लोकायुक्त की नियुक्ति का मामला
भोपाल। लोकायुक्त की नियुक्ति के मामले में शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट प्रदेश सरकार जवाब मांगा है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की याचिका पर सुनवाई पर सुप्रीम कोर्ट ने तीन सप्ताह में सरकार से जवाब मांगा है। सिंगार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि मध्यप्रदेश के लोकायुक्त की नियुक्ति में असंवैधानिक प्रक्रिया अपनाई गई है।
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को मध्यप्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की याचिका पर नोटिस जारी किया है। सुप्रीम कोर्ट ने मुख्यमंत्री, मुख्य न्यायाधीश और विपक्ष के नेता के बीच परामर्श प्रक्रिया के लिए दिशा निर्देश तय करने का निर्णय लिया है। सिंगार ने सुप्रीम कोर्ट में लोकायुक्त की नियुक्ति को इस आधार पर चुनौती दी थी कि वैधानिक रूप से उनसे परामर्श नहीं किया गया था। याचिका में यह भी कहा गया था कि मध्यप्रदेश लोकायुक्त की नियुक्ति कानून के प्रावधानों के खिलाफ गैर-पारदर्शी और मनमाने तरीके से की गई है।
गौरतलब है कि नए लोकायुक्त के रूप में सेवानिवृत्त जस्टिस सत्येंद्र कुमार सिंह ने 10 मार्च को राजभवन में एक सादे समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की थी। राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव की मौजूदगी में उन्हें शपथ दिलाई। सत्येंद्र कुमार सिंह ने जस्टिस नरेश कुमार गुप्ता का स्थान लिया था। गुप्ता का कार्यकाल 17 अक्टूबर 2023 को खत्म हो गया था। सत्येंद्र कुमार सिंह की इस पद पर नियुक्ति को लेकर प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने गंभीर सवाल उठाए थे। कांग्रेस ने इस नियुक्ति को तत्काल रद्द करने की मांग की थी।
संविधान बचाने की जंग रहेगी जारी : उमंग
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि भाजपा सरकार को लोकायुक्त की नियुक्ति में संविधानिक रूप से नियुक्ति प्रक्रिया के तहत नेता प्रतिपक्ष के तौर पर मुझसे विचार विमर्श करना था, जोकि नहीं किया गया। मैंने मध्य प्रदेश राज्य सरकार के इस निर्णय को जो की असंवैधानिक तरीक़े से लिया गया है उसे उच्चतम न्यायालय, नई दिल्ली के समक्ष चुनौती दी थी। मध्य प्रदेश की जनता के साथ यह समाचार साझा करते हुए मुझे प्रसन्नता हो रही कि आज मुख्य न्यायाधिपति, उच्चतम न्यायालय की न्यायपीठ द्वारा मेरी याचिका पर सुनवाई करते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर उनसे जवाब मांगा गया है। साथियों मैं सदैव आपके हित की आवाज़ उठाता रहूँगा। संविधान को बचाने की यह जंग जारी रहेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें