मंगलवार, 26 जुलाई 2011

पृथक गोंडवाना राज्य को लेकर सक्रिय हुई गोंगपा

पृथक गोंडवाना राज्य की मांग को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी एक बार फिर सक्रिय हो गई है. पार्टी ने विदर्भ और महाकौशल में नौ अगस्त को रेल रोको आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है. गोंगपा की मांग है कि पृथक गोंडवाना राज्य बनाकर उसकी राजधानी नागपुर बनाई जाए.
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने पृथक गोंडवाना राज्य की मांग को लेकर महाराष्ट्र के विदर्भ के ९ जिलों और महाकौशल के २४ जिलों में रेल रोको आंदोलन चलाने का निर्णय लिया है. गोंगपा द्वारा इस आंदोलन का निर्णय दिल्ली और नागपुर में हुई दो अलग-अलग बैठकों में लिया गया. इन बैठकों में पार्टी पदाधिकारियों के अलावा गोंडवाना महासभा के धर्माचार्य भी शामिल हुए. बैठक में पृथक गोंडवाना राज्य की मांग को लेकर ९ अगस्त का दिन इसलिए चुना गया क्योंकि आदिवासी लोग इस दिन अंतरराष्ट्रीय आदिवासी दिवस ङङ्गक्रांति दिवस' के रूप में मनाते हैं. इस लिहाज से यह निर्णय लिया गया कि आदिवासियों के हक की लडाई पृथक गोंडवाना राज्य की मांग को लेकर जो आंदोलन चलाया जाए वह इसी दिन से शुरू किया जाए. क्रांति दिवस से शुरू किए जाने वाले इस आंदोलन को आदिवासी समाज का गोंडवाना गणतंत्र पार्टी को अच्छा समर्थन मिलने की उम्मीद है.
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्याम मरकाम ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि नागपुर और दिल्ली में हुई बैठक में रेल रोको आंदोलन की रणनीति तय कर ली गई है. राज्य के महाकौशल के २४ जिलों को मिलाकर पृथक गोंडवाना राज्य की जो मांग की जा रही है, उसके तहत मध्यप्रदेश के महाकौलश और विंध्य अंचल में ९ अगस्त को छह स्थानों पर रेल रोको आंदोलन चलाया जाएगा. इसके तहत जबलपुर संभाग में जबलपुर के आसपास, शहडोल संभाग में शहडोल के आसपास, रीवा संभाग में सीधी, सिंगरौली के लोग निवास रोड पर, बालाघाट, सिवनी जिले के लोग केवलारी के आसपास, छिंदवाडा, बैतूल, होशंगाबाद जिले के लोग बैतूल के आसपास रेल रोको आंदोलन कर रेल रोकेंगे. इसी तरह महाराष्ट्र के विदर्भ के गढचिरौरी, वर्धा, चंदपुर, गोंदिया, अमरावती, नागपुर सहित विदर्भ के सभी नौ जिलों के लोग नागपुर के आसपास रेल रोकेंगे. उन्होंने बताया कि इसके अलावा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा छत्तीसगढ राज्य में ३२ प्रतिशत आरक्षण की मांग और निजी उोगों में नौकरी की मांग को लेकर भी बिलासपुर एवं रायगढ जिले में रेल रोको आंदोलन चलाया जाएगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें