शुक्रवार, 9 अगस्त 2024

दिग्विजय सिंह की सलाह, आस्तीन के सांपों से सचेत रहें

अरुण यादव ने किया समर्थन, पटवारी रहे मौन

भोपाल। अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इस बार पार्टी के अंदर आस्तीन के सांप होने वाले बयान को लेकर चर्चा में आए हैं। उनके इस बयान का पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने समर्थन किया है, तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस बयान पर मौन साध लिया है।
दरअसल ग्वालियर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा करते हुए यह बयान दिया। उन्होंने आज नागपंचमी पर्व का उल्लेख किया और कहा कि आज नागपंचमी है, सब लोग नाग की पूजा करो, लेकिन आस्तीन के सांपों से सचेत रहो। सिंह के इस बयान ने प्रदेश कांग्रेस में हलचल मचा दी है। अब नेता अपने आस-पास आस्तीन के सांप तलाश रहे हैं। सिंह के इस बयान को लेकर पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरूण यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की सबसे मजबूत और पुरानी पार्टी है हमारा निष्ठावान कार्यकर्ता आज भी हमारे साथ खड़ा है, जो लालच, फरेब और निजी स्वार्थ के लिए दूसरी पार्टी में गए हैं जो विचार भी कर रहे हैं। हमारी पार्टी में वापसी करने का उनके लिए पार्टी में अब कोई स्थान नहीं है। यादव का इशारा पार्टी छोड़कर भाजपा में गए नेताओं की ओर था। वहीं इस मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मौन साधा हुआ है। उन्होंने किसी तरह का बयान देने से दूरी बनाए रखी है।
उमंग ने भाजपा को बताया जहरीला सांप
कांग्रेस नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा की तुलना जहरीले सांप से कर दी है। सिंघार ने धार में विश्व आदिवासी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि आदिवासियों को डसने के लिए भाजपा जहरीले सांप की तरह हो गई है। हम आदिवासियों का अपमान सहन नहीं करेंगे। सिंघार ने कहा कि जिस प्रकार से विश्व आदिवासी दिवस का विरोध कर रही है आज छुट्टी नहीं रखी है। जब आप हर समाज को छुट्टी दे सकते हो। राखी हो, मोहर्रम हो, चाहे दीवाली हो। जब विश्व में आदिवासी दिवस मनाया जा रहा है तो मध्य प्रदेश सरकार को क्या परेशानी है। उन्होंने छुट्टी नहीं देने को आदिवासी समाज का अपमान बताया है। आदिवासियों का अपमान करेगी हम कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें