गुरुवार, 2 जनवरी 2020

वहीदा रहमान को सम्मान देने मुंबई जाएगी सरकार



मध्यप्रदेश सरकार द्वारा दिए जाने वाला राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान देने के लिए सरकार ने प्रसिद्ध सिने अभिनेत्री वहीदा रहमान को मुंबई जाकर सम्मानित करने का फैसला लिया है. वहीदा रहमान को वर्ष 2018-19 का किशोर कुमार सम्मान दिया गया था, लेकिन सम्मान समारोह में वे अस्वस्थता के कारण खण्डवा नहीं आ सकीं थी.
प्रसिद्ध सिने अभिनेत्री वहीदा रहमान को राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान देने के लिए मध्य प्रदेश सरकार मुंबई जाएगी. अपने जमाने की खूबसूरत अदाकारा वहीदा को वर्ष 2018-19 का किशोर कुमार सम्मान सम्मान दिया जाना है. अस्वस्थता के कारण खंडवा आकर सम्मान लेने में उन्होंने असमर्थता जताई थी, जिसके चलते मंत्री डा. विजयलक्ष्मी साधौ और वरिुष्ठ अफसर मुंबई जाकर उन्हें इस सम्मान से नवाजेंगे.  गायक किशोर कुमार की याद में मध्य प्रदेश का संस्कृति विभाग उत्कृष्टता और सृजन के लिए राष्ट्रीय पुरुस्कार प्रदान करता है.
अब तक इन्हें मिल चुका है किशोर कुुमार सम्मान
मध्यप्रदेश सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 1997 -98 से यह सम्मान दिया जा रहा है. इस सम्मान के तहत अब तक हृषिकेश मुखर्जी 1997-98, नसीरुद्दीन शाह 1998-99, गुलजार 1999-2000, कैफी आजमी 2000-01, बी.आर. चोपड़ा 2001-02,  अमिताभ बच्चन 2002-03,  गोविन्द निहलानी, 2003-04,  जावेद अख़्तर 2004-05, श्याम बेनेगल 2005-06,  शत्रुघ्न सिन्हा 2006-07,  मनोज कुमार 2007-08,  गुलशन बावरा  2008-09,  यश चोपड़ा 2009-10, स्वर्गीय देव आनंद ,मुंबई - अभिनय 2010-11, सलीम खान, मुंबई,  पटकथा लेखन 2011-12, समीर, मुंबई - गीतलेखन 2012-13, सु सई परांजपे, मुंबई  निर्देशन  2013-14, दिलीप कुमार, मुंबई अभिनय 2014-15, प्रियदर्शन फिल्म निर्देशक 2017-18 नवाजे जा चुके हैं. अब सरकार द्वारा वर्ष 2018-19 का यह सम्मान वहीदा रहमान फिल्म अभिनेत्री को देने की घोषणा की थी, जो अब उन्हें सरकार मुंबई जाकर यह पुरस्कार प्रदान करेगी. 

सत्ता के नशे में कुंभकर्णी नींद सो रही सरकार


मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर कमलनाथ सरकार पर जमकर निशाना साधा हैं. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सत्ता के नशे में कुंभकर्णी नींद सो रही है. बेटियों के जीवन और सम्मान पर घनघोर अंधेरा है.
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नये साल के शुरुआत के बाद आज राज्य की कमलनाथ सरकार पर जमकर हमला बोला है. उन्होंने ट्वीट के जरिए घटित घटनाओं की फोटो लगाकर सरकार पर हमले की शुरुआत की है. चौहान ने ट्वीटर पर लिखा है कि सरकार सत्ता के नशे में कुम्भकर्णी नींद सो रही हैं. बेटियों के जीवन और सम्मान पर घनघोर अंधेरा हैं. कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई हैं, ऐसी निकम्मी सरकार मैंने आज तक नहीं देखी.
दूसरे ट्वीट में उन्होंने अतिथि विद्वानों के साथ हो रही अनदेखी को लेकर कमलनाथ सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि अतिथि विद्वानों के साथ सरकार छल कर रही हैं. एक के बाद एक अपना वचन तोड़ रही हैं. अब नौबत यहां तक आ गई है कि अतिथि विद्वानों को अपना विरोध दर्ज कराने के लिए अपने खून के दीप जलाने पड़ रहे हैं. क्या यह सरकार इनके प्राण लेकर ही मानेगी? पूर्व मुख्यमंत्री ने लिखा है कि हमने पोषण आहार बनाने का कार्य स्वसहायता समूहों को सौंपा था लेकिन कांग्रेस सरकार ने यह कार्य एमपी एग्रो को सौंपने का निर्णय लिए जिससे ठेकेदारों को बैकडोर से एंट्री मिलेगी. इससे भ्रष्टाचार को और बढ़ावा मिलेगा. पोषण आहार के काम में ठेकेदारों का प्रवेश नहीं होना चाहिए. 

ओले के साथ हुई बारिश, कोहरे से घिरे कई शहर

कोहरे के चलते रेलों की रफ्तार भी हुई धीमी, फ्लाइट भी हो रही लेट

मध्यप्रदेश के कई जिलों में ओलों के साथ बारिश हुई है, तो कई शहर कोहरे से घिर गए हैं. घने कोहरे का असर रेल और विमान सेवाओं पर भी पड़ा है. ट्रेनें घंटों विलंब से चल रही है, तो फ्लाइट भी लेट हो रही है. मौसम के इस तीखे तेवर से लोग परेशान हो गए तो वहीं किसान अपनी फसल को लेकर फिर चिंतित हुआ है.
मध्यप्रदेश में नए साल में मौसम ने तीखे तेवर दिखाए हैं. साल के पहले दिन बुधवार से कई जिलों में बारिश और ओले गिरने की खबरें है, जिससे फसल को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है. वहीं आज गुरुवार को भी कुछ जिलों में बारिश के साथ ओले गिरे, जिसके चलते ठंड और बढ़ गई है. ग्वालियर-चंबल अंचल के साथ अब राज्य के मालवा अंचल में घने कोहरे और बारिश के साथ ओलावृष्टि की खबरें आ रही हैं. राज्य के सिवनी, बालाघाट के अलावा शहडोल और इंदौर संभाग के जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है, जिससे ठंड तो बढ़ी है साथ ही रेल और विमान यातायात भी प्रभावित हुआ है. राज्य के इंदौर में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिसके चलते मुंबई जाने वाले इंडिगो, दिल्ली जाने वाली एयर इडिंया की फ्लाइटें विलंब से उड़ान भर पाई. इसी तरह  उतर भारत और दिल्ली की ओर से मध्यप्रदेश आने वाली ट्रेनें करीब 8 से 10 घंटे की देरी से चल रही है. इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
राजधानी भोपाल में लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे सर्दी का सितम बढ़ता ही जा रहा है. इसके साथ ही शहर सुबह से ही गहरे कोहरे की चादर में लिपटा रहा. भोपाल में धुंध के कारण विजिबिलिटी काफी कम हो गई है, जिसका असर सड़क और रेल यातायात पर पड़ा है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भोपाल में बारिश होने की संभावना है. वहीं बारिश होने के कारण ठंड और बढ़ सकती है. मौसम विभाग की माने तो आगामी तीन से चार दिनों तक इसी तरह के मौसम के बने रहने की संभावना है.
फसलों को नुकसान की आशंका
ओलावृष्टि होने से प्रदेश का किसान एक बार फिर अपनी फसल को लेकर चिंतित हुआ है. बारिश और ओलो से फसलों को भारी नुकसान की आशंका है. कृषि विभाग ने फसलों को पाले से बचाव के लिए किसानों को सलाह दी है. विभाग द्वारा कहा गया है कि पाले से बचाव के लिए फसलों में हल्की सिचाई करें. खेत के चारों कोनों में धुंआ करके भी पाले के प्रकोप से फसल को बचाया जा सकता है. 
जबलपुर, रीवा, सागर संभागों में हो सकती है ओलावृष्टि
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आगामी 24 घंटों के दौरान शहडोल, जबलपुर, रीवा और सागर संभागों के जिलों में ओलावृष्टि होने की संभावना है. इसी तरह राज्य के उज्जैन, इंदौर, भोपाल संभाग के जिलों में हल्का, मध्यम कोहरा और सागर, रीवा, ग्वालियर, चंबल संभाग के जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के होशंगाबाद संभाग के जिलों के अलावा बुरहानपुर, गुना, शिवपुरी, नीमच और मंदसौर जिलों में आगामी 24 घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है. 

बुधवार, 1 जनवरी 2020

धरने पर बैठे अतिथि विद्वानों ने कफन ओढ़कर जताया विरोध


राजधानी भोपाल में नियमितिकरण की मांग को लेकर धरने पर बैठे अतिथि विद्वानों ने नए साल पर कफन ओढ़कर विरोध जताया. उनका कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांग पूरी नहीं करती, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा.
 मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में  अतिथि विद्वान अपनी मांगो को लेकर धरने पर बैठे हैं. कड़ाके की सर्दी में धरने में करीब 2 सौ अतिथि विद्वान समेत कई महिलाएं जो अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ इस धरने पर बैठी हैं. अतिथि विद्वान अपनी नियमितीकरण की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं. अतिथि विद्वान संघर्ष मोर्चा के बैनर तले यह धरना दे रहे हैं. हालांकि सरकार ने इन्हे वापस लौटने की अपील कर चुकी हैं. अपनी मांगो पर अड़े अतिथि विद्वानों नेमंगलवार की रात कफन ओढ़ कर नए साल मनाया.
 अतिथि विद्वान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष डा. देवराज सिंह ने बताया सरकार की ओर से कोई संवेदनशील रुख नहीं अपनाया जा रहा. उन्होंने कहा की हम लगातार इस कड़ाके की ठंड में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार पर इस बात का कोई असर नहीं पड़ रहा हैं. डा. सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि तेज ठंड से यदि कोई अतिथि विद्वान को कुछ हो जाता है तो इसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी. डा. सिंह  कहा कि एक तरफ सरकार कहती रही कि किसी भी कालेज से किसी अतिथि विद्वान को निकाला नहीं जाएगा, लेकिन लोक सेवा आयोग के जरिए चयनित असिस्टेंट प्रोफेसरों के पदभार संभालने पर करीब ढाई हजार अतिथि विद्वानों को निकाल दिया गया हैं. हम इसकी शियाकत कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी से करेंगे.
सोनिया गांधी से करेंगे शिकायत
अतिथि विद्वानों ने इस बात पर भी फैसला किया है कि वे कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी शिकायत करेंगे, जिसमें वे बताएंगे कि किस तरह कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में अतिथि विद्वानों को नियमित करने की बात कही थी, लेकिन अब उन्हें नियमित करना तो दूर उन्हें कालेज से ही निकाल दिया गया हैं.

कड़ाके की ठंड और बारिश के साथ शुरु हुआ नया साल

 कई जिलों में शीतलहर का असर, 3 जनवरी तक ऐसा ही बना रहेगा मौसम

मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड में बारिश के साथ नए साल की शुरूआत हुई है. आज 1 जनवरी को मौसम ने करवट ली और बालाघाट सहित कुछ अन्य स्थानों पर बारिश हुई. वहीं कई जिलों में कोहरा भी छाया रहा. मौसम विभाग ने राज्य में अभी इसी तरह के मौसम के रहने की उम्मीद जताई है. मौसम विभाग ने राज्य में आगामी 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई है. प्रदेश में 3 जनवरी तक हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है.
मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है. नए साल की शुुरुआत में आज बुधवार को बालाघाट, रायसेन, सहित कई स्थानों पर बारिश के साथ हुई है. जबकि कई जिलों में आज भी दिनभर आसमान पर बादल छाए रहे और कड़ाके की ठंड के चलते लोग घरों में कैद होने को विवश हुए.  आज सुबह कई जिलों में कोहरा छाया रहा और ठंडी हवाएं चलती रही. इससे दिन में भी ठिठुरन बढ़ गई है. लोग घरों में दुबके पड़े रहे. कई जगह घने कोहरे के कारण सड़क हादसे भी हुए. मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में सर्द हवाओं को असर रहेगा. प्रदेश में 3 जनवरी तक हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है. आज बुधवार को भी बालाघाट सहित अन्य स्थानों पर आज बारिश हुई. इसके पहले मंगलवार की शाम को जबलपुर, होशंगाबाद सहित कई जिलों में बारिश हुई है, जिसके कारण ठंड और बढ़ गई है.
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के रीवा, शहडोल, सागर एवं ग्वालियर संभागों के जिलों में कोहरा रहा. रीवा, सागर, ग्वालियर, भोपाल और चंबल संभागों में कई स्थानों पर कोल्ड डे रहा. प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान दतिया में 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.  
इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के खंडवा, खरगौन, बुरहानपुर, रायसेन, सीहोर, उज्जैन देवास जिलों के अलावा शहडोल, जबलपुर और होशंगाबाद संभागों के जिलों में बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा सागर, रीवा, ग्वालियर, चंबल, भोपाल संभागों के जिलों में कोल्ड डे रहेगा.  वहीं सागर, रीवा, ग्वालियर, चंबल संभागों में शीतलहर का असर जारी रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के सागर, रीवा, शहडोल, ग्वालियर, चंबल संभागों के जिलों में घने कोहरे का असर दिखाई देगा.

पूर्व विधायक के भाई ने अधेड़ को मारी गोली


राजधानी में पूर्व कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे के भाई योगेश ने एक युवक को गोली मार दी. युवक को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
पूर्व कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे के भाई योगेश कटारे भारती निकेतन में रहते है. बीती रात को उनका विवाद इकबाल नामक युवक से हो गया. बताया जाता है कि इकबाल ऐशबाग का रहने वाला है, जो अपने मित्र सत्यजीत चौहान के यहां उसकी नातिन के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आया था. देर रात को जब वह वापस घर ऐशबाग बाइक से लौट रहा था, तभी उसे अलावा में आग तापते हुए कुछ लोग दिखाई दिए. उसने बाइक रोकी और हाथ सेंकने लगा. इस दौरान अलाव ताप रहे लोगों से उसका विवाद हो गया. विवाद के बाद वह वहां से चला गया, कुछ दूर पहुंचा ही होगा की योगेश और उसका एक साथ इकबाल का पीछा करते हुए पहुंचे और उससे विवाद करने लगे. इस दौरान योगेश ने इकबाल को गोली मार दी. इकबाल के हाथ में गोली लगी है. घटना के बाद लोगों ने इकबाल को जयप्रकाश अस्तपाल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है. इकबाल की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार योगेश और उसका दोस्त घटना के बाद से फरार है. पुलिस ने उन पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है.
युवती ने फांसी लगाकर की खुदकुशी
राजधानी के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में सीता नामक युवती ने अपने घर के बाथरुम में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. पुलिस के अनुसार सीता परिजनों को नहाने जाने का कहकर बाथरुम में चली गई. जब काफी देर तक वह बाथरुम से बाहर नहीं निकली तो घर वालों ने उसे आवाज दी, मगर उसने जवाब नहीं दिया. इसके बाद परिजनों ने बाथरुम का दरवाजा तोड़ दिया. परिजनों के मुताबिग बाथरुम में लगे लोहे के पाईप से सीता ने फंदा बांधकर फांसी लगा ली थी. सीता ने खुदकुशी किन कारणों से की, इसका खुलासा नहीं हुआ है. 

मध्यप्रदेश का हित सर्वोच्च प्राथमिकता : कमलनाथ


मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए आज  कहा कि जनहित और प्रदेश हित उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है.
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बुधवार को ट्वीट कर नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा, यह नूतन वर्ष आपके जीवन में खुशियां लाए, आप प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर हों. उन्होंने लिखा कि प्रदेश उन्नति व विकास के शिखर पर पहुंचे. प्रदेश का किसान सुखी हो, युवा आत्मनिर्भर हों, आम जन, हर वर्ग सुखी व खुशहाल हो. उन्होंने कहा कि हम प्रदेश को माफिया मुक्त, मिलावट मुक्त, सुरक्षित, स्वच्छ, स्वस्थ, खुशहाल प्रदेश बनाने के संकल्प पर निरंतर काम कर रहे हैं. जनहित व प्रदेश हित हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है. यह सब आपके सहयोग से ही सम्भव है. यही विश्वास व कामना.
सिंधिया को दी जन्मदिन की बधाई
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को जन्मदिन की बधाई दी है. मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर सिंधिया को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी है. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा है कि  पूर्व सांसद, मेरे परिवार के सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं. उन्होंने लिखा है कि आपके उज्जवल भविष्य,उत्तम स्वास्थ्य,दीघार्यु होने की ईश्वर से कामना करता हूं.