बुधवार, 27 मार्च 2024

कोरबा से गोंगपा ने चुनाव मैदान में उतारा श्याम मरकाम को


छत्तीसगढ़ में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने इस बार लोकसभा चुनाव अपने दम पर लड़ने का फैसला लिया है। पार्टी ने छत्तीसगढ़ में 11 लोकसभा सीट में से 10 के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। पार्टी पदाधिकारियों ने उम्मीदवारों के ऐलान को लेकर जानकारी दी। पार्टी ने कोरबा से पार्टी के राष्टीय महामंत्री  श्याम  मरकाम को मैदान में उतारने का फैसला किया है। 

छत्तीसगढ़ में तीन चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और 7 मई को लोकसभा के लिए मतदान होगा. वहीं, मतगणना चार जून को होगी। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीट में से दस के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. अन्य एक सीट के लिए जल्द ही उम्मीदवार के नाम की घोषणा की जाएगी।  जारी सूची के अनुसार सरगुजा (एसटी) सीट से डॉ. एलएस उदय, रायगढ़ (एसटी) से मदन गोंड, जांजगीर-चांपा (अनुसूचित जाति आरक्षित) से मनहरण लाल भारद्वाज को उम्मीदवार बनाया है। 

कोरबा से पार्टी के राष्टीय महामंत्री श्याम सिंह मरकाम, बिलासपुर से नंदकिशोर राज, राजनांदगांव से नरेश कुमार मोटघरे, दुर्ग से मनहरण सिंह ठाकुर, रायपुर से लालबहादुर यादव, महासमुंद से मोहम्मद फरीद कुरेशी और बस्तर (एसटी) से टीकम नागवंशी को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है. मरकाम ने बताया कि कांकेर लोकसभा सीट के लिए जल्द ही उम्मीदवार की घोषणा की जाएगी। 

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी  ने पिछले साल छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन में लड़ा था और राज्य गठन के बाद पहली बार एक सीट पाली तानाखार पर पार्टी को कामयाबी मिली थी। विधानसभा चुनाव में मायावती के नेतृत्व वाली बसपा को कोई सीट नहीं मिली थी। दोनों दलों ने लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन की घोषणा नहीं किया  है। राज्य में बसपा दो लोकसभा सीट जांजगीर-चांपा और बस्तर के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें