भाजपा के हर जिला कार्यालय में मनेगा जश्न, कांग्रेस बांटेगी लड्डू
भोपाल। मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के मतदान की मतगणना चार जून को होगी, मगर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में जीत का जश्न मनाने की तैयारियां तेज हो गई है। दोनों ही दलों के नेता अपनी-अपनी जीत के दावों के हिसाब से जश्न की तैयारी में जुटे हैं।
मध्यप्रदेश में 29 लोकसभा सीटों के लिए चार चरणों में मतदान हो चुका है। इसके बाद चार जून को मतगणना होनी है। मतगणना के पहले अब भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के नेताओं ने जश्न की तैयारी करते हुए अपनी-अपनी जीत का दावा भी किया है। भाजपा नेताओं ने एक बार फिर यह दावा किया है कि प्रदेश में भाजपा क्लीन स्वीप करने जा रही है। यानि सभी 29 सीटें जीत रही है। तो दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं ने दावा किया है कि इस बार कांग्रेस को दहाई के अंकों में जीत हासिल हो रही है। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि दस से बारह सीटों पर पार्टी के उम्मीदवार जीत रहे हैं। हालांकि कुछ कांग्रेस नेता यह भी मान रहे हैं कि इस बार सीटें तो कांग्रेस की बढ़ रही है, मगर संख्या वे फिलहाल नहीं बता रहे हैं। उनका मानना है कि आधा दर्जन सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी जीत हासिल करेंगे।
जिला कार्यालयों में मनाया जाएगा जश्न
प्रदेश भाजपा कार्यालय भोपाल से जिला कार्यालयों को जश्न मनाने के निर्देश दिए गए हैं। 4 जून को भाजपा के हर कार्यालय में जश्न मनेगा। भाजपा मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल का कहना है कि जीत प्रचंड होगी तो जश्न भी प्रचंड होगा। 4 जून को हर कार्यालय में जश्न मनाया जाएगा। वहीं भाजपा के प्रदेश बूथ प्रबंधन प्रभारी और प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने कहा है कि 80 प्रतिशत बूथों के साथ भाजपा सभी 29 सीट जीतने जा रही है। वोट शेयरिंग की बात की जाए तो 65 प्रतिशत वोट भाजपा को मिलेंगे।
कांग्रेस ने दिया लड्डुओं का आर्डर
प्रदेश में कांग्रेस ने भी जश्न मनाने की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को चारों ओर से चमकाया जा रहा है। इसके अलावा जीत के जश्न के लिए कांग्रेस ने 1 क्विंटल लड्डुओं का ऑर्डर भी दे दिया है। कांग्रेस कार्यालय को अंदर से लेकर बाहर तक चमकाया गया है। गार्डन से लेकर कार्यालय की फर्श तक चमकाई गई है। कांग्रेस नेता अविनाश सिंह बुंदेला ने कहा कि मोदी सरकार का बिस्तर बंद चुका है और इंडिया गठबंधन एवं कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने वाली है। उन्होंने कहा कि 4 जून को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में लड्डू बांटे जाएंगे। प्रदेश में हम 12-15 लोकसभा की सीट जीतने वाले है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें