शनिवार, 29 अप्रैल 2023

पैरालिसिस अटैक की खबर को नेता प्रतिपक्ष ने बताया भ्रामक

वीडियो जारी कर कहा मैं स्वस्थ हूं, किसी हितैषी ने फैलाई अफवाह


भोपाल। नेता प्रतिपक्ष डा गोविंद सिंह ने  पैरालिसिस अटैक आने की खबर को भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं। हल्की थकावट होने पर डॉक्टर से परामर्श जरूर लिया था। मेरे बारे में इस तरह की भ्रामक खबरें फैलाना विरोधियों की साजिश है।
नेता प्रतिपक्ष डा गोविंद सिंह ने आज शनिवार की सुबह एक वीडियो जारी कर बताया कि  उन्हें  पैरालाइसिस अटैक आने की खबरें गलत है। उनका कहना है कि लगातार 20 से 22 दिन से मैं दौरे कर रहा था। रात में भी ठीक से सो नहीं पाया, जिसके चलते थकान महसूस हुई। अपने चिकित्सकों से राय ली है।  उन्होंने कहा कि नींद ना आने से आपके शरीर में यह दिक्कत आ रही है। आपको लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। डॉक्टर्स ने मुझे कम से कम 1 सप्ताह तक पूरी तरह आराम करने को कहा था। उन्होंने कहा कि ऐसे में जीवन में पहली बार 3 दिन मैंने अपना फोन भी बंद रखा था। लेकिन शायद किसी हितैषी ने इस तरह की अफवाहें फैला दी कि डॉ साहब गिर पड़े हैं, उन्हें पक्षाघात हुआ है। मैं ऐसे हितैषी को धन्यवाद देता हूं कि वह ऐसे ही अफवाएं फैलाते रहें और मेरी उम्र बढ़ती रहे।
सिंधिया ने ली स्वास्थ्य की जानकारी
डॉ गोविंद सिंह ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी धन्यवाद देते हुए कहा है कि आज सुबह ही केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने मेरे अस्वस्थ होने की जानकारी मिलने पर फोन किया था। उन्होंने इस पर चिंता भी जाहिर की, मुझे सलाह भी दी कि वह दिल्ली आ जाएं, ताकि बेहतर इलाज मिल सके। उन्होंने मेरे जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें