शुक्रवार, 12 जून 2015
भीतरघात से डरी भाजपा
मध्यप्रदेश के गरोठ विधानसभा क्षेत्र के लिए हो रहे उपचुनाव में भाजपा को एक बार फिर भीतरघात का डर सताने लगा है. भाजपा ने इसके लिए अभी से डेमेज कंट्रोल करना शुरु कर दिया है. टिकट से वंचित दावेदारों को पदों का प्रलोभन देकर शांत करने की कवायद संगठन ने शुरु कर दी है.
गरोठ विधानसभा क्षेत्र में हो रहे उपचुनाव को लेकर नामांकन भरने के बाद से भाजपा संगठन ज्यादा चिंतित नजर आने लगा है. संगठन विशेषकर प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान की यहां पर प्रतिष्ठा दांव पर लग गई है. संघ के देवीलाल धाकड़ का टिकट काटना उनकी चिंता का प्रमुख कारण है. चौहान ने नामांकन भरने के बाद जब वहां पर कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को गुटों में बंटा देखा तो उनकी यह चिंता कुछ ज्यादा ही बढ़Þ गई. भीतरघात ज्यादा न बढ़Þे इसके लिए उन्होंने गुरुवार की रात से ही प्रयास भी शुरु कर दिए. सबसे पहले उन्होंने दिवंगत विधायक राजेश यादव के पुत्र विनीत से चर्चा की और उनकी नाराजगी को दूर करने का प्रयास किया. नाराज विनीत को अध्यक्ष की ओर से यह आश्वासन दिया गया है कि उन्हें भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष बना दिया जाएगा. फिलहाल वे नाराजगी को छोड़कर संगठन के घोषित प्रत्याशी के पक्ष में काम करें. विनीत के अलावा प्रदेश अध्यक्ष ने संघ से जुड़े और टिकट के प्रमुख दावेदार देवीलाल धाकड़ गुट से जुड़े लोगों से भी चर्चा की. हालांकि धाकड़ समर्थकों की नाराजगी को वे पूरी तरह से अब तक तो दूर नहीं कर पाए हैं, मगर उन्होंने धाकड़ को इस बात का संदेश दे दिए हैं कि चुनाव के बाद उन्हें संगठन कोई अच्छा पद देगा. हालांकि धाकड़ इस मामले में अब तक संगठन को इस बात के लिए आस्वस्त नहीं कर पाए हैं कि वे चंदरसिंह सिसोदिया के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे या नहीं. फिलहाल धाकड़ के साथ बड़ी संख्या में गरोठ विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारी और कार्यकर्ता हैं, जो भाजपा संगठन की चिंता बने हुए हैं.
यहां उल्लेखनीय है कि धाकड़ संघ के मंदसौर जिला कार्यवाह थे, जिन्हें संघ ने चुनाव लड़ने के लिए कार्यमुक्त कर दिया था. इसके बाद भी संगठन ने उन्हें टिकट नहीं दिया. इसी तरह से दिवंगत विधायक यादव की पत्नी सीमा यादव का नाम भी चुनाव समिति ने पैनल में रखा था, मगर ऐनवक्त पर प्रदेश अध्यक्ष चौहान ने सिसोदिया पर भरोसा जताया और उनके नाम पर मोहर लगा दी. इसके बाद से धाकड़ के अलावा यादव समर्थक भी नाराज है.
इस मामले में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान का कहना है कि गरोठ में संगठन पूरी एकता और ताकत के साथ चुनाव लड़ेगा और भाजपा प्रत्याशी जीतेगा. उन्होंने कहा कि वहां पर ऐसी कोई स्थिति नहीं है, जो संगठन के लिए चिंता की बात हो. वैसे हर चुनाव के वक्त जिसे टिकट नहीं मिलता है वह नाराज तो होता है, मगर संगठन से दूर नहीं होता. उन्होंने कहा कि अगर कोई नाराज है तो उसकी नाराजगी दूर कर दी जाएगी. अभी तो चुनाव प्रचार की शुरुआत है. सभी लोग मिलकर भाजपा के पक्ष में काम करेंगे. उन्होंने कहा कि भाजपा ने हर चुनाव को गंभीरता से लिया और लड़ा है. गरोठ में भी पूरी गंभीरता के साथ चुनाव लड़ा जाएगा.
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें