गुरुवार, 14 मार्च 2024

श्री पर्यटन वायु सेवा तथा पीएम श्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा का शुभारंभ


उज्जैन, ओंकारेश्वर के बाद दतिया, मैहर, ओरछा के लिये भी शुरू होगी हवाई सेवा

भोपाल। मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के धार्मिक पर्यटन, अन्य पर्यटन स्थान और बड़े शहरों तक हवाई सेवा का विस्तार प्राथमिकता से किया जा रहा है। वे आज पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा तथा पीएम श्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा के शुभारंभ कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आरंभ हो रही हवाई सेवा से धार्मिक के साथ-साथ व्यापारिक, प्रशासनिक गतिविधियों तथा सभी प्रकार की परिस्थितियों में एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाना त्वरित रूप से संभव होगा। हमारा प्रयास होगा कि सभी जिलों में हवाई पट्टियां बने और अंतरराज्यीय हवाई सेवा का विस्तार हो। उन्होंने कहा कि इंदौर से महाकालेश्वर तथा ममलेश्वर (ओंकारेश्वर) के लिए हवाई सेवा के बाद केदारनाथ और यमुनोत्री के समान दतिया, मैहर, ओरछा आदि के लिए कम समय में दर्शन के लिए हेलिकॉप्टर सेवा आरंभ की जाएगी। प्रदेश के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों तक हवाई सुविधा के विस्तार का प्रयास होगा। पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण अन्य स्थान जैसे कान्हा, बांधवगढ़ तक वायु सेवा का विस्तार करने की भी योजना है। पूर्णतः राज्य शासन द्वारा पोषित इन योजनाओं से राज्य सरकार द्वारा धार्मिक तीर्थाटन के लिए संचालित योजनाओं को जोड़ कर प्रदेश में विद्यमान तीर्थ स्थलों की यात्रा कराने की व्यवस्था की जाएगी।
दो माह में होगा सुचारू संचालन
प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति और प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड शिवशेखर शुक्ला ने बताया कि पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा के सुचारू संचालन के लिए संस्था फ्लायओला के साथ अनुबंध किया गया है। ऑपरेटर संस्था द्वारा अनुबंध के अनुसार दो माह के भीतर फ्लाइट रूट का चयन, टिकट काउंटर स्थापना, लोकल स्टाफ चयन एवं प्रशिक्षण इत्यादि कार्य करने होंगे। इसके पश्चात नियमित रूप से सेवाओं का संचालन प्रारंभ किया जाएगा। 8 सीटर वाले 2 ट्वीन इंजन एयरक्राफ्ट चलाये जाएंगे, जिसमें प्रदेश के प्रमुख हवाई अड्डों इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, भोपाल, खजुराहो के साथ-साथ अन्य छोटे हवाईअड्डों को भी जोड़ा जाएगा।
धार्मिक स्थलों पर आसानी से पहुंच सकेंगे श्रद्धालु, ऑनलाइन होगी बुकिंग
पीएम श्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा के तहत मध्यप्रदेश के आध्यात्मिक केंद्रों तक श्रद्धालुओं की पहुंच सुगम होगी। इस सेवा के माध्यम से श्रद्धालु विशेषकर बुजुर्ग, दिव्यांग प्रदेश के दो ज्योतिर्लिंग उज्जैन एवं ओंकारेश्वर तथा अन्य धार्मिक स्थलों पर आसानी से पहुँच जाएंगे। योजना के अंतर्गत एक ट्विन इंजन हेलीकॉप्टर एवं दो सिंगल इंजन हेलीकॉप्टर होंगे। एक ट्विन इंजन हेलीकॉप्टर भोपाल में तथा एक-एक सिंगल इंजन हेलीकॉप्टर इंदौर तथा उज्जैन में होंगे। बुकिंग मध्यप्रदेश टूरिज्म के पोर्टल, मेक माय ट्रिप, अगोड़ा इत्यादि से ऑनलाइन की जा सकेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें