रविवार, 12 मई 2024

पहले प्रत्याशी खोया, अब बुद्धि खो रही कांग्रेस : डा मोहन यादव

इंदौर में नोटा अभियान को लेकर कांग्रेस पर कसा तंज


भोपाल। मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने इंदौर में पहले अपना प्रत्याशी खोया है, अब उसकी बुद्धि खो गई है। कांग्रेस को अपनी कमजोरी पर ध्यान देना चाहिए।
मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने आज राजधानी में राज्यपाल मंगु भाई पटेल से राजभवन पहुंचकर मुलाकात की। इसके बाद मीडिया से चर्चा करते हुए यह बात कही। इंदौर में कांग्रेस के नोटा का समर्थन करने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नोटा कोई चुनाव चिन्ह नहीं है। कांग्रेस ने पहले अपना प्रत्याशी खोया और अब अपनी बुद्धि खो रहे हैं।  मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि यह अपना आक्रोश व्यक्त करने का एक विकल्प है, चुनाव चिन्ह नहीं। कांग्रेस अगर हारती है तो निर्वाचन के खिलाफ जाती है। कांग्रेस को अपनी कमियों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने सबसे पहले अपना प्रत्याशी खोया और अब बुद्धि खो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता बार-बार आदिवासी समाज का अपमान करते हैं, यह उनकी गंदी मानसिकता है। डॉ. यादव ने कहा कि मुझे बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि कांग्रेस के नेता बार-बार आदिवासी समाज के लोगों का अपमान करते हैं। हमारी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के द्वारा भगवान श्रीराम के मंदिर के दर्शन करके जाने के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख नाना पटोले ने कहा कि राम मंदिर को अपवित्र कर दिया है। राम मंदिर को हम गंगाजल से धोएंगे। यह इनकी गंदी मानसिकता है।
सभी 29 सीटों पर जीतेगी भाजपा
मुख्यमंत्री ने पानी की समस्याओं पर कहा कि गर्मी के मौसम में प्रदेश में पेयजल की परेशानी ना हो इसका ध्यान रखा जाएगा। वहीं गेहूं खरीदी को लेकर कहा कि गेहूं उपार्जन का समय चल रहा है। ज्यादा से ज्यादा गेहूं केंद्र को बेचने की कोशिश करेंगे। चौथे चरण की वोटिंग से पहले उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में तीन चरण के चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से पूरे हुए हैं। जनता का आभार। कल प्रदेश में अंतिम चरण का मतदान है। सबसे अपील है कि अपने मतों का उपयोग करें। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कल वह अपने गृह ग्राम उज्जैन जाकर अपने मत का उपयोग करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश की 29 सीटों पर भाजपा की जीत होगी।

 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें