मुख्यमंत्री ने रवाना किए जल कलश यात्रा के पांच रथ
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि शासन के सभी अंग सुशासन का प्रतीक बनें। चल संपत्ति के क्रय-विक्रय में रजिस्ट्री के साथ ही नामांतरण की व्यवस्था और मकानों के नक्शे पास करने की प्रक्रिया के सरलीकरण जैसे कदम जनता की सुविधा के लिए उठाए गए हैं। देश की रक्षा में लगे सैनिकों और कानून व्यवस्था बनाए रखने को समर्पित पुलिस जवानों के जीवन की चिंता करना राज्य सरकार का कर्तव्य है। राज्य सरकार हर कदम पर उनके साथ है। शासकीय सेवा में नवनियुक्त अभ्यर्थियों से बहुत अपेक्षाएं हैं।
मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने यह बात आज राजधानी में केन-बेतवा और पार्वती काली सिंध चंबल परियोजना, जल कलश यात्रा के शुभारंभ अवसर पर कही। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक हजार नवनियुक्त अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री ने जल कलश यात्रा के पांच रथों को झंडी दिखाकर कुशाभाऊ ठाकरे सभागार परिसर से रवाना किया। यात्रा के अंतर्गत एक सौ एलईडी प्रचार रथ, केन बेतवा पार्वती काली सिंध चंबल परियोजना के लाभान्वित 17 जिलों के लगभग 3600 ग्रामों में प्रचार-प्रसार के लिए भेजे जा रहे हैं। कार्यक्रम में परियोजना के लाभ एवं जल के महत्व पर केंद्रित फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीरता और शौर्य का परिचय देने वाले 24 पुलिसकर्मियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन प्रदान करते हुए उन्हें पदोन्नत पद के स्टार लगाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एक हजार नव नियुक्त अभ्यर्थियों को सिंगल क्लिक के माध्यम से वर्चुअली नियुक्ति पत्र वितरित किए तथा प्रतीक स्वरूप 9 अभ्यर्थियों को मंच से नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
लोगों का जीवन सरल बनाएगी केन-बेतवा लिंक परियोजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का बुंदेलखंड और चंबल क्षेत्र जल की कमी के कारण पिछड़ा था। वीरता, पराक्रम और शौर्य के दम पर बुंदेलखंड ने भारतीयता का मस्तक कभी झुकने नहीं दिया, विपरीत परिस्थितियों में भी बुंदेलखंडवासी संघर्ष में रहे और शत्रुओं को धूल चटाई। केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुंदेलखंड क्षेत्र में सिंचाई सुविधा बढ़ेगी और क्षेत्र के लोगों का जीवन सरल एवं आनंदमयी बनेगा। हमारे लिए नदियां जीवनदायिनी हैं। माँ नर्मदा ने प्रदेश के एक भाग को खुशहाल बनाया है। अब केन-बेतवा एवं पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना बुंदेलखंड और चंबल का जीवन बदलेगी।
प्रमोशन देकर हम हुए गौरवांवित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और संचार साधनों से वंचित क्षेत्र में रहकर नक्सलियों का सामना करने और उन पर नियंत्रण पाने वाले पुलिस जवानों पर हमें गर्व है। पुलिस का कार्य केवल नौकरी नहीं, देशभक्ति और जनसेवा का संकल्प भी है। नक्सलियों को धूल चटाने वाले वीरों के साहस और कर्तव्यनिष्ठा को प्रणाम करते हुए उन्हें आउट ऑफ टर्न प्रमोशन देकर हम गौरवान्वित हैं।
पुलिस आवास गृहों का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश पुलिस आवास योजना के अंतर्गत जहांगीराबाद स्थित पुलिस अधिकारी आवासीय परिसर में शिलापट्टिका का अनावरण कर 144 आवास गृहों का लोकार्पण किया। उन्होंने परिसर का अवलोकन किया तथा पुलिस परिवार के सदस्यों से संवाद कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें