बुधवार, 21 सितंबर 2011

महिला शख्सियत पर अफसर मौन

राज्य सरकार ने प्रदेश में हर साल ‘बेटी दिवस’ मनाने का निर्णय तो कर लिया, मगर यह कब और किस महिला शख्सियत के जन्मदिन पर मनाएं, इसे लेकर उलझन भी खड़ी कर ली है़ इस उलझन में सरकार के अफसर और संगठन के बीच तालमेल नहीं बन पा रहा है़
राज्य सरकार ने बेटी बचाओ अभियान के तहत प्रतिवर्ष ‘बेटी दिवस’ मनाने का निर्णय भी लिया है़ यह निर्णय बीते दिनों राज्य मंत्रिमंंडल की बैठक में लिया गया़ इस निर्णय के तहत सरकार ने बेटी दिवस मनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है़ विभाग को यह कहा गया है कि प्रतिवर्ष एक नियत तिथि को ‘बेटी दिवस’ के रुप में आयोजित करना है, जो कि किसी प्रसिद्ध महिला शख्सियत का जन्मदिन हो सकता है़ इस निर्देश के बाद अब महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी इस उलझन में फंस गए हैं कि वह कौन सी महिला शख्सियत हो जिसके जन्मदिन पर ‘बेटी दिवस’ मनाया जाए़ अफसरों के सामने बड़ी मुसीबत यह है कि वे अगर किसी ऐसी महिला का नाम तय कर दें जो कांग्रेस से जुड़ी रही हो, तो भाजपा संगठन इस पर आपत्ति जताएगा़ अफसरों ने इस मुद्दे पर महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री रंजना बघेल पर निर्णय छोड़ दिया है़ मंत्री ने भी इस मामले में संगठन के सामने जब यह तारीख तय करने की बात कही तो संगठन भी फिलहाल इस विषय पर चुप्पी साध गया है़ संगठन इस मामले में भाजपा से जुड़ी किसी नेत्री के जन्मदिन के अवसर पर राज्य में ‘बेटी दिवस’ मनाने की तारीख तय करना चाहता है, मगर संगठन के सामने भी फिलहाल ऐसा कोई नाम सर्वसम्मति से नहीं आ रहा है़ इस सब मामले को लेकर अफसर इस बात को लेकर चिंतित इसलिए भी हैं, क्योंकि पूर्व में लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं का लाभ लेने वालों को भाजपा संगठन पार्टी का सदस्य बनाने के लिए अफसरों पर दबाव बना चुका है़ यह मुद्दा तब गर्माया भी था, हालांकि बाद में मामला शांत भी हो गया था, मगर अब अफसर इस मुद्दे पर अपनी ओर से कोई तारीख बताने से बच रहे हैं़ अफसरों ने इस मामले में निर्णय के लिए फिलहाल विभाग की मंत्री को ही यह कह दिया है कि वे कोई नाम विचार कर लें, इसके बाद ही यह दिवस कब मनाया जाए इसकी तारीख तय कर दी जाएगी़

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें