मंत्री प्रहलाद पटेल का बंगला चर्चाओं में
भोपाल। राजधानी में इन दिनों नीम के पेड़ पर आम लगने की चर्चा जोरों पर है। यह चर्चा उस वक्त जोरों पर आई जब राज्य के श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर नीम के पेड़ पर लगे आम का वीडियो पोस्ट किया। इसके बाद हर कोई उनके बंगले पर पहुंचकर यह देखना चाह रहा है कि सच क्या है।
दरअसल राजधानी के प्रोफेसर कॉलोनी स्थित सिविल लाइन में राज्य के श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल को सरकार ने बंगला आवंटित किया है। इस बंगले पर निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे मंत्री पटेल ने जब बंगले के चारों ओर घूमकर जायजा लिया तो उन्हें बंगला परिसर में लगे नीम के पेड़ पर आम लगे दिखाई दिए। आमों को देख खुद मंत्री हैरान रह गए। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर आमों का वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए कहा कि यह प्रयोग सालों पहले किसी कुशल माली ने किया होगा, जो किसी आश्चर्य से कम नहीं है। अनुमान है कि यह पेड़ करीब 30 साल पुराना है। उन्होंने कर्मचारियों से इस पेड़ की विशेष देखभाल करने को कहा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें