शुक्रवार, 30 जून 2023

गाय के साथ कुकर्म की घटना, गृह मंत्री ने जताई नाराजगी

कहा ऐसी सजा दी जाएगी जो बनेगी नजीर

भोपाल। राजधानी के मंगलवारा थाना क्षेत्र में एक शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां वहशी युवक ने गाय के साथ अनैतिक कृत्य किया है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हिंदूवादी संगठनों में रोष व्याप्त है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। वहीं आज गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दावा किया है कि आरोपी को 24 घंटे के अंदर पकड़ लिया जाएगा और ऐसी नजीर बनाएंगे कि दोबारा कोई ऐसा करने की सोचे भी नहीं।

राजधानी के पुराने शहर की घटना को लेकर प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने नाराजगी जताई है। शुक्रवार सुबह मीडियाकर्मियों से चर्चा के दौरान इस मामले पर नरोत्तम ने कहा कि इससे ज्यादा निंदनीय बात और दुखद प्रसंग क्या होगा। हमारा हिंदुस्तान ऐसा देश है, जहां कई चीजों के बारे में मान्यताएं और धारणाएं अलग हैं। हम धरती को माता कहते हैं। इसी तरह हम गाय को भी माता कहते हैं। उसके साथ कुकर्म करने का, जो वीडियो सामने आया है, उससे मन दुखी और आहत भी हुआ है। उन्होंने कहा कि हमने इसे बहुत गंभीरता से लिया है। हनुमान गंज थाने में आईपीसी की धारा 377 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। नरोत्तम ने दावा किया कि भले ही आरोपित की अभी शिनाख्त नहीं हुई है। लेकिन उसे चौबीस घंटे के भीतर पकड़ लिया जाएगा और ऐसी नजीर बनाएंगे कि दोबारा कोई ऐसा करने की सोचे भी नहीं।
क्या थी घटना
पूरा मामला राजधानी भोपाल के हनुमानगंज इलाके का है। वारदात का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि सिर पर टोपी लगाए आरोपी आता है और सड़क किनारे बैठी गाय के साथ घिनौनी करतूत कर भाग जाता है। घटना को लेकर हिंदू संगठन के लोगों में भारी आक्रोश है। बजरंग दल के दर्जनों कार्यकर्ता मंगलवारा थाने का घेराव कर दिया। कार्यकर्ताओं ने गाय के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मंगलवारा पुलिस ने जीरो पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें