रविवार, 5 मई 2024

नेता-कार्यकर्ता निराश, मैदान से भाग रहे कांग्रेस प्रत्याशी


भोपाल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता निशान है। इसके कारण कार्यकर्ता और नेता मैदान छोड़कर भाग रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर दावा किया कि प्रदेश की सभी 29 सीटें भाजपा जीत रही है। छिंदवाड़ा में भी हमज ीत रहे हैं।  

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  विष्णुदत्त शर्मा ने यह बात ग्वालियर में मीडिया से चर्चा करते हुए कही। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले और दूसरे चरण के बारे में जो फीडबैक मिला है, उसके अनुसार मतदान का प्रतिशत कुछ कम रहा है। लेकिन इसकी वजह यह है कि कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता निराशा में हैं। उन्हें लगने लगा है कि सरकार भाजपा की बनेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। इसलिए वो इतने निराश हैं कि उन्होंने वोट डालना और डलवाना भी उचित नहीं समझा। उनके नेता और कार्यकर्ता निराश हैं तथा प्रत्याशी मैदान छोड़कर भाग रहे हैं। शर्मा ने कहा कि अगले दो चरणों के चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी और अधिक ताकत से यह प्रयास कर रही है कि समाज के सभी वर्गों के लोग अधिक से अधिक मतदान करें। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर ऐतिहासिक बहुमत से जीत हासिल करेगी। हम छिंदवाड़ा भी जीतेंगे और राजगढ़ में मि. बंटाढार की जमानत जब्त होगी।  
दलितों, ओबीसी के हितों पर डाका डालना चाहती है कांग्रेस

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने पर मुस्लिमों को आरक्षण देने का वादा किया है। कांग्रेस पार्टी ऐसा करके कर्नाटक की कहानी पूरे देश में दोहराना चाहती है। वह दलितों और ओबीसी समाज का आरक्षण छीन कर उनके हितों पर डाका डालना चाहती है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की इस हथकंडेबाजी से हमारे दलित और ओबीसी समाज को घबराने की जरूरत नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी है कि एससी, एसटी और ओबीसी का आरक्षण कोई छीन नहीं सकता।
हार को देख अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे कांग्रेसी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस के नेता चाहे मि. बंटाढार दिग्विजय सिंह हों, या कमलनाथ हों, महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणियां करते रहे हैं। हाल ही में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने हमारी दलित बहन इमरती देवी के प्रति जिस तरह के शब्दों का प्रयोग किया है, उन्हें कहने में भी शर्म आती है। शर्मा ने कहा कि लड़की हूं, लड़ सकती हूं का नारा देने वाली प्रियंका गांधी के मुंह से जीतू पटवारी के बयान को लेकर एक शब्द नहीं निकला। लेकिन भारतीय जनता पार्टी और मातृशक्ति ने यह तय किया है कि नारी शक्ति के प्रति कांग्रेस का यह रवैया अब चलने नहीं देंगे। आने वाली 7 और 13 तारीख को कमल का बटन दबाकर कांग्रेस पर इतने जोर से रस चढ़ाना है कि रस की बात करने वाले कांग्रेसी याद रखेंगे। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के नेता सुनिश्चित हार की खीझ के कारण जानबूझकर अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं, ताकि मीडिया में बने रहें।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें