्ता विवेक डेहरिया कहा कि पार्टी ने इस मामले को गंभीरता से लिया और इस संबंध में ३ अगस्त को सिवनी में पदाधिकारियों की बैठक बुलाई है. बैठक में मंत्री के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की रणनीति तय की जाएगी.
इस मुद्दे पर मंत्री गौरीशंकर बिसेन का कहना है कि उन्हें जब कार्यक्रम के दौरान आदिवासियों ने पटवारी द्वारा भ्रष्टाचार करने की शिकायत की तो पहले मैंने एसडीएम और तहसीलदार से चर्चा की. इसके बाद पटवारी से यह कहा कि वह क्षमा मांगकर चला जाए. यह सच है कि पटवारी ने कान पकडकर क्षमा मांगी और चला गया. मैंने दुर्भावनावश ऐसा नहीं किया. मेरी मंशा शिकायत लेकर आए लोगों को न्याय दिलाने की थी, न कि किसी समाज को आहत करने की. इस मामले में कांग्रेस राजनीति कर रही है. कांग्रेस के नेताओं को मेरे बढते कद से चिंता हो रही है. उन्होंने कहा कि अफसर विशेषकर कलेक्टर भी इस मामले में तूल दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि मैं स्वयं कल से कलेक्टर से संपर्क करना चाह रहा हूं, मगर वह है कि बात ही नहीं कर रहा है. इसकी मैं शिकायत भी करूंगा.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें