मतदान के दौरान जारी रहा बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला
भोपाल। प्रदेश में आज चौथे चरण के मतदान के दौरान इंदौर लोकसभा क्षेत्र को छोड़कर सभी लोकसभा क्षेत्रों में मतदाता का खासा उत्साह नजर आया। इंदौर में कांग्रेस प्रत्याशी के ना होने से मतदाता का उत्साह कम नजर आया, लेकिन कांग्रेस द्वारा प्रचारित किए गए नोटा की चर्चा यहां जारी रही। मतदान के दौरान भी भाजपा और कांग्रेस नेताओं द्वारा नोटा को लेकर एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए बयानबाजी का दौर चलता रहा। सभी आठ लोकसभा सीटों में सबसे ज्यादा चर्चा इंदौर की रही। सभी यहां नोटा को लेकर यह जानना चाहते थे कि मतदाता का रूख आखिर क्या रहा?
प्रदेश में आज देवास, उज्जैन, मंदसौर, धार, रतलाम-झाबुआ, इंदौर, खरगोन और खंडवा संसदीय क्षेत्रों के लिए मतदान हुआ। आठ संसदीय क्षेत्रों के लिए आज हुए मतदान के साथ ही प्रदेश के सभी 29 संसदीय क्षेत्रों में अब मतदान की प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। आज सोमवार को मतदान के दौरान कई तरह की नजारे भी देखने को मिले। इंदौर को छोड़कर अन्य लोकसभा सीटों में मतदाता का उत्साह कुछ ज्यादा नजर आया। इंदौर में नोटा चर्चा का विशय तो रहा, लेकिन भाजपा और कांग्रेस नेताआें ने इसे लेकर एक-दूसरे पर जमकर आरोप लगाते हुए घेराबंदी भी की। भाजपा के अथक प्रयास के बाद भी यहां पर जिस तरह से मतदान कराने का लक्ष्य तय किया था, उस हिसाब से मतदान ना होने के कारण भाजपा चिंतित भी नजर आई है। भाजपा इस सीट पर ऐतिहासिक जीत हासिल करने के लिए मतदान प्रतिशत को बढ़ाना चाहती थी, मगर ऐसा होता नजर नहीं आया।
भाजपा ने पहली बार बनाया महिला वार रूम
भाजपा प्रदेश कार्यालय में बनाये गए महिला वार रूम पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रबंधन ने पहली बार महिला वार रूम का विशेष प्रयोग किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जिस तरह नारी शक्ति, नारी वंदन, महिला सशक्तिकरण की बात करते हैं तो ज्यादा से ज्यादा महिलाओं का मतदान कैसे हो इस पर मप्र के प्रबंधन ने लगातार काम किया और वार रूम बनाया है। उन्होंने बताया कि इस चरण की सभी 8 लोकसभा सीट की हर विधानसभा पर भाजपा की महिला कार्यकर्ता सामाजिक संस्थाएं नजर जमाए रखी। शर्मा ने कहा कि हमारी 38 प्रमुख कार्यकर्ता इसमें बहुत महत्वपूर्ण भूमिका में हैं तो मंडल की अध्यक्ष नीचे इस काम को कर रही हैं फिर महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर परिषद् अध्यक्ष सब महिलाओं के बीच जाकर मतदान की अपील कर रही हैं उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा महिलाएं भी मतदान के लिए आये यही हमारा प्रयास है।
चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारी की मौत
धार में लोकसभा चुनाव की ड्यूटी में कार्यरत कर्मचारी सुमन वासने की रविवार रात उन्हीं के घर में साइलेंट अटैक आ जाने से मौत हो गई। ये कर्मचारी रविवार को ही गंधवानी तहसील में मतदान सामग्री पहुंचाकर घर वापस आ गया था। खाना खाकर वह सो गए। सुबह उन्हें चुनाव ड्यूटी के लिए वापस मतदान स्थल पहुंचना था, लेकिन देर रात आए साइलेंट अटैक के कारण उनकी घर पर ही मौत हो गई। घरवाले समझ रहे थे कि वह चुनाव ड्यूटी जाने के लिए सुबह बहुत जल्दी उठेंगे, लेकिन जब वह नहीं उठे तो दुखद सूचना पता चली।
पीठासीन अधिकारी ने मांगे मोदी के नाम पर वोट, किया निलंबित
उज्जैन आलोट संसदीय क्षेत्र के मतदान केंद्र क्रमांक 35 पर पीठासीन अधिकारी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर वोट मांगने की जानकारी लगते ही कांग्रेस प्रत्याशी महेश परमार मतदान केंद्र पर पहुंचे और उन्होंने अधिकारियों से बात कर शिकायत की। अधिकारी को पीठासीन अधिकारी का वीडियो दिखाया। अधिकारियों ने उनकी बात नहीं मानी तो कांग्रेस प्रत्याशी परमार धरने पर बैठ गए। पीठासीन अधिकारी आरती ने परमार से माफी भी मांगी। जानकारी कलेक्टर तक पहुंची तो उन्होंने पीठासीन अधिकारी को निलंबित कर दिया।
संविधान की प्रति लेकर वोट डालने पहुंचे अरूण यादव
पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरूण यादव अपने गृह ग्राम बोरांवा में जब मतदान करने पहुंचे तो उनके हाथ में संविधान की प्रति थी। मतदान करने के बाद उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान को खत्म करने पर उतारू है। हम बाबा साहेब के संविधान की मरते दम तक रक्षा करेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा है कि युवाओं, महिलाओं, किसानों को न्याय दिलाने के लिए एवं संविधान, लोकतंत्र, आरक्षण की रक्षा करने के लिए मतदान किया।
देवास में फर्जी मतदान का आरोप
देवास में एम्ब्रोजिया स्कूल में पोलिंग क्रमांक 263 में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पीठासीन अधिकारी पर फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने यहां मतदान बंद कराया। आधे घंटे मतदान प्रभावित रहा। तहसीलदार सपना शर्मा ने पीठासीन अधिकारी यूनूस खान को हटा दिया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें