कार्यकर्ताओं को दी सीख, मतभेद भुलाकर कमल निशान पर केन्द्रीत करें ध्यान
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीने आज राजधानी प्रवास के दौरान न केवल चुनावी मुद्दों को स्पष्ट किया, बल्कि विपक्षी दलों पर भी जमकर बरसे। उन्होंने समान नागरिक संहिता, कर्ज माफी, एकजुटता को लेकर विपक्षी दलों की बैठक सहित अन्य मुद्दों पर विपक्षी दलों पर करारा प्रहार किया। वहीं कार्यकर्ताओं को सीख दी कि सारे मतभेद भुलाकर कमल निशान पर ध्यान केन्द्रित करें और बूथ को मजबूत करें।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह बात आज राजधानी के लाल परेड मैदान पर भाजपा के ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ विषय पर आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में अल्पकालीन विस्तारक कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। संवाद कार्यक्रम में देश भर से चुने गए 3 हजार कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, वहीं देश की 543 लोकसभाओं के 10 लाख बूथ इस कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े। प्रधानमंत्री ने कहा कि आजकल राजनीति में एक शब्द बहुत चल रहा है और वह है गारंटी। ये भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता को समझाएं कि एकजुट हो रहे विपक्षी दल किस बात की गारंटी दे रहे हैं? ये गारंटी रहे हैं घोटालों की, भ्रष्टाचार की। मोदी ने कहा कि हाल में विपक्षी दलों के नेताओं का एक फोटो सेशन हुआ था। उस फोटो में जो दिखाई दे रहे हैं, अगर सभी के घोटालों को जोड़ लिया जाए तो करीब 20 लाख करोड़ के घोटाले इन्होंने किए हैं। अकेली कांग्रेस ने ही लाखों करोड़ के घोटाले किए हैं। 1.86 लाख करोड़ का कोयला घोटाला, 1.76 लाख करोड़ का टू जी घोटाला, 70 हजार करोड़ का कॉमनवेल्थ घोटाला, 10 हजार करोड़ का मनरेगा घोटाला और हेलीकॉप्टर से लेकर पनडुब्बी तक के घोटाले इन्होंने किए हैं। राजद नेताओं ने चारा घोटाला, पशुपालन घोटाला, बाढ़ राहत घोटाला जैसे हजारों करोड़ रुपये के कई घोटाले किए हैं। अदालतें इन नेताओं को सजा दे-देकर थक गई हैं।
आपको तय करना है कि आप किसका भला चाहते हैं?
मोदी ने कहा कि कोई गरीब नहीं चाहता कि उसके बच्चे गरीबी में रहें, लेकिन देश में कई राजनीतिक परिवार हैं, जो गरीब कल्याण के नाम पर अपने बेटे-बेटियों का भला करते रहे हैं। यह आपको तय करना है कि आप किस का भला चाहते हैं? अगर आपको गांधी परिवार का भला करना है, तो कांग्रेस को वोट दें। मुलायम सिंह के बेटे का भला चाहते हैं तो सपा को वोट दें। लालू यादव के बेटों का भला चाहते हैं तो राजद को वोट दें। शरद यादव की बेटी का भला चाहते हैं तो एनसीपी को वोट दें। फारुख अब्दुल्ला के बेटे का भला चाहते हैं तो नेशनल कांफ्रेंस को वोट दें। के. चंद्रशेखर राव के बेटे का भला चाहते हैं, तो टीआरएस को वोट दें। करुणानिधि के बेटों का भला चाहते हैं, तो डीएमके को वोट दें। लेकिन अगर आप अपने बेटे-बेटियों का भला चाहते हैं, पोते-पोतियों का विकास और भविष्य चाहते हैं, तो भाजपा को वोट दें।
एक घर में एक कानून, तो देश में क्यों नहीं
प्रधानमंत्री ने यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर कहा कि आज हम देख रहे हैं कि यूनिफॉर्म सिविल कोड के नाम पर भड़काने का काम हो रहा है। एक घर में परिवार के सदस्य के लिए एक कानून हो, परिवार के दूसरे सदस्य के लिए दूसरा कानून हो, तो क्या वो घर चल पाएगा? फिर ऐसी दोहरी व्यवस्था से देश कैसे चल पाएगा। भारत के संविधान में भी नागरिकों के समान अधिकार की बात कही गई है। सुप्रीम कोर्ट कह रही है कि कॉमन सिविल कोड लाओ।
पसमांदा के मुसलमानों तक बनाएं पहुंच
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं को पसमांदा मुसलमानों तक पहुंच बनाने की सलाह दी थी। इसके बाद पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा कई कार्यक्रम चलाए गए और पसमांदा मुसलमानों के बीच पैठ बनाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि पसमांदा मुस्लिम भाई-बहन हैं लेकिन वोट बैंक की राजनीति करने वालों ने इनका तो जीना मुश्किल करके रखा है। वे तबाह हो गए हैं।
इस्लामिक देशों में भी बैन है तीन तलाक
प्रधानमंत्री ने कहा कि तीन तलाक का इस्लाम से संबंध होता तो दुनिया के मुस्लिम बाहुल्य देश इसे खत्म नहीं करते। मिस्र में 90 प्रतिशत से ज्यादा सुन्नी मुस्लिम हैं। आज से 80-90 साल पहले वहां तीन तलाक की प्रथा समाप्त हो चुकी है। अगर तीन तलाक इस्लाम का जरूरी अंग है, तो पाकिस्तान, इंडोनेशिया, कतर, जॉर्डन, सीरिया, बांग्लादेश में क्यों नहीं है। मुस्लिम बेटियों पर तीन तलाक का फंदा लटकाकर कुछ लोग उन पर हमेशा अत्याचार करने की खुली छूट चाहते हैं। इसीलिए मेरी मुस्लिम बहनें, बेटियां भाजपा और मोदी के साथ खड़ी हैं।
भाजपा की बड़ी ताकत है कार्यकर्ता
मोदी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके सभी कार्यकर्ता हैं। शायद किसी भी राजनीतिक दल के इतिहास में ग्रासरूट लेवल पर इतना ऑर्गनाइज्ड कार्यक्रम कभी नहीं हुआ होगा, जितना बड़ा आज हो रहा है। आप भाजपा ही नहीं, आप सिर्फ दल ही नहीं देश के संकल्पों की सिद्धी के भी मजबूत सिपाही हैं। बूथ अपने आप में बहुत बड़ी इकाई है। बूथ की इस इकाई को छोटा नहीं समझना चाहिए। हमें अपने बूथ में राजनीतिक कार्यकर्ता से ऊपर उठकर समाज के साथी के रूप में अपनी पहचान बनानी चाहिए।
मंत्र बन गया मोदी का नाम
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हम ऐसे समय भाजपा के कार्यकर्ता ने नाते काम कर रहे हैं, जब नरेंद्र मोदी जी भारत के प्रधानमंत्री और हमारे नेता हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने प्रगति और विकास का एक नया इतिहास रचा है। जनकल्याण और गरीब कल्याण का एक नया अध्याय लिखा है। मोदी नाम आज मंत्र बन गया है। आज हर देश मोदी मंत्र का उच्चारण कर रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें