शनिवार, 9 मार्च 2024

पचौरी सहित दर्जनभर कांग्रेस नेता शामिल हुए भाजपा में

राहुल की न्याय यात्रा के रवाना होते ही कांग्रेस को लगा बड़ा झटका

भोपाल। राहुल गांधी की न्याय यात्रा मध्यप्रदेश से रवाना होने के बाद कांग्रेस को आज फिर बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के बड़े नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी सहित दर्जनभर नेताओं ने आज भाजपा का दामन थाम लिया। आज सुबह प्रदेश भाजपा कार्यालय में इन नेताओं को मुख्यमंत्री डा मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी डी ष्शर्मा ने भाजपा की सदस्यता दिलाई।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने आज शनिवार को भाजपा का दामन थाम लिया। उनके साथ ही  प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष व धार से सांसद रहे गजेंद्र सिंह राजूखेड़ी ने भी कांग्रेस से रिश्ता तोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। वहीं बीते विधानसभा चुनाव में इंदौर के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला के अलावा पूर्व विधायक विशाल पटेल, अर्जुन पलिया व भोपाल जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश मिश्रा व अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी भाजपा का दामन थाम लिया।
लंबे समय से नाराज चल रहे थे पचौरी
विधानसभा चुनाव में सुरेश पचौरी ने अपने समर्थकों के टिकट मांगे थे। भोपाल को छोड़कर शेष कई जिलों से उनके समर्थकों के टिकट नहीं हुए, इसके बाद सुरेश पचौरी नाराज हो गए थे और प्रदेश में होने वाले कांग्रेस के बड़े राजनीतिक कार्यक्रमों में उन्होंने हिस्सा लेना बंद कर दिया था। पार्टी सूत्रों की माने तो पचौरी खुद भी लोकसभा टिकट के दावेदार थे, मगर पार्टी किसी और को भोपाल से चुनाव मैदान में उतरना चाहती थी। यह भी उनकी पार्टी से नाराजगी की बड़ी वजह मानी जा रही है। इसके अलावा राज्यसभा में भी सुरेश पचौरी को टिकट मिलने की उम्मीद थी, पूर्व में भी सुरेश पचौरी राज्यसभा सांसद रह चुके हैं।
साफ सुथरी राजनीति करने वालों को निराश कर रही कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं के भाजपा की सदस्यता लेने पर मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कहा कि आज का दिन वास्तव में एक नया इतिहास बनने में जा रहा है। वैसे तो हम सबको आहट थी कि जहां-जहां राहुल गांधी जाते हैं वहां कांग्रेस के काम करने के तरीके का असर होता है, अच्छे स्थापित स्वच्छता के साथ राजनीति करने वाले मन की भावना के आधार पर काम करने वाले नेता हर दल के अंदर होते हैं। लेकिन साफ सुथरी राजनीति करने वालों को काम करने के अनुकूलता मौका देना यह नेतृत्व पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि  यह दुर्भाग्य की बात है कि कांग्रेस का नेतृत्व ऐसे स्वच्छता और साफ सोच के साथ राजनीति करने वाले नेता जो देश के विकास के लिए राजनीति करते हैं, ऐसे लोगों को निराश करती है। ऐसे में कोई भी स्वाभिमानी आदमी कांग्रेस के लिए काम नहीं करना चाहेगा।
अनुभव का मिलेगा भाजपा को लाभ
सुरेश पचौरी के भाजपा में शामिल होने के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज कांग्रेस से कई शख्सियत भाजपा में शामिल हो रहे है। देश के कांग्रेस के बड़े नेता रहे सुरेश पचौरी के भाजपा में आने से बड़ी ताकत मिलेगी। शर्मा ने कहा उनके काम का लंबा अनुभव हमें मध्य प्रदेश में मिलेगा। सुरेश पचौरी के अलावा कांग्रेस से कई बड़े नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
यह नेता हुए भाजपा में शामिल
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, धार से पूर्व सांसद गजेंद्र सिंह कालूखेड़ी, पूर्व विधायक संजय शुक्ला, पूर्व विधायक विशाल पटेल, पिपरिया से पूर्व विधायक अर्जुन पलिया, एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अतुल शर्मा, भोपाल शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कैलाश मिश्रा, डा आलोक चंसोरिया, योगेश शर्मा, सुभाष यादव, दिनेश ढिमोले, जसपाल सिंह अरोरा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें