भोपाल के बरखेड़ा पठानी का नाम बदला, अब कहलाएगा लाल बहादुर शास़्त्री नगर
उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली के बाद अब मध्यप्रदेश में शहरों और स्थानों के नाम बदलने का सिलसिला तेज हुआ है। मुगल काल के दौर में रखे गए शहरों और स्थानों के नाम लगातार बदले जा रहे हैं। इसके चलते प्रदेश की राजधानी भोपाल में हबीबगंज स्टेशन, इस्लामनगर के बाद अब क्षेत्र बरखेड़ा पठानी का नाम बदला गया है। इसका नया नाम लाल बहादुर शास्त्री नगर कर दिया है। भोपाल का नाम बदलकर भोजपाल करने की मांग भी काफी समय से उठ रही है। देर सबेर यह नाम भी परिवर्तित हो सकता है।
वैसे तो मध्यप्रदेश में लंबे समय से शहरों और इलाकों के नाम बदलने की मांग हो रही है। ये मांग भाजपा नेताओं द्वारा की जा रही है। इसके चलते कुछ माहों के अंतराल से प्रदेश में इस काम को सरकार अंजाम भी दे रही है। चुनावी साल होने के कारण नाम बदलने का सिलसिला और भी तेज हो चला है। खासकर मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में यह काम प्रदेश के अन्य शहरों एवं स्थानों के बजाय और तेजी से हो रहा है। राजधानी में कुछ माह पूर्व हबीबगंज स्टेशन का नाम बदलकर रानी कमलापति स्टेशन किया गया। इसी तरह एक कस्बे इस्लाम नगर का नाम बदलकर जगदीशपुर किया गया। राजधानी के ही मिंटो हॉल का नाम बदलकर कुशाभाऊ ठाकरे हाल कर दिया गया। अब नगर निगम भोपाल ने एक अन्य क्षेत्र जिसका नाम बरखेड़ा पठानी था, उसका नाम बदलकर लाल बहादुर शास्त्री नगर कर दिया है। इसके आदेश भी जारी हो गए हैं। वहीं भोपाल का नाम बदलने की मांग लंबे समय से उठ रही है। नगर निगम परिषद भोपाल शहर का नाम बदलकर भोजपाल करने का प्रस्ताव पारित कर चुका है, यह प्रस्ताव फिलहाल शासन स्तर पर लंबित है।
इन शहरों, स्थानों के भी बदले गए नाम
इसके पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने गृह जिले सीहोर के नसरुल्लागंज का नाम बदल चुके हैं। अब नसरुल्लागंज का नाम भैरूदा हो गया है। प्रदेश में होशंगाबाद शहर का नाम बदलकर नर्मदापुरम कर दिया गया है। तो इसी जिले के बाबई कस्बे का नाम बदलकर अब माखननगर कर दिया गया है। वहीं टीकमगढ़ जिले के शिवपुरी का नाम बदलकर कर कुंडेश्वरधाम कर दिया गया। इसी तरह इंदौर जिले के पातालपानी रेलवे स्टेशन का नाम टंट्या मामा और इंदौर के भंवरकुआ चौराहे और एमआर टेन बस स्टेंड का नाम भी बदलकर टंटया मामा कर दिया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें