बुधवार, 18 नवंबर 2026

भाजपा चलाएगी सेवा दूत अभियान, रिक्त पदों पर जल्द होंगी नियुक्तियां

 हर विधानसभा में 25 दिन प्रवास करेंगे वरिष्ठ नेता, बूथ स्तर की बनेगी रिपोर्ट


 आगामी चुनावी तैयारियों को धार देने और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश भाजपा ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। पार्टी जल्द ही ‘सेवा दूत अभियान’ शुरू करने जा रही है, जिसके तहत आगामी 1 से 25 अप्रैल तक प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी का एक वरिष्ठ नेता या कार्यकर्ता 25 दिनों के पूर्णकालिक प्रवास पर रहेगा। यह जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बुधवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित मैराथन बैठकों के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए दी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के अनुसार, इस अभियान की खास बात यह होगी कि संबंधित नेता या कार्यकर्ता को उसके गृह जिले के बजाय दूसरे जिले की एक विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। वहां 25 दिनों तक रहकर वे बूथ स्तर के प्रबंधन और स्थानीय संगठन की सक्रियता की जमीनी समीक्षा करेंगे और अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपेंगे।
मैराथन बैठकों में संगठन की नब्ज टटोली
अभियान की रूपरेखा और संगठनात्मक कसावट को लेकर बुधवार को भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठकों का लंबा दौर चला। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी के साथ मिलकर विभिन्न स्तरों पर मैराथन बैठकें कीं। इन बैठकों में पार्टी के पिछले सेवा अभियानों और पदयात्राओं की विस्तृत समीक्षा के साथ-साथ आगामी कार्यक्रमों पर मंथन किया गया।
खाली पदों पर नियुक्तियों की कवायद तेज
प्रदेश कार्यालय में दिनभर चली बैठकों के पहले चरण में प्रदेश पदाधिकारियों और संभाग प्रभारियों के साथ चर्चा हुई। इसके बाद दोपहर 12 बजे दूसरी बैठक में संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी और जिला अध्यक्ष शामिल हुए। दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी के नेतृत्व में संभागवार बैठकें आयोजित की गईं।
रिक्त पदों की मांगी जानकारी
भाजपा नेतृत्व ने संभाग और जिला प्रभारियों से जिलों में रिक्त पड़े पदाधिकारियों के पदों, विभिन्न मोर्चों के खाली जिला अध्यक्ष पदों तथा प्रकोष्ठों के रिक्त संयोजक पदों की सूची मांगी है। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक जिले से चार वरिष्ठ नेताओं के नामों पर भी विचार-विमर्श किया गया, जिन्हें आगामी समय में कोर कमेटी या प्रदेश कार्यसमिति में स्थान दिया जा सकता है। प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि संगठन में शेष नियुक्तियों को अंतिम रूप देते हुए जिलों, मोर्चों और प्रकोष्ठों के सभी खाली पदों को जल्द ही भर दिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें