शुक्रवार, 17 मई 2024

कांग्रेस करेगी समीक्षा, प्रत्याशियों से बुलाई रिपोर्ट

  प्रत्याशियों की बैठक 20 जून को, निष्क्रिय कार्यकर्ताओं की मांगी जानकारी


भोपाल। मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के परिणाम 4 जून को आएंगे। परिणामों के आने से पहले प्रदेश कांग्रेस ने 27 लोकसभा सीटों के प्रत्याशियों को भोपाल बुलाया है। 20 मई को जीतू पटवारी सभी 27 लोकसभा प्रत्याशियों के साथ वन-टू-वन करेंगे। इस दौरान प्रदेश प्रभारी भंवर जितेन्द्र सिंह भी मौजूद रहेंगे।

बताया जा रहा है कि बैठक में पटवारी और जितेन्द्र सिंह लोकसभा प्रत्याशियों से चुनाव के अनुभव साझा करेंगे। इसके अलावा मतगणना के दौरान किस तरीके से सतर्क रहना है, उसके बारे में जानकारी भी दी जाएगी। प्रत्याशियों से चुनाव के दौरान कार्यकर्ता की सक्रियता के बारे में भी जानकारी ली जाएगी। साथ ही कहां कमजोरी रही और मजबूती किस तरह से उनके क्षेत्र में रहे हैं, इसकी जानकारी भी प्रत्याशियों से बैठक में ली जाएगी। बताया जा रहा है कि कांग्रेस चुनाव में निष्क्रिय रहे और भितरघात करने वालों के साथ अच्छा काम करने वाले नेता और कार्यकर्ताओं की रिपोर्ट तैयार करवा रही है।  संगठन स्तर पर तो रिपोर्ट तैयार की ही जा रही है। वहीं समीक्षा के लिए प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष  जीतू पटवारी ने 20 जून को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सभी 27 प्रत्याशियों की बैठक भी बुलाई है। बैठक में सभी प्रत्याशियों को रिपोर्ट लाने के लिए कहा गया है।

बदलाव के मिल रहे संकेत

मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस आलाकमान ने प्रदेश नेतृत्व में बदलाव किया था और अब लोकसभा चुनाव के बाद प्रदेश कांग्रेस संगठन में बदलाव के संकेत मिलने लगे है। पार्टी सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के कंट्रोल रूम में मिले फीडबैक के मुताबिक प्रदेश के जिलों के अध्यक्ष, जिला पार्टी पदाधिकारी और प्रदेश संगठन नेताओं की समीक्षा की जा रही है। जल्द ही कांग्रेस प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का गठन करेगी, इसके लिए पार्टी ने तैयारियां और विचार शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि निष्क्रिय रहे कार्यकर्ताओं पर बैठक के बाद कांग्रेस कार्रवाई कर सकती है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें