सोमवार, 3 जून 2013

असंतुष्ट और उपेक्षितों को मनाएगी भाजपा

मनाने का काम शुरु किया मुख्यमंत्री शिवराज ने

भारतीय जनता पार्टी, संगठन में असंतुष्टों एवं उपेक्षितों को मनाने का काम शुरु कर रही है़ इस काम की शुरुआत मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान स्वयं ने कर दी है़ उन्होंने पहले बीते दो चुनावों में पार्टी को विजय दिलाने का काम करने वाले अनिल माधव दबे और फिर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने में अह्म भूमिका निर्वाह करने वाली उमा भारती को उनके घर जाकर मनाने प्रयास किया है़
भारतीय जनता पार्टी द्वारा कराए गए सर्वे में जहां विधायकों एवं मंत्रियों के कारण पार्टी की कमजोर होती स्थिति को देखते हुए संगठन विधायकों पर कसावट कर रहा था, वहीं असंतुष्ट और उपेक्षितों के कारण उनके क्षेत्र में पार्टी को होने वाले नुकसान की भरपाई करने के लिए उन्हें मनाने का जिम्मा भी संगठन ने लिया है़ बताया जाता है कि भाजपा के करीब 30 वरिष्ठ नेता ऐसे हैं जो सरकार या संगठन से उपेक्षित या फिर असंतुष्ट हैं. इन सभी के अपने-अपने कारण भी है़ मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और प्रदेश संगठन महामंत्री अरविंद मेनन के बीच हुई चर्चा के बाद इन असंतुष्टों और उपेक्षित नेताओं को मनाने के लिए संगठन ने नीति तय की़ इसके बाद इस नीति पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने स्वयं ही काम शुरु कर दिया़ उन्होंने इस काम की शुरुआत सबसे पहले 2003 और 2008 के विधानसभा चुनाव में चुनाव प्रबंधन की कमान संभाल चुके अनिल माधव दबे के निवास पर पहुंचकर उन्हें मनाकर की़ दबे, प्रभात झा के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से एक तरह से अपने को उपेक्षित से मान रहे थे़ उन्होंने पार्टी कार्यालय दीनदयाल परिसर ने एक तरह से अपना नाता तोड़ सा लिया था़ इसके बाद जब प्रदेश में नरेन्द्र सिंह तोमर को पुन: अध्यक्ष की कमान मिली तो उन्होंने चुनावी वर्ष को देखते हुए इस काम की शुरुआत की कि पार्टी के उपेक्षित नेताओं को मनाकर संगठित किया जाए़ अनिल माधव दबे को मुख्यमंत्री ने मनाकर उन्हें एक बार फिर इस वर्ष होने वाले चुनाव प्रबंधन की कमान सौंप दी़ इसके बाद उन्होंने रविवार को टीकमगढ़ में अटल ज्योति अभियान के शुभारंभ अवसर पर मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती कार्यक्रम के अध्यक्ष के रुप में उपस्थित कराया़ इसके अलावा वे उनके निवास पर भी पहुंचे और करीब 45 मिनट उनसे चर्चा भी की़ इस चर्चा के कई मायने निकाले जा रहे हैं, मगर यह कहा था रहा है कि लंबे समय से जो बात बार-बार उठ रही थी कि उमा भारती की भाजपा में वापसी के बाद से उन्हें अपने प्रदेश में महत्व नहीं मिल रहा है़ इस बात को मुख्यमंत्री ने विराम देने का प्रयास किया है़
इन दोनों नेताओं के यहां पहुंचकर उन्हें मनाने और चुनावी साल होने के नाते सक्रिय करने की मंशा भी मुख्यमंत्री ने जताई़ इसके अलावा हाल ही में ग्वालियर में तीन दिनों तक पालक-संयोजक सम्मेलन का आयोजन कर मुख्यमंत्री ने ग्वालियर में चल रहे नेताओं के बीच अंतर्विरोध को रोकने का काम किया है़ वहां पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, कप्तानसिंह सोलंकी के अलावा  चिकित्सा शिक्षा मंत्री अनूप मिश्रा और पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष प्रभात झा समर्थकों को एकजुट करने का प्रयास भी उन्होंने किया है़ इसके अलावा अपने ही काबीना के एक मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को यह संदेश भी दे दिया कि भाजपा के बड़े आयोजन केवल इंदौर में ही ठीक ढंग से नहीं हो सकते हैं, ये कार्यक्रम दूसरे शहरों में भी किए जा सकते हैं


भाजपा के प्रचार का माध्यम बनेगा उमा का अभिनंदन

प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उमा भारती का सागर में नागरिक अभिनंदन 12 जून की शाम को किया जाना तय हो गया है़ इस अभिनंदन समारोह के आयोजक उमा समर्थक मुकेश जैन ढाना हैं उन्होंने उमा भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने के बाद उनके नागरिक अभिनंदन करने की बात कही, जिसे उमा भारती ने स्वीकार भी कर लिया़ यह अभिनंदन समारोह कई संदेश देगा़ इस समारोह में जहां मुख्यमंत्री सहित प्रदेश के भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रहेगी, जो भाजपा के लिए बुंदेलखंड की कमजोर सीटों पर ताकत भी देगी़ वहीं उमा के भाजपा में आने के बाद से उन्हें प्रदेश से दूर रहने की विवशता को भी समाप्त करेगी़ उमा समर्थक मुकेश जैन ढाना इस समारोह को सागर जिला भाजपा के साथ करके यह संदेश दिलवाना चाहते हैं कि उमा भारती और भाजपा का नाता जैसे पूर्व था, वैसे ही अब भी है़

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें