सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी घटना
भोपाल। कहते हैं एकता में बड़ी शक्ति होती है। घर के बुजुर्ग भी एकता पर जोर देते हैं। इसका एक उदाहरण राजधानी भोपाल में पशुओं की एकता का भी देखने को मिला, जब बीती रात गायों की एकता ने बाघ को अपने शिकार को छोड़कर भागना पड़ा।
दरअसल राजधानी भोपाल के केरवा क्षेत्र के बाघ भ्रमण क्षेत्र स्थित बुल मदर फार्म में 18 और 19 जून की रात करीब 1 बजे एक बाघ घुस आया। इस बाघ ने फार्म में बैठी एक गाय पर हमला किया। हमले से गाय चौंक गई और उसने रंभाना शुरू कर दिया, जिसके बाद गायों का झुंड वहां पहुंच गया। गायों का झुंड घायल गाय के बचाव के लिए उसके चारों और खड़ा हो गया, जिससे बाघ को मजबूरन दूर जाना पड़ा। इसके बाद काफी देर तक बाघ शिकार का दूर खड़ा होकर इंतजार करता रहा, लेकिन गायों का भी ष्यह अहसास था कि बाघ दोबारा आएगा। इसके चलते गायें घायल गाय के समीप ही झुंड बनाकर खड़ी रही। इसके चलते बाघ भी वहां से लौट गया। यह पूरी घटना फार्म हाउस के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फार्म हाउस परिसर में करीब 50 से 55 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला था कि 15 दिन पहले भी शिकार के लिए बाघ फार्म में आया था, लेकिन उस वक्त गायों को बाड़े में रखा गया था, जिसकी वजह से बाघ को खाली हाथ लौटना पड़ा। हाल ही में घटित इस घटना के बाद फार्म की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें