भाजपा के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सदस्यता अभियान को चलाने के साथ-साथ इसे हमें चुनौती के रुप में स्वीकार करना है. जो लक्ष्य हमने तय किया है, उसे हर हाल में हमें पूरा करना है.
यह बात आज चौहान ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ 6 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरु किए जा रहे सदस्यता_अभियान को लेकर आयोजित आडियो कांफे्रंसिंग के दौरान कही. उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान को चलाने के साथ-साथ हम इसको एक चुनौती के रूप में स्वीकार करें, जो लक्ष्य हमने तय किया है, बहुत अच्छा है, उसे हर हाल में हमें पूरा करना है. बिना किसी भेदभाव के सभी कार्यकर्ताओं को इससे जोड़ना है. उन्होंने कहा कि कोई न छूटे, सबको सदस्यता के काम में लगाएं.
सदस्यता अभियान के प्रभारी चौहान ने कहा कि हम सब भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं, वो भाजपा जिसने देश का मान, सम्मान, गौरव दुनिया में बढ़ाया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और सरकार के अच्छे कामों को भी हमको भाजपा के संगठन के ढ़ांचे में सदस्यता करके ढ़ालना है, ताकि उसका भी लाभ उठाया जा सके. उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान की प्रतिदिन मानिटरिंग होगी. अगर किसी पोलिंग बूथ या शक्ति केंद्र पर हमारा काम पीछे है, तो इसकी गति को तेज करने की व्यवस्था करें. उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि आपके परिश्रम के परिणामस्वरूप भाजपा सदस्यता का एक नया इतिहास रचेगी.
इस दौरान राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल भी मौजूद थे. आडियो कांफ्रेंस के जरिए सभी राज्यों के सदस्यता प्रभारियों और सह प्रभारियों से बात की. इसके साथ ही राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल और शिवराज सिंह सदस्यता अभियान का फीडबैक लिया.
बिजली गुल हुई, शिवराज ने बोला हमला
भाजपा के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के प्रभारी शिवराज सिंह चौहान आज जब प्रदेश भाजपा कार्यालय में आडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए चर्चा कर रहे थे, तभी बिजली चली गई. इस दौरान उन्होंने सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में प्रदेश की जनता का हाल बेहाल है और चारों तरफ अंधेरा है. शिवराज सिंह चौहान लगातार प्रदेश में हो रही बिजली कटौती को लेकर कांग्रेस पर हमलावर रहे हैं. वे सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक लगातार इस मुद्दे को लेकर सरकार को घेरते नजर आए हैं. आज भी उन्होंने कांफ्रेंस के दौरान जब बिजली गई तो कमलनाथ सरकार पर हमला बोला.
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक दंपत्ति को एक ट्रक चालक ने पहले तो लिफ्ट देकर ट्रक में बैठाया और बाद में पति को बंधक बनाकर अपने साथियों के साथ महिला से गैंगरेप किया. महिला की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है.
राजधानी के खजूरी थाना क्षेत्र में रात करीब 8 बजे यह घटना घटी. पुलिस के अनुसार एक श्रमिक दंपत्ति कोलूखेड़ी से बैरागढ़ जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे, तभी गैस सिलेंडर से भरा ट्रक वहां से गुजरा. ट्रक चालक को हाथ देकर महिला के पति ने रुकवाया और बैठने की बात कही. इस पर चालक मान गया और दंपत्ति को ट्रक में बैठा लिया. कुछ देर जाकर ट्रक चालक ने महिला के साथ छेड़छाड़ शुरु कर दी. इस दौरान पति ने इसका विरोध किया तो चालक के दो साथियों ने पति के साथ मारपीट शुरु कर दी. बाद में उसे ट्रक से नीचे उतार दिया और चलते ट्रक में तीनों ने बारी-बारी से महिला के साथ बलात्कार किया. बाद में सुबह महिला को आरोपियों ने बैरागढ़ में उतार दिया और भाग गए.
महिला के घर पहुंचने के बाद पति के साथ थाने पहुंची और पुलिस को सारी घटना की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने गैंगरेप, बंधक बनाने और मारपीट करने का मामला दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. आरोपियों ेसे पूछताछ की जा रही है.
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी विधायक आकाश विजयवर्गीय के बहाने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कहने के बाद भी उन्हें नहीं लगता कि शाह अपने मित्र कैलाश विजयवर्गीय के बेटे का कोई नुकसान होने देंगे.
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बुधवार को ट्वीट करते हुए कहा-मोदी ने कल मंगलवार को भाजपा संसदीय दल की बैठक में आकाश के इस बयान के खिलाफ नाराजगी प्रकट की और आकाश के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिये. यही नहीं उन भाजपा के कार्यकतार्ओं के खिलाफ भी कार्यवाही करने के निर्देश दिये जिन्होंने जेल से छूटने के बाद उसका स्वागत किया और हर्ष फायरिंग की.
उन्होंने कहा कि अगर ऐसा होता है तो मोदी को बधाई दी जानी चाहिए, लेकिन यदि नहीं होता तो साबित होगा कि प्रधानमंत्री की कथनी और करनी में बहुत अंतर है. उन्होंन कहा कि उन्हें नहीं लगता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष शाह अपने प्रिय मित्र कैलाश विजयवर्गीय के बेटे का कोई नुकसान होने देंगे. सिंह ने आकाश विजयवर्गीय पर भी ट्वीट के जरिए तंज किया. उन्होंने लिखा कि आकाश विजयवर्गीय 'हमें भाजपा में सिखाया जाता है कि पहले आवेदन, फिर निवेदन और फिर दनादन.' क्या इससे स्पष्ट नहीं होता कि भाजपा को ना नियम पर, ना कानून पर, ना संविधान पर विश्वास है?
माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विवि के पूर्व कुलपति ने खर्च किए 1 करोड़ से ज्यादा
नियम विरुद्ध नियुक्ति और आर्थिक अनियमितता मामले में फरार पूर्व कुलपति बी.के. कुठियाला के बारे में नई जानकारी सामने आई. जो बेहद चौकाने वाली है बताया जा रहा है. कुठियाला ने अपने कार्यकाल के दौरान पत्रकारिता के बजाए ऋषियों और संतों पर शोध कराया. इस शोध पर उन्होंने 1 करोड़ रुपए से ज्यादा का खर्च किया है. ईओरडब्ल्यू ने उन्हें फरार घोषित किया है.संभावना इस बात की भी जताई जा रही है कि अगर जल्द कुठियाला की गिरफ्तारी नहीं होती है तो उन पर ईनाम भी घोषित किया जा सकता है.
फर्जी नियुक्ति और आर्थिक अनियमितता मामले में फंसे माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति बृजकिशोर कुठियाला का एक नया कारनामा सामने आया है. कुठियाला ने प्रोफेसर राकेश सिन्हा की सिफारिश पर एक रिसर्च कराई थी, जिसका कुल खर्च एक करोड़ साढेÞ 7 लाख रुपए बताया गया है. जिसमें कई किताबें भी लिखी गई थीं, लेकिन इस रिसर्च और किताबों का कोई भी फायदा यूनिवर्सिटी या छात्रों को नहीं मिला. ईओडब्ल्यू के अधिकारियों का कहना है कि कुठियाला ने खुद के फायदे और रुचि के लिए ये रिसर्च कराए थे.
रिसर्च में पाणिनि, स्वामी विवेकानंद, महर्षि पतंजलि और अरविंदो पर किताबें लिखी गई हैं. इसके अलावा भी कुठियाला ने पाकिस्तान मीडिया स्केन पर भी एक रिसर्च करवाई थी, जिसमें करीब 17 लाख रुपए की राशि यूनिवर्सिटी से दी गई थी. इतना ही नहीं राष्ट्रीय ज्ञान संगम पर 6 लाख, राष्ट्रीय सामाजिक कार्यशाला पर 7 लाख रुपए और हरिद्वार में रवि शंकर के आश्रम में भी एक कार्यशाला आयोजित की गई थी, जिसमें 3 लाख रुपए खर्च किया गया था.
इन कार्यशालाओं का कोई भी लाभ यूनिवर्सिटी को नहीं मिला. इन सभी आर्थिक अनियमितताओं का जिक्र माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी की जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में किया है, जिसे लेकर अब ईओडब्ल्यू बारीकी से पड़ताल कर रही है. ईओडब्ल्यू अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे मामले की जांच बारीकी से की जा रही है क्योंकि जो भी रिसर्च हुई है, वह बृजकिशोर कुठियाला ने केवल अपने फायदे के लिए कराया था.
ईओडब्ल्यू द्वारा कुठियाला की गिरफ्तारी के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, मगर अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. ईओडब्ल्यू ने उन्हें फरार तो बता दिया, मगर अब अगर जल्द ही उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी तो ईओरडब्ल्यू कुठियाला की गिरफ्तारी कि लिए ईनाम भी घोषित करेगा.
प्रदेश संगठन के पदाधिकारी भी थे खफा, चाहते थे कार्रवाई
मध्यप्रदेश के इंदौर में नगर निगम अधिकारी के साथ क्रिकेट के बैट से विधायक आकाश विजयर्गीय द्वारा की गई मारपीट को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नाराज नजर आए. इस पूरे प्रकरण की रिपोर्ट गृह मंत्री अमित शाह ने दो दिन पहले ही प्रदेश संगठन से बुलाई थी. मोदी की नाराजगी और संगठन की रिपोर्ट के बाद अब यह माना जा रहा है कि आकाश पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है. वहीं प्रदेश संगठन के कुछ पदाधिकारी भी इस घटना को लेकर नाराज नजर आ रहे थे.
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयर्गीय के विधायक बेटे आकाश विजवर्गीय द्वारा नगर निगम अधिकारी के साथ की गई क्रिकेट के बल्ले से मारपीट मामले को लेकर आकाश की मुश्किलें अब बढ़ती नजर आ रही है. भाजपा संगठन इस घटना को लेकर नाराज नजर आने लगा हैं. इसके चलते आज दिल्ली में हुई भाजपा संसदीय दल की बैठक में खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस घटना पर अपनी नाराजगी जताई और साफ कहा कि बेटा किसी का भी हो ऐसे लोगों को पार्टी से निकाल देना चाहिए. इतना ही नहीं आकाश की रिहाई पर जश्न मनाने वाले उनके समर्थकों को भी मोदी ने पार्टी से निकालने की बात कही. मोदी के इस कथन के बाद आकाश पर कार्रवाई किए जाने की चर्चा तेज हो गई है.
प्रदेश उपाध्यक्ष पहले ही कार्रवाई करने की कह चुके थे बात
विधायक आकाश द्वारा की गई अधिकारी की पिटाई को लेकर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद भदौरिया रविवार को ही इस बात के संकेत दे चुके थे कि संगठन उन पर कार्रवाई कर सकता है. पार्टी के सदस्यता अभियान को लेकर रविवार को जबलपुर में हुई बैठक के दौरान भदौरिया ने कहा था कि आकाश की नीयत भले ही सही रही हो, मगर जिस तरह से नगर निगम अधिकारी के खिलाफ हिंसक हमला किया गया, वह सही नहीं है.उन्होंने कहा था कि आकाश मामले को लेकर पार्टी फोरम पर बात होगी और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.वहीं विधायक और पूर्व महापौर ने कृष्णा गौर का भी रविवार को ही इसे लेकर बयान आया था कि मेरे महापौर के कार्यकाल में भी कई अवसर ऐसे आए, मगर हमसे जनप्रतिनिधयों ने आकर चर्चा की फिर अधिकारियों के बीच बैठकर हमने मामलों को सुलझाया. उनका कहना था कि महापौर और जनप्रतिनिधियों के अलावा अधिकारियों के साथ ऐसे मामलों में बैठक कर समस्या का समाधान किया जाना चाहिए. अगर ऐसा इंदौर में होता तो शायद यह घटना घटित नहीं होती.
शाह ने बुलाई थी रिपोर्ट
आकाश विजयवर्गीय मामले को राष्ट्रीय संगठन भी पहले ही दिन से गंभीरता से ले रहा था. अमित शाह ने खुद प्रदेश संगठन से इस मामले को लेकर रिपोर्ट बुलाई थी. प्रदेश संगठन की रिपोर्ट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तक पहुंची इसके बाद आज संसदीय दल की बैठक में उनकी नाराजगी दिखाई दी.
नेता पुत्रों द्वारा लगातार की जा रही घटनाओं से चिंतित है संगठन
मध्यप्रदेश में लगातार नेता पुत्रों द्वारा इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है, जिसे लेकर प्रदेश और राष्ट्रीय संगठन चिंतित हुआ है. केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के बेटे प्रबल पटेल, उनके भाई विधायक जालम सिंह पटेल के बेटे मोनू पटेल , विधायक कमल पटेल के बेटे संदीप और फिर कैलाश विजयर्गीय के बेटे द्वारा हाल ही के माहों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया गया, जिससे संगठन नाराज चल रहा था. प्रबल और मोनू पटेल ने अपने साथियों के साथ गोटेगांव में मारपीट की वारदात को अंजाम दिया था. जबकि संदीप पटेल ने लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के एक पदाधिकारी को धमकी दी थी. इसके बाद आकाश विजयवर्गीय ने हाल ही में नगर निगम अधिकारी के क्रिकेट के बल्ले से पिटाई कर दी थी.
मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के गंज बासौदा से भाजपा विधायक लीना जैन को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. धमकी देने वाले ने एक पत्र लिखकर उनके अलावा देश के गृह मंत्री अमित शाह को भी बम से उड़ाने का जिक्र किया है. इसके अलावा गंज बासौदा पुलिस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और जनचिकित्सालय भी उड़ाने की धमकी दी है. विधायक को मिले इस पत्र के बाद पुलिस ने उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है.
दरअसल, सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी भरे पत्र के बाद विधायक लीना के कार्यालय में हंगामा मच गया. लीना जैन के निजी सचिव को यह पत्र प्राप्त हुआ. उन्होंने जब पत्र को खोल कर देखा तो उनके होश उड़ गए. पत्र में विधायक समेत देश के गृह मंत्री को भी बम से उड़ाने की बात लिखी गई है. पत्र हिंदी में लिखा गया है, जिसके बाद विधायक जैन के निज सचिव ने इस मामले की जानकारी पुलिस थाने में दी. उन्होंने लिखा है कि विधायक दौरे पर थी, इसलिए उन्होंंने यह पत्र प्राप्त किया है, जिसमें विधायक और अन्यों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. जिसके बाद उन्होंने पुलिस थाने में इसकी शिकायत को इस मामले की शिकायत की. पुलिस ने विधायक की सुरक्षा बढ़ा दी है. साथ ही बम स्कवाड दस्ते को भी अलर्ट कर दिया है. पुलिस का कहना है कि विधायक के अलावा पूरे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है.
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पसरने लगा सन्नाटा, कार्याकर्ता भी हो रहे परेशान
मध्यप्रदेश कांग्रेस में इन दिनों पदाधिकारियों द्वारा लगातार इस्तीफे दिए जा रहे हैं, मगर इन इस्तीफों से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय अंजान है. इस्तीफे देने वालों ने किसे इस्तीफे सौंपे इसकी जानकारी खुद प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को नहीं है. इस्तीफों के चलते प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सन्नाटा सा पसरा हुआ है.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के बाद शुरु हुआ कांग्रेस पदाधिकारियों में इस्तीफे देने का दौर जारी है, मगर इस्तीफों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय अंजान है. प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बैठे पदाधिकारी खुद इस बात को स्वीकार कर रहे हैं कि प्रदेश में पदाधिकारी इस्तीफा तो दे रहे हैं, मगर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को इसकी जानकारी नहीं है. संभवत: ये पदाधिकारी सीधे तौर पर मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को इस्तीफा सौंप रहे होंगे, अगर उन्हें इस्तीफे सीधे भेजे गए हैं, तो उसकी जानकारी कार्यालय को नहीं है. वहीं कुछ पदाधिकारी ऐसे भी हैं जो इस्तीफा नहीं देकर अपना तर्क इस तरह रख रहे हैं कि जब प्रदेश अध्यक्ष स्वयं इस्तीफा देता है और इस्तीफा स्वीकार हो जाता है तो स्वमेव ही कार्यकारिणी भंग हो जाती है, इस स्थिति में वे पदाधिकारी ही नहीं रहेंगे तो इस्तीफा देने का मतलब भी क्या?
पदाधिकारियों के द्वारा इस्तीफा दिए जाने से अब प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सन्नाटा सा पसरने लगा है. पदाधिकारी कार्यालय नहीं पहुंचते हैं, इस स्थिति में भोपाल के बाहर से आने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता परेशान भी हो रहे हैं. राज्य में कांग्रेस की सरकार होने से इन दिनों वैसे भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आमद बढ़ी थी, मगर अब इन कार्यकर्ताओं के सामने इस बात की परेशानी हो गई कि जब पदाधिकारी इस्तीफा देने के बाद कार्यालय नहीं पहुंच रहे तो इस स्थिति में वे अपनी बात किसे कहें.
निर्दलीय विधायक ने फिर दिखाए तेवर
बुरहानपुर से निर्दलीय विधायक सुरेन्द्र सिंह शेरा ने एक बार फिर तेवर दिखाए हैं. सुरेन्द्र सिंह ने कांग्रेस को अपना समर्थन दिया है. उन्हें यह विश्वास था कि मंत्रिमंडल विस्तार में इस बार उन्हें मौका मिलेगा, इसके चलते वे लगातार मुख्यमंत्री कमलनाथ के संपर्क में भी हैं. मगर इन दिनों कांग्रेस में चले इस्तीफे के दौर ने उनकी चिंता को बढ़ा दिया है. वे फिर सक्रिय हुए हैं और कहने लगे हैं कि राहुल गांधी को जो भी फैसला लेना है वे जल्द लें और प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को हरी झंडी दें. सुरेन्द्र सिंह का कहना है कि उनके अलावा कांग्रेस को समर्थन देने वाले विधायकों को कांग्रेस कब तक मंत्रिमंडल विस्तार का लालीपॉप दिखाएगी. उन्होंने कहा कि बीते छह माह से देख रहे हैं कि सरकार ढ़ीली-ढ़ाली चल रही है. सरकार पर अधिकारी हावी हो रहे हैं.