मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड में बारिश के साथ नए साल की शुरूआत हुई है. आज 1 जनवरी को मौसम ने करवट ली और बालाघाट सहित कुछ अन्य स्थानों पर बारिश हुई. वहीं कई जिलों में कोहरा भी छाया रहा. मौसम विभाग ने राज्य में अभी इसी तरह के मौसम के रहने की उम्मीद जताई है. मौसम विभाग ने राज्य में आगामी 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई है. प्रदेश में 3 जनवरी तक हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है.
मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है. नए साल की शुुरुआत में आज बुधवार को बालाघाट, रायसेन, सहित कई स्थानों पर बारिश के साथ हुई है. जबकि कई जिलों में आज भी दिनभर आसमान पर बादल छाए रहे और कड़ाके की ठंड के चलते लोग घरों में कैद होने को विवश हुए. आज सुबह कई जिलों में कोहरा छाया रहा और ठंडी हवाएं चलती रही. इससे दिन में भी ठिठुरन बढ़ गई है. लोग घरों में दुबके पड़े रहे. कई जगह घने कोहरे के कारण सड़क हादसे भी हुए. मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में सर्द हवाओं को असर रहेगा. प्रदेश में 3 जनवरी तक हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है. आज बुधवार को भी बालाघाट सहित अन्य स्थानों पर आज बारिश हुई. इसके पहले मंगलवार की शाम को जबलपुर, होशंगाबाद सहित कई जिलों में बारिश हुई है, जिसके कारण ठंड और बढ़ गई है.
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के रीवा, शहडोल, सागर एवं ग्वालियर संभागों के जिलों में कोहरा रहा. रीवा, सागर, ग्वालियर, भोपाल और चंबल संभागों में कई स्थानों पर कोल्ड डे रहा. प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान दतिया में 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के खंडवा, खरगौन, बुरहानपुर, रायसेन, सीहोर, उज्जैन देवास जिलों के अलावा शहडोल, जबलपुर और होशंगाबाद संभागों के जिलों में बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा सागर, रीवा, ग्वालियर, चंबल, भोपाल संभागों के जिलों में कोल्ड डे रहेगा. वहीं सागर, रीवा, ग्वालियर, चंबल संभागों में शीतलहर का असर जारी रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के सागर, रीवा, शहडोल, ग्वालियर, चंबल संभागों के जिलों में घने कोहरे का असर दिखाई देगा.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें