गुरुवार, 4 जुलाई 2024

जबलपुर-भोपाल में बसों को अनुदान, प्रमुख सचिव करेंगे जांच

कांग्रेस विधायक ने उठाया मुद्दा, कहा पूरी संख्या में नहीं चल रही बसें


भोपाल। भोपाल और जबलपुर में अमृत दो योजना के तहत चल रही बसों को अनुदान दिए जाने का मामला आज कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने राज्य विधानसभा में ध्यानाकर्षण के जरिए उठाया। उन्होंने अनुदान दिए जाने को लेकर पूछा कि बसों के संचालन के लिए अनुदान क्यों दिया गया? उन्होंने मामले की जांच कराने की बात कही। इस पर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि वे इसकी जांच प्रमुख सचिव से करा लेंगे।
कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि भोपाल और जबलपुर में बीएसएलएल बसें चलाई जा रही है। भोपाल में 450 बसें और जबलपुर में 200 बसें इस योजना के तहत चलाई जानी थी, मगर भोपाल में 150 और जबलपुर में मात्र 50 बसों का संचालन हो रहा है। केन्द्र की अमृत दो योजना के तहत इन पर केन्द्र और प्रदेश को बराबर खर्च किया जाना है। फिर भी बसें पूरी संख्या में नहीं चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि 2022 में स्टेट लेबल टेक्नीकल कमेटी की बैठक में भोपाल को पांच करोड़ और जबलपुर को दो करोड़ की राशि स्वीकृत की गई। उन्होंने इस मामले की जांच कराने की मांग की है।
विधायक द्वारा उठाए मुददे पर नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि जैसे-जैसे यात्रियों की क्षमता बढ़ेगी बसों को बढ़ा दिया जाएगा। बसों को अनुदान देने की जांच हम प्रमुख सचिव से कराएंगे। भोपाल को पांच और जबलपुर को दो करोड़ दिए जाने की पात्रता है या नहीं इसकी जांच कराई जाएगी। इसके बाद जो भी बात सामने आएगी उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
मूंग की बोरी लेकर विधायक पहुंचा विधानसभा
कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह मूंग की बोरी लेकर पहुंचे सदन, सरकार पर लगाया किसान विरोधी होने का आरोप। पहले 16 क्विंटल प्रति हेक्टेयर खरीदी का नियम था, अब सरकार ने 8 कुंटल प्रति हेक्टेयर खरीदी का नियम कर दिया है. ऐसे में किसान अपनी फसल कहा बेचेगा। मेरी मांग है सरकार नियम बदलकर पहले की तरह खरीदी करे। मैंने सदन में ध्यान आकर्षण भी लगाया था,लेकिन सदन ने स्वीकार नही किया।
 खटाखट काम क्यों नहीं हुआ, फटाफट पानी क्यों नहीं आया
कांग्रेस विधायक फुंदेलाल मार्को ने राहुल गांधी के स्टाइल में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से सवाल पूछा। मार्को ने कहा कि अमरकंटक में नलजल योजना में  खटाखट काम क्यों नहीं हुआ और फटापट पानी क्यों नही आया। वहीं विधायक फुंदेलाल मार्को के सवाल पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कुछ इसी अंदाज में सवाल का जवाब भी दिया। विजयवर्गीय ने कहा कि फटाफट शुरू होगा काम और टपाटप पानी भी आएगा।
हिन्दी में पढाई होगी यूनानी चिकित्सा महाविद्यालयों में
मध्यप्रदेश के उच्च शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने आज विधानसभा में कहा कि राज्य में अगले साल से यूनानी चिकित्सा महाविद्यालयों में भी हिंदी में पढ़ाई कराई जाएगी। परमार ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक सीतासरन शर्मा के ध्यानाकर्षण की सूचना पर अपना उत्तर देते हुए ये जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष से यूनानी महाविद्यालयों में हिंदी में पढ़ाई करवाई जाएगी और इसके लिए अभी हिंदी में किताबें तैयार करवाई जा रही हैं।
बंद नहीं की वृद्धावस्था पेंशन योजना
राज्य विधानसभा में आज कांग्रेस विधायक झूमा सोलंकी ने ध्यानाकर्षण के जरिए वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग और सामाजिक सुरक्षा कल्याणी पेंशन योजना का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इस योजना के हितग्राहियों को पिछले छह माह से पेंशन नहीं मिली है। वे लगातार कार्यालय जा रहे हैं, उन्हें परेशान किया जा रहा है। विधायक के प्रश्न के जवाब में सामाजिक न्याय मंत्री नारायण कुशवाह ने बताया कि सरकार ने किसी भी योजना को बंद नहीं किया है। हितग्राहियों के पात्रता परीक्षण कर केवाईसी कराई जा रही है। वहीं दूसरे हितग्राहियों को पेंशन सत्यापन के बाद एरियर सहित राशि दी जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें