रविवार, 17 मार्च 2024

चुनाव जनता लड़ रही, हमें तो करना है प्रबंध

दिग्विजय के गढ़ में पहुंचे वीडी शर्मा


भोपाल। प्रदेश में लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने के साथ ही भाजपा ने मैदानी सक्रियता भी बढ़ा दी है। इसके तहत प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी डी शर्मा ने आज पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की गढ़ राघौगढ़ पहुंचकर कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया और जीत का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव तो जनता लड़ रही है, हमें तो सिर्फ प्रबंध करना है। इस बार प्रदेश की सभी 29 सीटों पर कमल खिलाना है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा आज राघौगढ़ पहुंचे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी की बैठक ली और कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। उन्होंने कार्यकर्ता और पदाधिकारियों को बताया 370 से अधिक का लक्ष्य को कैसे हासिल करना है। शर्मा ने कहा कि इस बार भाजपा 370 से अधिक पर काम कर रही है। 370 से अधिक के कहीं मायने हैं। शर्मा ने बताया कि यह मोदी का मंत्र है। 370 से अधिक के लक्ष्य के बारे में शर्मा ने कार्यकर्ताओं को बताया कि जहां-जहां पिछली बार जो वोट प्रतिशत रहा है, वहां पर इस बार 370 नए मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में लाना है। भाजपा ने इस बार 20 प्रतिशत वोट प्रतिशत बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। इस बार 370 से अधिक सीट जीतकर श्यामा प्रसाद मुखर्जी को समर्पित करना है, जिसके लिए आज से ही अपने-अपने बूथ पर कार्यकर्ताओं को जूट जाना है। कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा चुनाव जनता लड़ रही है, हमें तो सिर्फ प्रबंध करना है।
बड़ी-बड़ी बातें ना करें, जमीन पर उतरें और काम करें
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से सख्त लहजे में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक में कहा है मीडिया में जाकर बड़ी-बड़ी बातें ना करें, जमीन पर उतरकर काम करें। सभी कार्यकर्ता अपने बूथ पर जाकर मेहनत करें। केंद्रीय नेतृत्व का संदेश है कि जब भी  प्रदेश में सभा होगी मंच पर सबसे अधिक महिलाओं की संख्या होनी चाहिए। कोई यह ना सोचे कि इस समाज में नहीं जाना, उस समाज में नहीं जाना है। सबको सभी समाजों के बीच जाना है और अल्पसंख्यकों के बीच भी जाना है। कोई यह ना सोचे कि अल्पसंख्यक हमें वोट नहीं देंगे, वोट देंगे या ना दें, लेकिन अल्पसंख्यकों के बीच जाकर मोदी सरकार द्वारा किए गए कार्य और योजनाओं को बताना है, क्योंकि मोदी सरकार में सबका साथ सबका विकास हो रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें