शनिवार, 18 मई 2024

भाजपा मंडल अध्यक्ष ने नेताओं पर लगाया प्रताड़ित करने का आरोप

खुदकुशी करने की दी चेतावनी, वायरल हुआ वीडियो


भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा की एक मंडल अध्यक्ष ने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं मंडल अध्यक्ष ने इसे लेकर खुदकुशी करने की चेतावनी भी दी है। मामले को लेकर कांग्रेस भाजपा पर हमलावर हो गई है।

यह मामला भाजपा की मंडल अध्यक्ष दलित महिला नारायणी बरेठा का सामने आया है, जिसमें उन्होंने स्वयं एक वीडियो जारी कर भाजपा के शिवाजी मंडल के अध्यक्ष सहित अन्य लोगों द्वारा उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने तथा अपशब्दों का उपयोग कर दुर्व्यवहार करने का संगीन आरोप लगाया है। वीडियो में आत्महत्या करने जैसे कदम उठाने और जहरीली गोली खाने की बात की गई है।

वीडियो के वायरल होने के बाद प्रदेश कांग्रेस इसे लेकर भाजपा पर हमलावर हो गई है। कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा है कि लगातार दलितों-आदिवासियों को प्रताड़ित करना भाजपा नेताओं की फितरत है। दलित समाज की महिला के साथ अभद्र भाषा में बात करने पर भी एससी-एसटी एक्ट के तहत कोई कार्रवाई नहीं होती। आखिर कहां हैं, भाजपा के नेता जो रोज इधर-उधर की बात करते हैं। परंतु अपनी ही दलित मंडल अध्यक्ष के साथ प्रताड़ना को रोक नहीं पा रहे, अब आत्महत्या की कगार तक बात आ गई है। कहां हैं, प्रदेश के गृह मंत्री बनाम मुख्यमंत्री जी।

उन्होंने कहा कि मैं भाजपा के नेताओं से पूछना चाहता हूं कि जब आपके परिवार के ही यह हालात हैं, परिवार के सदस्यों को प्रताड़ित होकर, वह भी एक दलित महिला जो आत्महत्या के लिए मजबूर हो रही है, इसको वह पारिवारिक मामला बता रहे हैं। यह कितना दुर्भाग्यजनक है। एक ओर तो दिल्ली के एक मामले को वह राष्ट्रीय मुद्दा बता रहे हैं, और दूसरे तरफ अपने ही मंडल अध्यक्ष को पारिवारिक मामला बता रहे हैं। मैं मध्यप्रदेश के गृहमंत्री एवं मुख्यमंत्री जी से यह कहना चाहता हूं कि वह इस प्रकरण को संज्ञान में लेकर गंभीरता से जांच करायें और और दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध नियमों के तहत सख्त कार्रवाई करें

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें